पालमपुर। हिमाचल के कांगड़ा जिला के पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत द्रोगनु के गांव द्रोवी के आर्मी जवान प्रवीण कुमार (32) की सड़क हादसे में जान चली गई है। सैनिक प्रवीण कुमार अरुणाचल प्रदेश में ग्रीफ रेजिमेंट में तैनात थे। सैनिक का शनिवार को पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बेटे ने सैनिक प्रवीण कुमार की चिता का मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में मुख्य संसदीय सचिव (शहरी विकास एवं शिक्षा) आशीष बुटेल शामिल हुए।
सैनिक प्रवीण कुमार के घर में माता-पिता, पत्नी, भाई और बेटा और बेटी हैं। सैनिक प्रवीण कुमार की माता का नाम हिमा देवी है और पिता का सोहन लाल है। पत्नी रिंपला देवी, 6 साल का बेटा रियांश और तीन साल की बेटी आदविक है। भाई का नाम गगन है।
गगल। हिमाचल के कांगड़ा जिला के पुलिस स्टेशन गगल के तहत चैतड़ू में एक दिन में दो सड़क हादसे हुए हैं। एक हादसे में एक युवक की मौत हो गई है। वहीं, दूसरे हादसे में एक घायल है। घायल को मेडिकल कॉलेज टांडा ले जाया गया है।
बता दें कि चैतड़ू के पास के गांव का युवक निखिल किशोर (23) घर से किसी काम के लिए स्कूटी (HP39E-3629) पर गगल की तरफ आ रहा था। एचआरटीसी इलेक्ट्रिक बस टांडा से धर्मशाला की तरफ जा रही थी।
चैतड़ू में सकोह रोड पर पुल के आगे बस और स्कूटी की टक्कर हो गई। हादसे में निखिल किशोर की मौत हो गई। मामले की सूचना मिलने के बाद गगल पुलिस स्टेशन से टीम मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
वहीं, अभी कुछ देर पहले उक्त हादसा स्थल से कुछ दूरी पर चैतड़ू से थोड़ा पहले एक बाइक स्किड हो गई। हादसे में एक घायल हुआ है। घायल को मेडिकल कॉलेज टांडा ले जाया गया। मामले की सूचना मिलने के बाद गगल पुलिस ट्रैफिक इंचार्ज बजिंदर सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
हरिपुर।हिमाचल के चंबा जिला के तीसा में टाटा सूमो के खाई में गिरने के हादसे में नगरोटा सूरियां के खब्बल गांव निवासी पुलिस कांस्टेबल कमलजीत की भी जान गई है। कमलजीत हरिपुर पुलिस स्टेशन में सेवाएं दो चुके हैं। कुछ दिन पहले ही उनकी ट्रांसफर इंडियन रिजर्व बटालियन में हुई थी। उनके निधन पर क्षेत्र में शोक की लहर है।
बता दें कि हिमाचल के चंबा जिला में सुबह सवेरे बड़ा हादसा हुआ है। पहाड़ी से गिरी चट्टान की चपेट में आने से एक टाटा सूमो खाई में गिर गई और नदी में जा पहुंची। सूमो में 9 इंडियन रिजर्व बटालियन (IRB) के जवानों सहित 11 लोग सवार थे। आईआरबी जवान लॉन्ग रेंज पेट्रोलिंग से भंजराडू हेडक्वार्टर लौट रहे थे। हादसे में 6 पुलिस जवानों, सूमो चालक की मृत्यु हो गई है। वहीं, तीन पुलिस जवान और एक स्थानीय निवासी गंभीर रूप से घायल है।
हादसे में नूरपुर निवासी सब इंस्पेक्टर राकेश गौरा, डलहौडी ओसल के हेड कॉन्स्टेबल प्रवीण टंडन, कांगड़ा जिला के नगरोटा सूरियां के नजदीकी गांव खब्बल के कांस्टेबल कमलजीत, ढलियारा के सचिन राणा, कांगड़ा इच्छी के लक्ष्य मोंगरा और कैहरियां जवाली कांगड़ा के अभिषेक ने दम तोड़ा है। चालक की पहचान चंवू राम (39) पुत्र जय दयाल गांव मंगली जिला चंबा के तौर पर हुई है।
चंबा निवासी हेड कॉन्स्टेबल राजिंदर, कॉन्स्टेबल अक्षय चौधरी बैजनाथ कांगड़ा, पालमपुर निवासी कांस्टेबल सचिन, मंगली निवासी पंकज कुमार हादसे में घायल हैं।
बता दें कि यह टाटा सूमो बटालियन ने हायर की थी। आईआरबी जवान लॉन्ग रेंज पेट्रोलिंग (LRP) के लिए निकले थे और भंजराडू हेडक्वार्टर लौट रहे थे। सूमो में 9 पुलिस जवान थे, चालक और एक अन्य व्यक्ति था। टाटा सूमो मंगली से भंजराडू की तरफ आ रही थी। तीसा-बैरागढ़ सड़क मार्ग पर तरवाई पुल के पास पहाड़ी से गिरी चट्टान की चपेट में टाटा सूमो आ गई और अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी और नदी में जा पहुंची। मामले की सूचना पुलिस थाना तीसा में दी गई।
