प्रतिभा बोलीं- मुसाफिर की वापसी से पार्टी हुई गौरवान्वित
शिमला। हिमाचल प्रदेश के पच्छाद निर्वाचन क्षेत्र से बीते विधानसभा चुनाव में निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रहे दिग्गज कांग्रेस नेता गंगूराम मुसाफिर ने करीब डेढ़ साल बाद घर वापसी की है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव मजबूत और सशक्त होकर उतरेगी। कांग्रेस में गंगू राम मुसाफिर की वापसी हुई है
उनकी पार्टी में वापसी का स्वागत है।
उनकी वापसी से पार्टी गौरवान्वित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुटता के साथ भारी बहुमत के साथ शिमला लोकसभा का चुनाव जीतेगी।
हिमाचल कांग्रेस के सह प्रभारी तजेंद्र सिंह बिट्टू ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इस पर प्रतिभा ने कहा कि हाईकमान देखेगी क्यों बिट्टू ने इस्तीफा दिया है।
उनके स्थान पर नई नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी टिकट कुछ घंटों में फाइनल होंगे।
शिमला। हिमाचल में लोकसभा चुनावों से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। हिमाचल कांग्रेस के सह प्रभारी तजेंद्र सिंह बिट्टू ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को त्यागपत्र भेजकर हिमाचल के सह प्रभारी के साथ AICC सेक्रेटरी पद से भी इस्तीफे का ऐलान किया।
चुनावों से पहले इस तरह तजेंद्र सिंह बिट्टू का पद छोड़ना पार्टी को बड़ा नुकसान दे सकता है।
ऊना। हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए 4 सीटों के लिए प्रत्याशी उतार दिए हैं, लेकिन कांग्रेस अभी तक हमीरपुर और कांगड़ा से प्रत्याशियों के नामों की घोषणा नहीं कर पाई है।
चर्चा चल रही थी कि हमीरपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की बेटी डॉक्टर आस्था अग्निहोत्री को मैदान में उतार सकती है, लेकिन डॉ. आस्था अग्निहोत्री के पिता और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इन चर्चाओं पर विराम लगा दिया है।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि आस्था अग्निहोत्री ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया है।
आस्था अग्निहोत्री ने कहा, ”मैं मां प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री के बिना जीने का रास्ता तलाश रही हूं, मां ने यह राजनीतिक सल्तनत खड़ी की, उनकी यादों से जूझ रही हूं। इस दु:खद घड़ी में लोकसभा या विधानसभा जाने की लालसा नहीं।
राजनीति से ऊपर मेरी मां की अनगिनत स्मृतियों ने मुझे भीतर से तोड़ दिया है। पापा भी बोल्ड फेस रख रहे हैं, लेकिन हकीकत मैं जानती हूं। यह समय मां को श्रद्धा सुमन अर्पित करने का, चुनाव लड़ने का कतई भी नहीं है। इसलिए प्रस्ताव करने के लिए सभी का आभार।”
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत हिमाचल की हर महिला को 1500-1500 रुपये देने की गारंटी कांग्रेस ने दी है।
पार्टी ने प्रदेश की महिलाओं से वादा किया था कि पहली अप्रैल से ही उन्हें यह राशि जारी की जाएगी। कांग्रेस वादे पर कायम है और यदि इसकी अनुमति नहीं मिली तो जून में दो माह की किस्त के तीन हजार रुपए एक साथ जारी किए जाएंगे।
पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नेता पहले कांग्रेस से पूछते थे कि कब इस गारंटी को पूरा किया जाएगा। कांग्रेस ने इसके लिए फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया शुरू की तो भाजपा नेता चुनाव विभाग के पास इसकी शिकायत करने पहुंच गए, जबकि यह योजना पहले से चल रही है।
लाहौल-स्पीति में महिलाओं को फरवरी से यह राशि मिलना शुरू हो चुकी है। अन्य जिलों में पहली अप्रैल से इसे देने की स्वीकृति मंत्रिमंडल ने दी है। उन्होंने कहा कि महिलाएं फार्म भरकर कार्यालय में जमा करवाएं।
