मंडी। छोटी काशी मंडी से बिलासपुर एम्स (AIIMS) के लिए एचआरटीसी (HRTC) की सीधी बस सेवा शुरू की गई है।
यह HRTC बस मंडी से नेर चौक, धनोटू, सुंदरनगर, हराबाग, जड़ोल, भुवाना, बरमाणा, घाघस, बिलासपुर और नौणी होते हुए एम्स (AIIMS) पहुंचेगी। इसी रूट से वापस मंडी आएगी।
घाघस से शाम 05:30 बजे चलकर सुंदरनगर शाम 06:20 बजे पहुंचेगी। मंडी पहुंचने का टाइम शाम 7 बजे है। इस बस सेवा की समयसारिणी OPD को ध्यान में रखते हुए बनाए गई है, जिससे लोग अपना चैकअप करवा कर वापस इसी बस में आ सकें।
इस HRTC बस में सभी प्रकार के कार्ड चलेंगे और महिलाओं को 50 फीसदी छूट भी प्रदान होगी। मंडी से एम्स बिलासपुर का किराया करीब 185 रुपए लगेगा वहीं, सुंदरनगर से एम्स बिलासपुर का किराया करीब 130 रुपए लगेगा।
ड्राइवर यूनियन के अध्यक्ष बोले- किलोमीटर किए जा रहे कम
शिमला। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ड्राइवर यूनियन ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यूनियन ने चालकों के साथ भेदभाव करने के साथ रिकवरी और टॉर्चर करने का आरोप लगाया है। यूनियन का कहना है कि एक घंटे का सफर 30 मिनट में पूरा करने के आदेश दिए जा रहे हैं।
एचआरटीसी (HRTC) ड्राइवर यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष मान सिंह ने शिमला में मीडिया से बातचीत में कहा कि मंगलवार को यूनियन की आपात बैठक बुलाई गई थी।
बैठक में चालकों के साथ भेदभाव, रिकवरी और टॉर्चर करने के मामले को लेकर चर्चा की गई। मान सिंह ने कहा कि चालकों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उनसे रिकवरी हो रही है, उन्हें हर जगह टॉर्चर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि रूट के किलोमीटर कम किए जा रहे हैं। जहां का एक घंटा लगता है, वहां आर्डर दिए जा रहे हैं कि 30 मिनट लगाएं। बस के गियर गरारी टूट जाती है तो चालक को अपने पैसे से लाने के लिए कहा जाता है।
डीजल की रिकवरी की चिट्ठियां भेजी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी के पचास फीसदी डिपुओं में डेजिग्नेटिड आरएम ही नहीं हैं।
डीएम या डब्ल्यूएम लगाया है। उन्हें नॉलेज ही नहीं है। तरह-तरह के फरमान चालक पर थोपे जा रहे हैं, जोकि गलत है।
एचआरटीसी (HRTC) ड्राइवर यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष मान सिंह ने मांग की है कि ऑफिस में अन्य वर्ग की 50 फीसदी पोस्ट चालकों से भरी जाएं। या फिर सभी रोड़ पर काम करें।
ऑफिस में पोस्ट पर अन्य वर्ग के कर्मचारियों को तो लगाया जाता है, लेकिन चालकों के साथ भेदभाव होता है। चालक भी पढ़े लिखें आ रहे हैं। 12वीं पास से कम कोई नहीं है। चालक हर जगह काम कर सकता है।
धर्मशाला। किसान आंदोलन का असर एचआरटीसी (HRTC) पर भी देखने को मिला है। हालांकि, दिल्ली के लिए एचआरटीसी बसें तो चल रही हैं, लेकिन यात्री न होने के चलते कुछ रूट रद्द करने पड़े हैं। साथ ही कुछ को चंडीगढ़ तक सीमित किया है। कुछ बसों को क्लब किया गया है।
HRTC धर्मशाला डिवीजन के तहत भी 14 फरवरी को दिल्ली के कुछ रूट रद्द किए गए हैं। धर्मशाला डिवीजन के तहत 11 बस रूट निलंबित किए गए हैं। इसके अलावा 9 क्लब और आठ रूटों में कटौती की है।
जोगिंदर नगर डिपो के दो, पालमपुर, नगरोटा बगवां, धर्मशाला डिपो के तीन-तीन रूट निलंबित हुए हैं। बैजनाथ डिपो की चार, धर्मशाला, पठानकोट की दो-दो और चंबा के एक रूट को क्लब किया गया है।
