काजा। लाहौल-स्पीति जिला में शुक्रवार सुबह से ही मौसम खराब है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है जिसके कारण लाहौल-स्पीति जिला में कई मार्ग बंद हो गए हैं। इन्ही मार्गों की जानकारी हम आपके लिए लाए हैं।
मनाली-सरचू NH-03 दारचा से सरचु और कोकसर से रोहतांग टॉप तक वाहनों की आवाजाही के लिए बर्फबारी के कारण बंद है।
बता दें कि 16 सितंबर 2023 से मौसमी पुलिस जांच चौकी सरचु से हटा दी गई है। पुलिस जांच चौकी दारचा में स्थित है। यात्रियों से आग्रह है कि दारचा से आगे ध्यानपूर्वक यात्रा करें।
समदो-काजा-ग्राम्फू NH-505 की बात करें तो ग्राम्फू से छतरू सड़क सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बर्फबारी के कारण बंद है।
हालांकि दारचा-शिंकुला सड़क और संसारी-किलाड़-तिंदी-तांदी सड़क सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल है। लाहौल-स्पीति जिला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अनावश्यक तौर पर यात्रा न करें।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। शुक्रवार सुबह से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। लाहौल-स्पीति, मनाली, रोहतांग सहित अटल टनल में बर्फबारी हो रही है।
शिमला में भी हल्की बारिश हुई है और कहीं-कहीं धुंध भी छाई हुई है, वहीं कांगड़ा जिला सहित निचले इलाकों में सुबह से बारिश हो रही है। ताजा बर्फबारी और बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
बर्फबारी के कारण मनाली-लेह मार्ग के साथ ग्रांफू काजा और शिंकुला दर्रा भी यातायात के लिए बंद हो गया है।
मौसम को देखते हुए लेह प्रशासन ने वीरवार को ही मनाली आने वाले सभी वाहनों को उपसी में रोक दिया था जबकि आज मनाली से लेह जाने वाले वाहनों को लाहौल घाटी के दारचा में रोक दिया है। यानी दर्रों में वाहनों की आवाजाही अब मौसम पर निर्भर हो गई है।
लाहौल-स्पीति जिला के कोकसर, सिस्सू, गोंदला, पट्टन घाटी में दो से चार इंच और रोहतांग टनल, कुंजुम पास, बारालाचा में छः इंच ताजा हिमपात हुआ है।
अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल में भी बर्फबारी का दौर शुरू है। अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल व साउथ पोर्टल में हिमपात होने से टनल की तरफ वाहनों की आवाजाही फिलहाल रोक दी है।
लाहौल-स्पीति सहित कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हो रही है। मनाली से लाहौल के लिए फोर व्हील ड्राइव वाहनों की आवाजाही सुचारू है लेकिन लेह मार्ग अभी बंद है। रोहतांग की ओर जाने वाले वाहनों को गुलाबा तक ही भेजा जा रहा है।
बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि सभी दर्रों में बिछी बर्फ की परत से मनाली के पर्यटन कारोबार को गति मिलेगी। हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 10 नवंबर के बाद मौसम के साफ रहने का अनुमान है।
ताजा बर्फबारी के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। शिमला में भी हल्की बूंदाबांदी हुई है। ऊना में अधिकतम तापमान 29.0, कांगड़ा में 27.6, भुंतर में 26.4, मंडी में 26.3, धर्मशाला में 25.0, नाहन में 24.5, चंबा-सोलन में 24.1, शिमला में 19.2, मनाली में 17.4, कल्पा में 15.8 और केलांग में 12.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 0.3, कल्पा में 1.6, मनाली में 4.4, शिमला में 9.6 और धर्मशाला में 12.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।
रोहतांग।डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने अटल टनल रोहतांग का निरीक्षण किया। यह 10,000 फीट पर 9.2 किलोमीटर लंबाई वाली विश्व की सबसे ऊंचाई पर बनने वाली सबसे लंबी टनल है। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने टनल में हो रहे पानी के रिसाव को रोकने के लिए बीआरओ के अधिकारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।
अटल टनल में हिमाचली और लाहौली शैली के सौंदर्यकरण पर भी चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों से अटल टनल पर सोनिया गांधी की शिलान्यास पट्टिका को ढूंढ कर लगाने की बात की। अधिकारियों ने इस संदर्भ में तुरंत पता लगाने का आश्वासन दिया।
