पीडब्ल्यूडी विक्रमादित्य सिंह बोले-जल्द मिलेगी स्वीकृति
नई दिल्ली।हिमाचल कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष और मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह और पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात की।
सांसद प्रतिभा सिंह ने मंडी संसदीय क्षेत्र की 54 ग्रामीण सड़कों के लिए 599.55 करोड़ रुपए मांगें। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री गिरिराज सिंह ने मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार का आश्वासन दिया।
अपने फेसबुक पेज पर मुलाकात की जानकारी देते हुए हिमाचल के पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य ने लिखा कि हिमाचल के मसले हम प्राथमिकता से केंद्र सरकार से उठाते रहेंगे। मंडी सांसद प्रतिभा सिंह के साथ केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात की।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश में बहुत जल्द पीएमजीएसवाई फेज 3 (PMGSY PHASE 3) में 2500 किलोमीटर सड़कों के लिए करीब 2800 करोड़ की स्वीकृति मिलने वाली है, जिससे प्रदेश की बहुत सी सड़कों का उद्धार होगा।
सलूणी।हिमाचल के चंबा जिला के सलूणी क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में स्कूली छात्र और शिक्षक खड्ड पार करते दिख रहे हैं। वीडियो उपमंडल सलूणी के सीनियर सेकेंडरी स्कूल मांगली का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे शिक्षक छात्रों का भविष्य बनाने और छात्र शिक्षा हासिल करने के लिए खड्ड को पार कर अपने गंतव्य की ओर जा रहे हैं।
हालांकि खड्ड में पानी कम है पर बहाव तेज है। अगर खड्ड में जलस्तर बढ़ जाए तो कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं, यह वीडियो बरसात में स्कूली छात्रों की सुरक्षा के दावों की पोल भी खोलता है। खासकर बरसात में यह किसी जोखिम से कम नहीं है।
अगर ऐसा हो तो कोई हादसा होने से पहले ही सरकार और प्रशासन को जागना होगा। छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए खड्ड पर पुल आदि की व्यवस्था जरूरी है। सरकार और प्रशासन को इस ओर जरूर करना चाहिए।
शिमला।हिमाचल में बरसात की पहली बारिश ने ही कहर ढाया है। बारिश के चलते 301 सड़कें बंद हैं। पीडब्ल्यूडी को दो दिन की बारिश में करीब साढ़े 27 करोड़ का नुकसान हुआ है। सबसे अधिक नुकसान मंडी जोन के मंडी सर्कल में हुआ है। यहां 59 सड़कें बंद हैं। दूसरे नंबर पर कांगड़ा जोन के पालमपुर सर्कल में 40 और तीसरे नंबर पर डलहौजी सर्कल में 23 रोड बंद पड़े हैं।
पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला में मीडिया से बातचीत में कहा कि अधिकारियों को जल्द सड़कें बहाल करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में 301 सड़कों में 180 सड़कों को सोमवार शाम या मंगलवार सुबह तक बहाल कर दिया जाएगा। 15 सड़कें 27 जून को बहाल होंगी। 106 सड़कों को अगले एक और दो दिन में बहाल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सड़कों को बहाल करने का कार्य मौसम पर निर्भर रहेगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि 390 मशीनरी रोड बहाल करने में जुटी है। इसमें पीडब्ल्यूडी और हॉयर की मशीनरी शामिल है। 196 जेसीबी तैनात की हैं। साथ ही टिप्पर और डोजर भी सड़क बहाली के कार्य में लगे हैं। उन्होंने कहा कि विभाग शाम तक एक टोल फ्री नंबर जारी करेगा। इस पर लोग व्हाट्सएप आदि के माध्यम से सड़कों की स्थिति के बारे जानकारी दे सकते हैं।
पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने लोगों से अपील की है कि अभी मौसम खराब रहने की संभावना है। बिना काम से घरों से न निकलें। बरसात में सड़कों पर लैंडस्लाइड और पत्थर गिरने की घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि ठियोग में नेशनल हाईवे पर वैली ब्रिज सोमवार शाम तक बहाल कर दिया जाएगा। मार्ग पर शाम तक यातायात शुरू कर दिया जाएगा। नेशनल हाईवे बाईपास में कुछ कमी रह गई है। इसे दुरुस्त करने का कार्य जारी है।
सैंज।शिमला के सैंज कुमारसैन में हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रथम प्रतिमा का अनावरण किया। प्रतिमा का अनावरण डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने किया। इस पर हिमाचल कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह और ठियोग के विधायक कुलदीप राठौर भी मौजूद थे। इससे पहले सैंज पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह का जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर अपने संबोधन में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सैंज में स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की पहली प्रतिमा स्थापित की है। मैं अपने आप को भाग्यशाली मानता हूं कि प्रतिमा का अनावरण उनके द्वारा करवाया गया है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह का देश और प्रदेश की राजनीति में बड़ा कद है। वह किसी प्रतिमा के मोहताज नहीं हैं।
