सर्कुलर में लिखा गया है कि सचिवालय के सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को सलाह दी जाती है कि वे इस संबंध में अत्यधिक सावधानी बरतें। यदि भविष्य में सरकार द्वारा निर्णय लेने की प्रक्रिया के दौरान कोई अधिकारी/कर्मचारी सूचना लीक करने आदि में संलिप्त पाया जाता है, तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गुरु गोविन्द सिंह के प्रकाश उत्सव पर गुरुद्वारा साहिब में नवाया शीश
शिमला। सिखों के 10वें गुरु गोबिंद सिंह का 356वां प्रकाश उत्सव आज धूमधाम से मनाया जा रहा हैं। प्रकाश पर्व के अवसर पर श्री गुरुद्वारा साहिब बस स्टैंड शिमला में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी गुरुद्वारा साहिब में शीश नवाया। मुख्यमंत्री को श्री गुरुद्वारा सिंह सभा प्रबंधक समिति द्वारा ‘सिरोपा’ भेंट किया गया।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सिख समुदाय के लोगों को गुरु पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन गुरु गोबिंद सिंह के बलिदान को याद कर उनके बताये हुए मार्ग पर चलने का दिन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह एक महान संत, योद्धा, कवि और दार्शनिक थे, जिन्होंने न केवल खालसा पंथ की स्थापना की बल्कि मानवता के लिए भी अतुलनीय योगदान दिया।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह ने मुगल अत्याचार के खिलाफ बहादुरी से लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि जब वह नौ वर्ष के थे, तब उन्होंने अपने पिता गुरु तेग बहादुर को कश्मीरी पंडितों को मुगलों के अत्याचार से बचाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी धार्मिक स्थलों में बिजली के मीटरों पर व्यवसायिक दरों के स्थान पर घरेलू दरों पर शुल्क लेने की मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी क्योंकि ये धार्मिक संस्थाएं मानवता की सेवा कर रही हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अपनी ऐच्छिक निधि से लंगर सेवा के लिए 11,000 रुपये देने की घोषणा की।
इस अवसर पर उन्होंने श्री गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी शिमला की ओर से मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया। श्री गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जसविंदर सिंह ने मुख्यमंत्री को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, श्री गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी शिमला के महासचिव सेवा सिंह, विधायक अनिरुद्ध सिंह और हरीश जनारथा, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
शिमला। साईं इटर्नल फाउंडेशन, न्यू शिमला के सदस्यों ने आज यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 21 लाख रुपये का चेक भेंट किया। मुख्यमंत्री ने इस पुनीत कार्य के लिए साईं इटर्नल फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योगदान संकट की घड़ी में जरूरतमंदों की मदद में सहायक सिद्ध होगा।
शिमला। कोविड-19 से ठीक होने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला लौट आए हैं। शिमला पहुंचते ही सुक्खू सीधा सचिवालय पहुंचे, जहां मीडिया से रूबरू सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि बिना बजट प्रावधान और एक चपरासी के सहारे पिछली भाजपा ने संस्थान खोल दिए, उनको डिनोटिफाई किया जा रहा है। पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश में मतदाताओं को लुभाने के एकमात्र उद्देश्य के साथ 590 से अधिक संस्थान खोले थे।
इन सभी 590 संस्थानों को क्रियाशील बनाने के लिए लगभग 3000 करोड़ रुपये के बजट प्रावधान की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह आश्चर्य की बात है कि राज्य 75 हजार करोड़ रुपये से अधिक के भारी वित्तीय कर्ज तले दबा हुआ है और डबल इंजन की सरकार होने का दावा करने वाली भाजपा सरकार को अपने कार्यकाल के दौरान केंद्र सरकार से एक पैसे की भी सहायता नहीं मिली।
