शिमला। हिमाचल में आखिरकार वही हुआ जिसकी आशंका थी। हिमाचल की राजनीति में बड़ा उलट फेर हुआ है। बहुमत के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी राज्यसभा चुनाव हार गया। भाजपा प्रत्याशी हर्ष महाजन की जीत हुई है।
दोनों ही प्रत्याशियों को मिले 34-34 यानी बराबर वोट मिले। टाई होने के बाद पर्ची डाली गई जिसमें भाजपा प्रत्याशी की जीत हुई। इस जीत से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है और भाजपा में खुशी की लहर है।
कांग्रेस के 40 विधयकों के बावजूद कांग्रेस को सिर्फ 34 वोट ही मिले यानी 6 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी राज्य सभा चुनाव हार गए हैं जिससे कांग्रेस की बड़ा झटका लगा है।
कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष का पद छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हर्ष महाजन चुनावी प्रबंधन में माहिर माने जाते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह के शिमला ग्रामीण और अर्की विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार का जिम्मा महाजन ने ही संभाला था।
शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने सरकार पर आचार संहिता उल्लंघन के आरोप जड़े हैं। रिजल्ट आने से पहले विधायक सुदर्शन कुमार बबलू की वोटिंग को लेकर विपक्ष ने खूब हंगामा किया।
इसी के साथ जयराम ठाकुर ने कांग्रेस प्रत्याशी के दिल्ली से आए इलेक्शन एजेंट पर बदसलूकी के आरोप भी लगाए हैं।
बता दें कि अस्वस्थ चल रहे सुदर्शन कुमार बबलू भी मंगलवार सुबह वोट डालने के लिए शिमला पहुंचे। उन्हें शिमला लाने के लिए सरकारी चॉपर पर होशियारपुर भेजा गया था। सुदर्शन कुमार बबलू चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक हैं।
शिमला। राजधानी शिमला के मालरोड में हुई युवक की हत्या मामले में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में घटना को लेकर बड़ा आक्रोश है।
मालरोड पर पुलिस रिर्पोटिंग रूम के सामने इस तरह की घटना होना पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल है। सरकार ने पुलिस को अपराधियों को पकड़ने के बजाय विधायकों के फोन टैपिंग के काम में लगाया है।
विधानसभा के सदस्य सुधीर शर्मा को धमकी मिली है और पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर भी बीते दिनों हमला हुआ है। देवभूमि में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।
चौपाल के विधायक बलबीर वर्मा ने भी युवक की हत्या पर पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े किए और कहा कि पुलिस नाइट पेट्रोलिंग करने के बजाय सोई हुई थी।
युवक को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी शिमला से चंडीगढ़ फरार हो गया और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। पुलिस रिपोर्टिंग रूम के बाहर युवक मदद के लिए चीखता रहा, लेकिन पुलिस की नींद वारदात के बाद ही खुली और अभी तक आरोपी को पकड़ा नहीं गया है।
बोले – बजट से निराश हिमाचल के लोग कांग्रेस को सिखाएंगे सबक
शिमला। नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि विकसित भारत अब भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री और आधुनिक भारत के नायक नरेंद्र मोदी की गारंटी है, जो उनके द्वारा दी गई बाकी गारंटियों की तरह निर्धारित समय में पूरी होगी।
इस संकल्प को हर भारतीय का सहयोग मिल रहा है। बहुत ही जल्दी भारत विकसित देशों के साथ खड़ा होगा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि यह लक्ष्य बड़ा है, कठिन है लेकिन प्रधानमंत्री के लिए वह लक्ष्य ही क्या जो दुष्कर और असाध्य न हो। देश में डीबीटी के माध्यम से 34 लाख करोड़ लोगों के खाते में बिना एक पैसे के भ्रष्टाचार के भेजना भी कठिन कार्य था।
