-
Himachal Latest
-
Trending News
नई दिल्ली। हिमाचल के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान विक्रमादित्य सिंह ने प्रदेश की सड़कों से संबंधित विभिन्न मामलों पर केंद्रीय मंत्री से चर्चा की।
हिमाचल के लोक निर्माण मंत्री ने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दी है।
विक्रमादित्य ने कहा कि विभिन्न एनएच के साथ लगती सड़कों की उन्नयन और मरम्मत के लिए गुरुवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने 150 करोड़ रुपए हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण विभाग को स्वीकृत किए हैं।
इसके लिए वह केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं। विक्रमादित्य ने लिखा कि हिमाचल के विकास में हम कोई कमी नहीं आने देंगे। सर्वत्र हिमाचल का संपूर्ण विकास।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में अभी तक बर्फबारी देखने को नहीं मिली है, लेकिन लोक निर्माण विभाग ने बर्फबारी होने पर उससे निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। इसी दिशा में सोमवार को लोक निर्माण विभाग द्वारा पहली बार शिमला के आरटीओ के पास कैल्शियम क्लोराइड ब्राइन प्लांट स्थापित किया है, जिसका पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शुभारंभ किया। बर्फबारी होने पर सड़कों में कैल्शियम क्लोराइड का छिड़काव किया जाएगा, जिससे बर्फ तुरंत पिघल जाएगी।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि बर्फबारी के कारण सड़कें बर्फ से जाम हो जाती हैं और बर्फ को हटाने के लिए भी काफी पैसे खर्च हो जाते हैं, जिसमें भ्रष्टाचार भी होता है।
इससे निपटने के लिए लोक निर्माण विभाग ने कैल्शियम क्लोराइड ब्राइन का इस्तेमाल करने की योजना बनाई है, जिसके छिड़काव से बर्फ तुरंत पिघलेगी और पैसे की बचत के साथ साथ भ्रष्टाचार भी खत्म होगा। शिमला के बाद लोक निर्माण विभाग इस तरह के प्लांट अन्य बर्फबारी वाले स्थानों में भी स्थापित करेगा।
शिमला। हिमाचल में बरसात की पहली बारिश ने ही कहर ढाया है। बारिश के चलते 301 सड़कें बंद हैं। पीडब्ल्यूडी को दो दिन की बारिश में करीब साढ़े 27 करोड़ का नुकसान हुआ है। सबसे अधिक नुकसान मंडी जोन के मंडी सर्कल में हुआ है। यहां 59 सड़कें बंद हैं। दूसरे नंबर पर कांगड़ा जोन के पालमपुर सर्कल में 40 और तीसरे नंबर पर डलहौजी सर्कल में 23 रोड बंद पड़े हैं।
पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला में मीडिया से बातचीत में कहा कि अधिकारियों को जल्द सड़कें बहाल करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में 301 सड़कों में 180 सड़कों को सोमवार शाम या मंगलवार सुबह तक बहाल कर दिया जाएगा। 15 सड़कें 27 जून को बहाल होंगी। 106 सड़कों को अगले एक और दो दिन में बहाल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सड़कों को बहाल करने का कार्य मौसम पर निर्भर रहेगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि 390 मशीनरी रोड बहाल करने में जुटी है। इसमें पीडब्ल्यूडी और हॉयर की मशीनरी शामिल है। 196 जेसीबी तैनात की हैं। साथ ही टिप्पर और डोजर भी सड़क बहाली के कार्य में लगे हैं। उन्होंने कहा कि विभाग शाम तक एक टोल फ्री नंबर जारी करेगा। इस पर लोग व्हाट्सएप आदि के माध्यम से सड़कों की स्थिति के बारे जानकारी दे सकते हैं।
पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने लोगों से अपील की है कि अभी मौसम खराब रहने की संभावना है। बिना काम से घरों से न निकलें। बरसात में सड़कों पर लैंडस्लाइड और पत्थर गिरने की घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि ठियोग में नेशनल हाईवे पर वैली ब्रिज सोमवार शाम तक बहाल कर दिया जाएगा। मार्ग पर शाम तक यातायात शुरू कर दिया जाएगा। नेशनल हाईवे बाईपास में कुछ कमी रह गई है। इसे दुरुस्त करने का कार्य जारी है।