ऊना। हिमाचल के ऊना जिला में नगर पंचायत टाहलीवाल के क्लर्क को 6 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ धरा गया है। विजिलेंस ऊना ने हरोली निवासी यशपाल शर्मा की शिकायत पर यह कार्रवाई की है।
बता दें कि नगर पंचायत टाहलीवाल में अनुबंध पर तैनात क्लर्क अशोक कुमार ने किसी कंस्ट्रक्शन वर्क के तीन लाख रुपए की लंबित बिल के भुगतान को लेकर शिकायतकर्ता यशपाल शर्मा से 6 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी। यशपाल ने मामले की शिकायत विजिलेंस में कर दी।
शिकायत मिलने के बाद ऊना विजिलेंस ने टीम का गठन किया। टीम ने 6 हजार रुपए रिश्वत लेते आरोपी क्लर्क अशोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है। स्टेट विजिलेंस एंड एंट्री करप्शन ब्यूरो नोर्थन रेंज धर्मशाला के एसपी बलबीर सिंह ने मामले की पुष्टि की है।
ऊना। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला ऊना के हरोली उपमंडल के गौंदपुर जयचंद पहुंच कर डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी प्रो सिम्मी अग्निहोत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया। प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री का गत रात्रि को देहावसान हो गया।
सीएम ने डिप्टी सीएम के पैतृक गांव गौंदपुर जयचंद में पार्थिव शरीर की अंतिम यात्रा तथा संस्कार में भाग लिया। डिप्टी सीएम की पुत्री आस्था अग्निहोत्री ने अपनी दिवंगत माता को मुखाग्नि दी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय क्षति को सहन करने की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि सिम्मी अग्निहोत्री के आकस्मिक निधन से परिवार में भारी शोक है तथा उनकी कमी हमेशा रहेगी।
उन्होंने कहा कि मैं, प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री से विश्वविद्यालय काल से परिचित था, वह सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पित एक उच्च शिक्षित महिला थीं।
मुकेश अग्निहोत्री तथा उनकी पुत्री को इस दुःख से उबरने के लिए एक-दूसरे का साथ देना होगा। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। इस दुःखद घड़ी में हम शोकाकुल परिवार के लिए प्रार्थना करते हैं।
इस अवसर पर विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, ग्रामीण विकास तथा पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण तथा शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह, नगर एवं ग्राम नियोजन तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, आयुष मंत्री यादविन्द्र गोमा, विधायकगण, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, राजनेता तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित अन्य नेता भी पहुंचे
ऊना। हिमाचल के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की 56 वर्षीय धर्मपत्नी सिम्मी अग्निहोत्री पंचतत्व में विलीन हो गई हैं। सिम्मी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ शनिवार दोपहर मोक्ष धाम गोंदपुर जयचंद में किया गया।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बेटी आस्था के साथ पत्नी सिम्मी अग्निहोत्री को मुखाग्नि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित सैकड़ों लोगों ने सिम्मी को नम आंखों से विदाई दी।
बता दें कि ऊना जिला के गोंदपुर जयचंद में अपने निवास आस्था कुंज पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी सिम्मी की शुक्रवार देर शाम तबीयत खराब हो गई।
सिम्मी की बेटी आस्था अग्निहोत्री भी जागरण के लिए विशेष रूप से दो दिन पहले ही नीदरलैंड से वापस घर लौटी थीं। सिम्मी यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थीं।
सिम्मी के निधन का दुखद समाचार शेयर किया उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार देर रात अपनी फेसबुक पर स्वयं साझा किया था। उन्होंने लिखा, “हमारी प्रिय सिम्मी हमारा और आस्था का साथ छोड़कर चली गई है।”
खबर सुनकर हर कोई हैरान था कि आखिर ये अचानक क्या हो गया। पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व अन्य नेता सुबह होते ही मुकेश अग्निहोत्री के निवास स्थान पहुंचे और उन्हे ढांढस बंधाया।
शिमला। हिमाचल के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की 53 वर्षीय पत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री का शुक्रवार देर रात हार्ट अटैक के चलते निधन हो गया। उन्होंने पीजीआई चंडीगढ़ जाते समय रास्ते में अंतिम सांस ली।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार देर रात अपनी फेसबुक पोस्ट पर ये दुखद समाचार शेयर किया।
उन्होंने लिखा, “हमारी प्रिय सिम्मी अग्निहोत्री हमारा और आस्था का साथ छोड़कर चली गई है।” इसके साथ पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के मुताबिक गोंदपुर जयचंद में अपने निवास पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की शुक्रवार देर शाम तबीयत खराब हो गई।
चिकित्सीय सहायता के बाद रात को उन्हे चंडीगढ़ ले जाया जा रहा था इसी दौरान रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
बता दें कि 12 फरवरी को उन्होंने हरोली क्षेत्र के बाथू में माता का जागरण रखा है, जिसकी तैयारियां वह स्वयं कर रही थीं और सभी व्यवस्था खुद देख रही थीं। सिम्मी अग्निहोत्री यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थीं।
प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की बेटी आस्था अग्निहोत्री भी जागरण के लिए विशेष रूप से दो दिन पहले ही नीदरलैंड से वापस घर लौटी थीं।
प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए पैतृक गांव गोंदपुर जयचंद जिला ऊना स्थित निजी निवास आस्था कुंज में दोपहर एक बजे तक रखा जाएगा। अंतिम संस्कार शनिवार 10 फरवरी दोपहर 2:00 बजे मोक्ष धाम गोंदपुर जयचंद में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सिम्मी अग्निहोत्री के निधन पर शोक जताया है। उन्होनें कहा, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की धर्मपत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के निधन की सूचना एक वज्रपात से कम नहीं है। इस दुःखद समाचार से मैं बहुत व्यथित हूं।
मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि वह दिवंगत आत्मा को स्वर्ग में स्थान दे व परिवार जनों और परिजनों को इस दारुण दुःख को सहने की शक्ति दें। ॐ शान्ति ।”
केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने दिखाई हरी झंडी
ऊना। अयोध्या में बने भव्य-दिव्य राम मंदिर को देखने के लिए दुनिया भर से राम भक्तों का तांता लगा है। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से राम भक्तों का एक जत्था सोमवार को रामलला के दर्शन के लिए आयोध्या रवाना हुआ। ऊना जिला के अंब अंदौरा से राम भक्त पहली “आस्था स्पेशल ट्रेन” में रवाना हुए हैं।
केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने हरी झंडी देकर अयोध्या के लिए राम भक्तों के इस जत्थे को रवाना किया। इस दौरान सदर ऊना विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक सतपाल सत्ती करीब 1250 राम भक्तों के साथ अयोध्या के लिए रवाना हुए। इस दौरान राम भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। जय श्री राम के उद्घोषों के साथ सभी रवाना हुए।
अंब अंदौरा रेलवे से करीब 19 घंटे सफर के बाद यह ट्रेन अयोध्या रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। 6 फरवरी को ट्रेन अयोध्या से रात 12:40 बजे चलेगी और 7 फरवरी को शाम 7:40 मिनट पर वापस पहुंचेगी।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल भी विशेष तौर पर मौजूद रहे और उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हर दूसरे-तीसरे दिन एक-एक ट्रेन रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या के लिए रवाना होगी। प्रथम चरण में इसका आगाज हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से किया गया है और आगे कांगड़ा, मंडी और शिमला संसदीय क्षेत्र से भी चरणबद्ध तरीके से अयोध्या के लिए राम भक्तों की ट्रेन रवाना होगी।
बिंदल ने कहा कि आज सौभाग्यशाली दिन है जब अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद हिमाचल प्रदेश से रामभक्तों की पहली गाड़ी अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। आज ऊना जिला के अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन से यह गाड़ी रवाना करते हुए अत्यंत हर्ष की अनुभूति हुई। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की उपस्थिति में जब हरी झण्डी दिखाई तो ऐसा लगा कि बरसों-बरसों की, सदियों की तपस्या सफल हुई।
हमारा प्रयास है कि प्रत्येक सप्ताह एक, दो, तीन गाड़ियां हिमाचल प्रदेश से रामभक्तों को लेकर निकले। जहां 7 फरवरी को ऊना से एक और ट्रेन जाने वाली है, वहीं 9 फरवरी को पठानकोट रेलवे स्टेशन से और 12 फरवरी को एक और ट्रेन हिमाचल प्रदेश से जाएगी। आज रवाना हुई ट्रेन में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के रामभक्त निकले हैं।
दूसरी ट्रेन के अंदर संभवतः कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के रामभक्त और तीसरी ट्रेन में मंडी संसदीय क्षेत्र के रामभक्त अयोध्या जी जाएंगे। इस प्रकार लगातार प्रयास से जो लोग बरसों से रामलला के दर्शन का इंतजार कर रहे थे, वह अब लालायित है जल्दी से रामलला के दर्शन करने के लिए और लोग स्वतः प्रेरणा से जुड़ रहे हैं।
बिंदल ने कहा कि ऊना जिला के भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक अच्छा लंगर अयोध्या में लगाया है। यह बहुत अच्छा स्थान है और लगभग 1000 के करीब वहां बिस्तर लगे हैं। इस प्रकार हमारी एक टोली हिमाचल प्रदेश में प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल के नेतृत्व में कार्य कर रही है। इनके साथ पूर्व विधायक एवं प्रदेश सचिव राजेश ठाकुर व एक पूरी टीम लगातार पंजीकरण करते हुए लोगों को भेजने और वहां पर रिसीव करके रामलला के दर्शन करवाकर वापिस भेजने के काम में जुटी हुई है।
ऊना। जिला ऊना निजी बस ऑपरेटर वेलफेयर सोसाइटी के प्रधान महिंदर मनकोटिया उर्फ मोनू ने जिला निजी बस ऑपरेटर वेलफेयर सोसाइटी की कार्यकारिणी की घोषणा की है। इसमें ऊना जिला निजी बस ऑपरेटर वेलफेयर सोसाइटी का अध्यक्ष पवन ठाकुर, मुख्य सलाहकार राजेश पराशर राजू और केवल कृष्ण शर्मा को बनाया गया है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सुकेश ठाकुर को मनोनीत किया गया है।
ऊना जिला निजी बस ऑपरेटर वेलफेयर सोसाइटी महासचिव पद पर दिनेश कुमार सैनी को नियुक्त किया है। उपाध्यक्ष पद पर महेंद्र ढिल्लों, जगमोहन जैसवाल, विनोद ठाकुर, संजीव रायजादा, मनीष मनकोटिया, पंकज दत्ता, संजीव शर्मा संजू की ताजपोशी हुई है। संयुक्त सचिव राम प्रकाश शर्मा को बनाया गया है। सचिव पद का जिम्मा रविंद्र कुमार रिंकू और खजांची का रविंद्र कुमार ऋषि को सौंपा गया है।
मुख्य प्रवक्ता विशाल ठाकुर बब्बू, प्रधान व सह प्रवक्ता संजीव ठाकुर संजू और संदीप शर्मा को बनाया गया है। कानूनी सलाहकार के पद पर विनोद परमार और विजय जैसवाल को नियुक्त किया है। कार्यकारी सदस्यों में दवेंदर सिंह, सुरेंद्र शर्मा, राजेंद्र सिंह, शशि शर्मा, विचित्र सिंह, राजकुमार, हरिओम वशिष्ठ, गुरनाम मनकोटिया, वरिंदर मांडयाल, हेमराज शर्मा और अमन शर्मा को शामिल किया गया है।
ऊना। जिला ऊना से भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता हरिओम भनोट का निधन हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हरिओम भनोट के निधन पर शोक जताया है।
ऊना। जिला ऊना निजी बस ऑपरेटर यूनियन की बैठक शुक्रवार को जल शक्ति विश्राम गृह में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के चेयरमैन पवन ठाकुर ने की। बैठक के दौरान यूनियन के प्रधान पद के चुनाव करवाए गए। चुनाव से पहले वर्तमान कार्यकारिणी को भंग किया गया।
निजी बस ऑपरेटर यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष राजेश पराशार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला के सभी निजी बस ऑपरेटर मालिकों ने सर्वसम्मति से मोहिन्द्र मनकोटिया को जिला का अध्यक्ष चुना है। उन्होंने कहा कि अब नवनियुक्त अध्यक्ष मोहिन्द्र मनकोटिया जल्द जिला की कार्यकारिणी का गठन करेंगे।
इस मौके पर नवनियुक्त अध्यक्ष महेंद्र मनकोटिया ने कहा कि निजी बस ऑपरेटरों की मांगों और समस्याओं को सरकार के समक्ष उठाने के लिए प्रदेश इकाई के नेतृत्व में आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने जिला अध्यक्ष का पद सौंप जाने के लिए निजी बस ऑपरेटर्स यूनियन के तमाम पदाधिकारी और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि जिस उम्मीद के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा गया है वह उसका निर्वहन करने के लिए हर समय उपलब्ध रहेंगे। इस दौरान रामपाल शर्मा, संदीप शर्मा, राजकुमार, केवल कृष्ण, नरेश कुमार, सुकेश कुमार, संजीव रायजादा, शशि शर्मा, विनोद पराशर, विनोद ठाकुर, विनय, करण दत्ता, योगेश दत्ता, कुशल शर्मा, रिंकू, जगमोहन, योगेश सैणी, दीपक रायजादा, दिनेश सैणी, मनीष मनकोटिया, संजीव ठाकुर, हेमराज, दिपू शर्मा, नरेन्द्र शारदा, व संजीव शारदा सहित अन्य भी मौजूद रहे।
ऊना। हिमाचल के ऊना जिला के घालुवाल रेस्ट हाउस में जिला ऊना निजी बस ऑपरेटर्स की बैठक हुई। इसमें निजी बस मालिकों के समक्ष आ रही समस्या के बारे में गहनता से विचार विमर्श हुआ। विशेष तौर पर जिला ऊना निजी बस यूनियन के चुनाव के बारे में चर्चा हुई। सर्वसम्मति से 26 जनवरी 2024 को चुनाव करवाने का प्रस्ताव पारित किया।
ऊना। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ऊना (ITI Una) में युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए 24 जनवरी को रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा। इसमें मैसर्ज ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड, गांव धनशो पंजाब, मैसर्ज स्वराज इंजन लिमिटेड मोहाल व मैसर्ज यस्वी अकेडमी फॉर स्किल एसएएस नगर मोहाली जैसी कंपनियां भाग लेंगी।
आईटीआई प्रधानाचार्य ई. अंशुल भारद्वाज ने बताया कि रोजगार मेले में आईटीआई फिटर, टर्नर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, मशीनिस्ट, टूल एंड डाई मेकर, मैकेनिक ट्रैक्टर, मैकेनिक डीजल, मैकेनिक मोटर व्हीकल, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक, इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेडों में कोर्स पूरा कर चुके पुरुष व महिला अभ्यर्थी पात्र होंगे।
उन्होंने बताया कि कैंपस साक्षात्कार में सीधे नियुक्ति प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को प्रदेश सरकार द्वारा निहित अर्धकुशल कारीगरों के समान वेतन देय होगा। प्रशिक्षुता प्रशिक्षण के लिए चयनित अभ्यर्थियों को अप्रेंटिसशिप एक्ट के अनुसार वृत्तिका देय होगी।