10 करोड़ शौचालय, चार करोड़ आवास, 80 करोड़ लोगों को गरीब कल्याण अन्न, 11 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि, 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत के इलाज के दायरे में लाना भी कोई आसान काम नहीं था लेकिन यह सारे लक्ष्य प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में निर्धारित समय में हासिल हुए।
जो काम 70 साल में नहीं हुआ, उससे ज़्यादा काम दस साल के दौरान हुआ। दुनिया में भारत की साख बढ़ी हैं, चाहे वैश्विक स्तर पर हुई बड़ी घटनाओं में भारत लोगों का वापस लाने का लक्ष्य हो या क़तर में फांसी की सजा पाए भारतीयों की रिहाई। पूरी दुनिया ने प्रधानमंत्री की ताकत देखी है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि इस बार 400 पार के आंकड़े के साथ नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। बीजेपी को 370 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। हमारे लिए 370 केवल एक आंकडा नहीं बल्कि एक भावना है।
डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण रखने के लिए जम्मू–कश्मीर से धारा 370 को हटाने को लेकर अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
अब धारा 370 समाप्त होने के बाद देश भी बीजेपी को 370 से ज्यादा सीटें देकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेगी। बीजेपी हर बूथ पर 370 वोटों से ज़्यादा की बढ़त हासिल करेगी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार की अलोकप्रियता का ग्राफ़ आसमान पर पहुंच गया है। झूठी गारंटियों और वादों के बाद की रही कसर सरकार के दूसरे बजट ने निकाल दी।
सरकार का यह बजट उनकी बाक़ी बातों की तरह सिर्फ ज़ुबानी जमाखर्च निकला। विकास के लिए खर्च किए जाए वाले पूंजीगत व्यय में कटौती की गई। गरीबों के लिए कोई योजना नहीं लाई गई।
गारंटियों के मामले में इस बार भी खामोशी धारण की गई। प्रदेश का हर वर्ग आज परेशान है, सड़कों पर हैं, प्रदर्शन कर रहा है।
न सरकार नौकरी दे रही है और न रोजगार स्थापित करने में किसी प्रकार की सहायता कर रही है। ऐसे में इस बार प्रदेश की जनता कांग्रेस को हर बूथ पर हराकर बीजेपी को चार की चारों सीटों पर विजय श्री दिला रही है।
शिमला। हिमाचल में 9 फरवरी से धरने पर डटे जेओए (आईटी) (JOA IT) और विभिन्न पोस्ट कोड के अभ्यर्थियों से नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने मुलाकात की। जयराम ठाकुर ने विश्वास दिलाया कि वह सदन के अंदर उनकी मांग को पुरजोर तरीके से उठाएंगे। सरकार को जल्द पेंडिंग रिजल्ट को घोषित करने के लिए दबाव बनाएंगे।
नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार बेवजह रिजल्ट को लटकाने का काम कर रही है। सरकार से जवाब पूछा जा रहा है तो वह कुछ बता नहीं पा रहे हैं। सुक्खू सरकार ने पांच साल में पांच लाख और एक साल में एक लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन अब जो भर्तियां पेंडिंग हैं, उन्हें भी नौकरियां नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस सरकार को काम रोकने का शौक है।
धांधलियों के अलावा अन्य पोस्ट कोड के रिजल्ट भी यह सरकार नहीं निकाल पा रही है। सब कमेटी बनाने का मतलब तभी है, जब एक हफ्ते में रिजल्ट निकाला जाए। विजिलेंस की जांच सालों चलती है, ऐसे में युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। विपक्ष सदन के अंदर अभ्यर्थियों की आवाज को जोरदार तरीके से उठाएगा।
सराज छात्र कल्याण संघ के वार्षिक कार्यक्रम में की शिरकत