भाजपा मामले में कोर्ट में जाने की धमकी दे रही है। भाजपा यदि कोर्ट जाना चाहती है तो जल्द जाए। जब वह कोर्ट जाएंगे तो उसका माकूल जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जेओए (आईटी) पेपर लीक मामले में गिरफ्तारी से प्रतीत होता है कि प्रदेश में परीक्षा घोटाला पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल से चला आ रहा है।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि जब भी ऐसी परीक्षाएं हों तो सतर्क रहें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जल्द ही कैबिनेट विस्तार और विधानसभा का शीतकालीन सत्र आयोजित किया जाएगा। हिमाचल में कोई ऑपरेशन लोट्स नहीं होगा, क्योंकि मैं तो कोविड-19 के चलते 7 दिन तक दिल्ली में था। विधायक शिमला में ही घूम रहे थे।
भाजपा के ऑपरेशन लोट्स के सपने कभी पूरे नहीं होंगे। फैक्ट्री बंद होने को लेकर उन्होंने कहा कि लोगों को सस्ता सीमेंट मिलेगा। बाकी जो विवाद है वह सीमेंट फैक्ट्री और ट्रक ऑपरेटरों के बीच है, उसको सुलझाने के प्रयास जारी है।
शिमला। हिमाचल में मिशन डि-नोटिफाई के हल्ले के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 25 दिसंबर को शिमला लौटेंगे। राजधानी शिमला लौटने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी एसोसिएशन के साथ 28 दिसंबर को एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में कर्मचारियों के साथ ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) की बहाली को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा है कि सरकार OPS की बहाली को लेकर प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री शिमला लौटते ही कर्मचारी संघ के साथ बैठक करेंगे। उन्होंने कहा कि उसके बाद जल्द से शीतकालीन सत्र होगा, जिसके बाद कैबिनेट का गठन कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बने प्रदेश में अभी कुछ ही दिन हुए हैं, ऐसे में जनता को उन्हें वादे पूरे करने के लिए कुछ दिन देने चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले जो गारंटी दी है, उन्हें हर हाल में पूरा किया जाएगा। जनता को किसी तरह की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
नरेश चौहान ने सरकार की ओर से डि-नोटिफाई किए जा रहे कार्यालयों को लेकर कहा कि पूर्व सरकार ने बिना बजट के चुनावी फायदा लेने के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विपक्ष में रहते हुए भी तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को चेताया था, लेकिन उन्होंने चुनावी फायदा लेने के लिए इस तरह की घोषणाएं कीं।
नरेश चौहान ने बीजेपी के बदले की भावना से की जा रही कार्रवाई के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि सरकार रिव्यू करेगी, जहां जनता की मांग व आवश्यकता होगी वहां ये कार्यालय खोले जाएंगे। वहीं, उन्होंने कहा कि क्रिसमस व नए साल के लिए पर्यटकों का हिमाचल प्रदेश में स्वागत है। वह हिमाचल आए खूब एन्जॉय करें, लेकिन मुख्यमंत्री ने स्पष्ट दिशा निर्देश दिए हैं कि प्रशासन कोविड-19 का पालन करवाना सुनिश्चित करवाए।
बता दें कि कोरोना पॉजिटिव आने के चलते मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू नई दिल्ली में है। दिल्ली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने से पहले प्रोटोकॉल के तहत करवाए कोरोना टेस्ट में वह पॉजिटिव पाए गए थे। उनका 24 दिसंबर तक क्वारंटाइन पीरियड है।
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और कांग्रेस स्टीयरिंग कमेटी के सदस्य अजय माकन से भेंट की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी।
अजय माकन ने मुख्यमंत्री को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर अर्की के विधायक संजय अवस्थी, भोरंज के विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, भारतीय युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 19 दिसंबर यानी कल दिल्ली से शिमला लौटेंगे। जारी टुअर प्रोग्राम के अनुसार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सोमवार 19 दिसंबर को दोपहर दो बजे नई दिल्ली एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर में रवाना होंगे। करीब 3 बजकर 30 मिनट पर उनका शिमला पहुंचने का प्रोग्राम है।
सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने जहां राजस्थान में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, हिमाचल कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और विधायकों के साथ भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लिया तो दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात भी की। मुख्यमंत्री बनने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू का यह पहला दिल्ली दौरा था।