हिमाचल प्रदेश के अंतिम छोर पर शिंकुला पास में ऐतिहासिक और सामरिक दृष्टि से एक और महत्वपूर्ण टनल का निर्माण प्रस्तावित है, जो विश्व की सबसे ऊंचाई पर स्थित होगी। देश व विशेषतौर पर हिमाचल प्रदेश को विश्व भर में यह सुरंग भी गौरवान्वित करेगी।
मनाली। निचले क्षेत्रों में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। गर्मियों से राहत पाने के लिए पर्यटक हिमाचल की ठंडी वादियों का रुख कर रहे हैं। यहां आकर पर्यटक खूब लुत्फ उठा रहे हैं। काफी संख्या में पर्यटक हिमाचल पहुंच रहे हैं।
पिछले सप्ताह 12 जून, 2023 से 18 जून, 2023 तक की बात करें तो मनाली में 97 हजार 177, अटल टनल रोहतांग ( धुंधी ) में 62 हजार 068, मणिकर्ण कसोल में 22 हजार 342 वाहनों की आवाजाही रही है।
यह जानकारी कुल्लू पुलिस ने अपने फेसबुक पेज पर डाली है। पर्यटकों की आवाजाही जारी है। हर दिन काफी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।
पुलिस जवानों द्वारा समय रहते मनाली की ओर सुरक्षित भेजा गया
केलांग। मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग में अटल टनल रोहतांग से सिस्सु की ओर 31 मार्च यानी आज करीब 1,265 वाहनों की आवाजाही हुई। अटल टनल रोहतांग के उत्तरी व दक्षिणी छोर में दोपहर 1 बजे हल्की बर्फबारी शुरू होने से सड़कों पर फिसलन बनी होने के कारण वाहनों को तुरंत वापस किया गया। इन वाहनों को जिला पुलिस लाहौल स्पीति और अटल टनल रोहतांग की सुरक्षा में कार्यरत पुलिस जवानों द्वारा समय रहते मनाली की ओर सुरक्षित भेजा गया। लाहौल स्पीति पुलिस ने जिला में आने वाले दिनों में मौसम खराब रहने के अनुमान की सूरत में मनाली केलांग मार्ग की अनावश्यक यात्राओं को स्थगित करने की सलाह दी है। किसी भी संबंधित जानकारी के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष नंबर 94594 61355 और जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष 89880 92298 पर संपर्क किया जा सकता है।
हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच शुक्रवार को झमाझम बारिश हो रही है। शिमला में सुबह से ही बादल बरस रहे हैं, जिससे मार्च के अंत में भी दिसंबर का एहसास हो रहा है। शिमला के कुफरी में हल्की बर्फबारी हुई है। बर्फबारी होने से पर्यटक खुशी से नाच उठे हैं। पर्यटकों ने बर्फ के बीच नाच और गाकर खुशी का इजहार किया। बता दें कि हिमाचल में आज के लिए भारी बारिश को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट के अनुसार शिमला, कांगड़ा सहित कई जगहों पर बारिश हुई है।
मौसम विभाग ने पांच अप्रैल तक प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है। मौसम केंद्र शिमला के अनुसार आज और कल प्रदेश में बारिश का क्रम लगातार जारी रहेगा। इस दौरान शिमला लाहौल स्पीति कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल में पांच अप्रैल तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। एक अप्रैल को पूरे हिमाचल में मौसम खराब बना रहेगा। 2 अप्रैल को मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। तीन अप्रैल से फिर पूरे हिमाचल में मौसम बिगड़ने का अनुमान है। 3 और चार अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी है। एक दो स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना है।
केलांग। हिमाचल में मौसम ने करवट बदली है। निचले क्षेत्रों में बारिश तो ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। इसी कड़ी में अटल टनल रोहतांग में बर्फबारी के कारण करीब 150 वाहन फंस गए। इसके कारण टनल में अढ़ाई किलोमीटर तक जाम लग गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाम क्लेयर कर वाहनों को सुरक्षित मनाली की ओर भेजा गया।
बता दें कि मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग में अटल टनल रोहतांग से सिस्सु की ओर आज करीब 1,907 वाहनों की आवाजाही हुई।
अटल टनल के उत्तरी व दक्षिणी छोर में दोपहर समय सवा तीन बजे हल्की बर्फबारी शुरू होने से सड़कों पर फिसलन बनी होने के कारण वाहनोें को तुरंत वापस किया गया। लगभग 150 से अधिक वाहन कुल्लू पुलिस के अधिकार क्षेत्र (अटल टनल रोहतांग के दक्षिणी छोर) पर फिसलन बनी होने के कारण अटल टनल रोहतांग के अंदर फंस गए थे, जिस कारण अटल टनल के अंदर लगभग 2.5 किमी का जाम लग गया। इस जाम को जिला पुलिस लाहौल स्पीति और अटल टनल रोहतांग की सुरक्षा में कार्यरत पुलिस जवानों द्वारा करीब एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद निकाला गया और वाहनों को सुरक्षित मनाली की ओर भेजा गया।
एसपी लाहौल स्पीति मानव वर्मा ने जिला में आने वाले दिनों में मौसम खराब रहने के अनुमान की सूरत में मनाली केलांग मार्ग की अनावश्यक यात्राओं को स्थगित करने की सलाह दी है। किसी भी संबंधित जानकारी के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 94594 61355 और जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष 89880 92298 पर संपर्क कर सकते हैं।
केलांग/शिमला –हिमाचल प्रदेश में गुरुवार रात से जारी बर्फबारी के चलते ऊंचाई वाले इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ है। लाहौल-स्पीति में जारी हिमपात के चलते अटल टनल रोहतांग से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है वहीं मनाली-केलांग हाईवे भी बंद कर दिया गया। अटल टनल के पास डेढ़ फीट ताजा बर्फबारी होने के कारण रास्ता ब्लॉक है। इसके अलावा रोहतांग, कुंजुम, बारालाचा और कुगति दर्रा में 2 से 3 फीट हिमपात हुआ है।
SP लाहौल स्पीति मानव वर्मा ने बताया कि अटल टनल से वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। टनल के आसपास भारी बर्फबारी हुई है। लिहाजा धुंधी से अटल टनल नॉर्थ पोल के बीच कई जगह हिमखंड खिसकने का खतरा है।
उधर, शिमला में भी बीती रात से हो रही बर्फबारी के चलते ऊपरी शिमला की सड़कें बंद हो गई हैं। देर रात को और सुबह हुए ताजा हिमपात के बाद बसों और गाड़ियों को ऊपरी शिमला जाने से रोका गया है। कुफरी, नारकंडा, चौपाल, खडापत्थर के रोड पूरी तरह से बंद हैं। शिमला पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है कि सड़क पर फिसलन काफी ज्यादा है। ऐसे में गाड़ियों को लेकर ऊपरी शिमला न जाएं।
NRTC प्रबंधन का कहना है कि जहां ज्यादा बर्फ गिरती है, वहां रात के समय बसें नहीं भेजी जाएगी। सभी ड्राइवरों को इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं। उनका कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। बसों की रूट जहां रद्द हुए हैं, उनमें कोटखाई, चौपाल, नेरवा, ननखड़ी और ठियोग से आगे नरैल व मत्याणा के क्षेत्र शामिल हैं। इन इलाकों में HRTC बसें नहीं भेजी गई हैं।
पर्यटन स्थल कुफरी और नारकंडा यातायात के लिए बंद हो गया है। रोहड़ू को जोड़ने वाला मार्ग भी खड़ापत्थर के पास बंद हो गया है। जिले के ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों की सड़कें बंद पड़ी हैं, जिसके चलते इन पर बसें नहीं चल रहीं। बर्फ को देखने के लिए कई सैलानी शिमला पहुंच रहे हैं। सैलानी कुफरी की ओर जा रहे हैं जिस वजह से वहां गाड़ियों का जमावड़ा लगा है। कुफरी और इसके आसपास ट्रैफिक जाम लग रहा है।
बर्फबारी के चलते जहां एक ओर प्रदेश में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। दूसरी ओर प्रदेश के पर्यटक स्थल शिमला, मनाली, कुफरी, नारकंडा, डलहौजी समेत अन्य क्षेत्रों में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इन पर्यटन स्थलों में सैलानी बर्फबारी का खूब आनंद उठा रहे हैं।
3,518 वाहन लाहौल घाटी में किया प्रवेश, 3,343 बाहर निकले
केलांग। नए साल से 4 जनवरी तक 6,861 वाहनों ने अटल टनल क्रॉस की है। इसमें 3,518 वाहनों ने अटल टनल रोहतांग से लाहौल घाटी में प्रवेश किया। साथ ही 3,343 वाहन अटल टनल रोहतांग द्वारा बाहर निकले।
वाहनों के आगमन को मद्देनजर हुए पर्यटकों की गाड़ियों को पार्क करने के लिए स्थानीय पुलिस द्वारा चंद्रा पुल, पागल नाला और सिस्सु हेलीपैड के पास पार्किंग की उचित व्यवस्था की गई है। जिला के पर्यटक स्थलों पर यातायात की सुविधा व पर्यटकों की सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस के लगभग 50 से अधिक मुलाजमान गश्त व प्वाइंट ड्यूटी पर तैनात रहते हैं।