वीरभद्र सिंह लोगों के दिलों में बसते हैं। वह 6 बार मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री रहे हैं। जब उन्होंने दुनिया को अलविदा कहा तब भी वह हाउस के सदस्य थे। वह सौभाग्यशाली है कि वीरभद्र सिंह ने उंगली पकड़कर उन्हें राजनीति सिखाई और राजनीति में लेकर आ। अगर वह पिछले 25 साल से विधायक हैं तो यह पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की ही देन है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल की जनता दो विभूतियों हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार और आधुनिक हिमाचल के निर्माता वीरभद्र सिंह को कभी भूल नहीं पाएगी। उन्होंने कहा कि जब भी स्वर्गीय वीरभद्र सिंह कोई बात आती है तो लोगों की आंखें नम हो जाती हैं। https://youtu.be/2LW0lA-qDt4 https://youtu.be/9ozbV8LwsSQ
शिमला। पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज ठियोग में भूस्खलन के कारण बाधित राष्ट्रीय राजमार्ग-05 का मौके पर जाकर जायजा लिया। उन्होंने कहा कि एनएच 05 को एक सप्ताह के भीतर वैली ब्रिज के माध्यम से वन-वे ट्रैफिक के लिए बहाल किया जाएगा, जिसकी लंबाई लगभग 100 मीटर होगी। वैली ब्रिज के निर्माण कार्य पूर्ण होने से लोगों को इस सड़क पर आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि वैली ब्रिज के निर्माण कार्य के लिए कल तक निर्माण सामग्री उपलब्ध होगी, जिसके उपरांत युद्ध स्तर पर कार्य कर एक सप्ताह के भीतर पूर्ण किया जाएगा।
उन्होंने एसडीएम एवं डीएसपी ठियोग को वैकल्पिक मार्गों को चिन्हित कर उनके सुधारीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए ताकि वैली ब्रिज के निर्माण कार्य पूर्ण होने तक वैकल्पिक मार्गों को प्रयोग में लाया जा सके।
उन्होंने कहा कि वैली ब्रिज के निर्माण कार्य के बाद डंगे का कार्य भी आरंभ किया जाएगा। ठियोग बाईपास वाली सड़क में बचे कार्य को भी जल्द से जल्द पूर्ण किया जाएगा, ताकि सेब सीजन में इस सड़क को भी प्रयोग में लाया जा सके।
उन्होंने कहा कि ठियोग बाईपास सड़क के लिए केंद्र से 8 करोड़ रुपए की मंजूरी प्राप्त की जा चुकी है जिसके उपरांत निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त इस तरह की अन्य जगहों को भी चिन्हित करने के निर्देश विभाग को दिए गए हैं ताकि अन्य जगहों पर इस तरह की घटना न हो।
इसके उपरांत उन्होंने ठियोग बाईपास सड़क के धसे हुए हिस्से का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में गति प्रदान करने के निर्देश दिए ताकि 31 जुलाई से पूर्व सड़क के यातायात को बहाल किया जा सके।
इस अवसर पर विधायक कुलदीप सिंह राठौर, ईएनसी परियोजना दीपक शर्मा, मुख्य अभियंता एनएच सुरेश कपूर, उपमंडल दंडाधिकारी सुरेंद्र मोहन, डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा, अधीक्षण अभियंता एनएच आरके वर्मा, पूर्व विधायक राकेश सिंघा सहित, लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारीगण एवं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेंद्र राणा, पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, आशा कुमारी, नूरपुर के पूर्व विधायक अजय महाजन और सुरेंद्र मनकोटिया आदि उपस्थित रहे। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और उनकी पत्नी ने मंदिर परिसर में भजन मंडली के साथ बैठकर मां ज्वालाजी का गुणगान किया।
बता दें कि पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह चंबा जिला के दौरे पर थे। दौरे से लौटते पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह मां ज्वालाजी के दर पहुंचे। वहीं, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री भी पत्नी सहित मंदिर में पहुंचे थे।
पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दी जानकारी