मंडी। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि एक साल में ही प्रदेश की कांग्रेस सरकार की दुर्दशा हो गई है। आज प्रदेश में विकास के सभी काम ठप पड़े हैं और कर्मचारियों को वेतन के लिए सड़कों पर उतरकर धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है। 14 महीने में 14 हजार करोड़ का ऋण ले लिया और अगले महीने कर्मचारियों को पगार देने के लिए इनके कोष में पैसा नहीं है।
मंडी में सराज छात्र कल्याण संघ के वार्षिक कार्यक्रम आद्यंत में बतौर मुख्यातिथि शिकरत करने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में अभी जो बजट सत्र शुरू होने जा रहा है, उसके लिए विपक्ष पूरी तरह से तैयार है और पूरी मजबूती के साथ सदन में प्रदेश सरकार के गलत निर्णयों के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कतर में फांसी की सजा पाए पूर्व नौ सैनिकों की सजा को माफ कर दिया गया। सभी पूर्व नौसैनिक भारत आ गए हैं। सभी नौसैनिकों ने कहा कि प्रधानमंत्री के निजी प्रयासों से हमारा जीवन बच पाया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि कतर द्वारा पूर्व नौसैनिकों की रिहाई दुनिया में भारत के बढ़ते-बढ़ते प्रभावों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैश्विक नेता के रूप में स्वीकार्यता का ही परिणाम है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार में दम है, इसलिए पूर्व की यूपीए सरकार के खिलाफ श्वेत पत्र जारी किया। पूर्व सरकार के समय में देश की जो बदहाली हुई थी, उसका सारा कच्चा चिट्ठा देश के समक्ष रखा है। आज देश को मोदी जी ने कुशल नेतृत्व देकर बदहाली के दौर से बाहर निकाला है।
देश विश्वगुरू बनने की राह पर अग्रसर है और विश्व मानचित्र पर देश को एक अलग पहचान मिली है। आज देश यह अनुभव कर रहा है कि मोदी जी का यह नेतृत्व इसी तरह से निरंतर मिलता रहे, ताकि देश पूरी दुनिया में एक नई ताकत बनकर उभरे।
सराज छात्र कल्याण संघ के वार्षिक कार्यक्रम में सराज क्षेत्र से संबंध रखने वाले युवाओं और युवतियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए और अपने क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति की झलक को प्रस्तुत करने का प्रयास किया। सराज की पारंपरिक फागली को उन्होंने मंच पर दिखाया।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वालों को जयराम ठाकुर ने सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में भरमौर के विधायक डॉ जनकराज, विशिष्ट अतिथि सूरजमनी, स्थानीय पार्षद सोमेश उपाध्याय, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुनीश कपूर, सराज भाजपा नेता टेक सिंह, सराज छात्र कल्याण संघ के अध्यक्ष चमन मेहता सहित अन्य गण्यमान्य उपस्थित रहे।
ऊना। जिला ऊना से भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता हरिओम भनोट का निधन हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हरिओम भनोट के निधन पर शोक जताया है।
शिमला। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की आज गायक मोहित चौहान से मुलाकात हुई। जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “हिमाचल का नाम देश विदेश में अपनी गायकी से रोशन करने वाले हमारे मित्र मोहित चौहान ने आज शिमला में मुलाक़ात की।
विद्युत बोर्ड कर्मी वेतन और पेंशन न मिलने के कारण सड़कों पर
शिमला। नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला में सुक्खू सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार के खिलाफ एक साल में ही बड़ा जन आक्रोश पैदा हो गया है।
कर्मचारियों को OPS के नाम पर सुक्खू सरकार ने ठगा जिसके चलते हज़ारों बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ़ बीते कल ही हल्ला बोला।
