सोलन। हिमाचल के सोलन जिला के बद्दी में विभिन्न 77 पदों पर भर्ती होगी।
मैसर्ज इन्डोरमा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में 24 पदों, मैसर्ज इनोवा कैपटैब में 33 पदों और मुथूट माइक्रोफिन लिमिटेड में 20 पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू 16 फरवरी, 2024 को आयोजित किए जाएंगे।
यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी सोलन संदीप ठाकुर ने दी।
जिला रोजगार अधिकारी सोलन संदीप ठाकुर ने कहा कि उक्त पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं, आईटीआई, बीफार्मा, एम फार्मा, बीएससी, एमएससी, केमिकल इंजीनियरिंग, आईटीआई इलेक्ट्रिकल, इंस्ट्रूमेंटेशन चाहिए। आयु 18 से 30 वर्ष के मध्य होनी चाहिए।
पंजीकरण के लिए उम्मीदवारों को EEMIs पर candidate Login Tab के माध्यम से पंजीकृत करने के उपरांत अपनी Registration Profile पर अधिसूचित रिक्तियों के लिए अपनी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर आवेदन करना होगा।
वेदन करने से पूर्व प्रत्येक आवेदक का नाम रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है।
बद्दी। सोलन जिला के बद्दी में झाड़माजरी स्थित एनआर अरोमा परफ्यूम फैक्ट्री में सर्च अभियान के 10वें दिन रविवार को तीसरी मंजिल के मलबे में दो कंकाल मिले हैं।
पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेने के बाद नालागढ़ अस्पताल में शिनाख्त के लिए भेज दिया है। अगर यहां पर कंकालों की शिनाख्त नहीं होती तो डीएनए टेस्ट करवाने के बाद फोरेंसिक जांच के लिए फोरेंसिक प्रयोगशाला जुन्गा भेजा जाएगा।
परफ्यूम फैक्ट्री में लोक निर्माण विभाग, दमकल, पुलिस, एसडीएफआर और प्रदूषण बोर्ड की ओर से पिछले नौ दिन से सर्च अभियान चल रहा है।
अभियान के दौरान रविवार को तीसरी मंजिल के मलबे से हड्डियों के दो ढांचे मिले। यह कंकाल किसी लापता कामगार के हो सकते हैं। पुलिस ने इन कंकालों को नालागढ़ अस्पताल भेज दिया गया है।
यहां पर लापता कामगारों के परिजनों को बुलाया जाएगा। अगर शिनाख्त नहीं होती है तो इनका डीएनए टेस्ट किया जाएगा। फैक्ट्री में आग लगने के बाद करीब 30 कामगार घायल हुए थे और 8 लापता थे।
दूसरे दिन दो शौचालयों से चार शव मिल थे। तीन की शिनाख्त हो गई थी। शिनाख्त होने पर तीनों को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया था।
इनके अलावा एक शव की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने सभी लापता कामगारों के परिजनों के डीएनए टेस्ट कराने के बाद जांच के लिए फोरेंसिक प्रयोगशाला जुन्गा भेज दिया है।
रिपोर्ट आने के बाद ही चौथे शव का पता चलेगा। लेकिन शव काफी पुराना होने से पुलिस ने शव का डीएनए कराने के बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया है।
बता दें कि 2 फरवरी को आग लगने की घटना के बाद एनडीआरएफ ने फैक्ट्री में लापता लोगों की तलाश को सर्च ऑपरेशन छेड़ा था। कुल 6 लोगों के शव मिलने के बाद अब केवल दो कामगार लापता हैं।
डीएसपी खजाना राम ने बताया कि पुलिस ने दो कंकालों को कब्जे में ले लिया है और नालागढ़ अस्पताल भेज दिया है। जहां पर उनकी शिनाख्त की जाएगी। इसी के साथ सर्च अभियान सोमवार को भी जारी रहेगा।
तीसरे दिन भी केमिकल के ड्रम निकालने का कार्य भी जारी रहा। अभी भी ड्रम बच गए हैं। सोमवार को भी फैक्ट्री से केमिकल के ड्रम उठाए जाएंगे।
इन ड्रम को ट्रक में भरकर दभोटा स्थित सोलिड वेस्ट मैनेजमेट में वैज्ञानिक तरीके से नष्ट किया जाएगा। वहीं फैक्टरी में शेड कटिंग का कार्य भी पूरा दिन जारी रहा।