यदि कर्मचारी व अधिकारी फार्म न लें तो कांग्रेस विधायकों के पास जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि पीएम किसान निधि योजना की किस्त जारी की जा सकती है तो महिलाओं को क्यों जारी नहीं करने दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर प्रचार कर रहे हैं कि चार जून को प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्हें कंगना रनौत से कहलवाना पड़ रहा है कि जयराम मुख्यमंत्री बनेंगे।
उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर को दिन में सपने देखने की बीमारी हो चुकी है, जिसका इलाज वैज्ञानिक ढूंढ रहे हैं। भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वह इधर-उधर की बातें कर जनता को गुमराह कर रही है। कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह व विनोद सुल्तानपुरी पढ़े लिखे हैं और वे मुद्दों पर बात कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली जून को प्रदेश की जनता बिकने और खरीदने वालों को सबक सिखाएगी। जो बिकाऊ है वह जनता का सेवक नहीं हो सकता। जब कांग्रेस सरकार सत्ता में आई थी तो खजाना खाली था लेकिन फिर भी विकास नहीं रुकने दिया।
सरकार ने आपदा प्रभावितों की सहायता के लिए 4500 करोड़ रुपए का आपदा राहत पैकेज लाया। केंद्र सरकार ने हिमाचल की कोई सहायता नहीं की। प्रदेश की जनता ने 200 करोड़ रुपये दान दिए हैं।
शिमला। हिमाचल में लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस के प्रत्याशियों की घोषणा शनिवार देर शाम घोषणा हो सकती है।
आज शाम चार बजे नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होना प्रस्तावित है। बैठक में शामिल होने के लिए शनिवार सुबह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू रवाना हुए।
सीएम सुक्खू उन्होंने कहा, “निश्चित तौर पर आज हमारी CEC की बैठक है जिसमें लोकसभा और विधानसभा के लिए प्रत्याशियों पर चर्चा होगी। उसके बाद प्रत्याशियों की घोषणा होगी।”
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह शुक्रवार को ही शिमला से चंडीगढ़ पहुंच गई थीं और शनिवार सुबह दिल्ली रवाना हुईं।
लोकसभा चुनाव के लिए मंडी संसदीय सीट से लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, शिमला से विधायक विनोद सुल्तानपुरी, हमीरपुर से पूर्व विधायक सतपाल रायजादा और कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से विवेक शर्मा को पार्टी प्रत्याशी बनाया जाना लगभग तय है।
कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के अलावा धर्मशाला, गगरेट, सुजानपुर, बड़सर और लाहौल-स्पीति में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए दो-दो संभावित प्रत्याशियों के नाम पैनल में शामिल हैं।
धर्मशाला विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए देवेंद्र जग्गी और राकेश चौधरी, गगरेट से रमन जस्वाल और राकेश कालिया, सुजानपुर से सुरेंद्र डोगरा और कुलदीप पठानिया, लाहौल-स्पीति से अनुराधा राणा और पूर्व विधायक रघुवीर सिंह व बड़सर से कृष्ण चौधरी और पूर्व विधायक मनजीत डोगरा का नाम पैनल में है।
सुजानपुर और लाहौल-स्पीति से भाजपा के नेताओं को भी टिकट दिया जा सकता है। इसे लेकर शनिवार को होने वाली बैठक में मंथन होगा। सुजानपुर से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी कैप्टन रणजीत सिंह और लाहौल-स्पीति से पूर्व मंत्री रामलाल मारकंडा को लेकर कांग्रेस अभी संशय में है।
इसके लिए हाईकमान द्वारा गठित कोर्डिनेशन कमेटी के पांचों सदस्यों को दिल्ली बुलाया गया है। ऐसे में कल होने वाली सेंटर इलेक्शन कमेटी की मीटिंग में टिकट का ऐलान किया जा सकता है।