ऋषि महाजन/नूरपुर।पीडब्ल्यूडी में विकास कार्यों को गति देने के लिए क्लस्टर बेस्ड ग्लोबल टेंडरिंग प्रक्रिया को अपनाया जाएगा। इस प्रणाली के तहत सड़कों के रखरखाव, नई सड़कों और पुलों के निर्माण कार्यों के लिए क्लस्टर आधारित ग्लोबल टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित बनाना प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता है, जिसमें किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यह बात लोक निर्माण और युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बुधवार को प्रेसवार्ता में कही।
विक्रमादित्य ने कहा कि नूरपुर सर्कल में पीएमजीएसवाई 1-2 (PMGSY 1-2) के तहत 334 करोड़ रुपए की लागत से 1,472 किलोमीटर की 346 सड़कों का निर्माण किया गया है। इसके अतिरिक्त पीएमजीएसवाई-3 के अंतर्गत 410 करोड़ की लागत से 31 सड़कों का विस्तारीकरण तथा उन्नयन कार्य किया जाएगा, जिसका प्रस्ताव स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजा गया है। उन्होंने बताया कि नाबार्ड के तहत 35 करोड़ की लागत से 45 सड़कों पर कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर केंद्र सरकार का भी सहयोग लेगी।
पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह बहुत जल्द हर डिवीजन का दौरा कर स्वयं प्रत्येक कार्य का निरीक्षण करेंगे तथा विकास कार्यों का जायजा लेंगे। उन्होंने निर्माण कार्यों की अच्छी प्रगति के लिए विभागीय अधिकारियों की पीठ भी थपथपाई।
ग्रामीण ओलंपियाड का होगा आयोजन
विक्रमादित्य ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को उभारने तथा उचित मंच प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार सितंबर-अक्टूबर माह में ग्रामीण ओलंपियाड का आयोजन करेगी, जिसमें क्रिकेट को छोड़ अन्य खेलों में प्रदेश के 40,000 खिलाड़ी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि इन खेलों का आयोजन ब्लॉक तथा जिला स्तर पर करवाने के बाद स्टेट लेवल पर करवाया जाएगा। उन्होंने इस ओलंपियाड में नूरपुर के युवाओं के लिए भी भागीदारी मिलने की आशा व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसे कई खेल हैं, जो अभी तक सी तथा डी कैटेगरी में शामिल हैं। इन खेलों में प्रदेश को अधिकतर मेडल मिलते हैं। ऐसे खेलों तथा खिलाड़ियों को अधिमान देने के लिए उनको कैटेगरी ए तथा बी में शामिल किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को अन्य खेलों की तरह उचित अधिमान मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेलों के आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के लिए केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर का भी सहयोग लिया जाएगा। इससे पहले, उन्होंने चौगान स्थित इंडोर स्टेडियम का दौरा कर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम को पूरी तरह क्रियाशील बनाने के लिए इसके लंबित कार्यों के लिए अतिरिक्त बजट का प्रावधान करने के साथ स्टाफ उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिंथेटिक ट्रैक का कार्य भी सभी जरूरी औपचारिकताओं को पूरा कर शीघ्र शुरू किया जाएगा, ताकि इस आधुनिक स्टेडियम का सही उपयोग यहां के स्थानीय युवाओं के लिए किया जा सके। उन्होंने स्टेडियम के बेहतर रखरखाब के लिए संसाधन विकसित करने पर भी बल दिया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों में अपनी उर्जा का सकारात्मक प्रयोग करने का आह्वान किया।
इस मौके पर पूर्व विधायक अजय महाजन, एसपी अशोक रतन, एसडीएम गुरसिमर सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता एमपी धीमान, जलशक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता विकास बक्सी, डीएसपी विशाल वर्मा, तहसीलदार राधिका, कांग्रेस सचिव योगेश महाजन, नगर पार्षद गौरव महाजन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील मिंटू, कांग्रेस नेता अमित भरमौरी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
नई दिल्ली।हिमाचल के पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को कर्नाटक चुनाव में जीत की बधाई दी। हिमाचल से मसलों पर भी मल्लिकार्जुन खड़गे से राजनीति चर्चा की और प्रदेश सरकार द्वारा विकास कार्य के बारे में उन्हें जानकारी दी गई।
कांगड़ा की पुरानी सुरंग के पास चला है निर्माण कार्य
धर्मशाला।लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी और आईटी हब के विकसित तौर पर करने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए निर्णायक कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास के लिए अच्छी सड़कें और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर बुनियादी जरूरत है। सरकार इसे लेकर बहुत गंभीरता से कार्य कर रही है।
