इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश अमरजीत सिंह ने बताया कि पहले इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही 7 अप्रैल तक बंद की गई थी, लेकिन अब यह प्रतिबंध 30 अप्रैल तक बढ़ाया गया है।
हमीरपुर। हिमाचल के जिला हमीरपुर में युवाओं के लिए रोजगार का बढ़िया मौका है। सिरमौर जिला के कालाअंब में स्थित पायनियर एंब्रॉयडरीज कंपनी में प्रशिक्षुओं के 290 पदों और प्रशिक्षु सुपरवाइजरों के 10 पद भरने जा रही है।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा यह योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाणों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9355802045 या जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972222318 पर संपर्क किया जा सकता है।
शिमला। मिस अर्थ इंडिया-2022 वंशिका परमार ने शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की। हमीरपुर जिला के नादौन उपमंडल के धनेटा गांव से संबंध रखने वाली वंशिका ने 19 वर्ष की आयु में नवंबर, 2022 में फिलीपीन्स में आयोजित प्रतियोगिता में यह खिताब हासिल किया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वंशिका की इस उपलब्धि से अन्य लड़कियों को भी अपनी पसंद के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि प्रदेश की बेटियां विभिन्न क्षेत्रों में अपनी उपलब्धियों से हिमाचल का नाम रोशन कर रही हैं।
उन्होंने वंशिका से महिला सशक्तिकरण में प्रदेश सरकार के प्रयासों को संबल प्रदान करने तथा एकल बेटियों के कल्याण के लिए सहयोग करने का आग्रह किया।
वंशिका परमार ने प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने में अपना सहयोग प्रदान करने की भी इच्छा जताई। उन्होंने अवगत करवाया कि वह वर्ष-2023 में घाना की पर्यटन दूत रह चुकी हैं और फिलीपीन्स में भी पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के अभियान से जुड़ी रही हैं।
इस अवसर पर वंशिका परमार की माता रितु परमार तथा पिता ग्रुप कैप्टन सुशील कुमार परमार भी उपस्थित थे।
जिला हमीरपुर की 5 रेंज के लिए 3 स्थानों पर होगी परीक्षा
हमीरपुर। वन मंडल हमीरपुर के अंतर्गत वन रेंज हमीरपुर, अघार, बड़सर, बिझड़ी और नादौन में वन मित्रों की भर्ती के लिए फिजिकल टेस्ट यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा 8 फरवरी को सुबह 7 बजे से आयोजित की जाएगी।
उप अरण्यपाल राकेश कुमार ने बताया कि वन रेंज हमीरपुर और अघार की शारीरिक दक्षता परीक्षा केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर के परिसर में होगी। जबकि बड़सर एवं बिझड़ी रेंज की परीक्षा आईटीआई बणी और नादौन रेंज की परीक्षा अमतर क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित की जाएगी।
उप अरण्यपाल ने बताया कि शारीरिक दक्षता परीक्षा के समय प्रार्थी के पास अपना आधार कार्ड या सरकार द्वारा जारी कोई अन्य फोटोयुक्त पहचान पत्र और दो नवीनतम फोटो होने चाहिए।
उन्होंने सभी आवेदकों से शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए निर्धारित स्थानों पर निर्धारित समय पर पहुंचने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए संबंधित वन रेंज कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
हमीरपुर जिला के गलोड़ में मुख्यमंत्री सुक्खू ने दी जानकारी
नादौन। एकल नारी एवं विधवाओं को घर बनाने के लिए हिमाचल सरकार 1.50 लाख रुपए की सहायता प्रदान करेगी, जिसके लिए वार्षिक आय 3 लाख रुपये निर्धारित करने पर विचार किया जा रहा है। यह जानकारी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हमीरपुर जिले के नादौन विधानसभा क्षेत्र के तहत गलोड़ से ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का शुभारंभ करने उपरांत दी। कार्यक्रम के दौरान 87 शिकायतें प्राप्त हुईं। उन्होंने इन सभी शिकायतों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद से ही उनकी सोच गांव तक पहुंचने की रही है। हिमाचल के गांवों में 90 प्रतिशत आबादी बसती है तथा आने वाले बजट में गांव की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गांव की आत्मनिर्भरता से ही आत्मनिर्भर हिमाचल की परिकल्पना साकार होगी। अगले 10 वर्षों में हिमाचल को देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार से कर्ज विरासत में मिला और आज उस कर्ज को चुकाने के लिए भी कर्ज लेना पड़ रहा है। इस बड़ी चुनौती के बीच राज्य सरकार ने कर्मचारियों से किए वायदे को निभाते हुए पहली ही कैबिनेट में पुरानी पेंशन बहाल की, ताकि उन्हें बुढ़ापे में किसी पर निर्भर न रहना पड़े।
उन्होंने कहा कि एनपीएस के 9000 करोड़ रुपये केंद्र सरकार से वापस करने का अनुरोध किया गया, लेकिन केंद्र ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। शायद केंद्र सरकार को पुरानी पेंशन बहाल करना पसंद नहीं आ रहा है।
