धर्मशाला। हिमाचल की 14वीं विधानसभा के पहले शीतकालीन सत्र की कार्यवाही शुरू हो गई है। हिमाचल के इतिहास में पहली बार बिना कैबिनेट के विधानसभा सत्र हो रहा है वहीं सदन में उप मुख्यमंत्री भी पहली बार बैठे हैं। धर्मशाला के तपोवन में सदन की कार्यवाही राष्ट्रगान के साथ शुरू हुई।
सुक्खू सरकार का यह पहला सत्र है। प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार सभी विधायकों को बारी-बारी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिला रहे हैं। सबसे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शपथ ली। दूसरे नंबर पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और तीसरे नंबर पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शपथ ग्रहण की।
बता दें कि 6 जनवरी तक चलने वाले इस सत्र में कुल 3 सीटिंग होंगी। सत्र के दूसरे दिन यानी कल विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) का चुनाव होगा। स्पीकर चुनने की प्रक्रिया प्रोटेम स्पीकर की अगुवाई में पूरी की जाएगी।
स्पीकर के चयन के बाद राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ ऑर्लेकर का अभिभाषण होगा। इस पर विधायक चर्चा करेंगे। सत्र के तीसरे व अंतिम दिन अभिभाषण पर चर्चा होगी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू जवाब देंगे।
शपथ से पहले ही सदन में माहौल गरमा गया था। विपक्ष ने बदले की भावना और ओपीएस के वादे पर भारी हंगामा किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि इस तरह पूर्व सरकार के फैसले निरस्त करना ठीक नहीं है।
प्रोटेम स्पीकर चौधरी चंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई मीटिंग
धर्मशाला।हिमाचल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 जनवरी से शुरू होगा। धर्मशाला में 4 जनवरी से प्रस्तावित विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तैयारियों की समीक्षा को लेकर आज शनिवार को उपायुक्त कार्यालय धर्मशाला में प्रोटेम स्पीकर चौधरी चंद्र कुमार की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया।
इस दौरान धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के नव निर्वाचित विधायक सुधीर शर्मा और शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के नव निर्वाचित विधायक केवल सिंह पठानिया भी मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रोटेम स्पीकर चौधरी चंद्र कुमार ने सभी विभागों के अधिकारियों से विधानसभा के शीतकालीन सत्र के सफल संचालन हेतु सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
चौधरी द्र कुमार द्वारा बैठक में विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के इंतजामों और विधानसभा सदस्यों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के ठहरने, यातायात प्रबंधन, पेयजल एवं बिजली आपूर्ति, खानपान, स्वास्थ्य और सफाई व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा की गई। चन्द्र कुमार ने जिला प्रशासन को विधानसभा सदस्यों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के ठहरने के निर्धारित स्थानों की सूचना समय से देने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही रहने की जगहों में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर ने सत्र के दौरान कानून व्यवस्था के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए समुचित प्रबन्ध करने को कहा। उन्होंने इस दौरान लोक निर्माण विभाग, जलशक्ति विभाग, पर्यटन, स्वास्थ्य, सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग, अग्निश्मन एवं जिला सूचना सहित अन्य विभागों से जुड़े तमाम प्रबंधों की भी समीक्षा की। बैठक में सम्बंधित अधिकारियों को अपने विभागों से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए।
कोविड प्रोटोकॉल का होगा पालन
चौधरी चंद्र कुमार ने स्वास्थ्य विभाग से विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान कोविड प्रोटोकॉल की अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विधानसभा परिसर में सत्र के दौरान मास्क, सैनिटाइजर और थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में कोविड की टेस्टिंग की व्यवस्था के साथ उसके लक्षण होने पर एक अलग आईसोलेशन रूम की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने विधान सत्र के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग को विधानसभा परिसर, जोनल अस्पताल धर्मशाला और टांडा मेडिकल कालेज में उचित इंतजाम रखने के लिए कहा।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के होंगे पुख्ता इंतजाम
