शिमला। हिमाचल हाईकोर्ट में सोमवार को सरकार को गिराने के लिए षड्यंत्र रचने के मामले में सुनवाई हुई। इस दौरान हाईकोर्ट ने कांग्रेस से बगावत कर भाजपा में आए गगरेट से पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा के पिता राकेश शर्मा और हमीरपुर से निर्दलीय एमएलए आशीष शर्मा की अग्रिम जमानत 26 अप्रैल तक बढ़ा दी है। राकेश शर्मा और आशीष शर्मा ने केस को वापस लेने के लिए भी याचिका दायर की है।
कोर्ट ने आशीष शर्मा और राकेश शर्मा की पिटीशन पर सरकार से भी 26 अप्रैल तक जवाब मांगा है। एडवोकेट जनरल अनूप रत्न ने बताया कि राकेश शर्मा ने जांच में पुलिस का सहयोग नहीं किया।
इस मामले में उन्होंने इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर को धमकाया है। यह सारी बातें उन्होंने कोर्ट के ध्यान में लाई हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल हाईकोर्ट ने अग्रिम जमानत देते वक्त स्पष्ट कहा कि जब-जब पुलिस राकेश शर्मा और आशीष शर्मा को जांच के लिए बुलाएगी तो उन्हें जांच को ज्वाइन करना होगा।
मंडी। भारतीय जनता पार्टी मंडी संसदीय क्षेत्र की पदाधिकारियों की बैठक भीमाकाली मंदिर में सोमवार को आयोजित की गई।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल और मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत बैठक में पहुंचीं। कंगना का मंडी पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इसके बाद कंगना का सभी कार्यकर्ताओं में पदाधिकारी द्वारा परिचय करवाया गया। बैठक में भाजपा संसदीय क्षेत्र मंडी में कंगना रनौत के चुनाव प्रचार को लेकर रणनीति तय की गई। इसके साथ ही अन्य मामलों पर भी चर्चा होगी।
बैठक में भाजपा के लाहौल-स्पीति से प्रत्याशी रवि ठाकुर भी पहुंचे। वहीं, दूसरी तरफ भाजपा द्वारा कंगना को टिकट देने के बाद नाराज चल रहे पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, उत्तर प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अजय राणा बैठक में नहीं पहुंचे।
इसके साथ ही लाहौल-स्पीति से भाजपा से दूर चल रहे पूरे मंत्री डा. रामलाल मारर्कंडेय ने भी बैठक से किनारा किया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि छोटी काशी मंडी से भाजपा परिवार ने इस बार नारीशक्ति को अपना प्रत्याशी बनाया है। प्रत्याशी घोषित होने पर ही कांग्रेस के लोगों ने मंडी की बेटी के प्रति अभद्र टिप्पणियां करना शुरू कर दिया।
देवभूमि की बहन-बेटियों का अपमान सहन नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि जनता इस अपमान का जवाब लोकसभा चुनाव में जरूर देगी।
पार्टी के सभी साथियों से मेरा आग्रह है कि आगामी लोकसभा चुनाव में मंडी से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत की ऐतिहासिक जीत के लिए पूरे जोश के साथ कार्य करें।
इसी के साथ द्रंग विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखने वाले पंचायत प्रधान प्रेम सिंह आज 70 से अधिक लोगों के साथ कांग्रेस को छोड़ भाजपा में शामिल हुए।
जयराम ठाकुर ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि निश्चित तौर पर आप सभी के आने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी। आइए, लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने हेतु एकजुटता के साथ कार्य करें।
शिमला। पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा पर भी जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक वॉशिंग मशीन की तरह काम कर रही है। कोई भी नेता जब भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो जाता है, तब वह पूरी तरीके से साफ छवि वाला बन जाता है।
अगले ही दिन उसके सभी केस भी खत्म कर दिए जाते हैं। विक्रमादित्य सिंह ने दावा किया कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ लोकसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की चारों लोकसभा सीट के साथ सभी छह उपचुनाव में कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ने वाली है। विक्रमादित्य सिंह शिमला में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में टिकट वितरण को बैठक होगी। उन्हें मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी की जिम्मेदारी दी है, जल्द मंडी जाएंगे और फ्रंटल ऑर्गनाइजेशन की बैठक ली जाएगी। 3 अप्रैल को बैठक की जाएगी। इसमें मंडी संसदीय क्षेत्र को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी।
