हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम ने शुरू की है सेवा
अंब। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना जिला के अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन से पालमपुर के लिए हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम की “टूरिज्म वंदे भारत बस सेवा” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पर्यटन निगम के माध्यम से चलाई गई यह पहली हाईटेक डीलक्स बस सेवा है, जो वंदे भारत ट्रेन के यात्रियों एवं पर्यटकों को बेहतर यातायात सुविधा मुहैया करवाएगी।
इससे पहले जहां कांगड़ा जिला के लोगों को निजी गाड़ी या टैक्सी लेकर अंब रेलवे स्टेशन पहुंचना पड़ता था। अब बस चलने से लोगों के धन और समय दोनों की बचत होगी एवं टूरिज्म क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा।
बता दें कि कांगड़ा जिला के पालमपुर से अंब के लिए वंदे भारत बस चल पड़ी है। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली ने शनिवार सुबह को पालमपुर टी-बड होटल से अंब तक हिमाचल प्रदेश पर्यटन वंदे भारत बस सेवा को हरी झंडी देकर रवाना किया।
यह बस पालमपुर से सुबह 8 बजे नगरोटा- कांगड़ा – चिंतपूर्णी होकर 11 बजे अंब पहुंचेगी। उसके उपरांत यह बस अंब से सुबह 11:30 बजे पालमपुर की ओर रवाना होगी और 2 बजे पालमपुर पहुंचेगी। इस बस में प्रति सीट 600 रुपये किराया निर्धारित किया है।
शिमला। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आज यहां आयोजित कैबिनेट सब कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) पोस्ट कोड-817 (जेओए आईटी पोस्ट कोड 817) का लंबित रिजल्ट जारी करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि 7 अभ्यर्थी जिनके खिलाफ पेपर लीक मामले में एफआईआर दर्ज है, उन्हें छोड़कर सभी अभ्यर्थियों का परीक्षा परिणाम घोषित करने की संस्तुति का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि सब कमेटी के सुझावों को कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि सब कमेटी के इस निर्णय से परिणाम जारी करने को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे जेओए आईटी के अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी। जेओए आईटी पोस्ट कोड 817 के तहत लगभग 1867 पदों पर भर्ती के लिए लगभग 2 लाख 15 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, एक लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी और लगभग 4500 अभ्यर्थी स्क्रीनिंग टेस्ट के लिए उत्तीर्ण हुए थे।
पोस्ट कोड-817 की परीक्षा तत्कालीन हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग, हमीरपुर द्वारा ली गई थी, लेकिन पेपर लीक के मामले सामने आने पर इस परीक्षा के परिणाम विजिलेंस जांच के कारण लंबित थे।
इस मामले के समाधान के लिए प्रदेश सरकार द्वारा कानूनी पहलुओं के निरीक्षण के लिए डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट सब कमेटी का गठन किया गया था। उद्योग मंत्री हषवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और आयुष मंत्री यादविन्द्र गोमा इस उप-समिति के सदस्य हैं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि सब कमेटी द्वारा भविष्य में शेष पोस्ट कोड को लेकर बैठकों में विमर्श किया जाएगा, जिनमें युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखकर निर्णय लिए जाएंगे।
शिमला। पीएम नरेंद्र मोदी और कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हिमाचल के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की धर्मपत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के निधन पर पत्र लिखकर शोक व्यक्त किया है।
बता दें कि ऊना जिला के गोंदपुर जयचंद में अपने निवास आस्था कुंज पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी सिम्मी अग्निहोत्री की 9 फरवरी शुक्रवार देर शाम तबीयत खराब हो गई थी। उन्हे अचानक दिल का दौरा पड़ा।
उन्हे चिकित्सीय सहायता के बाद रात को उन्हे चंडीगढ़ ले जाया जा रहा था इसी दौरान रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
12 फरवरी को उन्होंने हरोली क्षेत्र के बाथू में माता का जागरण रखा था, जिसकी तैयारियां सिम्मी स्वयं कर रही थीं और सभी व्यवस्था खुद देख रही थीं।
सिम्मी की बेटी आस्था अग्निहोत्री भी जागरण के लिए विशेष रूप से दो दिन पहले ही नीदरलैंड से वापस घर लौटी थीं। सिम्मी यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थीं।
ऊना। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला ऊना के हरोली उपमंडल के गौंदपुर जयचंद पहुंच कर डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी प्रो सिम्मी अग्निहोत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया। प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री का गत रात्रि को देहावसान हो गया।