विधानसभा सत्र के दौरान उन्होंने पुलिस विभाग को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान यातायात की व्यवस्था इस तरह हो जिससे आम जनमानस को किसी प्रकार की कोई दिक्कत का सामना ना करना पड़े।
बता दें कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के बेहतर संचालन के लिए क्षेत्र में उपयुक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही यातायात की दृष्टि से धर्मशाला को सात सेक्टर में बांटा गया है, जिससे लोगों और पर्यटकों को भी इस दौरान कहीं जाने में असुविधा न हो।
4 से 6 जनवरी होगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र
धर्मशाला में होने वाला विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 जनवरी से 6 जनवरी तक होना निर्धारित हुआ है। इसमें 4 जनवरी 2023 को सदस्यों द्वारा शपथ ग्रहण, प्रतिज्ञान तथा अन्य शासकीय और विधायी कार्य रहेंगे। 5 जनवरी को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष का चुनाव और राज्यपाल का अभिभाषण रहेगा। वहीं अंतिम दिन 6 जनवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव, चर्चा तथा अन्य शासकीय व विधयी कार्य अमल में लाए जाएंगे।
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान विधानसभा में मुख्यमंत्री व अन्य प्रतिनिधियों से मिलने आने वाले लोगों की सुविधा के लिए जोरावर स्टेडियम से विधानसभा परिसर तक निशुल्क यातायात व्यवस्था रहेगी। इसके लिए प्रोटेम स्पीकर द्वारा परिवहन विभाग को दो इलेक्ट्रिकल वैन चलाने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल, पुलिस अधीक्षक खुशहाल शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त गंधर्वा राठौड़, ओम कांत ठाकुर, सहायक आयुक्त सुभाष गौतम सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
शिमला। हिमाचल विधानसभा का शीतकालीन सत्र बुधवार 4 जनवरी से शुरू होगा। इस बारे आज राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने अधिसूचना जारी कर दी है।
शीतकालीन सत्र तपोवन धर्मशाला में आयोजित किया जाएगा। 14वीं विधानसभा का प्रथम सत्र 4 जनवरी को सुबह 11 बजे शुरू होगा। शीतकालीन सत्र तीन दिन का होगा और 6 जनवरी तक चलेगा।
4 जनवरी को 14वीं विधानसभा के सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। 5 जनवरी को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। इसके बाद राज्यपाल का अभिभाषण होगा।
इसके अलावा शासकीय/विधायी कार्य और शोकोद्गार यदि कोई हो तो होगा। 6 जनवरी को सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। शासकीय/विधायी कार्य होंगे। इसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का प्रस्तुतीकरण, चर्चा और पारण होगा।
बता दें कि हिमाचल विधानसभा का शीतकालीन सत्र पहले 22 दिसंबर से धर्मशाला तपोवन में आयोजित करवाने के आदेश जारी हुए थे। राज्यपाल ने 15 दिसंबर को अधिसूचना जारी की थी।
सत्र 24 दिसंबर तक चलना था। पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कोरोना संक्रमित होने के चलते सरकार ने सत्र को टालने का फैसला लिया था। राज्यपाल ने पुराने आदेशों को रद्द कर दिया था। अब नए आदेश जारी करते हुए सत्र 4 जनवरी से बुलाया गया है।
बता दें कि हिमाचल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 22 दिसंबर से धर्मशाला तपोवन में आयोजित करवाने के आदेश जारी हुए थे। राज्यपाल ने 15 दिसंबर को अधिसूचना जारी की थी। सत्र 24 दिसंबर तक चलना था। सत्र में 14वीं विधानसभा के सदस्यों को शपथ दिलाई जानी थी।
साथ ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव भी होना था। पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कोरोना संक्रमित होने के चलते सरकार ने सत्र को टालने का फैसला लिया है। आज राज्यपाल ने पुराने आदेशों को रद्द कर दिया है। अब शीतकालीन सत्र को आयोजित करने की नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
