शिमला। हिमाचल में शराब से जुटाए पैसे से दूध की गंगा बहेगी। जी हां शराब पर मिल्क सेस से एकत्रित पैसे को दूध गंगा योजना के तहत यूज किया जाएगा। मिल्क सेस से जनवरी तक 90 करोड़ रुपए से ज्यादा इकट्ठे हो गए हैं। यह जानकारी हिमाचल विधानसभा के बजट सत्र के दौरान उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने दी।
इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि 1 अप्रैल 2023 से 31 जनवरी 2024 तक शराब की बोतल पर मिल्क सेस से 90 करोड़ रुपए की आमदनी हुई है। यह जानकारी सोमवार को हिमाचल विधानसभा बजट सत्र के दौरान दी गई है। प्रश्नकाल में शराब की बोतल पर मिल्क सेस के मुद्दा गूंजा। श्री नैना देवी जी के विधायक रणधीर शर्मा और शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने इस बारे प्रश्न पूछा था।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शराब पर मिल्क सेस 10 रुपये प्रति बोतल लगाया है। 31 जनवरी तक करीब 90 करोड़ 77 लाख 99 हजार 232 रुपये एकत्र कर लिए गए हैं। उम्मीद है कि इस वित्त वर्ष के अंत तक यह आंकड़ा 100 करोड़ रुपये को टच कर जाएगा।
इस पैसे को मिल्क के विकास के लिए किसानों को दिया जाएगा यानी इसको गंगा योजना के तहत यूज किया जाएगा। इससे जो राजस्व प्राप्त होगा उससे चिलिंग प्लांट्स और दूसरे इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित करने में लगाया जाएगा।
किस जिला में कितना हुआ इकट्ठा
बद्दी में 7 करोड़ 28 लाख 12 हजार 043, बिलासपुर में 5 करोड़ 25 लाख 91 हजार 960 रुपए और चंबा में 5 करोड़ 33 लाख 82 हजार 839 रुपए इकट्ठे हुए हैं। हमीरपुर में 4 करोड़ 62 लाख 54 हजार 983, कांगड़ा में 16 करोड़ 52 लाख 65 हजार 533 और किन्नौर में 1 करोड़ 28 लाख 27 हजार 977 रुपए एकत्रित हुए हैं।
कुल्लू और लाहौल स्पीति में 7 करोड़ 28 लाख 15 हजार 491, मंडी में 9 करोड़ 31 लाख 33 हजार 941, नूरपुर में 3 करोड़ 76 लाख 72 हजार 112, शिमला में 13 करोड़ 79 लाख 27 हजार 822 और सिरमौर में 4 करोड़ 49 लाख 36 हजार 927 रुपए मिल्क सेस एकत्रित हुआ है। सोलन में 6 करोड़ 09 लाख 88 हजार 570 और ऊना में 5 करोड़ 71 लाख 89 हजार 034 रुपए मिल्क सेस के रूप में इकट्ठे हुए हैं।
कुल्लू। शराब के नशे में आपा खो चुके हमीरपुर के युवक ने बिहार निवासी किशोर की हत्या कर दी। दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। आरोपी ने किशोर के सिर पर पत्थर से वार कर दिया और उसकी मौके पर मौत हो गई। मामला कुल्लू जिले के निरमंड पुलिस थाना के अंतर्गत पोखुधार क्षेत्र का है।
मृतक की पहचान 17 वर्षीय प्रसन्नजीत शाह पुत्र अनिल शाह निवासी गांव भेलागां, तहसील बलिया जिला कटिहार बिहार के रूप में हुई है। आरोपी विकास शर्मा (28) पुत्र राज कुमार गांव चकमोह तहसील बड़सर जिला हमीरपुर का रहने वाला है।
बता दें कि आरोपी ने कुल्लू जिला के निरमंड क्षेत्र के पोखुधार में पानी के टैंक के निर्माण कार्य का ठेका लिया था। बिहार निवासी प्रसन्नजीत उसके पास मजदूरी का काम करता था।
बुधवार देर शाम शराब के नशे में किसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। झगड़ा बढ़ गया और आरोपी ने प्रसन्नजीत के सिर पर पत्थर से वार कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की सूचना पुलिस थाना निरमंड में दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। (कुल्लू)
जोगिंदर नगर में मंडी-पठानकोट हाईवे पर हुई थी वारदात
जोगिंदर नगर। मंडी जिला के जोगिंदर नगर में 55 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म व हत्या का मामला पुलिस ने 24 घंटे में सुलझा लिया है। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि दो नाबालिग भी वारदात को अंजाम देने में शामिल हैं।
नशे में धुत्त पांचों आरोपियों ने पहले तो महिला के साथ दुष्कर्म किया और उसके बाद दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना गुनाह कबूल भी कर लिया है। पुलिस आगामी कार्रवाई अमल में ला रही है।