बैजनाथ डिपो, पालमपुर डिपो के 2-2, जोगिंद्रनगर, नगरोटा बगवां, धर्मशाला और चंबा के एक-एक रूट में कटौती की है।
बुधवार को जोगिंद्रनगर-दिल्ली वाया कांगड़ा-बनखंडी रूट पर चलने वाली डीलक्स बस को रद्द कर दिया है। वहीं, इसी रूट पर शाम सात बजे चलने वाली हिमधारा बस को भी रद्द कर दिया गया है।
पालमपुर-दिल्ली वाया सुजानपुर-नादौन-ऊना सामान्य बस और पालमपुर दिल्ली वाया सुजानपुर हमीरपुर फोरलेन वोल्वो को भी रद्द कर दिया है।
इसके अलावा शाम 6 बजकर 10 मिनट पर चलने वाली पालमपुर-दिल्ली वाया कांगड़ा-बनखंडी-देहरा-ऊना सामान्य बस को भी रद्द करना पड़ा है।
धर्मशाला-दिल्ली वाया कांगड़ा-देहरा डीलक्स बस, पालमपुर-दिल्ली वाया कांगड़ा सामान्य बस , बीड़-दिल्ली वाया देहरा ऊना,-चंडीगढ़ वोल्वो बस को भी रद्द कर दिया गया है।
जोगिंदर नगर दिल्ली वाया मंडी रूट पर शाम 6 बजे चलने वाली बस को चंडीगढ़ तक किया गया है।
शाम साढ़े 6 बजे चलने वाली बैजनाथ डिपो की भरोल से दिल्ली वाया कांगड़ा-ज्वाला जी- नादौन- अंब- ऊना हिमधारा बस को चंडीगढ़ तक किया गया है। अगर भरोल से दिल्ली के लिए सवारी होती है तो उसी स्थिति में बस दिल्ली जाएगी।
जोगिंद्रनगर दिल्ली वाया कांगड़ा-ऊना सामान्य बस और मैक्लोडगंज-दिल्ली वाया कांगड़ा-ज्वाला जी-देहरा-ऊना- चंडीगढ़ बस को चंडीगढ़ तक किया गया है।
मैक्लोडगंज-दिल्ली वाया कांगड़ा-ऊना-चंडीगढ़ रूट पर शाम 5 बजकर 35 मिनट पर चलने वाली और इसी रूट पर रात 8 बजे चलने वाली वोल्वो बस को क्लब कर दिया गया है।
अधिक जानकारी के लिए धर्मशाला डिवीजन द्वारा जारी रूट चार्ट देखें। यह रूट चार्ट 14 फरवरी, 2024 यानी आज के लिए है।
मैक्लोडगंज-दिल्ली वाया कांगड़ा-ऊना-चंडीगढ़ रूट पर 6 बजकर 40 मिनट हिमधारा बस को भी निलंबित कर दिया गया है। 8 बजकर 15 मिनट पर चलने वाली मैक्लोडगंज- दिल्ली वाया कांगड़ा-ऊना- चंडीगढ़ सामान्य बस भी नहीं चलेगी।
चंबा-दिल्ली वाया पठानकोट-जालंधर, पठानकोट-दिल्ली वाया जसूर- तलवाड़ा-ऊना बस को क्लब किया गया है। चंबा-दिल्ली वाया पठानकोट-ऊना-चंडीगढ़ सामान्य बस को ऊना तक किया है।
चंबा-दिल्ली वाया पठानकोट-ऊना-चंडीगढ़ बस को चंबा-शिमला बस के साथ चंडीगढ़ तक क्लब किया गया है। शाम 5 बजकर 40 मिनट पर चलने वाली चंबा-दिल्ली वाया पठानकोट-ऊना-चंडीगढ़ वोल्वो बस दिल्ली तक चलेगी।
एचआरटीसी धर्मशाला डिवीजन के डीएम पंकज चड्डा ने बताया कि यात्री न होने के चलते कुछ बसों को रद्द किया और कुछ के रूट चंडीगढ़ तक किए हैं।
यह व्यवस्था आज यानी 14 फरवरी के लिए की गई है। कल यानी 15 फरवरी को आगामी निर्देशों के बाद फैसला लिया जाएगा, जिसकी जानकारी भी यात्रियों की दे दी जाएगी।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने एचआरटीसी (HRTC) कंडक्टर के 360 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इन पदों के लिए 10 दिसंबर 2023 को स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया था। इसके बाद 3 फरवरी को रिजल्ट घोषित किया था।
स्क्रीनिंग टेस्ट में 826 अभ्यर्थी सफल घोषित किए थे। इन अभ्यर्थियों के दस्तावेज मूल्यांकन का शेड्यूल भी जारी कर दिया था। दस्तावेज मूल्यांकन 19 फरवरी से 6 मार्च, 2024(24, 25 फरवरी और 3 मार्च को छोड़कर) तक आयोजित किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को उनके संबंधित ऑनलाइन भर्ती आवेदन में उनके द्वारा प्रदान किए गए मोबाइल नंबरों और ईमेल आईडी पर एसएमएस/ई-मेल के माध्यम से भी सूचित किया गया है।