इससे पूहले आज हिमाचल कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि टिकटों की घोषणा होने के साथ ही कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से चुनाव के मैदान में उतर जाएगी। कार्यकर्ता घर-घर जाकर कांग्रेस सरकार के कामों को लेकर जाएंगे और कांग्रेस पार्टी के पक्ष में वोट की अपील करेंगे।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सक्रिय हैं और कार्यकर्ता ही चुनाव जितवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस के पास कई चुनावी मुद्दे हैं, जिनको लेकर जनता के बीच में जाएंगे।
उन्होंने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह ने प्रदेश का विकास करवाया है। कांग्रेस सरकार ने भीषण आपदा के दौरान प्रभावित परिवारों को हर संभव आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई है।
उन्होंने स्वयं प्रधानमंत्री मोदी से मिलकर प्रदेश के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन जिस तरह की उम्मीद थी मदद नहीं मिल पाई। प्रतिभा सिंह ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी मजबूती के साथ 6 उपचुनाव व लोकसभा चुनाव को लड़ेगी और जीत हासिल करेगी।
शिमला। चंडीगढ़ में हुई कांग्रेस कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक के बाद शिमला लौटी प्रतिभा सिंह के चुनाव न लड़ने के तल्ख तेवर नरम पड़ते नजर आ रहे हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा है कि उन्होंने हाईकमान के समक्ष अपना पक्ष रखा है, अब गेंद हाईकमान के पाले में है।
कांग्रेस चुनाव में मजबूत प्रत्याशी उतारेगी और जीत हासिल करेगी। प्रतिभा ने भाजपा के द्वारा मंडी से टिकट देने पर निशाना साधा और कहा कि इससे भाजपा कार्यकर्ता भी हैरान हैं।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक में लोकसभा चुनाव के साथ उपचुनाव में टिकट को लेकर चर्चा हुई है। हाईकमान आगे का फैसला लेगा।
उपचुनाव को लेकर हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला ने फीडबैक लिया है। कुछ नामों पर चर्चा हुई है। उपचुनाव के लिए कुछ नए नाम आए हैं। इस पर फैसला लिया गया कि डिटेल रिपोर्ट बनाकर पूरी जानकारी प्राप्त कर लें। सोच विचार करके ही प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे जाएंगे।
उनके सामने चुनाव लड़ने को लेकर कुछ समस्याएं थीं। इस बात को हाईकमान के सामने रखा गया है। मुख्यमंत्री ने भी आश्वासन दिया है कि हम मिल कर हर क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
हमने लोगों की समस्या को दूर करने का काम किया है। आपदा में लोगों को राहत के साथ ही ओपीएस लागू करने, महिलाओं को 1500, दूध के दाम बढ़ाने का काम किया है।
इन सभी चीजों को लेकर कांग्रेस चुनाव के मैदान में जाएगी। सरकार ने वादा किया है कि मिलजुल कर चुनाव लड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल को दिल्ली में हाईकमान के साथ बैठक होगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। कांग्रेस एक हफ्ते में टिकटों की घोषणा कर देगी। ऐसे लोगों को ही टिकट दिया जाएगा, जो सक्रिय हो लोगों में पहचान हो।
वहीं, कंगना रनौत के मंडी से चुनाव मैदान में उतारने को लेकर प्रतिभा ने कहा कि इससे सभी को हैरानी है। भाजपा के कार्यकर्ता भी हैरान हैं। कांग्रेस सशक्त उम्मीदवार को मैदान में उतारेगी।
शिमला। हिमाचल कांग्रेस के बागी लाहौल स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर का एनएसयूआई (NSUI) ने घेराव किया। एनएसयूआई (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने रवि ठाकुर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।