वहीं, विक्रमादित्य ने कहा कि विधायकों ने जो किया ये दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा के विधायकों के राजनीतिक भविष्य को दबाने से भाजपा में विरोध की चिंगारी देखने को मिल रही है। प्रदेश में ऐसी राजनीतिक अवसरवादिता पहली बार देखी गई है। इसका जवाब जनता उपचुनाव में देगी।
कांग्रेस सरकार सीएम सुक्खू के नेतृत्व पांच साल चलेगी। विक्रमादित्य ने कहा कि जयराम हर मंच पर कहते रहते हैं कि चार जून को केंद्र और प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनेगी, ये उसी तरह है, जैसे जयराम सीएम बनने पर कहते थे कि वह 25 साल तक सीएम रहेंगे। ये मुंगेरी लाल के हसीन सपने हैं, जो कभी पूरे नहीं होंगे।
हिमाचल पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने एक बार फिर कंगना रनौत की उम्मीदवारी को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि कंगना रनौत हमारी बड़ी बहन हैं और मैं उनका सम्मान करता हूं, लेकिन चुनाव में उनसे यह पूछा जाएगा कि सदी की सबसे बड़ी आपदा के दौरान वे कहां थीं? क्या वे एक भी बार प्रभावितों से मुलाकात करने के लिए आई थीं? बेटी सिर्फ चुनाव के वक्त की ही बेटी नहीं होती। कंगना रनौत को इन बातों का जवाब देना होगा।
हिमाचल की मदद के समय उनका सर्वर डाउन हो गया था। पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने आपदा के दौरान बेहतरीन काम करके दिखाया। केंद्र सरकार से राज्य सरकार को कोई सहयोग नहीं मिला। बावजूद इसके राज्य सरकार ने आपदा प्रभावितों के लिए 4500 करोड़ रुपए का राहत पैकेज जारी किया।
हमीरपुर। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वह राजनीति में 30 साल संघर्ष करते रहे। साथ ही 20 साल पहले विधायक बन गए थे। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने उन्हें पोर्टफोलियो देने की पेशकश भी की थी।
पर मैंने कभी नहीं लिया। क्योंकि मैं राजनीति में सेवा भाव से आया हूं। मुख्यमंत्री की कुर्सी मेरी नहीं है। इस कुर्सी के लिए हर पांच साल में परीक्षा देनी पड़ती है। ये लोगों की कुर्सी है।
यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हमीरपुर में विभिन्न शिलान्यास और लोकार्पण करने के बाद जनता को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि 14 माह कार्यकाल का आकलन कर लें, उसमें आम जनता की समस्या का समाधान निकालने की नीति नजर आएगी। क्योंकि हम आम परिवार से उठकर राजनीति करने आए हैं। आम परिवार और किसान का दर्द जानते हैं।
जो लोकतंत्र को कमजोर करते हैं, अपने आप को बेच देते हैं उनको सबक सिखाने का आपके पास मौका है। आने लोकसभा चुनाव में अगर जनता हमारे साथ खड़ी होगी तो हम भ्रष्ट राजनीति को उखाड़ फैंकेंगे। उन्होंने कहा कि धन के बल से कुछ लोगों को खरीदा जा सकता है, नैतिकता को कोई नहीं खरीद सकता है।
बागी विधायकों को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि वे पिछले सात दिन से जेल की तरह बंद बैठे हैं। पंचकूला के आगे नहीं आ पा रहे हैं। अगर हमसे अनुरोध करते हैं, तो उन्हें वहां से लेकर आएंगे।
मैं कहना चाहता हूं कि दबाव में मत रहिए, खुले मन से सोचिए। पद की लालसा ज्यादा नहीं रखनी चाहिए। पद तो आते-जाते रहते हैं। ईमानदारी और नैतिकता को जिंदा रखने वाले इतिहास बनाते हैं और इतिहास बनकर जाते हैं।
शिमला। प्रदेश में चल रहे राजनीतिक उठापटक के बीच हिमाचल कैबिनेट की आगामी बैठक की तिथि तय हो गई है। हिमाचल कैबिनेट की आगामी बैठक 7 मार्च, 2024 गुरुवार को होनी निश्चित हुई है।
हिमाचल प्रदेश सचिवालय के शिखर सम्मेलन हॉल में ये कैबिनेट बैठक मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में दोपहर 12 बजे होगी। बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।
मार्च माह में सुक्खू कैबिनेट की ये दूसरी बैठक है। इससे पहले 2 मार्च को कैबिनेट की बैठक हुई थी।
इस बैठक में कैबिनेट ने पशु पालन विभाग में एक हजार मल्टी टास्क वर्कर की भर्ती को लेकर मंजूरी दी। इसी के साथ पीडब्ल्यूडी में जेओए (आईटी) (JOA IT) के 30 पद भरने को भी मंजूरी दी गई। पीडब्ल्यूडी के आर्किटेक्ट विंग में वरिष्ठ ड्राफ्ट्समैन के 4 रिक्त पदों को भरने की मंजूरी प्रदान की गई।
