सुंदरनगर। मंडी जिला के सुंदरनगर पुलिस थाना के तहत जडोल में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। मनाली-कीरतपुर रोड पर एक निजी वोल्वो बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक की मौत हो गई, वहीं तीन-चार सवारियों को चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, मनाली-कीरतपुर रोड पर जडोल के पास एक निजी वोल्वो (DD01p–9299) और ट्रक (RJ02 GB5374) के बीच जोरदार टक्कर हो गई। कहा जा रहा है कि बस चालक ने ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी।
हादसा इतना जोरदार था कि चालक की तरफ से बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं बस में सवार कुछ सवारियों को भी हल्की चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही सुंदरनगर पुलिस थाना से टीम मौके पर पहुंची और चालक सहित सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
चालक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया वहीं घायलों का इलाज चल रहा है। डीएसपी भारत भूषण ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुंदरनगर। मंडी जिला के सुंदरनगर के चरखड़ी में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। चरखड़ी से करीब एक किलोमीटर पीछे एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भयानक था कि खाई में गिरते ही कार में आग लग गई। हादसे में कार चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
खाई में गिरते ही कार में आग लग गई और कार पूरी तरह जल गई। हादसे का पता लगते ही लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक खूबराम दम तोड़ चुका था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।
खूबराम घर का इकलौता चिराग था और एक बेटा व बेटी का बाप था। डीएसपी सुंदरनगर भरत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कार में खूबराम अकेला ही था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (सुंदरनगर)
लिखी कामयाबी की इबारत, कमा रहीं साढ़े तीन लाख रुपए
मंडी। कवि सोहन लाल द्विवेदी की लिखी कविता कि यह पंक्तियां ‘‘लहरों से डर कर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की हार नहीं होती’’ मंडी जिला के सुंदरनगर के भरज्वाणु की सुनीता देवी पर पूरी तरह से फिट बैठती हैं। बीमार पति की देखभाल की चिंता, न खेती लायक जमीन, ऊपर से पढ़ी लिखीं भी कम। इससे बावजूद सुनीता देवी ने हिम्मत नहीं हारी और आमदनी के साथ पति की देखभाल का तोड़ निकाल लिया।
उन्होंने घर की छत पर पनीरी उगाने का काम शुरू किया। इसके बाद उन्होंने लीज पर ली भूमि पर प्राकृतिक सब्जियां उगाने का कार्य भी शुरू किया। अब सुनीता तीन से साढ़े तीन लाख रुपए की कमाई कर रही हैं। यही नहीं कृषि शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे छात्रों को पनीरी उगाने का प्रशिक्षण भी दे रही हैं।
सुंदरनगर के भरज्वाणु की सुनीता देवी केवल 5वीं पास हैं और आज वह छत पर पनीरी उगाने का कार्य करने पर देशभर में नाम कमा रही है। उन्हें नाचन जनकल्याण सेवा समिति, कृषि विज्ञान केंद्र सुंदरनगर और कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के कुलपति ने उनके घर आकर सम्मानित कर चुके हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला ने भी महिला किसान दिवस के अवसर पर सुनीता के साथ वर्चुअली बातचीत कर उनके सराहनीय कार्य के लिए तारीफ की है।