बता दें कि रवि ठाकुर शिमला रिज पर स्थित एक रेस्टोरेंट में थे। एनएसयूआई (NSUI) कार्यकर्ताओं ने रेस्टोरेंट के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद कार्यकर्ता रेस्टोरेंट में घुस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्यकर्ताओं को बाहर निकाला और स्थिति पर काबू पाया।
वहीं, कांग्रेस के बागियों को भाजपा टिकट की घोषणा होते ही भाजपा में बगावत शुरू हो गई है। लाहौल स्पीति से कांग्रेस से बीजेपी में आए रवि ठाकुर को टिकट देने से पूर्व मंत्री डॉ. राम लाल मार्कण्डेय में नाराज हो गए हैं। उन्होंने चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। यह भी कहा कि वह कांग्रेस की टिकट पर भी चुनाव लड़ सकते हैं।
शिमला। हिमाचल कांग्रेस के 6 बागी कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा, रवि ठाकुर, इंद्र दत्त लखनपाल, देवेंद्र भुट्टो और चैतन्य शर्मा भाजपा में शामिल हो गए हैं। इसके साथ ही सदस्यता से इस्तीफा दे चुके तीन निर्दलीय आशीष शर्मा, केएल ठाकुर और होशियार सिंह ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है।
शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की मौजूदगी में सभी बागी भाजपा में शामिल हुए। राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन भी मौजूद रहे।
बिंदल ने सभी 9 विधायकों का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा हिमाचल का यह बहुत महत्वपूर्ण क्षण है। 70 साल में ऐसा पहली बार हुआ है, जब सत्ताधारी दल के 9 विधायक विपक्षी दल की पार्टी में शामिल हुए। इस प्रकार का क्रम कभी भी प्रदेश में नहीं हुआ।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हम सभी विधायकों का भाजपा परिवार में स्वागत करते हैं और इनके पार्टी में आने से पार्टी को बल मिला है। कांग्रेस की सरकार में घुटन का माहौल है और इस कारण सभी विधायक कांग्रेस पार्टी में खुश नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रतिशोध की राजनीति कर रही है और यह इस कांग्रेस के पत्तन का सबसे बड़ा कारण है।
उसके उपरांत सभी नौ विधायकों का शिमला पीटरहॉफ पहुंचने पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ सभी का स्वागत किया और परिसर को भगवामय कर दिया। जय श्री राम के नारों के साथ पूरा वातावरण ऊर्जामय हो गया।
सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का कोई विजन नहीं है। कांग्रेस सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना करती है। सुधीर शर्मा ने कहा कि जब हम अपने लोगों से किए गए वादे पूरे नहीं कर पा रहे हैं तो विधायक होने का क्या मतलब है।
इसलिए राज्यसभा चुनाव में हमने हर्ष महाजन को वोट दिया जो हमारे राज्य से हैं। आज हम सब अपनी मर्जी से भाजपा में शामिल हुए हैं। जब किसी व्यक्ति के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचे और आपकी बात सुनने वाला कोई ना हो तो ऐसी जगह पर नहीं रहना चाहिए।
राजेंद्र राणा ने कहा कि जब से राज्य में कांग्रेस की सरकार बनी, उनकी सुनवाई नहीं हुई। सरकार की ओर से युवाओं को रोजगार देने सहित अन्य मुद्दों पर गौर नहीं किया गया। कांग्रेस सरकार प्रदेश के लोगों से की गई गारंटी पूरी नहीं कर रही है। हम लोगों के प्रति जवाबदेह हैं, लेकिन जब लोगों ने हमसे पूछा तो हमारे पास कोई जवाब नहीं था।
सीएम तानाशाह बन गए हैं और लोगों को अपमानित कर रहे। विधायकों की सुनने वाला कोई नहीं है। सरकार विधायकों के मुताबिक नहीं चल रही है, बल्कि सुखविंदर सुक्खू और उनके सहयोगी चला रहे हैं। हिमाचल सरकार वेंटिलेटर पर है। हम मुख्यमंत्री सुक्खू पर मानहानि का दावा करेंगे।