बद्दी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को सोलन जिला के झाड़माजरी (बद्दी) स्थित परफ्यूम फैक्ट्री में आग लगने से हुई जानमाल की क्षति का जायजा लिया।
उन्होंने आग लगने के कारणों और बचाव कार्यों की समीक्षा की साथ ही जिला प्रशासन को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री हादसे के पांच दिन बाद झाड़माजरी (बद्दी) पहुंचे हैं। इससे पहले भी उनका कार्यक्रम बना था लेकिन खराब मौसम के चलते सुक्खू बद्दी नहीं पहुंच पाए थे।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बद्दी परफ्यूम फैक्ट्री में आग लगने की घटना में घायल हुए कर्मचारियों का अस्पताल पहुंचकर कुशलक्षेम भी जाना। उन्होंने डॉक्टरों से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की।
सुक्खू ने लापता व्यक्तियों के परिजनों से भी मिले और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा ‘‘आप चिंता न करें, राज्य सरकार दुख की इस घड़ी में आपके साथ पूरी मजबूती के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी’’।
पत्रकारों से बातचीत में ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आग लगने की घटना पर दुःख प्रकट करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा घटना की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं का गहन विश्लेषण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए फैक्टरी प्रबंधकों के साथ बात कर कानून में आवश्यक बदलाव किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में स्मार्ट मीटरिंग तथा बिजली की तारों को अंडरग्राउंड करने पर भी विचार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि घायलों को पांच-पांच हजार रुपए की त्वरित राहत राशि दी गई है तथा उन्हें कुल 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
इसके अतिरिक्त मृतकों के परिजनों को भी कुल साढ़े 6 लाख रुपए प्रति परिवार की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में 5 लोगों की मौत हुई है। एक शव की पहचान की जा रही है, जबकि पांच व्यक्ति अभी भी लापता हैं।
उन्होंने कहा कि इस घटना में 37 व्यक्ति घायल हुए थे, जिनमें से 13 घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। अब तक प्रभावित परिवारों को 3.05 लाख रुपए की राहत राशि प्रदान की जा चुकी है।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अस्पताल में उपचाराधीन घायलों का कुशलक्षेम पूछा और उनसे हादसे के बारे में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रदेश सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, मुख्य संसदीय सचिव चौधरी राम कुमार, विधायक केएल ठाकुर, उपायुक्त मनमोहन शर्मा सहित अन्य गणमान्य तथा अधिकारी उपस्थित थे।
बद्दी। हिमाचल के बद्दी में झाड़माजरी स्थित एनआर अरोमा परफ्यूम फैक्ट्री में आग लगने से लापता कामगारों के परिजनों का इंतजार लंबा हो जा रहा है। लापता लोगों की तलाश के लिए अभी चौथी मंजिल पर सर्च ऑपरेशन नहीं शुरू हो सका है।
घटना के बाद चंपो पत्नी सर्व दयाल निवासी बरोह कंडला चंबा, काजल पुत्री राजीन बदाऊं यूपी, काजल भारती पुत्री बली प्रसाद कुशीनगर यूपी, कल्पना अहिरवर पुत्री कैलाश अहिरवर छतरपुर एमपी लापता हैं। सुरक्षा की दृष्टि से सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया है।
हालांकि, एनडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है, लेकिन चौथी मंजिल पर सर्च ऑपरेशन शुरू करने हरी झंडी अभी प्रशासन से नहीं मिल पाई है। प्रशासन की हरी झंडी के बाद ही चौथी मंजिल पर सर्च ऑपरेशन छेड़ा जाएगा। केंद्र से आई फॉरेंसिक टीम मौके से सैंपल ले रही है।