आरोपी सन्नी कुमार (21 वर्ष), राकेश कुमार (31 वर्ष) निवासी जिमजिमा, जोगिंदर नगर, जिला मंडी के रहने वाले हैं वहीं शिवम (23 वर्ष) खंडोल, भवारना जिला कांगड़ा का रहने वाला है जो कि चौंतड़ा में रहता है।
दो आरोपी नाबालिग हैं। आरोपियों में से चार आपस में रिश्तेदार है तथा घटनास्थल के करीबी गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने पांचों आरोपियों को करीबी जंगल से पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार मामला 8 अक्तूबर रविवार रात का है। रात को ये पांचों आरोपी मजदूरी कर पिकअप में घर लौट रहे थे। ये सभी आरोपी चरान का काम करते हैं।
रविवार रात को ये पांचों आरोपी मजदूरी कर सरकाघाट से पिकअप में घर लौट रहे थे। मंडी-पठानकोट हाईवे पर जोगिंदर नगर के अपरोच रोड पर इन्हें यहां नशे की हालत में महिला सत्या देवी मिली।
इन सबने वहीं रेन शेल्टर में साथ बैठकर शराब पी। नशे में धुत्त होकर आरोपियों ने सत्या देवी के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। सत्या देवी ने इसका विरोध किया और चिल्लाने लगी तो इन सब ने मिलकर न सिर्फ दुष्कर्म को अंजाम दिया बल्कि महिला का दुपट्टे से गला घोंट उसे मौत के घाट उतार दिया और शव को वहीं छोड़कर भाग गए।
सोमवार सुबह रेन शेल्टर में महिला का शव लोगों ने संदिग्ध हालत में देखा तो पुलिस को सूचित किया। पुलिस अधीक्षक मंडी सौम्या सांबशिवन ने भी मौके पर पहुंच कर तमाम जानकारी जुटाई।
इस मामले में सीसीटीवी से पुलिस को अहम सुराग मिले। वारदात स्थल के समीप ही एक सीसीटीवी लगा था, जिसमें ज्यादातर वारदात कैद भी हो गई थी।
इसे पुलिस को अहम सुराग मिले और आरोपियों को फरार होने से पहले की पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान अरोपियों ने अपना गुनाह भी कबूल किया है।
वहीं पुलिस घटना में संलिप्त दो नाबालिगों को लेकर भी नियमानुसार प्रक्रिया अमल में ला रही है। पुलिस ने पांचों के खिलाफ हत्या तथा बलात्कार का मामला दर्ज किया है। आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
नाहन।हिमाचल के सिरमौर जिला की एसआईयू (SIU) नाहन की पुलिस टीम ने शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। शराब की खेप स्वराज माजदा ट्रक में ले जाई जा रही थी और एक कार उसे एस्कॉर्ट कर रही थी। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में मामले दर्ज किया गया है।
बता दें कि ट्रक में शराब ले जाई जा रही थी और एक कार ट्रक को एस्कॉर्ट कर रही थी। एसयूआई नाहन पुलिस की टीम ने राजगढ़ क्षेत्र में ट्रक और कार को पकड़ लिया।
गाड़ी नंबर HP08A-6044 स्वराज माजदा के चालक गोपाल मोकटा (40) पुत्र मंगत राम गांव खोखा डाकघर रुसला नेरवा शिमला और स्वराज माजदा ट्रक को एस्कॉर्ट कर रही कार HP35-4303 के चालक संदीप (30) पुत्र मोहन सिंह निवासी कोटागन डाकघर थरोट चौपाल शिमला और गाड़ी में सवार अन्य व्यक्ति कुलदीप कुमार उर्फ पिंकू(30) पुत्र जागर सिंह निवासी गांव लुधीयाना डाकघर अंधेरी तहसील संगड़ाह जिला सिरमौर के कब्जे से यह शराब बरामद की है।
गाड़ी में 120 पेटी शराब पकड़ी है। इसमें अंग्रेजी, देसी शराब और बियर शामिल है। इन शराब के बॉक्सों पर For Sale in Chandigarh UT Only लिखा है। पुलिस थाना राजगढ़ में मामला दर्जकर आगामी जांच शुरू कर दी है।
शिमला। नगर निगम शिमला चुनाव के बीच भाजपा समर्थित पूर्व मेयर सत्या कौंडल के बेटे की गाड़ी से चार बोतल शराब बरामदगी मामले में कांग्रेस नेता कमल धोलटा ने कहा कि उनको तो शराब मामले की जानकारी ही नहीं है। मेरा इस मामले में किसी प्रकार का कोई लेना देना नहीं है। कल रात क्या हुआ मुझे इसकी भी जानकारी नहीं थी। सत्या कौंडल मेरे लिए बड़ी बहन की तरह हैं। सुबह सोशल मीडिया पर ही सत्या कौंडल का बयान सुना।
वीडियो में रो रहीं हैं, अरे बहन हमने किया क्या। केवल हम अपनी पार्टी का प्रचार कर रके हैं। हम तो कांग्रेस पार्टी से जुड़े हैं और प्रचार भी करेंगे। सबने प्रचार करना है, इसमें कैसा लड़ाई झगड़ा। ऐसे में सत्या कौंडल को यदि हार का डर सता रहा है तो वह इस तरह के आरोप न लगाएं। मेरा कोई फोन पुलिस स्टेशन में नहीं गया। न ही मेरे पास पुलिस स्टेशन का फोन नंबर है। सत्या कौंडल मेरी बहन की तरह हैं और इस तरह के बयान से वह शॉकिंग हैं। मैंने सत्या कौंडल को फोन भी किया, पर उन्होंने उठाया नहीं।