शिमला। हिमाचल में सरकार और संगठन को पूरे तालमेल के साथ कार्य करने की जरूरत है। यह बात राहुल गांधी ने कही है। यह जानकारी हिमाचल के शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने मीडिया से बातचीत में दी।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में हिमाचल में राजनीतिक मुद्दे पर राहुल गांधी से अनौपचारिक बातचीत हुई है। उन्होंने दिशा निर्देश दिए हैं कि सरकार और संगठन को पूरे तालमेल के साथ काम करने की जरूरत है। क्योंकि 2024 में लोकसभा चुनाव भी आ रहे हैं। 2024 से महासंग्राम के लिए हमें तैयार रहना होगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले जो 10 गारंटियां दी हैं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। हर एक गारंटी पूरी की जाएगी। पुरानी पेंशन बहाली इसमें प्रमुख है। साथ ही महिलाओं को 1500 रुपए देने, 680 करोड़ के पैकेज और युवाओं को रोजगार के वादे को भी पूरा किया जाएगा। जब कैबिनेट का गठन हो जाएगा और सरकार पूरे तरीके से काम करना शुरू कर देगी तो इस दिशा में आगे बढ़ेंगे। धर्मशाला में आभार रैली का आयोजन होगा और इसके बाद शीतकालीन सत्र शुरू होगा। शीतकालीन सत्र में विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कोरोना पॉजिटिव आने के चलते इनमें कुछ विलंब हुआ है।
उन्होंने कहा कि शिमला जिला में आठ में 7 सीटें कांग्रेस ने जीती हैं। शिमला के लोगों ने कांग्रेस पार्टी पर पूरी विश्वास जताया है, इसके लिए शिमला के लोगों का आभार। शिमला में बागवानों, कर्मचारियों, व्यापारियों के मुद्दों को मिलकर हल करेंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहकर भी जिम्मेदारी विपक्ष की भूमिका निभाई है। आने वाले समय में प्रदेश की आमदनी बढ़ाने को लेकर ठोस कदम उठाए जाएंगे।
कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू
शिमला। हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू नई दिल्ली में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वह तीन दिन के लिए नई दिल्ली हिमाचल सदन में तीन दिन क्वारंटाइन रहेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात से पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का टेस्ट करवाया गया था। सीएम के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने बताया कि सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के कोरोना संक्रमित होने पर सारे कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। 21 दिसंबर को धर्मशाला में होने वाली आभार रैली और विधानसभा का शीतकालीन सत्र भी स्थगित होगा। शीतकालीन सत्र का शेड्यूल दोबारा तय होगा।
बता दें कि हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली दौरे पर हैं। आज उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात थी। प्रोटोकॉल के तहत उनका मुलाकात से पहले सुखविंदर सिंह का कोरोना टेस्ट करवाया गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। सुखविंदर सिंह सुक्खू नई दिल्ली हिमाचल भवन में तीन दिन के लिए क्वारंटाइन रहेंगे।
सुखविंदर सिंह सुक्खू का दिल्ली दौरे से आज शिमला लौटने का कार्यक्रम था। पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर दोपहर करीब दो बजे नई दिल्ली से शिमला जाना था। पर इससे पहले की वह कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। 21 दिसंबर तक क्वारंटाइन में रहेंगे। 21 दिसंबर को धर्मशाला में आभार रैली थी और 22 दिसंबर को शीतकालीन सत्र था। आभार रैली को स्थगित कर दिया गया है। वहीं, शीतकालीन सत्र भी स्थगित होगा।
उन्होंने कहा कि प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार की शपथ आज शाम 5:30 बजे निर्धारित समय पर ही होगी।
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तारीख तय हो गई है। प्रदेश की नई सरकार का पहला विधानसभा सत्र 22 दिसंबर से शुरू होगा और यह 24 दिसंबर तक चलेगा। विधानसभा सचिवालय ने अधिसूचना जारी की है। सत्र सुबह 11 बजे शुरू होगा।
22 दिसंबर को पहले दिन सदन प्रोटेम स्पीकर सदस्यों को शपथ दिलवाएंगे। 23 दिसंबर को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। इसके बाद राज्यपाल का अभिभाषण होगा। 24 दिसंबर को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी।
ऐसा कहा जा रहा है कि हिमाचल में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बाद ही मंत्रिमंडल का गठन होगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ सभी विधायकों की कल दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात हुई। इस दौरान मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा हुई है। इसमें तय हुआ कि सत्र के बाद ही मंत्रियों की शपथ करवाई जाए।
अभी तक सिर्फ सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की शपथ हुई है। अभी 8 कैबिनेट मंत्री और बनाए जा सकते हैं। ऐसे में मुमकिन है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने दिल्ली दौरे के दौरान सीधा धर्मशाला जाएं। 3 बैठकों के इस सत्र में प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार नए चुने हुए विधायकों को शपथ दिलाएंगे, वहीं उनको शपथ राज्यपाल 19 दिसंबर को दिलाएंगे।