सूचना मिलने के बाद तीसा पुलिस थाना और बटालियन से टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। हादसे में तीन पुलिस जवान और एक स्थानीय व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। वहीं, चालक और अन्य 6 पुलिस जवानों के शव बरामद हुए हैं।
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। आए दिन हो रहे हादसों से कई लोग काल का ग्रास बन चुके हैं और यह सिलसिला बदस्तूर जारी है। ताजा मामला जिला कुल्लू में पेश आया है। जहां आनी उपमंडल में एक कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी व बेटी घायल हुए हैं।
मृतक की पहचान महेश्वर सिंह पुत्र जिमत राम निवासी धार डाकघर जाओ तहसील आनी जिला कुल्लू के रूप में हुई है। घायलों में उषा देवी और बेटी स्वीटी शामिल हैं। हादसा लापरवाही के कारण हुआ है, जिसके चलते चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है।
डीएसपी आनी रविंद्र सिंह नेगी ने बताया कि डिंग नाला के पास एक ऑल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार नाले में गिरने से शख्स की मौत हो गई है। उसकी पत्नी और बेटी बुरी तरह घायल हुई। राहगीरों की मदद से पुलिस ने घायलों को आनी अस्पताल पहुंचाया।
डीएस ने बताया कि घायल महिला ऊषा देवी ने बयान दर्ज कराए हैं। ऊषा ने बताया कि वह तीनों ऑल्टो कार (HP35-7436) में आनी से घर की तरफ जा रहे थे। रास्ते में डिंग नाला के पास पहुंचे तो कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे जा गिरी।
चिल्लाने की आवाज सुनकर बगीचे में सेब के प्रूनिंग कर रहे प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को हादसे की सूचना दी। प्रवीण ने ग्रामीणों की मदद से कार में सवार महेश्वर सिंह, उसकी पत्नी उषा देवी और बेटी स्वीटी को खाई से बाहर निकाला। 108 एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें आनी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने महेश्वर सिंह को मृत घोषित कर दिया।
चंडीगढ़-मनाली एनएच पर खाई में गिरा ट्राला
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर स्वारघाट से बिलासपुर जा रहा एक ट्राला अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। देर रात को लेक व्यू होटल के पिछले मोड़ पर यह हादसा हुआ। इसमें ड्राइवर और कंडक्टर को चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि यह ट्राला पशुओं का चारा लेकर बिलासपुर जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, बीती रात को लेक व्यू होटल के पास हादसा हुआ। ड्राइवर ने गाड़ी के ऊपर से नियंत्रण खो दिया और ट्राला खाई में जा गिरा। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन गाड़ी काफी क्षतिग्रस्त हुई है। ट्राले में रखा सामान भी खराब हुआ है।
बता दें कि आए दिन बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के पीछे बड़ी वजह चालकों की लापरवाही होती है। जिसकी कीमत उन्हें अपनी जान देकर चुकानी पड़ती है। इसके साथ ही जिले की सड़कें भी ऐसे हादसों को बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं।
कहीं सड़कों की जर्जरता तो कहीं गलत निर्माण व इसके उबड़-खाबड़ रहने से सड़क हादसे हो रहे हैं। आए दिन सड़क दुर्घटना होते रहने के बावजूद लोग ऐसे हादसों से सबक नहीं ले रहे हैं। यही वजह है कि लोग सावधानी नहीं बरतते और न ही यातायात नियमों का पालन करते हैं।
लाहौल-स्पीति में 85, कुल्लू में तीन और कांगड़ा में दो पर थमे पहिए
शिमला। हिमाचल में विंटर सीजन में पिछले 24 घंटे में एक जनवरी से 2 जनवरी तक सड़क हादसों में 6 लोगों की मौत हुई है। इसमें कुल्लू और शिमला में 3-3 की जान गई है। हिमाचल में बर्फबारी के चलते अभी भी 92 सड़कें बंद हैं।
लाहौल-स्पीति में 85, कुल्लू में तीन और कांगड़ा में दो रोड़ बंद हैं। कुल्लू में 1 ट्रांसफार्मर और लाहौल-स्पीति में एक पेयजल योजना ठप पड़ी है। एक जनवरी 2023 से 2 जनवरी 2023 तक हिमाचल में 43.65 लाख का नुकसान हुआ है।