सुंदरनगर कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के विभिन्न कृषि शिक्षण संस्थानों के बच्चे सुनीता देवी के पास प्रशिक्षण लेने के लिए आते हैं। अब तक वह 300 से अधिक बच्चों को प्राकृतिक खेती और छत पर पनीरी के बारे में प्रशिक्षण दे चुकी हैं। छत पर पनीरी उगाने के कार्य को लेकर सुनीता देवी इलाके के लिए एक प्रेरणा स्रोत बन कर उभरी हैं।
सुंदरनगर के भरज्वाणु की सुनीता देवी का कहना है कि पति के अकसर बीमार रहने और खेती लायक जमीन न होने पर घर की छत पर पनीरी उगा कर आय का सहारा बनाने के बारे में सोचा, जिससे कि वह घर पर रहकर अपने बीमार पति का भी ख्याल रख पाएंगी। इसके साथ ही पनीरी को उगाने के लिए जमीन की भी जरूरत नहीं होगी।
इसके लिए उन्होंने घर की छत पर लकड़ी के बाक्स बनाकर उसमें विभिन्न सब्जियों की नर्सरी तैयार की और बाजार में बेचना शुरू किया। इससे सुनीता देवी को एक लाख तक की कमाई होने लगी। सुनीता देवी छत पर गोभी, बंद गोभी, ब्रोकली, घीया, करेला, खीरा, प्याज आदि के पनीरी उगाती है और बाजार में बेचती हैं।
गांव के लोग उनसे घर पर आकर ही पनीरी ले जाते हैं और इस तरीके को भी सीखते हैं। सुनीता देवी ने पनीरी को उगाने के कार्य में सफलता मिलने पर सरकार की सहायता से प्राकृतिक खेती करने की सोची। इसके लिए उन्होंने जमीन लीज पर लेकर खेती शुरू कर दी। सुनीता देवी का कहना है कि पनीरी बेचकर और प्राकृतिक खेती करके वह तीन से साढ़े तीन लाख रुपये सालाना की आय अर्जित कर रही है।
सुनीता देवी ने प्रदेश सरकार और कृषि विभाग का धन्यवाद करते हुए बताया उनकी सफलता के पीछे प्रदेश सरकार विशेषकर कृषि विभाग का योगदान रहा है। उन्हें समय-समय कृषि विकास से कृषि से संबंधित नवीनतम जानकारी के साथ आर्थिक सहायता मिलती रही है।
उधर, डीसी अरिंदम चौधरी ने बताया कि सुनीता देवी जैसी मेहनती महिलाओं को कृषि, उद्यान सहित अन्य विभागों की स्वावलंबी योजनाओं को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देश पर महिलाओं की आय बढ़ाने तथा उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से भी कई कदम उठाए जा रहे हैं।
मंडी। हिमाचल के मंडी जिला के सीआरपीएफ (CRPF ) हवलदार संजय कुमार ने झारखंड के गुमला जिला में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। CRPF हवलदार संजय कुमार ने गार्ड रूम में एके 47 से खुद को गोली मार ली।
संजय कुमार दिवाली पर 15 दिन की छुट्टी पर घर आया था। छुट्टी काटने के बाद 21 नवंबर को ड्यूटी पर रिपोर्ट की थी। बता दें कि संजय कुमार सीआरपीएफ 218 बटालियन में गुमला की सिलम घाटी में हवलदार के पद पर तैनात थे।
संजय कुमार मंडी जिला स्थित सुंदरनगर थाना क्षेत्र के नेहुल गांव के रहने वाले थे। 18 साल से सीआरपीएफ में सेवारत थे। संजय के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा व एक बेटी है।
सोमवार दोपहर करीब दो बजे के आसपास एके 47 को गार्ड रूम में लेकर गए और खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज से कैंप में सनसनी फैल गई। आवाज सुनकर अन्य जवान दौड़ कर मौके पर पहुंचे। गार्ड रूम में CRPF हवलदार संजय को मृत पाया।
मामले की सूचना सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। वहीं, लोकल पुलिस को भी सूचित किया। हवलदार संजय कुमार ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है।
शव को सीआरपीएफ कैंप में ही रखा गया था। CRPF हवलदार संजय के शव का गुमला सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। डॉक्टरों की तीन सदस्यीय टीम ने पोस्टमार्टम किया। हवलदार संजय कुमार का शव कल यानी मंगलवार को पैतृक गांव पहुंचने की उम्मीद है।