रवि ठाकुर ने कहा कि उन्होंने लाहौल-स्पीति की 40 साल तक बिना किसी स्वार्थ के कांग्रेस में रहकर सेवा की। कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में हमेशा निष्ठा से जुड़ा रहा, लेकिन कांग्रेस सरकार में प्रताड़ना झेलनी पड़ी, मुझे असंवैधानिक तरीके से विधानसभा से निलंबित भी किया गया।
जब-जब जनता के हक के लिए आवाज उठाई, हमेशा दबाने का प्रयास किया गया, लेकिन मैं हार नहीं मानूंगा और जनता के हक की लड़ाई के लिए आवाज़ उठाता रहूंगा।
साथ ही बहुत जल्द लाहौल-स्पीति का दौरा भी करूंगा। रवि ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के कुल बजट का 90 फीसदी हिस्सा केंद्र से आता है। यही कारण है कि मैंने अपने निर्वाचन क्षेत्र लाहौल-स्पीति को ध्यान में रखते हुए हर्ष महाजन को वोट दिया। यह दुर्भाग्यपूर्ण था विधानसभा अध्यक्ष ने हमें बिना किसी कारण के निलंबित कर दिया।
चैतन्य शर्मा ने कहा कि वह सत्ता लाभ के लिए नहीं, आम जनता की सेवा के लिए राजनीति में आए हैं। कहा कि वह युवाओं, महिलाओं की मांग को प्रमुखता से उठते रहे हैं और अपने क्षेत्र के विकास के लिए वह तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि राज्यसभा के लिए वोट करना उनका अपना मौलिक अधिकार है और अपने विवेक की आवाज सुनकर ही उन्होंने राज्यसभा के लिए वोट किया।
होशियार सिंह ने कहा कि इस वक्त हिमाचल प्रदेश के हालात बहुत खराब हैं। चाहे आर्थिक स्थिति हो या कानून व्यवस्था हो। हम निर्दलीय विधायक हैं और हमें राज्यसभा चुनाव में वोट देने का पूरा अधिकार था। पिछले 15 महीनों में विकास कार्य पूरी तरह से रुके पड़े हैं और इसलिए हमने खुद ही यह (इस्तीफा देने और भाजपा में शामिल होने का) फैसला किया है।
इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि कांग्रेस की कार्यक्षमता चरमरा गई है। ना तो हाईकमान का कोई प्रभाव है और ना ही पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए कोई सम्मान बचा है। विधानसभा क्षेत्र के हित में यह फैसला लिया।
आशीष शर्मा ने कहा कि हमने राज्य और विधानसभा क्षेत्र के हित में यह फैसला लिया है। जिस तरह से पीएम मोदी के नेतृत्व में यह देश आगे बढ़ रहा है, यह हमारा सौभाग्य है कि हमें भी यह मौका मिला है कि हम इसमें कुछ योगदान दें।
शिमला। कांग्रेस के 6 बागियों द्वारा बीजेपी का दामन थामने के बाद युवा कांग्रेस ने इसे जनता के जनादेश के साथ मजाक बताते हुए हमला बोला है।
युवा कांग्रेस ने सीटीओ चौक पर बागी 6 नेताओं और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस का कहना है कि भाजपा देश में खरीद फरोख्त की राजनीति कर रही है।
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी ने कहा कि जनता ने इन नेताओं को 5 साल के लिए चुनकर भेजा था, लेकिन इन विधायकों ने जनता के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के निशान पर चुनाव जीतने वाले विधायकों ने आज दिल्ली में बीजेपी का दामन थामा है।
उन्होंने कहा कि विधायकों पर भाजपा ने दबाव बनाकर खरीदा है। कांग्रेस पार्टी युवा कांग्रेस खरीद फरोख्त की राजनीति की निंदा करती है। बागी 6 को कांग्रेस पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता ने लड़ाई लड़कर विधायक बनाया था। यह जनादेश के साथ भद्दा मजाक है।
निगम भंडारी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता सब देख रही है। केंद्र सरकार इलेक्टोरल बॉन्ड पर चुप्पी साध कर बैठी है। कांग्रेस के खाते सीज किए गए हैं। प्रदेश की जनता आगामी लोकसभा चुनाव में सभी बातों का जरूर जवाब देगी।