बता दें कि हिमाचल विधानसभा का शीतकालीन सत्र धर्मशाला तपोवन में 22 दिसंबर से शुरू हो रहा है। सत्र 24 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी और विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। साथ ही राज्यपाल का अभिभाषण भी होगा। इस बार बिना मंत्रियों के सत्र होगा। क्योंकि अभी तक कैबिनेट का विस्तार नहीं किया गया है।
इससे पहले मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने पहले दौरे पर 21 दिसंबर को धर्मशाला आएंगे। धर्मशाला में मुख्यमंत्री के भव्य स्वागत के साथ ही जोरावर स्टेडियम में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा
शाहपुर के कांग्रेस विधायक व प्रदेश महासचिव केवल सिंह पठानिया अभिनंदन समारोह के समन्वयक बनाए गए हैं। जोरावर स्टेडियम में शानदार अभिनंदन समारोह का आयोजन कर सुखविंदर सिंह सुक्खू का जोरदार स्वागत किया जाएगा।
इस समारोह में जिलेभर से कार्यकर्ता और आम लोग मुख्यमंत्री का अभिनंदन करने, अपनी खुशी जताने और पूरी मजबूती से साथ चलने का संकल्प लेकर बहुत बड़ी संख्या में पधारेंगे।
सुक्खू ने फोन पर जाना सभी कार्यकर्ताओं का कुशलक्षेम
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार शाम राजस्थान के जिला दौसा में भारत जोड़ो यात्रा से वापस आते समय हिमाचल प्रदेश के जिला लाहौल स्पीति के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के वाहन की दुर्घटना की जानकारी मिलते ही राजस्थान सरकार से संपर्क कर सभी घायल व्यक्तियों को शीघ्र उचित उपचार एवं सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। उन्होंने राजस्थान सरकार के संबंधित मंत्री से घायलों को समुचित एवं त्वरित उपचार सुनिश्चित करवाने का भी आग्रह किया।
उन्होंने दुर्घटना की जानकारी मिलते ही लाहौल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर से दूरभाष के माध्यम से सभी कार्यकर्ताओं का कुशलक्षेम जाना और सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। विधायक रवि ठाकुर ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि सभी कार्यकर्ता ठीक हैं।
गौरतलब है कि गत सायं राजस्थान के जिला दौसा में भारत जोड़ो यात्रा से वापस आते समय हिमाचल प्रदेश के जिला लाहौल स्पीति के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक छोटा वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस दुर्घटना में राजस्थान के तीन व्यक्तियों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया और ईश्वर से मृतकों की आत्मिक शांति और इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की।
भ्रष्टाचार रोकने को जीरो टॉलरेंस की नीति पर होगा काम
शिमला। हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश सचिवालय में पदभार ग्रहण कर लिया है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू 11 बजे सचिवालय पहुंचे। सीएम के सचिवालय पहुंचने पर महिला पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
पदभार संभालने के बाद सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि एक गरीब परिवार का व्यक्ति भी मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालेगा, यह उन्होंने कभी सोचा नहीं था। उन्होंने मुख्यमंत्री पद तक पहुंचाने के लिए प्रदेश की जनता का आभार जताया। सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करेगी। इसके लिए जल्द ट्रांसपेरेंसी एक्ट लाया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के अनुभवों से सीख कर सरकार को आगे चलाएंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री विद्या स्टोक्स, कौल सिंह ठाकुर, विप्लव ठाकुर, कुलदीप कुमार जैसे सभी वरिष्ठ नेताओं से मिलकर आगे की रणनीति तैयार करेंगे। उन्होंने कहा कि जल्द बैठक कर मंत्रिमंडल का गठन कर लिया जाएगा।
कैबिनेट का गठन तो हाईकमान करता है। हाईकमान के दिशा निर्देश के बाद मंत्रिमंडल का गठन कर लिया जाएगा। सभी लोगों को आगे लाया जाएगा। युवा भी और सभी वर्ग के लोगों को आगे लाया जाएगा। हम सत्ता नहीं व्यवस्था परिवर्तन के लिए आए हैं। कांग्रेस पार्टी ने जो भी वादे जनता से किए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा।