बता दें कि DSP हरोली मोहन लाल रावत, पुलिस थाना टाहलीवाल प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार व उनकी पुलिस टीम ने थाना क्षेत्राधिकार में अवैध खनन की रोकथाम के लिए दबिश दी।
टीम द्वारा करीब 03 किलोमीटर क्षेत्र ट्रैक्टर में चलकर गश्त व नाकाबंदी करके 06 ट्रैक्टरों को स्वां नदी में अवैध खनन करते हुए पकड़ा।
अवैध खनन करने वालों पर माइनिंग एक्ट के तहत चालान करके 30,000 रुपए जुर्माना वसूल किया गया। डीएसपी हरोली मोहन लाल रावत ने कहा कि ऐसी कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
मंडी। हिमाचल युवा सेवा एवं खेल विभाग खेल छात्रावास ऊना, बिलासपुर और खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र बिलासपुर के लिए सत्र 2024-25 में प्रवेश के लिए ट्रायल का आयोजन करने जा रहा है। ट्रायल इंदिरा स्टेडियम ऊना और लुहणू स्टेडियम बिलासपुर में स्पर्धावार होंगे।
जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी मंडी दीप्ति वैद्य ने बताया कि खेल छात्रावास ऊना में लड़कों के प्रवेश के लिए वॉलीबाल और कुश्ती ट्रायल 6 मई और हॉकी व जूडो के ट्रायल 7 मई को सुबह 10 बजे से शुरू होंगे।
खेल छात्रावास बिलासपुर में लड़कों एवं लड़कियों के प्रवेश के लिए एथलेटिक्स और लड़कों के लिए हैंडबाल के ट्रायल 9 मई और लड़कों और लड़कियों के लिए कबड्डी ट्रायल 10 मई को सुबह 10 बजे शुरू होंगे।
खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र बिलासुपर तथा खेल छात्रावास में लड़कों एवं लड़कियों के लिए प्रवेश के लिए एथलेटिक्स, जूडो और बॉक्सिंग के लिए 11 और 12 मई को सुबह 10 बजे से ट्रायल शुरू होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रवेश के इच्छुक खिलाड़ियों को अपनी शैक्षणिक, आयु प्रमाणपत्र एवं खेल उपलब्धियों के मूल प्रमाणपत्रों का एक सैट सत्यापित छायाप्रति तथा दो पासपोर्ट फोटो परीक्षण केंद्र में लानी होगी।
खेल छात्रावास व खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र बिलासपुर के लिए खिलाड़ियों का ऑनलाइन पंजीकरण 8 मई 2024 तक होगा। इसके लिए इच्छुक आवेदनकर्ता निर्धारित प्रोफार्मा विभागीय वेबसाइट himachal.nic.in/yss से डाउनलेाड कर सकते हैं।
आवेदन पत्र को भरकर संबंधित जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी बिलासपुर तथा ऊना की ईमेल dyssobilaspur@gmail.com & Dscuna@gmail.com के माध्यम से भेज सकते हैं।
ऑनलाइन पंजीकरण केवल उन अभ्यर्थियों के लिए है, जो किसी कारणवश ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं कर पाएंगे। ऐसे अभ्यर्थियों का सुबह नौ बजे से लुहणू स्टेडियम बिलासपुर तथा इंदिरा स्टेडियम ऊना में पंजीकरण किया जाएगा। ट्रायल देने वाले अभ्यर्थियों को टीए/डीए नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रवेश के लिए खिलाड़ियों की आयु सीमा 13 से 19 वर्ष निर्धारित की गई है, लेकिन वरीयता 13 से 15 वर्ष आयु के खिलाड़ियों को दी जाएगी।
इसके अलावा स्कूली खेल राज्य व राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा उदीयमान खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी। चुने हुए खिलाड़ियों को मुफ्त आवास, भोजन, चिकित्सा, बीमा, खेल किट, खेल सामान इत्यादि सुविधाएं दी जाएंगी।
चयन प्रतियोगिता में प्रवेश के लिए 13 वर्ष आयु वर्ग के आवेदनकर्ता के लिए लंबाई 158 सेंटीमीटर एवं वनज 43 किलोग्राम, 14 वर्ष आयु वर्ग के लिए लंबाई 164 सेंटीमीटर एवं वजन 49 किलोग्राम तथा 15 वर्ष आयु वर्ग के लिए लंबाई 165 सेंटीमीटर एवं वजन 50 किलोग्राम न्यूनतम शारीरिक मापदंड निर्धारित किया गया है।
संबंधित खेलों में राज्य या राष्ट्रीय सब जूनियर व स्कूली स्तर के पदक विजेता खिलाड़ी न्यूनतम शारीरिक मापदंड न पूरे करने पर भी चयन प्रक्रिया में प्रविष्टि के लिए पात्र होंगे। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी, मंडी ने मंडी जिला के सभी खिलाड़ियों से इस ट्रायल में बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया।
ऊना। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी 12वीं के रिजल्ट में छाई जिला ऊना की बेटियां। अर्षिता ने आर्ट्स में पाया पहला स्थान, कॉमर्स में इशा ठाकुर तीसरे स्थान पर रहीं।
बाई इलेक्शन के लिए कांग्रेस ने 3 सीटों पर प्रत्याशी किए घोषित
शिमला। हिमाचल कांग्रेस ने विधान सभा उपचुनाव की 6 में से तीन सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। सुजानपुर से कैप्टन रणजीत सिंह राणा, गगरेट से राकेश कालिया और कुटलेहड़ से विवेक शर्मा को टिकट दी गई है। सुजानपुर में पार्टियां बदली हैं, लेकिन चेहरे वही हैं।
गगरेट और कुठलैहड़ में कांग्रेस ने पुराने चेहरों पर ही विश्वास जताया है। सुजानपुर और गगरेट में कांग्रेस ने भाजपा से असंतुष्ट नेताओं पर दाव खेला है।
हालांकि, गगरेट के प्रत्याशी कांग्रेस छोड़कर ही भाजपा में गए थे। वर्ष 2022 में गगरेट क्षेत्र से टिकट कटने के बाद नाराज होकर राकेश कालिया ने भाजपा का दामन थाम लिया था। कुठलैहड़ से कांग्रेस ने एक बार फिर विवेक शर्मा पर दाव खेला गया है।
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो उपचुनाव में 2022 चुनाव के प्रत्याशी ही आमने-सामने होंगे, लेकिन पार्टियां बदली हैं। 2022 में कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़े राजेंद्र राणा ने भाजपा ज्वाइन कर ली है।
वहीं, भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़े प्रत्याशी कैप्टन रणजीत सिंह राणा ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उपचुनाव में अब दोनों आमने-सामने हैं। वर्ष 2022 के हिमाचल विधानसभा चुनाव की बात करें तो कांग्रेस ने राजेंद्र राणा को टिकट दी थी।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के चुनाव लड़ने से इंकार के बाद उनके करीबी कैप्टन रणजीत सिंह राणा को चुनावी मैदान में उतारा गया। मुकाबला काफी करीबी रहा था। राजेंद्र राणा मात्र 399 मतों से जीते थे।
हिमाचल राजनीतिक परिस्थितियों के चलते राजेंद्र राणा कांग्रेस से बगावत कर गए और भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा ने उपचुनाव में राजेंद्र राणा को प्रत्याशी बनाया। सुजानपुर पूर्व सैनिक बहुल क्षेत्र है। ऐसे में कांग्रेस ने भाजपा को टक्कर देने के लिए कैप्टन रणजीत सिंह राणा पर दाव खेला है। अब देखना बाकी है कि सुजानपुर की जनता का निर्णय क्या रहता है।
गगरेट विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो 2022 में कांग्रेस ने चैतन्य शर्मा को टिकट दिया और भाजपा ने राजेश ठाकुर को चुनावी मैदान में उतारा। कांग्रेस के चैतन्य शर्मा ने भाजपा के राजेश ठाकुर को 15 हजार से अधिक वोटों से हराया।
चैतन्य शर्मा ने भी कांग्रेस से बगावत कर भाजपा का दामन थाम लिया और भाजपा ने उपचुनाव में उन्हें टिकट दी। कांग्रेस को अलविदा कहकर भाजपा ज्वाइन कर चुके राकेश कालिया ने फिर से कांग्रेस ज्वाइन कर ली। कांग्रेस ने राकेश कालिया को टिकट दी है। वह दो बार चिंतपूर्णी और गगरेट से एक बार विधायक रहे हैं।
कुठलैहड़ में 2022 में कांग्रेस के देवेंद्र भुट्टो और भाजपा के वीरेंद्र कंवर के बीच चुनावी मुकाबला हुआ। देवेंद्र भुट्टो ने वीरेंद्र कंवर को 7,579 मतों से मात दी। 2017 में विवेक शर्मा को कांग्रेस ने टिकट दी थी, लेकिन वह चुनाव हार गए थे।
2022 में देवेंद्र भुट्टो पर कांग्रेस ने दाव खेला था और कांग्रेस सीट निकालने में कामयाब रही। देवेंद्र भुट्टो भी कांग्रेस से बगावत कर गए और भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा ने उन्हें उपचुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है।
कांग्रेस ने एक बार फिर विवेक शर्मा पर दाव खेला है। विधानसभा उपचुनाव के लिए तीन विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस ने पत्ते खोल दिए हैं। अब देखना बाकी है कि जनता का निर्णय क्या रहता है।
बता दें कि हिमाचल में 6 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। इसमें धर्मशाला, सुजानपुर, बड़सर, गगरेट, कुठलैहड़ और लाहौल स्पीति शामिल हैं। इसमें तीन सीटों सुजानपुर, गगरेट और कुठलैहड़ पर टिकट फाइनल हो गए हैं।
धर्मशाला, बड़सर, लाहौल स्पीति में अभी प्रत्याशी घोषित नहीं हो पाएं हैं। उपचुनाव में कांग्रेस किसी प्रकार का जोखिम लेने के मूड़ में नहीं है। इसलिए पार्टी फूंक फूंक कर कदम रख रही है।
ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ है। पुलिस थाना बंगाणा के तहत भलेती में एक स्कूल बस में सवार 9 साल की छात्रा चलती बस से गिर गई और टायर की चपेट में आ गई। छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ये स्कूल बस शिवालिक पब्लिक स्कूल तनोह की है। छात्रा की पहचान अर्शिता पुत्री विवेक शर्मा निवासी बंगाणा ऊना के रूप में हुई है। बस सुबह हर रोज की तरह छात्रों को लेकर स्कूल जा रही थी।
बंगाणा में अर्शिता भी बाकी बच्चों के साथ बस में सवार हुई। बस जब भलेती पहुंची तो अचानक किसी बच्चे ने बस का दरवाजा खोल दिया। दरवाजा खुलते ही अर्शिता बस से नीचे जा गिरी और टायर के नीचे आ गई।
छात्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के समय मौके पर चीख पुकार मच गई। कई लोग वहां एकत्रित हो गए।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में कोई परिचालक भी नहीं था। हादसे की सूचना मिलते ही बंगाणा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस अधीक्षक ऊना राकेश सिंह ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई की जा रही है। बच्ची के परिजनों में हादसे को लेकर भारी रोष भी है।
ऊना। हिमाचल के ऊना जिला में अंब उपमंडल के तहत धुसाड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां पर HRTC बस और कार में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस में सवार ड्राइवर-कंडक्टर व सवारियों को चोटें आई हैं। घायलों का उपचार नजदीकी अस्पताल में करवाया गया।
बता दें कि HRTC बस (HP 73A 5041) हरिद्वार से चंबा की तरफ जा रही थी। हरिद्वार से चंबा एचआरटीसी बस जब धुसाड़ा पहुंची तो कार चालक ने लापरवाही से कार चलाते हुए सामने से बस को टक्कर मार दी।
हादसे में कार चालक की मौके पर मौत हो गई। कार चालक की पहचान विनोद कुमार (41) पुत्र बंशी लाल निवासी टकारला के रूप में हुई है। HRTC बस में सवार लोगों को भी हल्की चोटें आईं।
घायलों का अस्पताल में उपचार कर घर भेज दिया गया। मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
आठवीं, दसवीं, बारहवीं, स्नातक पास युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
शिमला। हिमाचल प्रदेश की नामी कंपनी इवांन सिक्योरिटी फंक्शन प्राइवेट लिमिटेड शिमला पुरुषों व महिलाओं के लिए दुबई में नौकरी का सुनहरा मौका लेकर आई है।
इसमें दुबई में सिक्योरिटी गार्ड के100 पद, सोलर पैनल इंस्टॉलेशन 80 पद, सऊदी अरब के लिए वेयरहाउस के 80 पद तथा जापान के लिए होटल स्टाफ (शेफ, कुक, बेटर, रूम सर्विस) 100 पद, हेल्थ डिपार्टमेंट केयरटेकर (एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग) के 100 पदों को भरने जा रही है।
रिक्रूटमेंट ऑफिसर ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपनी सुविधा के अनुसार कंपनी द्वारा करवाए जा रहे कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। 25 अप्रैल को जिला ऊना में होटल सुविधा पैलेस में, 26 अप्रैल को जिला कांगड़ा होटल ओरियन गग्गल में और 28 अप्रैल को जिला चंबा के होटल ग्रीन हिल बनीखेत में इंटरव्यू होंगे।
अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों के साथ सुबह 10 बजे साक्षात्कार के लिए आ सकते हैं। इसके लिए किसी भी प्रकार का एप्लीकेशन शुल्क, यात्रा भत्ता व अन्य देय नहीं दिया जाएगा।
भर्ती अधिकारी ने बताया कि उम्मीदवार को आवेदन करने के लिए अपने सभी दस्तावेज की छाया प्रतियां साथ में लेकर आना अनिवार्य है साथ में दो पासपोर्ट साइज फोटो।
उम्मीदवार को आवेदन पत्र मौके पर प्रदान किया जाएगा जिसे भरने के बाद उम्मीदवार अपने साथ ले गए दस्तावेजों की प्रतियां साथ में लगाने के बाद ही साक्षात्कार में भाग लिया जा सकता है।
उम्मीदवारों के लिए भर्ती अधिकारी ने बताया कि उक्त पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता आठवीं, दसवीं, बारहवीं, स्नातक या उससे अधिक और आयु सीमा 21 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है।
सिक्योरिटी गार्ड के लिए आवेदक की लंबाई 5 फुट 7 इंच और वजन 60 किलोग्राम से अधिक व शारीरिक रूप से स्वस्थ होना अनिवार्य है।
साथ ही आवेदनकर्ता के शरीर पर किसी भी प्रकार का विजुअल टैटू नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि चयनित उम्मीदवारों को कंपनी द्वारा 50,000 से 1,60,000 रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे।
वहीं आवेदकों को प्रशिक्षण के दौरान लगने वाली फीस का विभिन्न श्रेणियां के अनुसार फीस का भुगतान कंपनी को करना होगा। जिसकी जानकारी सिलेक्ट उम्मीदवार को मिलने वाले सिलेक्शन लेटर पर बताया तथा दिखाया जाएगा अधिक जानकारी के लिए कंपनी के दूरभाष नंबर 9418217918, 8221862918 पर संपर्क कर सकते हैं।
ऊना। हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए 4 सीटों के लिए प्रत्याशी उतार दिए हैं, लेकिन कांग्रेस अभी तक हमीरपुर और कांगड़ा से प्रत्याशियों के नामों की घोषणा नहीं कर पाई है।
चर्चा चल रही थी कि हमीरपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की बेटी डॉक्टर आस्था अग्निहोत्री को मैदान में उतार सकती है, लेकिन डॉ. आस्था अग्निहोत्री के पिता और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इन चर्चाओं पर विराम लगा दिया है।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि आस्था अग्निहोत्री ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया है।
आस्था अग्निहोत्री ने कहा, ”मैं मां प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री के बिना जीने का रास्ता तलाश रही हूं, मां ने यह राजनीतिक सल्तनत खड़ी की, उनकी यादों से जूझ रही हूं। इस दु:खद घड़ी में लोकसभा या विधानसभा जाने की लालसा नहीं।
राजनीति से ऊपर मेरी मां की अनगिनत स्मृतियों ने मुझे भीतर से तोड़ दिया है। पापा भी बोल्ड फेस रख रहे हैं, लेकिन हकीकत मैं जानती हूं। यह समय मां को श्रद्धा सुमन अर्पित करने का, चुनाव लड़ने का कतई भी नहीं है। इसलिए प्रस्ताव करने के लिए सभी का आभार।”
ऊना। हिमाचल के ऊना जिला में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। एक 25 वर्षीय युवक की वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान अरुनेश अटवाल पुत्र मंगल सिंह निवासी कोटला जिला ऊना के रूप में हुई है। रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को नई दिल्ली से ऊना आ रही वंदे भारत ट्रेन जब अरनियाला पहुंची तो अरुनेश अटवाल इसकी चपेट में आ गया। अरुनेश की मौके पर ही मौत हो गई।
अरुनेश अटवाल रेलवे ट्रैक किनारे क्या कर रहा था फिलहाल पुलिस इसकी जांच कर रही है। रेलवे चौकी प्रभारी ऊना पुरुषोत्तम सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आगामी जांच कर रही है।
ऊना। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के टाहलीवाल का दौरा कर तेल से भरा टैंकर पलटने के हादसे में हुए नुकसान का जायजा लिया।
वह दुर्घटना स्थल पर जाकर वहां प्रभावित परिवारों से मिले, उनका दुःख-दर्द बांटा और उन्हें हर तरह से मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में हिमाचल सरकार उनके साथ खड़ी है।
डिप्टी सीएम ने हादसे में एक व्यक्ति की दुखद मृत्यु पर शोक जताया तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए ऊना अस्पताल प्रबंधन को उनकी बेहतर देखभाल के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्रशासन द्वारा कार्यान्वित राहत कार्यों की जानकारी भी ली।
बता दें कि रविवार को टाहलीवाल चौक में तेल से भरा एक टैंकर सड़क में पलटने से उसमें भीषण आग लग गई थी। टैंकर की चपेट में आने से 1 स्कूटी सवार की मृत्यु हो गई , जबकि 8 अन्य लोग घायल हो गए।
वहीं, आग की जद में आने से करीब 15 दुकानों और वाहनों को भारी नुकसान हुआ है। दुर्घटना प्रभावितों को प्रशासन ने राहत मैनुअल के अनुसार फौरी राहत प्रदान कर दी है। घायलों का इलाज क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में चल रहा है।