इससे पहले 29 फरवरी यानी गुरुवार को भी कैबिनेट की बैठक हुई थी जिसमें बजट घोषणाओं को मंजूरी दी गई थी।
शिमला। हिमाचल में 18 से 60 वर्ष की सभी पात्र महिलाओं को नए वित्त वर्ष से 1500 रुपए पेंशन मिलेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में ये घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी प्यारी बहना सम्मान निधि योजना के तहत 18 से 60 वर्ष आयु की सभी महिलाओं को जीवनभर के लिए नए वित्तीय वर्ष में 1500 रुपए मासिक पेंशन दी जाएगी।
इस योजना के पहले चरण की शुरुआत लाहौल-स्पीति जिला के केलांग से कर चुके हैं, अब यह पूरे प्रदेश में लागू होगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जिला लाहौल-स्पीति के बाद वित्त वर्ष 2024-25 से इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना पूरे प्रदेश में लागू करने का निर्णय लिया गया है।
इस योजना से करीब पांच लाख से अधिक महिलाओं को लाभ होगा। प्रदेश सरकार की ओर से सभी पात्र महिलाओं के फार्म भरवाए जाएंगे। इस योजना से प्रत्येक परिवार सीधे-सीधे जुड़ेंगे।
इस योजना पर 800 करोड़ रुपए प्रति वर्ष खर्च होगा। 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को पहले से पेंशन दी जा रही है, जिसे इस योजना के तहत 1150 से बढ़कर 1500 रुपए किया है।
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आज यहां आयोजित प्रदेश कैबिनेट बैठक में वित्त वर्ष 2024-25 के लिए नीलामी सह निविदा के माध्यम से आबकारी नीति को स्वीकृति प्रदान की गई।
कैबिनेट ने पशुपालन विभाग में सुचारू कामकाज को सुनिश्चित करने के दृष्टिगत पशु चिकित्सा अधिकारियों के सहयोग के लिए विभाग में 1000 मल्टी टास्क वर्कर्स रखने को मंजूरी प्रदान की।
कैबिनेट बैठक में पीडब्ल्यूडी में जेओए (आईटी) (JOA IT) के 30 पद भरने को भी मंजूरी दी गई। पीडब्ल्यूडी के आर्किटेक्ट विंग में वरिष्ठ ड्राफ्ट्समैन के 4 रिक्त पदों को भरने की मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में पीटीए नीति के तहत रखे गए 46 पात्र शिक्षकों की सेवाओं को नियमित करने का भी निर्णय लिया गया, जो राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसार अपेक्षित योग्यताएं पूरी करते हैं।
10 फूड सेफ्टी वाहन खरीदने और स्वास्थ्य विभाग में 10 खाद्य विश्लेषकों, 10 परिचालकों और 10 ड्राइवरों की सेवाएं लेने का भी निर्णय लिया गया।
कैबिनेट बैठक में ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र में राजकीय माध्यमिक विद्यालय बंगाल चौकी, थरांगन, सलिहार, बोहन भट्टी, देहरियां को राजकीय उच्च विद्यालय, राजकीय उच्च विद्यालय चौकाथ को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जिला कांगड़ा के जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में राजकीय माध्यमिक विद्यालय चन्द्रौण को राजकीय उच्च विद्यालय में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया गया।
इसके अतिरिक्त जिला चंबा के राजकीय माध्यमिक विद्यालय फगोट को राजकीय उच्च विद्यालय, राजकीय उच्च विद्यालय जोलना, रंग, भराड़ी और मथोलु को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जिला शिमला के विकास खंड ठियोग के राजकीय माध्यमिक विद्यालय कराणा को राजकीय उच्च विद्यालय में आवश्यक पदों के साथ स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया गया।
क्षेत्र के निवासियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए ग्राम पंचायत मशोबरा और ब्यूलिया के और क्षेत्रों को नगर निगम शिमला के दायरे में शामिल करने को मंजूरी प्रदान की।
कैबिनेट ने कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी, जयसिंहपुर और पालमपुर में जल शक्ति विभाग के मंडल खोलने का निर्णय लिया।
जल शक्ति विभाग की कार्यप्रणाली को सुव्यवस्थित करने और लोगों की सुविधा के दृष्टिगत चंबा जिला में जल शक्ति मंडल को डलहौजी से चुवाड़ी स्थानान्तरित करने और शिमला जिला में जल शक्ति विभाग के कसुम्पटी, सुन्नी, नेरवा और मतियाणा मण्डलों के पुनर्गठन करने का निर्णय लिया।