सरकार ने एक साल में ही 13 हज़ार करोड़ रुपए का कर्ज ले लिया है, लेकिन विकास कार्य फिर भी ठप है। भर्तियां एक साल में एक भी नहीं हुई हैं। युवा रोज़गार की सरकार से गुहार लगा रहे हैं। सरकार हर मोर्चे पर फेल हो गई है।
नेता विपक्ष जय राम ठाकुर ने कहा कि सरकार कर्ज पर कर्ज ले रही है, लेकिन कर्मचारियों को तनख्वाह नहीं मिल रही है। विद्युत बोर्ड कर्मचारी वेतन और पेंशन न मिलने के कारण आज सड़कों पर आ गए हैं। कांग्रेस कर्ज के लिए भाजपा को कोसती थी, लेकिन आज उन्होंने कर्ज लेना की सारी हदें लांघ दी है।
दो नए मंत्रियों को अन्य मंत्रियों से छीन कर विभाग दिए गए हैं जिससे तीन मंत्रियों की कार्य क्षमता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हिमाचल से भ्रष्टाचार के कारण उद्योग शिफ्ट हों रहें हैं। दुबई में उद्योगपतियों से मिलने के नाम पर मुख्यमंत्री शादियों मे शामिल हो रहे हैं और तथ्य लोगों से छुपाए जा रहे हैं।
वहीं, नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि बीते कल शिमला में निर्माण कार्य को लेकर आए सर्वोच्च न्यायलय के फैसले से शिमला वासियों को बड़ी राहत मिली है जिसका श्रेय लेने का कांग्रेस सरकार प्रयास कर रही है। जबकि भाजपा सरकार ने ही सुप्रीम कोर्ट में इसको लेकर याचिका दायर की थीं जिसका अब निर्णय आया है।
वहीं, जयराम ठाकुर ने हाई कोर्ट के सीपीएस को लेकर आए आदेशों को लेकर कहा कि हाई कोर्ट के आदेश स्पष्ट नहीं है। मामले को लटकाने का प्रयास प्रतीत हो रहा है जबकि सुप्रीम कोर्ट के सीपीएस को लेकर स्पष्ट आदेश हैं कि सीपीएस को पद पर बने रहना असंवैधानिक है।
शिमला। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कोर्ट के आदेश से भगवान श्री राम जन्मभूमि का ताला खुलने के बाद किसी बड़े कांग्रेसी नेता ने राम लला के दर्शन करने की जहमत क्यों नहीं उठाई।
पूजा-पाठ और दर्शन की अनुमति होने के बाद से कांग्रेस नेताओं की राम लला से दूरी बनाने की क्या वजह है। कांग्रेस को इन बातों का जवाब देना चाहिए। आज भगवान राम सबके हैं कहने वाले 37 साल से कहां थे। देश के लोग यह जानना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का असली चेहरा देश के सामने हैं। आज विपक्षनीत ‘इंडी गठबंधन का कोई न कोई नेता हताशा में भगवान राम अपमानजनक टिप्पणी कर रहा है लेकिन कांग्रेस समेत सभी नेता ख़ामोश बैठे हैं।
इसी से पता चलता है कि सनातन की परंपरा के ध्वजवाहक मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के प्रति कांग्रेस समेत विपक्ष की क्या भावना है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि देश का बच्चा-बच्चा जानता है कि राम मंदिर की राह में कांग्रेस ने किस-किस तरह से रोड़े अटकाने का प्रयास किया। पूरे गांधी नेहरू परिवार की विरासत ही उत्तर प्रदेश की रही है।
नेहरू-गांधी परिवार ने उत्तर प्रदेश से ही अपना प्रतिनिधित्व किया है, लेकिन कोर्ट से पूजा पाठ की अनुमति मिलने के बाद न जाने किस डर से किसी ने राम जन्मभूमि जाकर राम लला के दर्शन नहीं किए।
चाहे वह राहुल गांधी हों या प्रियंका गांधी या खुद सोनिया गांधी, कोई भी भगवान राम की चौखट तक नहीं गया। अमेठी का पिछला चुनाव हारने के पहले राहुल और सोनिया गांधी अयोध्या के आस-पास की लोकसभा क्षेत्रों से ही संसद का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि यह सभी नेता कई बार अयोध्या के आस-पास से गुजरे होंगे। प्रियंका गांधी ने तो अयोध्या रोड शो किया, हनुमान गढ़ी तक आई।
वहां से चंद कदमों की दूरी पर राम लला का स्थान था, लेकिन दो मिनट का समय भी उनसे नहीं निकाला गया। 37 साल से भगवान राम से इस तरह की दूरी बनाने के बाद अगर आज कांग्रेस के नेताओं को राम मंदिर पर बातें करने से पहले सोचना चाहिए।