आग लगने के चलते पूरा भवन अनसेफ हो चुका है। भवन की दीवारों को तोड़ा जाएगा। यह काम केंद्र की फॉरेंसिक टीम के सैंपल लेने की प्रक्रिया पूरी होने का बाद शुरू होगा।
फॉरेंसिक टीम के सैंपल लेने के चलते ही चौथी मंजिल पर सर्च ऑपरेशन रोका गया है। फॉरेंसिक टीम ने सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आगामी दो दिन में तीन मंजिल तक सैंपल पूरा होने की उम्मीद है।
इसके बाद दीवारों को तोड़ने का काम शुरू होगा। साथ ही चौथी मंजिल का मलबा उठाया जाएगा। चौथी मंजिल आग से बुरी तरह प्रभावित हुई है। चौथी मंजिल का एक हिस्सा ही बैठ गया है। इसका मलबा तीसरी मंजिल में भी गिरा है। चौथी मंजिल और तीसरी मंजिल में गिरे इस मलबे में लापता का सुराग लगने की संभावना है।
बता दें कि 2 फरवरी को आग लगने की घटना के बाद एनडीआरएफ ने फैक्ट्री में लापता लोगों की तलाश को सर्च ऑपरेशन छेड़ा था। तीन मंजिल तक टीम ने सर्च ऑपरेशन पूरा कर लिया है। यहां पर शौचालय में चार महिलाओं के शव मिले थे।
इसमें तीन पहचान राखी (23) पुत्री प्रेम सिंह सराई सिकंदर नरोली संभल यूपी, शशी (19) पुत्री नरेश पाल निवासी केजर कन्हैया तहसील बिलसी बदाऊं यूपी और रहनुमा (23) पुत्री कमलू निवासी गांव पलथा तहसील अवला बरेली यूपी के रूप में हुई थी।
एक शव अधिक जल जाने के कारण पहचाना नहीं जा सका था। शव की पहचान डीएनए से की जाएगी। इसके लिए डीएनए जुन्गा लैब भेजा गया है।
घटना में पांच लोगों की जान गई है। इसमें पिंकी (32) पुत्री प्रेम सिंह बिहारी कॉलोनी मदनवाला पंचकूला छत से कूदने के चलते मौत हो गई थी। चार के शव फैक्ट्री की तीसरी मंजिल के शौचालय में मिले थे।
हादसे में 29 कामगार घायल हुए हैं। इन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। मृतक पिंकी सहित ये 29 लोग आग लगने के बाद फैक्ट्री की छत से कूद गए थे। इन्हें फ्रैक्चर आए हैं।
उधर, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 7 फरवरी यानी कल बद्दी में झाड़माजरी स्थित एनआर अरोमा परफ्यूम फैक्ट्री का दौरा करेंगे और स्थिति का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री नई दिल्ली से सीधा बरोटीवाला जाएंगे और वहां से झाड़माजरी रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के दौरे के बाद अधिकारियों धड़कने तेज हो गई हैं।
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू नई दिल्ली से कल यानी 7 फरवरी को लौटेंगे। मुख्यमंत्री नई दिल्ली से बद्दी के झाड़माजरी जाएंगे और आग लगने से राख हुई एनआर अरोमा परफ्यूम फैक्ट्री का दौरा करेंगे।
जारी टुअर प्रोग्राम के अनुसार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 7 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे नई दिल्ली से बरोटीवाला हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। बरोटीवाला हेलीपैड से झाड़माजरी बद्दी जाएंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करीब साढ़े तीन बजे एनआर अरोमा फैक्ट्री का दौरा कर स्थिति का जायजा लेंगे। करीब साढ़े 4 बजे बरोटीवाला हेलीपैड से चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे। वह कल यानी 7 फरवरी को हिमाचल भवन चंडीगढ़ में रुकेंगे।
8 फरवरी 2024 को सुबह करीब 11 बजे चंडीगढ़ से अमतर हेलीपैड नादौन के लिए निकलेंगे। करीब 11 बजकर 50 मिनट पर लुथान में सुख आश्रय आदर्श ग्राम परिसर का नींव पत्थर रखेंगे। इसके बाद साढ़े 12 बजे अंब पठियार में विभिन्न लोकार्पण और शिलान्यस करेंगे।
करीब 2 बजकर 40 मिनट पर ज्वालामुखी में पुलिस स्टेशन ज्वालामुखी के भवन का लोकार्पण करेंगे। लंच के बाद 3 बजकर 35 मिनट पर विभिन्न लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
