ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में रविवार को बड़ा सड़क हादसा पेश आया है। हरोली के टाहलीवाल में पेट्रोल से भरा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया।
पलटते ही टैंकर में आग लग गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि करीब दो लोग घायल बताए जा रहे हैं।
शिमला। हिमाचल की राजधानी शिमला के ओक ओवर के पास एक सरकारी गाड़ी से कुचलने के बाद घायल बच्ची ने दम तोड़ दिया है। बच्ची ने आईजीएमसी में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।
बता दें कि 3 साल की बच्ची हरियाणा सर्किट हाउस के समीप सोई हुई थी। चालक ने गाड़ी बच्ची पर चढ़ा दी, जिसमें बच्ची बुरी तरह से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए आईजीएमसी ले जाया गया।
यह छोटी बच्ची झारखंड के मजदूर की थी। मजदूर लंबे समय से यहां पर काम कर रहे हैं। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
श्री नैना देवी। हिमाचल के बिलासपुर जिला के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी में यात्री बस की टक्कर की टक्कर से एक महिला की जान चली गई है। महिला को टक्कर मारने के बाद बस चालक ने सड़क किनारे खड़ी खराब टाटा सूमो को भी टक्कर मारी। हादसे के बाद से चालक मौके से फरार हो गया।
बता दें कि विमलेश कुमारी (45) निवासी अलीगढ़ यूपी अपने दो बेटों और अन्य लोगों के साथ हिमाचल के बिलासपुर जिला के श्री नैना देवी मंदिर में माथा टेकने आई थी। अपनी बस से उतरकर महिला मंदिर की तरफ जा रही थी। इसी बीच पीछे आ रही एक अन्य यात्री बस ने महिला को टक्कर मार दी।
इस बस को भी चालक यात्रियों को उतारने के बाद पार्क करने जा रहा था। टक्कर मारने के बाद चालक हड़बड़ा गया और सड़क किनारे पार्क एक खराब टाटा सूमो को भी टक्कर मार दी। सूमो को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर बस साथ लगती पहाड़ी से टकरा गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे में महिला की मौत हो गई। मामले की सूचना मिलने के बाद श्री नैना देवी पुलिस चौकी से टीम मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए बिलासपुर अस्पताल ले जाया गया। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
साथ ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बस के मालिक को फोन कर फरार चालक को पुलिस चौकी पेश होने के लिए कहा है। श्री नैना देवी पुलिस चौकी प्रभारी दिलीप चंद ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है।
रिकांगपिओ। बर्फ के बीच सफर किसी जोखिम से कम नहीं होता है। बर्फ के चलते सड़क पर फिसलन हो जाती है। ऐसे में कोई भी हादसा हो सकता है। ऐसा ही हादसा हिमाचल के किन्नौर जिला में हुआ है।
मलिंग के पास एचआरटीसी बस बर्फ से फिसलने के बाद बीच सड़क पलट गई। बस में चालक और परिचालक सहित 11 से अधिक लोग सवार थे। सभी लोग सुरक्षित हैं।
बता दें कि हिमाचल में मौसम ने करवट बदली है। पिछले 24 घंटे में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी रिकॉर्ड की है और अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की है। किन्नौर जिला में कुछ स्थानों पर बर्फबारी हुई है।
शनिवार सुबह बर्फबारी हो रही थी। एचआरटीसी बस समदो से रिकांग पिओ की तरफ जा रही थी। मलिंग के पास बस बर्फ से फिसल गई और अनियंत्रित होकर बीच सड़क पलट गई। गनीमत यह रही कि बस खाई में नहीं गिरी।
रक्कड़। हिमाचल के कांगड़ा जिला में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। तूफान से टूटी बिजली की तार से करंट लगने के चलते नानी और दोहती की जान चली गई है। हादसा जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत पड़ती पंचायत कुंडना के गांव सलेटी भंडा में हुआ है।
बता दें कि कांगड़ा जिला के परागपुर ब्लॉक के सलेटी भंडा की सपना देवी (50) सुबह करीब आठ बजे खेतों में बंदरों को भगाने के लिए गई। उनकी 5 साल की दोहती (बेटी की बेटी) आरुहि भी साथ थी। अरुहि चपलाह से नानी के घर आई थी। शुक्रवार रात चले तेज तूफान के चलते खेतों के रास्ते एक बिजली की तार टूट कर गिरी थी।
सपना देवी ने रास्ते से तार को हटाने के लिए जैसे ही उसे उठाया तो दोनों ही करंट की चपेट में आ गईं। नानी और दोहती को दुसहड़ा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रास्ते में टूट कर गिरी तार में करंट था या हटाते वक्त तार अन्य तारों के संपर्क में आई यह जांच के बाद ही पता चल पाएगा।
मामले की सूचना मिलने के बाद कांगड़ा जिला के पुलिस थाना रक्कड़ से टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम शवों को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए देहरा अस्पताल भेजा गया है। मामले की पुष्टि रक्कड़ पुलिस स्टेशन के एसएचओ गुरदेव सिंह ने की है।
चंबा। हिमाचल के चंबा जिला में कार के खड्ड में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई है। कार में दो ही युवक सवार थे। हादसा पुलिस थाना तीसा के तहत नकरोड़-हिमगिरि मार्ग पर बैरा स्यूल के पास हुआ है।