उन्होंने मंगलवार को मटौर-शिमला फोरलेन परियोजना के कार्य की प्रगति का जायजा लेने के उपरांत यह बात कही। इस दौरान उन्होंने कांगड़ा की पुरानी टनल के समीप फोरलेन परियोजना के तहत निर्माणाधीन सुरंग का निरीक्षण भी किया।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल सरकार प्रदेश के विकास के लिए केंद्र सरकार का पूरा सहयोग लेगी, ताकि विकास योजनाएं समय पर पूरी की जा सकें। उन्होंने बताया कि प्रदेश में एनएचएआई के पठानकोट-मंडी, शिमला-मटौर, कीरतपुर-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग निर्माण के तीन बड़े प्रोजेक्ट चल रहे हैं। नेशनल हाईवेज़ के निर्माण में प्रदेश सरकार की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि सरकार सड़क नेटवर्क को मजबूत करने पर जोर दे रही है। विशेषकर लोक निर्माण विभाग के माध्यम से प्रदेश के भौगोलिक रूप से कठिन तथा दूरदराज इलाकों में ढांचागत विकास को बल दिया जाएगा। वहां की जरूरत के हिसाब से सड़क नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण तथा भवनों के निर्माण के कार्य किए जाएंगे।
पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दी जानकारी
धर्मशाला।पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सरकार सड़क नेटवर्क को मजबूत करने पर जोर दे रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तीसरे चरण में हिमाचल को केंद्र से 2,800 करोड़ की स्वीकृति मिली है। यह धनराशि हिमाचल के दुर्गम व दूरदराज क्षेत्रों में 2,400 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत तथा रखरखाव पर खर्ची जाएगी। इसके अंतर्गत जिला कांगड़ा के दो मंडलों में 647 करोड़ की लागत से 500 किमी ग्रामीण सड़कों का सुधारीकरण किया जाएगा। लोक निर्माण मंत्री ने यह जानकारी सोमवार को धर्मशाला के होटल धौलाधार में प्रेस वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के कांगड़ा जोन के अंतर्गत इस साल कुल 315 करोड़ के कार्य किए जाएंगे, जिसमें से 178 करोड़ के कार्य शुरू कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कांगड़ा मंडल में 120 किमी वाहन योग्य सड़क, 173 किमी नालियां और पुल्लियां, 166 किमी टारिंग और 6 ब्रिज इसके तहत बनाएं जाएंगे।
सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति सुधारने पर फोकस कर रही है। वे जल्द ही जिला कांगड़ा में ग्रामीण क्षेत्रों का व्यापक दौरा करेंगे। इस दौरान वह गांव-गांव जाकर लोक निर्माण विभाग संबंधित कार्यों का निरीक्षण करेंगे और जनसमस्याओं का निराकरण करेंगे। उन्होंने कहा इस दौरान पूरा प्रशासनिक अमला और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उनके साथ रहेंगे।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में ज़िला कांगड़ा में उनके विभागों से संबंधित विकास कार्यों को गति दी जाएगी। इसके लिए विभाग के साथ बैठकर पूर्ण योजना बनाई जा रही है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल सरकार प्रदेश के विकास के लिए केंद्र सरकार का पूरा सहयोग लेगी, ताकि विकास योजनाएं समय पर पूरी की जा सकें। उन्होंने बताया कि प्रदेश में एनएचएआई के पठानकोट-मंडी, शिमला-मटौर, किरतपुर-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग निर्माण के तीन बड़े प्रोजेक्ट चल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवेज़ के निर्माण में प्रदेश सरकार कि ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा। जिला कांगड़ा में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने की दिशा में भी सरकार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि जिले में रैत, पालमपुर और जयसिंहपुर में खेल स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। वहीं नूरपुर में एथलेटिक ट्रैक और प्री-फैब्रिकेटेड स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि टांडा खोली में इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि प्रदेश में खेलों को बढ़ावा और खिलाड़ियों को अच्छी सुविधा देने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल मैदान तैयार लिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त खिलाड़ियों को सहायता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से स्पोर्ट्स मिनिस्टर रिलीफ फंड नाम से कॉर्पस फंड बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका उपयोग खिलाड़ियों को बड़े इवेंट्स खेलने के लिये सहायता उपलब्ध करवाने के लिए किया जाएगा।