सुंदरनगर। मंडी जिला के सुंदरनगर उपमंडल में अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग खिलाड़ी आशीष चौधरी के घर में चोरों ने सेंध लगा दी है। धनोटू पुलिस थाना के तहत धनोटू स्थित बॉक्सर आशीष चौधरी के घर में चोर अलमारी के लॉकर में पड़े सोने के आभूषणों सहित एक करीब 60 हजार रुपए की कीमत की 44 इंच की एलईडी टीवी भी साथ ले गए।
ये चोरी दिवाली से एक दिन पहले हुई है। चोरी की इस घटना के बारे में पड़ोसियों ने आशीष की मां दुर्गा देवी को फोन कर जानकारी दी। दुर्गा देवी चंडीगढ़ में अपनी बेटी माोनिका और दामाद रितेश शर्मा के पास गई थीं। दिवाली के दिन खबर मिलते ही दुर्गा देवी घर लौटीं। उनके पहुंचने से पहले जुगाहण स्थित रिश्तेदारों ने घटना का पता लगने के बाद धनोटू थाना पुलिस को सूचना दे दी थी।
दुर्गा देवी ने बताया कि चोरों ने घर में रखी गोदरेज की दो अलमारियों के साथ उसके लॉकर को तोड़ उसमें रखे सोने के कंगन, नथ, टीका और एक सोने का हार चोरी कर लिया। इसके बाद बैठक के कमरे में लगी बड़ी एलईडी भी साथ ले गए।
अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर आशीष चौधरी रोहतक शिविर में 24 नवंबर से शिलांग में होने वाली वरिष्ठ राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता की प्रेक्टिस कर रहे हैं। मां ने उनको घर में चोरी की घटना के बारे में बताया।
आशीष ने बताया कि चोरों ने उनके मेडल वाले कमरे को छुआ तक नहीं है जबकि अन्य कमरों में अलमारी के साथ बेड बॉक्स में रखे कपड़ों तक को बाहर निकाल कर फेंक दिया है। ये संभावना जताई जा रही है कि चोर उनके घर के बारे में काफी कुछ जानते थे। डीएसपी भारतभूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगामी कार्रवाई में जुट गई है।
रेलवे स्टेशन और भलकू म्यूजियम के बीच रेलिंग से लगाया फंदा
शिमला।हिमाचल के शिमला में सचिवालय में तैनात सुपरिटेंडेंट ने फंदा लगाकर जान दे दी है। व्यक्ति ने रेलवे ट्रेक के नीचे रेलिंग से फंदा लगाकर आत्महत्या की है।
बता दें कि मेहर सिंह (47) सचिवालय में कॉन्फिडेंशियल ब्रांच में सुपरिटेंडेंट तैनात थे। शिमला रेलवे स्टेशन और भलकू म्यूजियम के बीच मेहर सिंह ने रेलवे ट्रेक के नीचे रेलिंग से फंदा लगा लिया। मेहर सिंह शिमला में नाभा सरकारी आवास ब्लॉक एस टाइप 2 सेट नंबर 154 में परिवार सहित रहते थे।
वह मूल रूप से सुंदरनगर जिला मंडी के रहने वाले थे। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
सुंदरनगर। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में कांगू-डैहर संपर्क मार्ग पर शनिवार सुबह HRTC की सुंदरनगर डिपो की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कांगू-डैहर मार्ग पर सड़क धंसने के कारण शिमला जा रही HRTC की बस खाई में चली गई। हादसे में चालक-परिचालक सहित कुल 13 लोग घायल हुए हैं।
हादसे में घायलों को उपचार के लिए स्थानीय लोगों की मदद से नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया। इनमें से 5 घायलों को मेडिकल कॉलेज नेरचौक के लिए रेफर कर दिया गया है।
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने वीडियो कॉलिंग के जरिए HRTC बस के चालक सुनील कुमार से बातचीत की। मुकेश अग्निहोत्री ने चालक, परिचालक और सभी यात्रियों का हालचाल जाना साथ ही हादसे की भी जानकारी ली।