ऊना जिले में 50 बिस्तर वाले नागरिक अस्पताल हरोली को 100 बिस्तरों वाले अस्पताल में स्तरोन्नत करने, शिमला जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुम्मा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने, सिरमौर जिले की ग्राम पंचायत कोटा पब के कंडी में स्वास्थ्य उप-केंद्र खोलने और ऊना जिले के बालीवाल में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने के साथ आवश्यक पद भरने को मंजूरी दी।
लोगों की सुविधा के लिए लोक निर्माण विभाग के ममलीग अनुभाग को विभाग के अर्की मंडल से सोलन मंडल में स्थानांतरित करने का भी निर्णय लिया।
जिला हमीरपुर के नादौन में पीडब्ल्यूडी का मंडल और बड़सर विधानसभा क्षेत्र के बिझड़ी में लोक निर्माण विभाग का उपमंडल खोलने तथा इनमें आवश्यक पदों को भरने का निर्णय लिया।
इसके अतिरिक्त हरोली में लोक निर्माण विभाग का एक नया मंडल खोलने और आवश्यक पदों को सृजित कर भरने तथा जिला कांगड़ा में उप-तहसील प्रागपुर को तहसील में स्तरोन्नत कर आवश्यक पदों को सृजित कर भरने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में मंडी जिले के धर्मपुर में उपमंडलीय पुलिस कार्यालय खोलने, हमीरपुर जिले के भोरंज पुलिस स्टेशन के तहत लदरौर में पुलिस चौकी खोलने और कुल्लू जिले में पुलिस चौकी मणिकर्ण को पुलिस स्टेशन में स्तरोन्नत करने के साथ-साथ विभिन्न श्रेणियों के पदों के सृजन और भरने को मंजूरी दी गई।
बद्दी पुलिस जिले में सिटी पुलिस पोस्ट वर्धमान को क्रियाशील बनाने के लिए विभिन्न श्रेणियों के पद सृजित कर भरने का भी निर्णय लिया गया। कैबिनेट ने जिला शिमला के ब्लॉक टिक्कर में स्वास्थ्य उप-केंद्र कोठारी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने को मंजूरी दी।
कैबिनेट ने कांगड़ा के जिला स्तरीय छिंज सल्याणा, लिदबड़ मेले, ऊना जिला के हरोली उत्सव और बिलासपुर जिला के घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव को राज्य स्तरीय मेले में स्तरोन्नत करने को मंजूरी दी।
इसके अलावा, जयसिंहपुर का होली मेला, जिला बिलासपुर का अजमेर (भराड़ी) ग्रीष्मोत्सव , सांगला होली उत्सव और गंगथ कारु महाराज मेला को जिला स्तरीय मेलों में स्तरोन्नत करने का भी निर्णय लिया गया।
शिमला। हिमाचल कांग्रेस में मचे घमासान के बीच सरकार ने बड़ी नियुक्ति की है। फतेहपुर के विधायक भवानी पठानिया को हिमाचल स्टेट प्लानिंग बोर्ड का डिप्टी चेयरमैन बनाया है।
भवानी सिंह पठानिया का कैबिनेट रैंक के साथ यह नियुक्ति दी है। इस बारे अधिसूचना जारी कर दी है।
भवानी सिंह पठानिया पूर्व मंत्री सुजान सिंह पठानिया के बेटे हैं। साल 2021 में पिता की मृत्यु के बाद वह पहले उपचुनाव जीते थे। साल 2022 में दोबारा चुनाव जीतकर पठानिया विधानसभा पहुंचे हैं।
इसके बाद डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री बाहर निकले और तेजी में गेट की तरफ गए व रोहित ठाकुर को वापस लेकर आए। आखिर हुआ क्या यह तो पता नहीं चल सका लेकिन रोहित ठाकुर इस दौरान कुछ इमोशनल दिखे।
बताया जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश सचिवालय में चल रही कैबिनेट बैठक में से एक-एक मंत्री उठकर बाहर जाने लगे। कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी सबसे पहले कैबिनेट छोड़कर निकले।
इसके बाद रोहित ठाकुर गुस्से से बाहर निकले। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को मनाने के लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री उनके पीछे दौड़े और रोहित ठाकुर को मना कर वापस बैठक में लेकर चले गए।
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट की बैठक टल गई है। चार बजे के बाद कुछ मंत्री सचिवालय सम्मेलन कक्ष में पहुंच गए थे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी सचिवालय पहुंचे गए थे, लेकिन कुछ देर चेंबर में बैठने के बाद मुख्यमंत्री बैठक कक्ष में जाने की जगह सचिवालय से कहीं निकल गए। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, जगत सिंह नेगी, अनिरुद्ध सिंह सहित अन्य एक दो मंत्री विधानसभा की तरफ गए हैं। बैठक अब कल 11 बजे होनी प्रस्तावित हुई है।
कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की व्यस्तता के चलते कैबिनेट बैठक कल सुबह 11 बजे रखी गई है। मुख्यमंत्री से फोन पर बात हुई। निर्णय लिया कि लेट करने की जगह बैठक कल की जाए।