विंटर सीजन में हिमाचल में अब तक 7 लोगों की मौत हुई है। साथ ही सात ही लोग घायल हुआ हैं। यह मौतें सड़क हादसों में हुई हैं। कुल्लू, शिमला में 3-3 और सोलन में एक की मौत हुई है। चंबा में पांच, कुल्लू और शिमला में एक-एक घायल हुआ है।
बता दें कि हिमाचल में 29 और 30 दिसंबर को मौसम ने करवट बदली थी और कई स्थानों पर बारिश व बर्फबारी हुई है। 31 से हिमाचल में मौसम साफ है। हिमाचल में 8 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 5 जनवरी तक हिमाचल में येलो अलर्ट जारी हुआ है।
2, 3, 4 और 5 जनवरी को ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा और मंडी में एक दो स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा रहने की संभावना है। हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर में शीतलहर चलने की संभावना है।
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत के माथे पर दो कट लगे हैं। साथ ही घुटने में भी चोट आई है। दाहिने घुटने में लिगामेंट फट गया है। उनकी दाहिनी कलाई, टखने, पैर के अंगूठे में भी चोट लगी है और उनकी पीठ पर घर्षण की चोट लगी है। ऋषभ की हालत स्थिर बनी हुई है और उन्हें अब मैक्स अस्पताल, देहरादून में स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां उनके आगे के उपचार के लिए एमआरआई स्कैन किया जा रहा है। यह जानकारी बीसीसीआई ने दी है।
बीसीसीआई ऋषभ के परिवार से लगातार संपर्क में है, जबकि मेडिकल टीम ऋषभ का इलाज कर रहे डॉक्टरों से लगातार संपर्क में है। बोर्ड यह देखेगा कि ऋषभ को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा देखभाल मिले और उसे इस दर्दनाक दौर से बाहर आने के लिए हर संभव सहायता मिले।
बता दें कि भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार हादसे की शिकार हो गई है, जिसमें उन्हें काफी चोटें आई हैं। यह हादसा रुड़की लौटते समय गुरुकुल नारसन क्षेत्र में शुक्रवार तड़के हुआ। ऋषभ पंत की कार डिवाइडर से टकरा गई थी। इस हादसे के बाद उनकी कार में भीषण आग भी लग गई। हादसे के बाद पंत को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऋषभ पंत दुबई से लौटे थे और कार में सवार होकर घर जा रहे थे।
नई दिल्ली। साल 2022 का आखिरी शुक्रवार किसी ब्लैक फ्राइडे से कम नहीं। सुबह से ही तीन दुखद घटनाएं सामने आईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन का आज सुबह 3.30 बजे निधन हो गया। इसके अलावा भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत हरिद्वार में एक सड़क हादसे का शिकार हुए हैं। ऋषभ पंत बुरी तरह घायल हुए हैं।
उधर पीएम मोदी की मां हीरा बेन ने अहमदाबाद में आज अंतिम सांस ली। उनका निधन अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में शुक्रवार सुबह 3.30 बजे हुआ। हीराबेन को मंगलवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था उन्हें सांस लेने में दिक्कत थी। हीरा बेन का अंतिम संस्कार गांधीनगर के श्मशान घाट में किया गया। पीएम मोदी ने मां के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। इससे पहले पीएम मोदी ने पार्थिव शरीर को कंधा भी दिया।
वहीं, भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार हादसे की शिकार हो गई है जिसमें उन्हें काफी चोटें आई हैं। यह हादसा रुड़की लौटते समय गुरुकुल नारसन क्षेत्र में शुक्रवार तड़के हुआ। ऋषभ पंत की कार डिवाइडर से टकरा गई थी। इस हादसे के बाद उनकी कार में भीषण आग भी लग गई। हादसे के बाद पंत को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, ऋषभ पंत के पैर में गंभीर चोट आई है। उनकी प्लास्टिक सर्जरी की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, पंत को मैक्स देहरादून रेफर कर दिया गया है।