आपातकालीन स्थिति में किसी भी संबंधित जानकारी के लिए दूरभाष नंबरों जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 94594 61355, जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष 89880 92298 पर संपर्क कर सकते हैं। यह जानकारी एसपी लाहौल स्पीति ने दी है।
शिमला। हिमाचल में अटल टनल रोहतांग पर्यटकों को न केवल यातायात व्यवस्था सुगम प्रदान कर रही है बल्कि पर्यटकों के आकर्षण का भी केंद्र बनी है। विश्व की सबसे लंबी सुरंग अटल टनल के खुलने के बाद ही लाहौल स्पीति में दिन प्रतिदिन यातायात बढ़ रहा है।
वर्ष 2022 में जिला लाहौल स्पीति की लाहौल घाटी में अटल टनल से रोहतांग से लगभग 12 लाख 73 हजार 699 वाहनों ने प्रवेश किया है। यह आंकड़ा वर्ष 2021 की तुलना में 60 फीसदी अधिक है।
वर्ष 2022 के माह मई, जून और दिसंबर में लगभग 7 लाख से ज्यादा वाहनों द्वारा अटल टनल रोहतांग के माध्यम से जिला लाहौल स्पीति की लाहौल घाटी में प्रवेश किया। 25 दिसंबर को एक दिन में 19 हजार से ज्यादा वाहनों की आवाजाही टनल के माध्यम से दर्ज की गई, जोकि टनल खुलने के बाद एक दिन में गुजरने वाले वाहनों में सबसे ज्यादा है।
अटल टनल के उद्घाटन के बाद वर्ष 2022 में यहां रिकॉर्ड संख्या में वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई है। अटल टनल रोहतांग दिन प्रतिदिन हर प्रकार के मौसम में एक पर्यटक स्थल बन गया है। राज्य में विशेष तौर पर गर्मियों और सर्दियों में पर्यटकों की ज्यादा भीड़ देखी जाती है।
हिमाचल पुलिस द्वारा इन पर्यटकों और उनके परिवारों को सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए दिन रात लगातार सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने एसपी लाहौल-स्पीति मानव वर्मा एव वहां समस्त पुलिस बल और एसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा और मनाली पुलिस को इस प्रशंसनीय कार्य के लिए बधाई दी है।
काजा। हिमाचल प्रदेश में सैलानियों की आवाजाही लगातार बढ़ती जा रही है। सैलानी बर्फ का दीदार करने और नए साल का जश्न मनाने लाहौल घाटी का रुख कर रहे हैं। लाहौल-स्पीति पुलिस के अनुसार पिछले 48 घंटे में 29,902 वाहनों ने अटल टनल क्रॉस की है।
पिछले 24 घंटे में अब तक अटल टनल रोहतांग से जिला लाहौल-स्पीति में कुल 19,383 वाहनों का आवागमन हुआ है। ये आंकड़ा 25 दिसंबर प्रातः 08 बजे से 26 दिसंबर प्रातः 08 बजे तक का है। इन वाहनों में प्रदेश के अन्दर व बाहर के पर्यटकों की काफी संख्या में आवाजाही रही। जिला लाहौल-स्पीति में बड़ी संख्या में देश भर से पर्यटक आ रहे हैं।
आंकड़ों के अनुसार हिमाचल के कुल 6120 वाहनों ने घाटी में प्रवेश किया है और 5198 वाहन बाहर निकले हैं। बाहरी राज्यों के 4569 वाहनों ने प्रवेश किया तो 3496 वाहन बाहर निकले हैं। यानी कुल 10,689 वाहनों ने घाटी में प्रवेश किया है और 8,694 वाहन बाहर निकले हैं।
इससे पहले 24 दिसंबर सुबह आठ बजे से 25 दिसंबर सुबह 8 बजे तक 10 हजार 519 वाहनों ने अटल टनल क्रॉस की थी। इसमें 5635 वाहनों ने घाटी में प्रवेश किया तो 4,884 बाहर निकले। इन वाहनों में हिमाचल के 4,023 ने प्रवेश किया तो 3447 बाहर निकले। ऐसे ही 1612 बाहरी राज्यों के वाहनों ने प्रवेश किया तो 1437 बाहर निकले।
गौर हो कि हिमाचल के जिला लाहौल-स्पीति में क्रिसमस व नव वर्ष के चलते दिन-प्रतिदिन पर्यटकों की आवाजाही में वृद्धि देखने को मिल रही है। पिछली 24 घंटे में इतनी संख्या में वाहनों के अटल टनल कॉस करने की बात इस बात को प्रमाणित कर रही है कि पर्यटक काफी संख्या में घाटी का रुख कर रहे हैं।
पुलिस ने जिला के राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं व यातायात ड्यूटी पर कार्यरत जिला लाहौल-स्पीति के पुलिसकर्मियों व अटल सुरंग रोहतांग की सुरक्षा व आवश्यक व्यवस्था में कार्यरत तृतीय भारतीय आरक्षित वाहिनी पंडोह के पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता से यातायात का आवागमन सुव्यवस्थित व निर्बाध रहा है।
बता दें कि हिमाचल में इस बार क्रिसमस पर बर्फबारी नहीं हुई है जिसके चलते पर्यटकों का मायूसी हाथ लगी है। लाहौल-स्पीति और कुल्लू के ऊपरी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी की संभावना है। यह भी कारण हो सकता है कि पर्यटक लाहौल घाटी का रुख कर रहे हैं।