सीएम ने डिप्टी सीएम के पैतृक गांव गौंदपुर जयचंद में पार्थिव शरीर की अंतिम यात्रा तथा संस्कार में भाग लिया। डिप्टी सीएम की पुत्री आस्था अग्निहोत्री ने अपनी दिवंगत माता को मुखाग्नि दी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय क्षति को सहन करने की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि सिम्मी अग्निहोत्री के आकस्मिक निधन से परिवार में भारी शोक है तथा उनकी कमी हमेशा रहेगी।
उन्होंने कहा कि मैं, प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री से विश्वविद्यालय काल से परिचित था, वह सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पित एक उच्च शिक्षित महिला थीं।
मुकेश अग्निहोत्री तथा उनकी पुत्री को इस दुःख से उबरने के लिए एक-दूसरे का साथ देना होगा। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। इस दुःखद घड़ी में हम शोकाकुल परिवार के लिए प्रार्थना करते हैं।
इस अवसर पर विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, ग्रामीण विकास तथा पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण तथा शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह, नगर एवं ग्राम नियोजन तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, आयुष मंत्री यादविन्द्र गोमा, विधायकगण, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, राजनेता तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित अन्य नेता भी पहुंचे
ऊना। हिमाचल के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की 56 वर्षीय धर्मपत्नी सिम्मी अग्निहोत्री पंचतत्व में विलीन हो गई हैं। सिम्मी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ शनिवार दोपहर मोक्ष धाम गोंदपुर जयचंद में किया गया।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बेटी आस्था के साथ पत्नी सिम्मी अग्निहोत्री को मुखाग्नि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित सैकड़ों लोगों ने सिम्मी को नम आंखों से विदाई दी।
बता दें कि ऊना जिला के गोंदपुर जयचंद में अपने निवास आस्था कुंज पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी सिम्मी की शुक्रवार देर शाम तबीयत खराब हो गई।
सिम्मी की बेटी आस्था अग्निहोत्री भी जागरण के लिए विशेष रूप से दो दिन पहले ही नीदरलैंड से वापस घर लौटी थीं। सिम्मी यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थीं।
सिम्मी के निधन का दुखद समाचार शेयर किया उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार देर रात अपनी फेसबुक पर स्वयं साझा किया था। उन्होंने लिखा, “हमारी प्रिय सिम्मी हमारा और आस्था का साथ छोड़कर चली गई है।”
खबर सुनकर हर कोई हैरान था कि आखिर ये अचानक क्या हो गया। पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व अन्य नेता सुबह होते ही मुकेश अग्निहोत्री के निवास स्थान पहुंचे और उन्हे ढांढस बंधाया।
शिमला। हिमाचल के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की 53 वर्षीय पत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री का शुक्रवार देर रात हार्ट अटैक के चलते निधन हो गया। उन्होंने पीजीआई चंडीगढ़ जाते समय रास्ते में अंतिम सांस ली।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार देर रात अपनी फेसबुक पोस्ट पर ये दुखद समाचार शेयर किया।
उन्होंने लिखा, “हमारी प्रिय सिम्मी अग्निहोत्री हमारा और आस्था का साथ छोड़कर चली गई है।” इसके साथ पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के मुताबिक गोंदपुर जयचंद में अपने निवास पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की शुक्रवार देर शाम तबीयत खराब हो गई।
चिकित्सीय सहायता के बाद रात को उन्हे चंडीगढ़ ले जाया जा रहा था इसी दौरान रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
बता दें कि 12 फरवरी को उन्होंने हरोली क्षेत्र के बाथू में माता का जागरण रखा है, जिसकी तैयारियां वह स्वयं कर रही थीं और सभी व्यवस्था खुद देख रही थीं। सिम्मी अग्निहोत्री यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थीं।
प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की बेटी आस्था अग्निहोत्री भी जागरण के लिए विशेष रूप से दो दिन पहले ही नीदरलैंड से वापस घर लौटी थीं।
प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए पैतृक गांव गोंदपुर जयचंद जिला ऊना स्थित निजी निवास आस्था कुंज में दोपहर एक बजे तक रखा जाएगा। अंतिम संस्कार शनिवार 10 फरवरी दोपहर 2:00 बजे मोक्ष धाम गोंदपुर जयचंद में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सिम्मी अग्निहोत्री के निधन पर शोक जताया है। उन्होनें कहा, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की धर्मपत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के निधन की सूचना एक वज्रपात से कम नहीं है। इस दुःखद समाचार से मैं बहुत व्यथित हूं।
मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि वह दिवंगत आत्मा को स्वर्ग में स्थान दे व परिवार जनों और परिजनों को इस दारुण दुःख को सहने की शक्ति दें। ॐ शान्ति ।”
सरकाघाट। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में बिना किसी भेदभाव के हर घर को नल से जल देने के लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कोई लाभार्थी इससे वंचित रहा हो तो उन्हें बताएं। विभाग के अधिकारी बिना देरी किए उनके घर आकर नल लगा के आएंगे। यदि जरूरत हुई तो रात के अंधेरे में भी घर में नल लगेगा, ताकि जन सुविधा में कोई विलंब ना हो।
डिप्टी सीएम शुक्रवार को मंडी जिले के सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र की रखोटा पंचायत में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एचआरटीसी धार्मिक दर्शन के लिए पौने दो सौ नए रूट चलाने जा रही है। इससे प्रदेश के सभी प्रमुख मंदिरों के साथ साथ दूसरे राज्यों के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के लिए भी बस सेवा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी में जल्द ही 700 ड्राइवरों-कंडक्टरों की भर्ती की जाएगी। इनमें 350 ड्राइवर और 350 कंडक्टर रखे जाएंगे।
वहीं जल्द ही एचआरटीसी के बेड़े में 350 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी। हिमाचल की कांग्रेस सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए काम कर रही है। सरकारी विभागों में भर्तियां की जा रही हैं। एचआरटीसी में भर्ती के अलावा अकेले जलशक्ति विभाग में ही 10 हजार युवा रखे जाएंगे। इससे प्रदेशभर में जलशक्ति विभाग की प्रत्येक स्कीम पर कर्मचारी होगा।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राजनेताओं का रिपोर्ट कार्ड इलाके में विकास के कार्यों, गरीब की सेवा से लिखा जाता है। जनता को नेताओं का रिपोर्ट कार्ड देखना चाहिए। उसी के आधार पर वोट देना चाहिए। इस अवसर पर अपने संबोधन में सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार जनकल्याण के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सांसद निधि से भदरोता क्षेत्र में सड़कों, डंगों के निर्माण तथा विकास के अनेक कार्यों के लिए जितना पैसा उनसे मांगा गया उन्होंने उससे ज्यादा पैसा दिया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव समीप हैं, लोग किसी के बरगलाने में न आएं बल्कि काम के आधार पर वोट करें। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र के सभी 17 हल्कों के लिए उन्होंने सांसद निधि का एक समान वितरण किया है, ताकि सभी जगह विकास को गति मिले।
गणतंत्र दिवस पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने फहराया तिरंगा
हमीरपुर। 75वां गणतंत्र दिवस हमीरपुर में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ब्वायज सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर के मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा भव्य परेड की सलामी ली।
परेड कमांडर एसआई रीतू की अगुवाई में आयोजित परेड में पुलिस, होमगार्ड्स, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड्स, विभिन्न शिक्षण संस्थानों और स्वास्थ्य कर्मियों की प्लाटूनों ने शानदार मार्चपास्ट किया।
इस अवसर पर सभी जिलावासियों को बधाई देते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 26 जनवरी हम सभी देशवासियों के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। इस दिन ही हमारा देश विश्वभर में सबसे बड़े लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित हुआ। स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इन महान देशभक्तों के बलिदान से यह संभव हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आत्मनिर्भर हिमाचल और समृद्ध हिमाचल बनाने की दिशा में विशेष प्रयास कर रही है। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले एक वर्ष के दौरान हमीरपुर में हिमाचल प्रदेश परिवहन अपीलीय ट्रिब्यूनल और एचपीपीसीएल का सोलर ऑफिस खोला गया है। बिजली बोर्ड के मुख्य अभियंता कार्यालय को भी मंजूरी दी है।
हमीरपुर में करीब 74 कनाल भूमि पर लगभग 55 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बस अड्डे का निर्माण किया जाएगा, जिसका टेंडर होने वाला है। इस अड्डे के लिए जमीन 20 अक्तूबर 2010 को परिवहन विभाग के नाम हो गई थी, लेकिन इसका काम अधर में लटका हुआ था। भोरंज के सम्मू ताल में भी 3.30 करोड़ रुपये की लागत से बस अड्डे बनाया जाएगा।