किसी भी अन्य माध्यम से किसी भी उम्मीदवार को अलग से कोई कॉल लेटर नहीं भेजा जाएगा। अभ्यर्थी किसी प्रकार की जानकारी के लिए आयोग के टेलीफोन नंबर 0177- 2629738, 2624313 और टोल फ्री नंबर 1800-180-8004 पर संपर्क कर सकते हैं।
शिमला। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने एचआरटीसी (HRTC) कंडक्टर भर्ती के लिए दस्तावेज मूल्यांकन की तिथियां घोषित कर दी हैं। आयोग ने रोल नंबर वाइज शेड्यूल जारी किया है।
दस्तावेज मूल्यांकन 19, 20, 21, 22, 23, 26, 27, 28, 29 फरवरी, 1, 2, 4, 5 और 6 मार्च 2024 को आयोजित किया जाएगा।
6 मार्च को छोड़कर बाकी सभी दिन 60-60 अभ्यर्थियों को दस्तावेज मूल्यांकन के लिए बुलाया गया है। 6 मार्च को 46 छात्रों के दस्तावेज का मूल्यांकन होगा।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने एचआरटीसी कंडक्टर के 360 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इन पदों के लिए 10 दिसंबर 2023 को स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया था।
3 फरवरी 2024 को रिजल्ट घोषित किया गया। इसमें 826 अभ्यर्थियों को आगामी प्रक्रिया के लिए सफल घोषित किया गया था। अब दस्तावेज मूल्यांकन का शेड्यूल जारी कर दिया है।
शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवार सभी मूल दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि पर सुबह 10:30 बजे एचपीपीएससी (HPPSC) निगम विहार शिमला-171002 में उपस्थित हों।
निर्धारित तिथि के बाद उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन में शामिल होने का कोई और अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा। उन्हें अनुपस्थित माना जाएगा। उनकी उम्मीदवारी भी खारिज कर दी जाएगी।
दस्तावेज सत्यापन के लिए उम्मीदवारों को आवंटित तिथि में किसी भी बदलाव के अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।
10वीं, 12वीं, कंडक्टर लाइसेंस, हिमाचली बोनाफाइड, एससी/एसटी/ओबीसी/ईएफएफ सर्टिफिकेट लाना होगा। बीपीएल में शामिल अभ्यर्थियों को बीपीएल सर्टिफिकेट लाना होगा।
गैर एससी/एसटी/ओबीसी प्रमाण पत्र के साथ ईडब्ल्यूएस या बीपीएल प्रमाण पत्र लाना होगा।
ये सभी प्रमाणपत्र ऑनलाइन भर्ती आवेदन की अंतिम तिथि के साथ-साथ दस्तावेज सत्यापन के दिन भी वैध होने चाहिए और समय-समय पर सरकार द्वारा अधिसूचित सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी किए जाने चाहिए।
किसी भी जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोग के टेलीफोन नंबर 0177- 2624313 और टोल फ्री नंबर 1800-180-8004 पर संपर्क कर सकते हैं।
जनता की मांग को देखते हुए HRTC प्रबंधन ने छायाचित्र (Photo)/ वृत्तचित्र (Video) प्रतिस्पर्धा की तारीख को 30 नवंबर 2023 से 15 दिसंबर 2023 तक बढ़ा दिया है। यह जानकारी HRTC महाप्रबंधक (यातायात) पंकज सिंघल ने दी।
शिमला। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने वोल्वो यात्रियों के लिए शुरू की फीडबैक सेवा से मिले सुझावों के आधार पर रूट में कुछ बदलाव किए हैं।