बता दें कि मदन कुमार (23) पुत्र छत्तर सिंह निवासी हंगाई पोस्ट ऑफिस भेड़ला तहसील सलूणी थाना तीसा चंबा ने कहीं जाने के लिए कार बुक की थी। शाहबदीन (32) पुत्र गुलबा गांव करमुंड टिक्करीगढ़ कार चला रहा था।
शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे नकरोड़-हिमगिरि मार्ग पर बैरा स्यूल के पास चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर बैरा खड्ड में जा गिरी। हादसे में मदन कुमार और शाहबदीन की मौके पर ही मौत हो गई।
गाड़ी अभी नई थी और अभी नंबर भी नहीं मिला था। नंबर मिलने से पहले ही हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस स्टेशन तीसा से टीम मौके पर पहुंची और खड्ड से शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिमला। हिमाचल के शिमला जिला के चौपाल क्षेत्र में बोलेरो कैंपर के खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हुई है। साथ ही एक घायल है। हादसा धबास-सरैन सड़क मार्ग पर चफलाह के पास सराह में हुआ है।
बता दें कि कमल प्रकाश (44) पुत्र जीत सिंह गांव डीमो, देवदत्त शर्मा (35) पुत्र मुखराम निवासी जसोत, राजेश (22) पुत्र बेश राम निवासी सरैन और दिनेश कुमार पुत्र शेर सिंह गांव डीमो बोलेरो कैंपर में सवार होकर धबास कैंची से सरैन की तरफ घर जा रहे थे।
अभी धबास कैंची से तीन किलोमीटर आगे सराह में पहुंचे थे कि चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना पुलिस स्टेशन चौपाल में दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और चारों को खाई से निकाला। हादसे में कमल प्रकाश, देवदत्त और राजेश की मौत हो गई। वहीं, दिनेश कुमार घायल हुआ है। घायल को अस्पताल ले जाया गया। बोलेरो कैंपर कमल जीत की थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिमला। हिमाचल के शिमला जिला के रोहड़ू क्षेत्र में सड़क हादसे में दादा-पोते की मौत हुई है। साथ ही 6 लोग घायल हैं। घायलों का इलाज रोहड़ू अस्पताल में चल रहा है। हादसा रविवार को हुआ है।
बता दें कि गुजंदली तहसील टिक्कर के 8 लोग बोलेरो में सवार होकर नारायण मंदिर जा रहे थे। च्रोट कैंची टिक्कर में चालक बोलेरो से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से दो तीन पलटे खाते खेत में गिर गई।
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया। बहादुर सिंह (65) पुत्र बोखल राम गांव गुजंदली तहसील टिक्कर व उनके पोते अक्षत (10) पुत्र कांशी राम की अस्पताल जाते मौत हो गई। हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं।
मामले की सूचना मिलने के बाद हिमाचल के शिमला जिला पुलिस स्टेशन रोहड़ू के तहत पड़ती पुलिस चौकी टिक्कर की टीम मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला की पैराग्लाइडिंग साइट पीज में बुधवार को तेज तूफान के कारण दो पैराग्लाइडर रास्ता भटक गए। दोनों पैराग्लाइडर ने पीज से ढालपुर पैराग्लाइडिंग साइट के लिए उड़ान भरी थी। मौसम खराब होने के चलते तेज हवाएं चलने लगी जिससे पैराग्लाइडर रास्ता भटक गए।
एक पैराग्लाइडर वन विभाग के विश्राम गृह के पेड़ पर लटक गया जबकि दूसरे ने कलाकेंद्र के साथ ही आपात लैंडिंग की। पेड़ पर लटके पैराग्लाइडर में कर्नाटक की पर्यटक वैष्णवी फंसी थी।
वैष्णवी अपने पति बस्सो राज के साथ पैराग्लाइडिंग के लिए पहुंची थी। पति ने पहले पैराग्लाइडर से उड़ान भरी जो कि सेफ लैंड भी कर गया। उसके बाद पत्नी वैष्णवी ने उड़ान भरी लेकिन तूफान के कारण पैराग्लाइडर रास्ता भटक गया।
हालांकि, पायलट ने बड़ी सूझबूझ के साथ पैराग्लाइडर को पेड़ पर अटका दिया वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इसकी सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग और पुलिस व होम गार्ड का बचाव दल मौके पर पहुंचा।
पेड़ पर चढ़कर युवती और पायलट को सुरक्षित नीचे उतारा गया। मौके पर काफी लोग एकत्रित हो गए। नीचे उतरकर पर्यटक महिला व उसके परिजनों ने राहत की सांस ली।
हादसे में किसी भी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि महिला को पांव में चोट लगी है। एसएचओ पुलिस थाना कुल्लू निर्मल ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि 4 मार्च को पति-पत्नी शिमला से कुल्लू घूमने आए थे।
आज मौसम साफ होने के चलते दोनों ने पैराग्लाइडिंग की सोची जिस दौरान ये हादसा पेश आया। महिला का मेडिकल करवाया गया है पर उन्होंने किसी प्रकार की कार्रवाई न करने की बात कही। पुलिस ने पायलट का लाइसेंस चेक किया जो कि सही पाया गया।
गौर हो कि इससे पहले 11 फरवरी 2024 को कुल्लू जिला में पैराग्लाइडर से गिरकर एक पर्यटक महिला की मौत हो गई थी। महिला ऊंचाई से एक मकान के लेंटर पर गिरी थी।
पतलीकूहल पुलिस स्टेशन के तहत डोभी पैराग्लाइडिंग साइट पर बाहरी राज्य की पर्यटक महिला ने पैराग्लाइडर से उड़ान भरी।
पैराग्लाइडर जैसे ऊंचाई पर पहुंचा तो सेफ्टी बेल्ट (हार्नेस) खुलने से महिला नीचे जा गिरी। महिला एक मकान की छत पर गिरी, जिससे की महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला तेलंगाना की रहने वाली थी।