नादौन में ई-बस डिपो के लिए 122 कनाल भूमि हस्तांतरित कर दी गई है। ई-बस डिपो की पहली फेज में लो-फ्लोर की टाइप-1 25 बसें आएंगी। हमीरपुर में एचआरटीसी वर्कशॉप और बस स्टैंड तथा जाहू में चार्जिंग स्टेशन स्थापित कर दिए गए हैं। ई-बस डिपो नादौन में भी चार्जिंग स्टेशन स्थापित हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर से वृंदावन के लिए आज ही बस सेवा आरंभ की जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के धार्मिक स्थानों को ट्रांसपोर्ट सर्कट से जोड़ने के तहत दर्शन सेवाएं शुरू करने का फैसला किया है, जिसके लिए अयोध्या, वृंदावन, अमृतसर, डेरा व्यास, हरिद्वार, चिंतपूर्णी, ज्वालामुखी, खाटूश्याम, नैना देवी और बाबा बालक नाथ सहित सभी मुख्य धार्मिक स्थलों के लिए लगभग 175 बसें चलाई जाएंगी। सरकार इन बसों की ब्रांडिंग करेगी।
अयोध्या को 6 और हरिद्वार को 50 बसें चलाने का फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि एक साल में ही निगम के बेड़े में 300 नई बसें शामिल की गई हैं। अगले चार साल में परिवहन निगम के बेड़े में 2 हजार नई ई-बसें शामिल की जाएंगी। परिवहन विभाग अपने राजस्व को 500 करोड़ से बढ़ाकर 800 करोड़ रुपये करने की दिशा में कार्य कर रहा है। एचआरटीसी में ड्राइवरों-कंडक्टरों के 700 पद भरने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के अपने दूसरे वादे को पूरा करते हुए प्रदेश सरकार ने 680 करोड़ रुपये की राजीव गांधी स्वरोज़गार स्टार्टअप योजना शुरू की है। योजना के पहले चरण में ई-टैक्सी की खरीद पर 50 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान किया है।
दूसरे चरण में 100, 200 व 500 किलोवाट की सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित करने का प्रावधान है। इसमें लाभार्थियों का सिर्फ 10 प्रतिशत खर्च होगा। उन्होंने बताया कि जल शक्ति विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 10 हजार पद भरे जाएंगे। 2061 वन मित्रों, 1226 पुलिस कर्मचारियों, 874 पटवारियों और स्वास्थ्य विभाग में 1450 पदों की भर्ती की जाएगी।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कालेज के लिए जोल सप्पड़ में लगभग 380 करोड़ रुपये की लागत से नए कैंपस का निर्माण तेजी से करवाया जा रहा है। जिला हमीरपुर में 5 हैलीपैडों के निर्माण के लिए कुल 12 करोड़ 57 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इनमें से 3 के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। नादौन में पर्यटन विभाग के होटल एवं पर्यटन परिसर के निर्माण के लिए 43 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, सुरेश कुमार और आशीष शर्मा, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांग्रेस के पदाधिकारी, उपायुक्त हेमराज बैरवा, एसपी डॉ. आकृति शर्मा और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से वृंदावन के लिए HRTC बस सेवा शुरू हो गई है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज इस बस को हरी झंडी दिखाई। हमीरपुर वासी काफी समय से वृंदावन के लिए बस सेवा शुरू करने की मांग करते आ रहे थे जो आज पूरी हो गई है।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा, “दर्शन सेवा योजना” के अंतर्गत आज हमीरपुर-वृंदावन बस को हमीरपुर बस अड्डा से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और धार्मिक स्थलों को बस सेवाओं से जोड़ने की दृष्टि से हम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। जल्द हम अयोध्या के लिए भी बस सेवाएं शुरू करेंगे।”
हमीरपुर से वृंदावन HRTC बस सेवा की बात करें तो ये बस कक्कड़ से शाम 5:00 बजे चलेगी, जो हमीरपुर पहुंचेगी और इसके बाद 7.40 बजे हमीरपुर से वृंदावन के लिए रवाना होगी।
बस वाया भोटा, घुमारवीं, भगेड़, ऋषिकेश, किरतपुर, रोपड़, चंडीगढ़, अंबाला, दिल्ली, फरीदाबाद, बल्लभगढ़ से होते हुए शाम 8.20 बजे वृंदावन पहुंचेगी।
इस बस का दिल्ली में भी कुछ देर के लिए ठहराव रहेगा। बस वाया फोरलेन भगेड़ से होते हुए चंडीगढ़ और फिर दिल्ली पहुंचेगी। इसके बाद बस वृंदावन के लिए रवाना होगी। रूट पर चलने वाली दूसरी बस वृंदावन से दोपहर दो बजे हमीरपुर के ककड़ के लिए रवाना होगी।
जो अगले दिन की सुबह 3:30 बजे हमीरपुर जिले में पहुंचेगी। वृंदावन से वापसी पर बस दिल्ली में शाम 6:25 पर पहुंचेगी। हमीरपुर से वृंदावन तक 853 किलोमीटर सफर का 778 रुपए किराया देना होगा।
इस बस में यात्रियों के लिए दूसरी बसों की तरह सीटें भी आरक्षित की गई हैं। 33 फीसदी महिलाओं, 10 फीसदी सीटें बच्चों के लिए आरक्षित की गई हैं। वरिष्ठ नागरिकों को वृंदावन जाने के दौरान पांच फीसदी आरक्षित सीटों की व्यवस्था की गई है।