शिमला-दिल्ली आने जाने वाली HRTC की वॉल्वो बसें अब कालका से नहीं बल्कि सीधे बाइपास से होकर जाएगी और कुछ वॉल्वो रूट चंडीगढ़ के बजाय सीधे दिल्ली जाएंगें। शिमला-दिल्ली रूट पर चलने वाली वोल्वो बसें पिंजौर बाईपास होकर चलेंगी।
एचआरटीसी (HRTC) की ओर से वोल्वो यात्रियों के लिए शुरू की फीडबैक सेवा से मिले सुझावों के आधार पर निगम ने वोल्वो रूटों में संशोधन किया है। निगम प्रबंधन ने फैसला लिया है कि शिमला-दिल्ली रूट पर आवाजाही करने वाली कोई भी वोल्वो कालका, पिंजौर, परवाणू नहीं जाएगी।
यात्रियों का समय बचाने के लिए निगम द्वारा शिमला से दिल्ली चलने वाली वोल्वो बस सेवाओं के रूट में निम्न परिवर्तन किए गए हैं …
शिमला से दिल्ली व दिल्ली से शिमला चलने वाली हर वोल्वो बस पिंजौर बाइपास से होकर जाएगी। ये बसें कालका, पिंजौर, परवाणू नहीं जाएगी।
दिल्ली से रात 9:30 और10:30 बजे चलने वाली वोल्वो बसे जीरकपुर से सीधे पंचकुला होते हुए शिमला आएगी। ये दोनों बसें चंडीगढ़ नहीं जाएंगी ताकि यात्रियों के समय की बचत हो सके।
शिमला से सुबह 9:45 बजे चलने वाली वोल्वो पंचकुला से ट्रिब्यून चौक होते जाएगी और शिमला से दोपहर बाद 1:45 वोल्वो सीधी पंचकुला से जीरकपुर होते हुए दिल्ली जाएगी। रूटों में बदलाव से यह गाड़ियां दिल्ली पहुंचने में लगभग दो घंटे कम लेगी। इससे यात्री जाम में नहीं फंसेंगे और आसानी से मेट्रो पकड़ सकेंगे।
शिमला से चंडीगढ़ एयरपोर्ट वोल्वो पिंजौर बाईपास से होकर चलेगी। पिंजौर, कालका, परवाणु से निगम की वोल्वो में सफर करने वाले यात्री टीटीआर परवाणु या फिर पिंजौर (दिल्ली- शिमला हाईवे) से इन बसों में सवार हो सकेंगे।
शिमला। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) दिवाली पर 174 स्पेशल बसें चलाने जा रहा है, ताकि दिवाली के लिए घर आने वाले नौकरी व कामकाजी लोगों को दिक्कत पेश न आए।
10 और 11 नवंबर को दिल्ली- चंडीगढ़ और बद्दी से ये अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इसमें सामान्य और वोल्वो बसें शामिल हैं। दिवाली के बाद भी लोगों को वापस जाने के लिए इस प्रकार का प्रावधान किया है।
हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर का कहना है कि दिवाली के चलते 10 नवंबर को 92 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।
11 नवंबर को 82 अतिरिक्त बसें यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई जा रही हैं। बावजूद इसके यदि यात्रियों की संख्या ज्यादा होती है या बुकिंग ज्यादा आती है तो इसकी संख्या को बढ़ाया भी जा सकता है।
धर्मशाला। धर्मशाला-ज्वालाजी-चिंतपूर्णी रूट पर HRTC की प्रथम दर्शन बस सेवा शुरू हो गई है। प्रबंध निदेशक एचआरटीसी रोहन चंद ठाकुर ने शनिवार को धर्मशाला बस स्टैंड से एचआरटीसी की प्रथम दर्शन बस सेवा को हरी झंडी देकर रवाना किया गया।
प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर ने कहा कि जिला प्रशासन ऊना व कांगड़ा की सहायता से प्रथम दर्शन बस सेवा एयर कंडीशन धर्मशाला क्षेत्र द्वारा आरंभ कर दी गई है जिसका रूट धर्मशाला-चिंतपूर्णी-ज्वालाजी-धर्मशाला होगा। इस अवसर पर डीसी डॉ निपुण जिंदल भी विशेष तौर पर उपस्थित थे।
बस में पहले आओ और पहले पाओ के आधार पर सीट मिलेगी। बस का प्रति यात्री किराया 400 रुपए होगा। यह किराया फिक्स है और व्यक्ति धर्मशाला के अलावा जहां से भी HRTC बस में बैठेगा उसे यही किराया (400 रुपए) ही अदा करना होगा।