शाम 4 बजकर 15 मिनट पर एसएसबी ग्राउंड सपड़ी से शिमला के लिए रवाना होंगे। उनका करीब 5 बजकर 05 मिनट पर ओक ओवर पहुंचने का कार्यक्रम है।
बद्दी। हिमाचल के बद्दी में झाड़माजरी स्थित परफ्यूम फैक्ट्री में आग लगने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। फैक्ट्री में कौन सा केमिकल था, इसकी जानकारी न तो हिमाचल राज्य प्रदूषण नियंत्रण कंट्रोल बोर्ड को थी और न एक्साइज विभाग को थी। यह केमिकल हिमाचल राज्य प्रदूषण नियंत्रण कंट्रोल बोर्ड और एक्साइज विभाग के पास रॉ मैटीरियल के रूप में रजिस्टर ही नहीं था। ऐसे भी सवाल उठता है कि केमिकल कहां से लाया गया और कैसे लाया गया।
इस केमिकल के आगे पानी भी बेअसर हो गया। अग्निशमन विभाग भी केमिकल के आगे फेल हो गया।
केमिकल के आगे पानी पेट्रोल का काम कर रहा था। जितना पानी डाल रहे थे, उतनी आग बढ़ रही थी। अग्निशमन विभाग के पास भी इसका कोई तोड़ नहीं था।
इस बात खुलासा खुद उद्योग, संसदीय कार्य और श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बद्दी में मीडिया से बातचीत में किया है।
उन्होंने कहा कि पानी से भी केमिकल में लगी आग बुझ नहीं रहा थी। पानी डालने से बढ़ रही थी। इस बारे में अग्निशमन विभाग अधिकारियों को पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इसके लिए फोम की जरूरत है।
पानी केमिकल पर असर नहीं कर रहा था। यह केमिकल हिमाचल राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और एक्साइज विभाग के पास रॉ मैटीरियल के तौर पर रजिस्टर नहीं था।
उन्होंने माना कि प्राधिकरण विभागों की भी लापरवाही रही है। निर्णय लिया गया कि अग्निशमन विभाग को हाईटैक किया जाएगा। क्योंकि बीबीएन में काफी उद्योग हैं, जो विभिन्न केमिकल का यूज करते हैं। ऐसी स्थिति में आग बुझाने में दिक्कत न हो।
उद्योग, संसदीय कार्य और श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि उद्योगों की एनओसी की जांच की जाएगी। अगर कोई त्रुटी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
एनआर अरोमा परफ्यूम फैक्ट्री में आग लगने की घटना में भी अगर किसी अधिकारी की गलती या लापरवाही पाई जाती है तो उसे बक्शा नहीं जाएगा।
बद्दी। हिमाचल के बद्दी में झाड़माजरी स्थित परफ्यूम फैक्टरी के साथ कई लोगों के सपने भी जलकर राख हो गए हैं। किसी ने जिंदगी गंवाई किसी ने हड्डियां तुड़वाईं तो किसी का जिंदगी भर का सपना ही चूर-चूर हो गया।
ऐसा ही कुछ सपना लेकर आई थी चंपो जिसका सपना तो टूटा ही परिवार भी बिखर गया। फैक्टरी में आग के बाद लापता चंबा की चंपो सहित चार कामगार महिलाओं का सोमवार को भी कोई सुराग नहीं मिला है।
चंपो के पति सर्वदयाल अपनी पत्नी को बदहवास होकर हादसे के बाद से दिन-रात ढूंढ रहे हैं।
चंबा जिला के गांव बड़ोह ग्राम पंचायत मसरूंड डाकघर कंदला के रहने वाले चंपो और सर्वदयाल ने अच्छे भविष्य का सपना देखा था जिसके लिए दोनों पति पत्नी मिलकर काम कर रहे थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनकी जिंदगी में ऐसा भी मोड़ आएगा।
11 साल का अथर्व और 6 साल की रूही अपनी मां को तलाश करते रहते हैं और पापा से पूछते हैं कि मां कब आएगी। बच्चों की बातों का जवाब सर्वदयाल के पास नहीं। वह तो खुद इस उम्मीद से हर रोज परफ्यूम फैक्टरी जा रहा है कि उसकी चंपो शायद उसे सही सलामत वापस मिल जाए।
दो फरवरी का दिन इस परिवार के लिए खास था क्योंकि उस दिन अथर्व का जन्मदिन था। चंपो बेहद खुश थी और रात को केक काटने का प्रोग्राम भी रखा गया था। हादसे वाले दिन चंपो घर से आधा घंटा पहले ही निकल गई थी क्योंकि उसको केक का ऑर्डर देना था। खुशी-खुशी निकली चंपो फिर घर नहीं लौट पाई।