बता दें कि पूर्व मेयर सत्या कौंडल ने मामले में कांग्रेस के नेता कमल धोलटा का नाम उछाला है और उन पर पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
गौरतलब है कि नगर निगम शिमला MC Shimla चुनाव के बीच संजौली के चलौंठी में देर रात भाजपा समर्थित पूर्व मेयर के बेटे की गाड़ी से चार बोतल शराब बरामद की है। पुलिस ने आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है। दूसरी तरफ भाजपा समर्थित पूर्व मेयर के बेटे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मारपीट करने और शराब की बोतल से भरा बैग गाड़ी में रखने के आरोप लगाए हैं। पूर्व मेयर सत्या कौंडल भी बेटे के बचाव में सामने आई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से न्याय की गुहार लगाई है।
नगर निगम शिमला चुनाव के लिए कल यानी दो मई को मतदान होना है। भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य पार्टियों ने नगर निगम पर कब्जे को लेकर पूरा जोर लगा दिया है। नगर निगम चुनाव के लिए 30 अप्रैल शाम चार बजे से प्रचार थम गया है। 2 मई तक शराब के वितरण आदि पर पूरी तरह से रोक है। इसी बीच चलौंठी में पुलिस ने पूर्व मेयर के बेटे की गाड़ी से चार बोतल शराब की बरामद की है। मामले में राजनीति भी सुर्ख हो गई है।
पूर्व मेयर के बेटे ने आरोप लगाया है कि चुनाव के लिए उनके घर रिश्तेदारों का आना-जाना जारी है। वह चचेरी बहन को छोड़ने लंबी धार जा रहा था। छोड़कर वापस आ रहा था। चलौंठी में अचानक कुछ लड़के गाड़ी के सामने आ गए और गाड़ी रुकवाई। कुछ लड़के चिल्ला रहे थे कि पूर्व मेयर की गाड़ी है। मैं घबरा गया। मैंने निकलने की कोशिश की। पर उन्होंने गाड़ी की चाबी छीनकर गाड़ी बंद कर दी और गाड़ी से बाहर निकाला। चार पांच लड़के उनसे मारपीट करने लगे। इसी बीच उन्होंने मेरी गाड़ी में बैग रख दिया। उस वक्त दो पुलिस गश्त पर आ रहे थे और उन्होंने बचाव किया। पुलिसवालों ने बचाया। ये कांग्रेस के कार्यकर्ता थे।पुलिस की मौजदूगी में भी मारपीट की। पुलिस स्टेशन ले गए। रात दो बजे तक पुलिस थाने के बाहर नारेबाजी करते रहे। उन्होंने भी शिकायत की पर उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई।
पूर्व मेयर और संजौली से प्रत्याशी सत्या कौंडल ने कहा कि बेटे को जान से मारने का प्रयास किया है। उनका बेटा भतीजी को घर छोड़ने लंबी धार गया था। जब वापस आ रहा था तो बेटे पर हमला किया। उन्होंने कहा कि गश्त पर निकले संजौली पुलिस के दो पुलिसकर्मियों का धन्यवाद करती हूं, जिन्होंने मेरे बेटे की जान बचाई। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से न्याय की गुहार लगाई है।
बल्ह। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में एक अजब मामला सामने आया है। बल्ह उपमंडल में एक व्यक्ति को शराब पिलाकर पड़ोसी ने उसका मकान अपने नाम करवा लिया। जब पड़ोसी मकान का लेंटल तोड़ने पहुंचा तो इस बात का पता लगा।
मकान मालिक की पत्नी ने इसका विरोध किया तो पड़ोसी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित महिला पुलिस के पास मदद की गुहार लगाने पहुंची। महिला ने पुलिस थाना बल्ह में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है।
मथुरा देवी पत्नी ताराचंद निवासी गांव कसारला डाकघर रती तहसील बल्ह जिला मंडी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति शराब का आदि है और नशे में धुत्त रहता है। गांव के हरीश कुमार पुत्र राम सिंह ने उसके पति को बहला-फुसलाकर मकान की रजिस्ट्री धोखाधड़ी से अपने नाम करवा ली। जब वह मकान का लेंटल तोड़ने के लिए आया तो मामले का पता लगा।
जब मथुरा देवी ने पड़ोसी को घर के अंदर आने से रोका तो उसने जबरदस्ती की साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी। मथुरा देवी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पड़ोसी हरीश कुमार के खिलाफ धारा 452, 420, 427, 506 IPC के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।