नवरात्र में मां चिंतपूर्णी व मां ज्वालाजी के दर्शन करने वाले श्रद्धालु ऑनलाइन व काउंटर दोनों तरह से बस सेवा के लिए बुकिंग करवा सकते हैं।
बस की टाइमिंग की बात करें तो प्रथम दर्शन बस सेवा धर्मशाला से सुबह 8 बजे चलेगी और 10.30 बजे चिंतपूर्णी पहुंचेगी। इसके बाद 2 घंटे चिंतपूर्णी में रुकेगी।
चिंतपूर्णी में जो श्रद्धालु सुगम दर्शन करना चाहते हैं उन्हें अतिरिक्त 220 रुपए देने होंगे। ये बस किराए से अतिरिक्त होंगे। सुगम दर्शन की सुविधा लेने वाले श्रद्धालुओं को ही ये अदा करने होंगे।
बता दें कि चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन की सुविधा शुरू की गई है। इसके तहत इलेक्ट्रिक कार की मदद से मंदिर तक श्रद्धालुओं को ले जाने की व्यवस्था है। इसके बाद लिफ्ट से जाकर श्रद्धालु माता के दर्शन कर सकते हैं।
HRTC बस चिंतपूर्णी से 12.30 बजे चलेगी तथा दो बजे ज्वालाजी पहुंचेगी। इसके बाद मां ज्वालाजी मंदिर में दर्शन के लिए दो घंटे रुकेगी तथा 4 बजे ज्वालाजी से धर्मशाला की और रवाना होगी और शाम 5.30 बजे धर्मशाला पहुंचेगी।
श्रद्धालु सीट बुकिंग को लेकर निगम के 94180-00534 व 01892-224903 दूरभाष नंबर पर भी संपर्क कर सकते हैं व ऑनलाइन एचआरटीसी की वेबसाइट www.hrtchp.com पर भी बुकिंग कर सकते हैं।
शिमला। HRTC लगेज पॉलिसी को फेल करने के षड्यंत्र के आरोप में बर्खास्त दोनों कंडक्टर को हाईकोर्ट से फिलहाल राहत मिल गई है। अदालत ने परिचालकों को बर्खास्त करने के आदेशों पर अंतरिम रोक लगा दी है। कोर्ट ने प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। मामले की अगली सुनवाई 10 नवंबर को होगी।
बता दें कि हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) द्वारा आय में बढ़ोतरी के लिए लागू की लगेज पालिसी को फेल करने के कथित षड्यंत्र मामले में दो कंडक्टर को बर्खास्त कर दिया है। ये कंडक्टर रिकांगपिओ यूनिट के राजेश कुमार व सुनील कुमार हैं।
अनुबंध पर सेवाएं दे रहे परिचालक परिवहन सेवा आचरण नियम (कंडक्ट रूल), अनुबंध सेवा नियम और निगम की सोशल मीडिया पॉलिसी के उल्लंघन के दोषी पाए जाने पर दोनों परिचालकों को प्रबंधन द्वारा बर्खास्त किया गया है।
HRTC से बर्खास्त परिचालक सुनील कुमार ने कुछ दिन पहले शिमला में मीडिया से बातचीत में कहा था कि एचआरटीसी की लागू हुई नई लगेज पॉलिसी को लेकर काफी बवाल मचा था और कईं ऐसे मामले सामने आए थे, जिनसे निगम की छवि खराब हो रही थी।
हम भी इस विषय को लेकर अपने छोटे से व्हाट्सएप ग्रुप पर केवल चर्चा कर रहे थे न कि किसी सार्वजनिक प्लेटफार्म पर बात कर रहे थे, जिससे की जनता के बीच गलत संदेश जाए।
हम केवल अपनी बातें ग्रुप में अपने कर्मचारी साथियों (परिवार) के बीच ही रख रहे थे। चर्चा की कुछ प्रतिलिपियों को आधार बनाकर प्रबंधन के समक्ष रखा गया और हमें बिना जांच पड़ताल के ही बर्खास्त कर दिया गया है।
इसके बाद सुशील कुमार और राजेश कुमार ने प्रबंधन की ओर से जारी बर्खास्तगी आदेशों को हाईकोर्ट के समक्ष चुनौती दी। याचिका पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। अदालत ने आदेशों में स्पष्ट किया कि मामले की आगामी सुनवाई तक याचिकाकर्ताओं को सेवा से बर्खास्त न किया जाए।