सर्वदयाल परिवार के साथ शिवालिक नगर में किराये के कमरे में रहते हैं। चंपो एनआर अरोमा फैक्ट्री में काम करती थी और सर्वदयाल बद्दी में ही दूसरी कंपनी में काम करते हैं।
जैसे ही उनको कंपनी में आग लगने का पता वह भागते हुए वहां पहुंचे लेकिन उनकी पत्नी कहीं नजर नहीं आई। उसके बाद से सर्वदयाल चंपो की तलाश कर रहे हैं।
सर्वदयाल ने बताया कि 3 साल की उम्र में उन्होंने अपने पिता को खो दिया। उसके बाद मां मानसिक रूप से बीमार हो गईं। उनकी भाभी की दो साल पहले मौत हो चुकी है और अब उनकी पत्नी भी लापता है।
सर्वदयाल को यह समझ नहीं आ रहा कि वह बच्चों को संभाले, पत्नी की तलाश करे या काम पर जाए। परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। सर्वदयाल ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
बता दें कि बद्दी के झाड़माजरी (बरोटीवाला) स्थित परफ्यूम बनाने वाली फैक्ट्री एनआर अरोमा में आग लगने की घटना में अब तक पांच कामगारों की मौत हुई है।
साथ ही चार महिला कामगार लापता हैं। घटना में 29 कामगार घायल हैं। घायलों में 20 कामगारों का इलाज सीएचसी नालागढ़, 7 का ईएसआई काठा और दो का पीजीआई चड़ीगढ़ में चल रहा है।
पांच मृतकों में से चार की हुई पहचान
पांच मृतकों में से चार की पहचान हो गई है। चारों युवतियां हैं और हिमाचल के बाहरी राज्यों की निवासी हैं।
पिंकी (32) पुत्री प्रेम सिंह बिहारी कॉलोनी मदनवाला पंचकूला, राखी (23) पुत्री प्रेम सिंह सराई सिकंदर नरोली संभल यूपी, शशी (19) पुत्री नरेश पाल निवासी केजर कन्हैया तहसील बिलसी बदाऊं यूपी और रहनुमा (23) पुत्री कमलू निवासी गांव पलथा तहसील अवला बरेली यूपी की मौत हुई है।
बद्दी के झाड़माजरी स्थित परफ्यूम फैक्ट्री में आग लगने की घटना के बाद अभी भी 4 कामगार लापता हैं। सभी युवतियां हैं। इसमें एक चंबा तो बाकी यूपी व एमपी से हैं।
चंपो पत्नी सर्व दयाल निवासी बरोह कंडला चंबा, काजल पुत्री राजीन बदाऊं यूपी, काजल भारती पुत्री बली प्रसाद कुशीनगर यूपी, कल्पना अहिरवर पुत्री कैलाश अहिरवर छतरपुर एमपी लापता हैं।
अगर लापता लोगों के बारे कोई सूचना हो तो एएसपी अशोक कुमार के मोबाइल नंबर 981699000 पर सूचना दी जा सकती है।
श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान ने कही बात
बद्दी। हिमाचल के बद्दी में झाड़माजरी स्थित परफ्यूम बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने की घटना में पांच लोगों की मौत, चार के लापता और 29 लोगों के घायल होने के बाद सरकार भी जागी है।
उद्योग, संसदीय कार्य तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान ने कहा कि बद्दी के झाड़माजरी स्थित कंपनी जैसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बनाएगी।
विभिन्न विभागों की टास्क फोर्स बनाकर बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण (बीबीएनडीए) में स्थापित उद्योगों का निरीक्षण कर उद्योगों में कामगारों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
हर्षवर्द्धन चौहान सोलन जिला के बद्दी में विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
हर्षवर्द्धन चौहान ने कहा कि टास्क फोर्स विभिन्न उद्योगों का निरीक्षण कर सुनिश्चित करेगी कि डीजल, पेट्रोल, अल्कोहल और केमिकल का भंडारण क्षमता के अनुसार ही हो। अति ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण उत्पादन क्षेत्र में करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने अग्निशमन विभाग को निर्देश दिए कि एक माह के भीतर सभी उद्योगों का फायर ऑडिट किया जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित बनाया जाए कि सभी उद्योगों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध हों।
सभी उद्योगों में सुरक्षा की दृष्टि से चार निकासी द्वार तथा फोल्डेबल सीढ़ियां स्थापित होनी चाहिएं, ताकि आपदा की स्थिति में कामगारों को बाहर निकलने का सुरक्षित रास्ता मिल सके।
उद्योग मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी उद्योगों में प्रत्येक माह में एक बार मॉक ड्रिल अवश्य आयोजित होनी चाहिए, ताकि आकस्मिक घटना या आगजनी अथवा अन्य आपदा के समय त्वरित कार्रवाई कर नुकसान को न्यून किया जा सके।
रोजगार मंत्री ने श्रम एवं रोजगार विभाग को निर्देश दिए कि विभाग प्रत्येक उद्योग में कामगारों की सूची तैयार रखें।
उद्योग मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस दुःखद घटना से आहत हैं और उन्होंने इस मामलें में समुचित कार्रवाई के निर्देश पहले ही जारी कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यह दुःखद घटना के दोषियों के विरुद्ध समुचित कार्रवाई की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रदेश के उद्योगों में काम कर रहे श्रमिक सुरक्षित रहें और प्रदेश का पर्यावरण संरक्षित हो।
बद्दी के झाड़माजरी स्थित कंपनी में यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना एनआर अरोमा उद्योग की आपराधिक लापरवाही के कारण घटित हुई है। उक्त कम्पनी ने कामगारों एवं पर्यावरण की सुरक्षा के लिए स्थापित किए जाने वाले सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किया है।
हर्षवर्द्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर पुलिस द्वारा एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और कंपनी के मालिकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस दुःखद घटना के लिए उत्तरादाई किसी भी व्यक्ति को बख़्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि कंपनी के प्रबंधक को पुलिस द्वारा हिरासत में ले लिया गया है तथा अन्य दोषियों के विरुद्ध भी कड़ी कार्यवाही की जा रही है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दुःखद घटना में 05 व्यक्तियों की मृत्यु का समाचार है। ज़िला प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों तथा घायलों को फौरी राहत प्रदान की जा रही है।
हर्षवर्द्धन चौहान ने तत्पश्चात सोलन जिला के नालागढ़ के बद्दी में आग लगने के कारण एनआर एरोमा कम्पनी में हुई दुःखद घटना का जायज़ा लिया और राहत एवं बचाव कार्य का सूक्ष्म निरीक्षण किया।
उन्होंने एनडीआरएफ की टीम से बातचीत कर पूरी घटना तथा राहत एवं बचाव कार्य की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में आग के कारण कम्पनी परिसर कमज़ोर हो गया है और रसायनयुक्त कार्य होने के कारण ज़हरीली गैसों का प्रभाव भी है। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य अंतिम व्यक्ति की खोज तक जारी रहेंगे और एनडीआरएफ की टीम पूरी मुस्तैदी के साथ राहत एवं बचाव कार्य कर रही है।
उद्योग मंत्री ने इस दुःखद घटना में मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने परम पिता परमात्मा से मृतकों की आत्मिक शांति और उनके परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।
स्टोर में जरूरत से ज्यादा था केमिकल, आग बुझाने के संसाधन कम
बद्दी। हिमाचल के बद्दी में झाड़माजरी स्थित परफ्यूम बनाने वाली कंपनी में आग लगने के मामले की प्रारंभिक जांच में बड़ी लापरवाही सामने आई है। पहली यह कि फैक्ट्री में कोई आपातकालीन निकासी का कोई प्रबंध नहीं था। स्टोर में जरूरत से अधिक केमिकल रखा था, लेकिन आग बुझाने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं थे।