प्रभावित परिवारों को ग्रामीण क्षेत्रों में 5000 रुपये प्रति माह तथा शहरी क्षेत्रों में 10 हजार रुपये मकान किराए के साथ-साथ फ्री राशन और गैस सिलेंडर प्रदान किया है। प्रदेश सरकार ने कानून बदल कर गृह निर्माण के लिए मिलने वाले मुआवजे को डेढ़ लाख रुपये से बढ़ाकर 7 लाख रुपए किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के बीच भाजपा नेता विधानसभा सत्र बुलाने की मांग करते रहे, लेकिन तीन दिन तक चर्चा के बाद भी हिमाचल के हितों के साथ खड़े नहीं हुए। विधानसभा में हिमाचल को भुज व केदारनाथ की तर्ज पर विशेष राहत पैकेज प्रदान करने के संकल्प का भाजपा विधायकों ने समर्थन नहीं किया। उन्होंने कहा ‘मैं भाजपा सांसदों से पूछना चाहता हूं कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर विशेष राहत पैकेज की मांग क्यों नहीं की।
भाजपा हिमाचल विरोधी है। भाजपा आपदा प्रभावितों के साथ खड़ी नहीं हुई, एनपीएस का पैसा वापस दिलाने के लिए भाजपा नेता साथ नहीं दे रहे हैं और हिमाचल के हितों की लड़ाई में भी कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं। बीबीएमबी से मिलने वाली 4300 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी को भी भाजपा नेता रुकवाने में लगे हैं।“
मुख्यमंत्री ने नादौन विधानसभा क्षेत्र के तहत 3.43 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले कापड़ा पुल, 1.35 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फाहल तथा 1.10 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली फाहल-कोटलु पेयजल योजना की आधारशिला भी रखी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 250 मेधावी विद्यार्थियों को टेबलेट भी प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत बाड़ी फरनोल ने एक लाख और गोइस के पूर्व प्रधान बालक राम ने 50 हजार रुपये का चेक मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को आपदा राहत कोष में अंशदान के लिए भेंट किये।
बढ़ेरा में मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने दी जानकारी
नादौन। हमीरपुर जिला के नादौन में भी चीफ मिनिस्टर ऑफिस है। नादौन विधानसभा क्षेत्र के लोग इस ऑफिस में भी अपनी समस्याओं को लेकर लिखित में दे सकते हैं। साथ ही शिमला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू से मिलने के लिए भी ऑफिस से टाइम लिया जा सकता है। यह जानकारी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नादौन विधानसभा क्षेत्र के बढ़ेरा में जनसभा में दी।
उन्होंने कहा कि जहां नादौन एसडीएम ऑफिस में वहां हमारा एक चीफ मिनिस्टर का ऑफिस भी है। एसडीएम ऑफिस में चीफ मिनिस्टर ऑफिस का मतलब है कि अगर आपका (लोगों) कोई काम है तो इसको लेकर ऑफिस में एप्लीकेशन दी जा सकती है। आप एप्लीकेशन लिखें, उस पर अपना फोन नंबर और क्या काम है इसके बारे में लिखें।
इसके बाद वो एप्लीकेशन शिमला आती है। उस एप्लीकेशन को वह पढ़ते हैं। पढ़ने के बाद जो भी कार्रवाई करनी होती है, उस पर लिखता हूं। लोगों की समस्याओं का निपटारा करना मेरा दायित्व है। मैं आपका विधायक हूं, मुख्यमंत्री बाहर वालों के लिए हूं। स्टाफ के लोग भी यहां आते रहते हैं, उन्हें भी काम के बारे बताया जा सकता है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि अगर किसी ने शिमला उनसे मिलने के लिए आना हो तो शुक्रवार के दिन आएं। शुक्रवार लोगों से मिलने का दिन होता है, लेकिन आने से पहले नादौन स्थित चीफ मिनिस्टर ऑफिस से मिलने का टाइम जरूर ले लें। टाइम लेने के बाद ही मिलने आना है। नहीं तो शिमला आकर ऐसा होता है कि मुलाकात नहीं होती है। सिक्योरिटी बहुत होती और आपको दरवाजे के बाहर खड़े रहना पड़ता है। इसलिए टाइम लेकर ही आएं।
नादौन की जलाड़ी पंचायत के जजौली में हुआ अंतिम संस्कार
हमीरपुर। हिमाचल के हमीरपुर जिला के आइटीबीपी जवान दीपेश परमार पंचतत्व में विलीन हो गए। नादौन उपमंडल की जलाड़ी पंचायत के जजौली गांव में दीपेश परमार का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया। सैकड़ों लोगों ने जवान को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। दीपेश की पार्थिव देह को उनके छोटे भाई आदर्श परमार ने मुखाग्नि दी।
मंगलवार देर शाम को दीपेश की पार्थिव देह सेना की एक टुकड़ी ने उनके पैतृक गांव पहुंचाई था। पार्थिव देह पहुंचते ही घर में चीख-पुकार मच गई। डेढ़ महीने पहले ही दीपेश की शादी हुई थी।
दुल्हन के हाथों की मेहंदी का रंग अभी उतरा ही था कि उसका सुहाग उजड़ गया। दीपेश की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां भी बेटे की पार्थिव देह को देख बिलख-बिलख कर रोने लगी।