पुलिस चौकी डैहर से मिली जानकारी के अनुसार बस सुबह 5:00 बजे सुंदरनगर से रवाना हुई थी। इसके कुछ ही देर बाद ये हादसा पेश आया है। पुलिस चौकी में करीब सवा पांच बजे हादसे की जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। डीएसपी दिनेश कुमार ने बताया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सुंदरनगर। मंडी जिला के सुंदरनगर में बीएसएल पुलिस थाना के तहत एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। देव कमरूनाग के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी गहरी खाई जा गिरी। हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को मेडिकल कॉलेज नेरचौक में उपचार के लिए भर्ती किया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा गुरुवार देर रात हुआ है। बीएसएल पुलिस थाना के तहत कुछ लोग कमरूनाग मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे। कुशला गांव के समीप गाड़ी (एचपी 31-8349) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे की खबर लगते ही पुलिस व स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों व मृतकों के शवों को खाई से बाहर निकाला।
डीएसपी दिनेश कुमार की अगुवाई में बीएसएल पुलिस थाना की टीम भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। देर रात अंधेरा होने के कारण पुलिस व स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों व मृतकों के शवों को सड़क तक पहुंचाया गया।
मृतकों की पहचान लाला राम (50) पुत्र गंगू राम गांव डोलधार, रूप लाल (50) पुत्र परस राम गांव डोलधार, सुनिल कुमार (36) पुत्र बेशर राम गांव पंजराह, गोबिन्द राम (60) पुत्र रघुराम गांव डोलधार, मोहण (50) पुत्र किरपा राम गांव कुशला के रूप में हुई है।
वहीं, हादसे में चालक अनिल दत्त (51) पुत्र स्वर्गीय रुप चंद गांव कोलथी, संजीव कुमार (38) पुत्र केशव दत गांव पंजराह, किरपा राम (38) पुत्र मजरू राम गांव पौडाकोठी, कमल कुमार (22) तुला राम गांव डोलाधार घायल हुए हैं।
हादसे का पता चलते ही नाचन विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद कुमार ने भी देर रात सिविल अस्पताल सुंदरनगर व मेडिकल कॉलेज नेरचौक पहुंच कर घायलों का हाल जाना और उन्हें हर संभव मदद देने का भरोसा दिया। डीएसपी सुंदरनगर दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में बाल सत्र का आयोजन 12 जून को किया जा रहा हैं। देश के भविष्य बच्चे इस दिन हिमाचल प्रदेश विधानसभा में मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायकों की भूमिका में नजर आएंगे। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में इस ऐतिहासिक बाल सत्र का आयोजन विश्व बाल श्रम दिवस के मौके पर किया जा रहा है। बाल सत्र में सुंदरनगर के सरकारी स्कूल की जाहन्वी मुख्यमंत्री की भूमिका में होगी।
बच्चे देश का भविष्य होते हैं, उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से देश भर से कुल 1,108 में से 68 बच्चे चुने गए हैं, जिसमें 63 हिमाचल के हैं, जो 43 विधानसभा क्षेत्रों से चुने गए हैं, जबकि बाहरी राज्यों से केवल पांच बच्चे हैं। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने बताया कि 60 बच्चे सरकारी स्कूल के हैं। सत्र के लिए 40 लड़कियां व 18 लड़के चुने गए हैं। उन्होंने बताया कि सत्र सुबह साढ़े दस बजे शुरू होगा, जो दोपहर ढाई बजे तक चलेगा। आधे घंटे का प्रश्न काल होगा।
वहीं, बाल सत्र में मुख्यमंत्री की भूमिका निभा रही दसवीं की छात्रा जाहन्वी ने बताया कि मुख्यमंत्री के रूप में उनकी सबसे पहली प्राथमिकता रहेगी कि उनके मंत्रिमंडल के सदस्य अनुभवी व पढ़े लिखे हों। पढ़े लिखे लोगों को उनके अनुभव के अनुसार मंत्रीपद दिए जाएंगे तो ही वे लोगों की समस्याओं को बेहतर तरीके से समझने के साथ सुलझा सकते हैं।
शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में आज बहुत काम करने की जरूरत हैं। अस्पतालों में लोगों को इलाज के लिए समस्याओं का सामना करना पड़ता है, जिसको प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने की जरूरत है। हालांकि जान्हवी ने राजनीति की अपेक्षा बड़े होकर आईपीएस बनना अपना लक्ष्य बताया है।
वन परिक्षेत्र अधिकारियों के दीक्षांत समारोह का समापन
मंडी।हिमाचल प्रदेश वन अकादमी सुंदरनगर में वन परिक्षेत्र अधिकारियों (Forest Range Officer) के 18 माह का प्रशिक्षण कोर्स (सातवां बैच) का विधिवत दीक्षांत समारोह का आज संपन्न हो गया। समारोह में अमिताभ गौतम, प्रधान मुख्य अरण्यपाल हिमाचल प्रदेश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दीक्षांत समारोह का शुभारंभ भव्य परेड व मुख्य अतिथि को सलामी के साथ हुआ। उसके बाद प्रशिक्षित वन राजिकों की मुख्य अतिथि व प्रशिक्षुओं के परिजनों द्वारा पिपिंग सरेमनी की गई। मुख्यातिथि ने सभी उर्तीण प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र व मेडल से नवाजा।
अपने संबोधन में मुख्यतिथि ने नव प्रशिक्षित वन राजिकों का आह्वान किया कि ये अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में लोगों की भलाई व वनों के सरक्षण हेतु सर्वेदनशील नजरिये के साथ कार्य करें। आप देशवासियों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरते हैं, इसी से आपकी सफलता को आंका जाएगा। उन्होंने कहा कि सीखना एक सतत प्रक्रिया है और आप यहां से जाने के बाद भी अपने ज्ञान को बढ़ाते रहेंगे और अपने कार्य क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते रहेंगे।
इससे पहले प्रदीप ठाकुर, मुख्य अरण्यपाल (अनुसंधान एवम् प्रशिक्षण) एवं निदेशक, हिमाचल प्रदेश वन अकादमी, सुंदरनगर द्वारा अपनी प्रशिक्षण रिपोर्ट में बताया कि अकादमी द्वारा इस प्रशिक्षण में उत्तर प्रदेश के 44 वन राजिक उपस्थित हुए, जिनमें ( 09 महिलाएं और 35 पुरुष) प्रशिक्षणार्थियों ने इस प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक उतीर्ण किया, जिसमें 17 प्रशिक्षुओं ने प्रावीणय प्रमाण पत्र में उत्तीर्ण हुए। मनीषा कुकरेती ने समस्त प्रशिक्षण में स्वर्ण पदक तथा वानिकी और परिस्थिति की रजत पदक प्राप्त किया। रीता तिवारी ने वन सर्वेक्षण एवं अभियांत्रिकी में रजत पदक और अंकिता किशोर ने रेंज प्रशासन में रजत पदक प्राप्त किए।
फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर प्रशिक्षण के शैक्षणिक पाठ्यक्रम में मनीषा कुकरेती सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ प्रथम स्थान पर रही। रीता तिवारी ने दूसरा स्थान तथा आयुश त्रिपाठी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान खेलकूद प्रतियोगिता में आदित्य सोनकर सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरुष वर्ग में और महिला वर्ग में मनीषा कुकरेती रही।
इस समारोह में प्रदीप ठाकुर, अतिरिक्त प्रधान मुख्य अरण्यपाल (अनुसंधान एवम् प्रशिक्षण) निदेशक, हिमाचल प्रदेश वन अकादमी, सुंदरनगर, अजीत ठाकुर, मुख्य अरण्यपाल, मंडी, निशांत मंडहोत्रा, अरण्यपाल हमीरपुर, मनीष राम पाल, मंडलीय प्रबंधक, मंडी कमल जसवाल, मंडलीय प्रबंधक, सुंदरनगर, सुरेंद्र सिंह चंदेल, वन मंडालधिकारी (अनु एवं प्रशिक्षण) सुंदरनगर डॉ. योगेन्द्र शर्मा, वन मंडालधिकारी (मुख्यालय) हमीरपुर पारूल सूद, वन मंडाधिकारी (कार्य योजना एवं व्यवस्था) मंडी, प्रीति, उप मंडलीय प्रबंधक, घनोद मनीष रांगडा, उप अरण्यपाल, सुकेत, चमन लाल जोशी, संयुक्त निदेशक (सेवानिवृत्त), मुकेश शर्मा, उप निदेशक देवेंद्र सिंह डोगरा, उप निदेशक हिमाचल प्रदेश वन अकादमी, सुंदरनगर तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।