बता दें कि घटना में पांच कामगारों की मौत हुई है और चार युवतियां लापता हैं। 29 घायल कामगारों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में किया जा रहा है। फैक्ट्री में अधिकतर महिलाएं थीं। इन्हें पैकिंग के काम में लगाया हुआ था।
दो फरवरी को जब फैक्ट्री में पीछे रखे रॉ मैटीरियल में केमिकल के ड्रमों में आग लगी तो कामगार महिलाएं डर गईं और भगदड़ मच गई। चार मंजिला भवन की पहली दो मंजिलों में मौजूद कामगार जैसे तैसे निकल गए, लेकिन ऊपरी मंजिलों में कामगार निकल नहीं पाए।
क्योंकि फैक्ट्री में आपातकालीन की स्थिति में निकलने को कोई रास्ता नहीं था। ऐसे में 30 के करीब कामगारों को छत से कूदना पड़ा। इससे एक महिला की मौत हो गई और 29 घायल हुए। ज्यादातर को फ्रैक्चर आए हैं। चार युवतियां छत से कूदने की हिम्मत न कर सकीं और धुएं से दम घुटने से दम तोड़ गईं।
अगर फैक्ट्री में इमरजेंसी डोर होता तो 30 कामगारों को छत से न कूदना पड़ता और एक महिला की जान न जाती व अन्य की हड्डियां न टूटतीं। वहीं, चार युवतियों की दम घुटने से मौत न होती।
वहीं, स्टोर में ज्यादा केमिकल होने के चलते देखते ही देखते आग बेकाबू हो गई और फैक्ट्री को चपेट में ले लिया। इस पर भी हैरानी वाली बात यह है कि स्टोर में लगी आग को बुझाने के लिए फैक्ट्री में संसाधन भी कम थे।
वहीं, फैक्ट्री में अधिकतर महिलाएं थीं और आग लगने के बाद महिलाएं डर गईं और इधर-उधर भागने लगी। आग बुझाने के लिए प्रारंभिक प्रयास नहीं हो सके।
अगर प्रशिक्षित कामगार होते तो शुरुआत में ही आग पर काबू पाया जा सकता था।लापरवाही के लिए फैक्ट्री संचालक और प्लांट हेड जिम्मेदार बताए जा रहे हैं। बरोटीवाला पुलिस थाना में फैक्ट्री संचालक और प्लांट हेड के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्लांट हेड को गिरफ्तार किया है। प्लांट हेड को कोर्ट से चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
29 कामगार हैं घायल, नालागढ़, काठा और पीजीआई में भर्ती
बद्दी। हिमाचल के बद्दी के झाड़माजरी (बरोटीवाला) स्थित परफ्यूम बनाने वाली फैक्ट्री एनआर अरोमा में आग लगने की घटना में अब तक पांच कामगारों की मौत हुई है। साथ ही चार महिला कामगार लापता हैं।
घटना में 29 कामगार घायल हैं। घायलों में 20 कामगारों का इलाज सीएचसी नालागढ़, 7 का ईएसआई काठा और दो का पीजीआई चड़ीगढ़ में चल रहा है।
बद्दी के झाड़माजरी स्थित परफ्यूम फैक्ट्री में आग लगने की घटना के बाद अभी भी 4 कामगार लापता हैं। सभी युवतियां हैं। इसमें एक चंबा तो बाकी यूपी व एमपी से हैं।
चंपो पत्नी सर्व दयाल निवासी बरोह कंडला चंबा, काजल पुत्री राजीन बदाऊं यूपी, काजल भारती पुत्री बली प्रसाद कुशीनगर यूपी, कल्पना अहिरवर पुत्री कैलाश अहिरवर छतरपुर एमपी लापता हैं।
अगर लापता लोगों के बारे कोई सूचना हो तो एएसपी अशोक कुमार के मोबाइल नंबर 981699000 पर सूचना दी जा सकती है।
पुलिस जिला बद्दी पुलिस द्वारा जारी अपडेट के अनुसार एआर अरोमा फैक्ट्री में 2 फरवरी 2024 को आग लगने की घटना सामने आई। घटना के बाद फैक्ट्री में 85 कामगार मौजूद थे।
इनमें से 47 कामगारों को सफलतापूर्वक ट्रैस कर लिया गया था। साथ ही 29 वर्कर घायल हुए हैं। पुलिस स्टेशन बरोटीवाला में विभिन्न धाराओं के तहत कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मामले में प्लांट हेड को गिरफ्तार किया गया है। किसी प्रकार की सूचना के लिए एसपी बद्दी के फोन नंबर पर 01795-245800 पर संपर्क कर सकते हैं।