दीपेश परमार तीन साल पहले आईटीबीपी में भर्ती हुए थे। दीपेश के पिता भी पूर्व सैनिक हैं। दीपेश अरुणाचल प्रदेश में तैनात थे और 7 जनवरी को ड्यूटी के दौरान दीपेश एक वाहन की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गए। घायल अवस्था में ही उन्हें सेना के अस्पताल ले जाया गया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जोनल अस्पताल तेजू में ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान ही दीपेश की मौत हो गई।
मां-बाप ने बड़े अरमानों से अपने फौजी बेटे की धूमधाम से 22 नवंबर, 2023 को शादी की थी। शादी के बाद करीब एक माह तक दीपेश घर पर रहे, लेकिन 29 दिसंबर को छुट्टी खत्म होने के बाद ही ड्यूटी पर अरुणाचल प्रदेश लौटे थे। घर से ड्यूटी पर लौटने के 8 ही दिन बाद दीपेश परमार की मौत की खबर मिली।
दीपेश के निधन पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री सहित अन्य नेताओं ने गहरा शोक प्रकट किया है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने पीड़ित परिवार के घर जा कर दीपेश के परिजनों को ढांढस बंधाया और शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार परिवार के साथ है।
सीएम सुक्खू और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने जताया शोक
हमीरपुर। हिमाचल के हमीरपुर जिला के आईटीबीपी जवान की अरुणाचल प्रदेश में सड़क हादसे में जान चली गई है। जवान की 22 नवंबर को शादी हुई थी और 29 दिसंबर को ही छुट्टी काटकर ड्यूटी पर लौटा था। पर भाग्य को कुछ और ही मंजूर था। हाथों की मेहंदी उतरने से पहले ही जवान वीरगति को प्राप्त हो गया।
बता दें कि नादौन विधानसभा क्षेत्र की जलाड़ी पंचायत के गांव जजोली के दीपेश परमार पुत्र सुरजीत कुमार तीन साल पहले आईटीबीपी में भर्ती हुए थे। उनकी तैनाती अरुणाचल प्रदेश में थी। शादी के लिए दीपेश नवंबर माह में छुट्टी पर आया था। 22 नवंबर को दीपेश परमार की शादी थी। शादी के बाद 29 दिसंबर को ड्यूटी पर लौटा और ड्यूटी ज्वाइन कर फिर देश सेवा में जुट गया।
7 जनवरी के दिन दीपेश परमार के परमार की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया। ड्यूटी के दौरान दीपेश एक वाहन की चपेट में आ गया और बुरी तरह घायल हो गया। दीपेश परमार को सेना अस्पताल से जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जोनल अस्पताल तेजू रेफर कर दिया। पर उपचार के दौरान दीपेश की मृत्यु हो गई।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ठाकुर और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने आईटीबीपी में तैनात जिला हमीरपुर के जजोली गांव के वीर सपूत दीपेश परमार के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि समस्त प्रदेशवासियों को प्रदेश के इस वीर सपूत पर गर्व है।
दीपेश परमार की वीरता एवं शौर्य गाथा युगों-युगों तक सभी को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की चिरशांति और अत्यंत दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार को हौसला प्रदान करने की प्रार्थना की है।
हमीरपुर। जिला हमीरपुर में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बढ़िया खबर है। बद्दी की प्रसिद्ध कंपनी ईस्टमैन ऑटो एंड पावर लिमिटेड एसोसिएट्स और ट्रेनी के कुल 60 पदों पर भर्ती करने जा रही है।
आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष तक होनी चाहिए तथा उसका नाम रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना चाहिए। साक्षात्कार में चयनित युवाओं को 16 हजार रुपये मासिक वेतन और अन्य सुविधाएं मिलेंगी।
जिला रोजगार अधिकारी हमीरपुर ने बताया कि कोई भी युवा जो उपरोक्त योग्यता रखता है तथा उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह हिमाचली स्थायी प्रमाण पत्र तथा अपने अन्य सभी प्रमाण पत्रों की मूल प्रतियों के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9736240096 या जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972222318 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला रोजगार अधिकारी ने पात्र युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
नादौन। हमीरपुर जिला के नादौन के कोहला में एक सड़क हादसा हुआ है। हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई है। यह सड़क हादसा युवक के घर से 200 मीटर की दूरी पर हुआ है। मृतक की पहचान नीरज कुमार निवासी कोहला के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार नीरज कुमार मंगलवार रात रिश्तेदार को छोड़ने घर जा रहा था। इस दौरान उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में नीरज की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना के बाद नादौन थाना से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा गया है। एसपी हमीरपुर डॉ. आकृति शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नादौन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।