मंडी में अब तक 11, कांगड़ा में तीन किए थे गिरफ्तार
मंडी/कांगड़ा। हिमाचल में बस में यात्रा करने वाली नवविवाहित महिलाओं के अटैची और बैग से सोने के गहने चुराने वाला गिरोह सक्रिय है। ऐसे मामले में अब तक मंडी जिला में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कांगड़ा जिला में तीन आरोपी गिरफ्तार किए हैं। सभी आरोपी हरियाणा और दिल्ली के रहने वाले हैं। मामले में अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी जल्द होगी।
मंडी जिला में कुछ दिन से बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं के सोने के गहने और कीमती सामान रहस्यमय तरीके से चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही थीं। पुलिस थाना सुंदरनगर में इसी प्रकार के दो मामले 08 फरवरी 2024 व 09 फरवरी 2024 को दर्ज हुए थे। इन दो अलग-अलग मामलों में निजी बसों में यात्रा कर रही महिलाओं के अटैची और बैग से बदमाशों द्वारा सोने के गहने निकाल गए थे।
एसपी मंडी के दिशा निर्देशानुसार डीएसपी सुंदरनगर व थाना सुंदरनगर की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उक्त दोनों मामलों में अभी तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी हरियाणा व दिल्ली के रहने वाले हैं।
आरोपियों से अभी तक लगभग चार लाख रुपए की कीमत के सोने के गहने बरामद किए गए हैं। इन आरोपियों को न्यायालय मे पेश कर तीन दिन की पुलिस हिरासत ली गई है। कुछ अन्य आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। मामले में जांच जारी है।
वहीं, हिमाचल के कांगड़ा जिला के बनखंडी में भी चार मार्च को ऐसा मामला सामने आया था। एक महिला निजी बस में ठाकुरद्वारा से गुलेर (गठूतर) मायके जा रही थी। रानीताल के पास रसूह चौक पर तीन लोग बस में चढ़े। उन्होंने देहरा का टिकट लिया, लेकिन तीनों बनखंडी में ही उतर गए।
उन्हें आपस में इशारा करते महिला ने देख लिया। महिला को उन पर कुछ शक हुआ। महिला ने अपना बैग चेक किया तो सोने के गहने गायब थे। इसके बाद आरोपियों को मौके से ही पकड़ लिया गया।
आरोपियों की पहचान राजेश, दिलशेर और संजय निवासी गुहाना सोनीपत हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस स्टेशन हरिपुर में मामला दर्ज किया। आरोपियों ने पूछताछ में देहरा में भी एक इसी प्रकार की चोरी की घटना को अंजाम देने की बात कबूल की है।
ऐसे चुनते हैं टारगेट
बसों में सफर करने वाली महिलाओं के अटैची और बैग से गहने चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य अधिकतर नवविवाहित महिलाओं को निशाना बनाते हैं। हाथ में शादी के चूड़े से पता करता हैं कि महिला की नई नई शादी हुई है। फिर वे बस में सवार होकर मौका देखकर बैग या अटैची से गहने व अन्य कीमती सामान उड़ा देते हैं और रफूचक्कर हो जाते हैं।
ऋषि महाजन/नूरपुर। हिमाचल के पुलिस जिला नूरपुर की पुलिस टीम ने बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने नूरपुर क्षेत्र में ही बल्कि पंजाब में भी बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस ने चार बाइक बरामद की हैं।
बता दें कि पुलिस जिला नूरपुर के तहत नूरपुर पुलिस थाना में 5 दिसंबर 2023 को रोहित शर्मा पुत्र पवन शर्मा ने बाइक चोरी होने से संबंधित शिकायत सौंपी। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जिला पुलिस नूरपुर द्वारा इस मामले पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए राजिंद्र कुमार पुत्र जीतो, विशाल पुत्र चमन लाल को 5 दिसंबर को ही गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरीशुदा बाइक भी बरामद करने में सफलता हासिल की।
आरोपियों से पुलिस ने कड़ी पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोर गिरोह में शामिल एक अन्य आरोपी की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने कर्ण सिंह पुत्र लाल सिंह को 6 दिसंबर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद तीनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पंजाब से भी तीन बाइक चोरी की हैं। नूरपुर पुलिस ने आरोपियों के खुलासे के बाद धमेटा से तीनों बाइक बरामद कर ली हैं। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।
ऋषि महाजन/नूरपुर।हिमाचल के पुलिस जिला नूरपुर के तहत इंदौरा में चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। मामले में जिला होशियारपुर पंजाब के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर पंजाब में भी कई मामले दर्ज हैं। साथ ही इंदौरा में 90 हजार के गहने और नगदी मामले के अलावा 10 लाख संपत्ति चोरी में भी आरोपियों की संलिप्तता पाई गई है।
बता दें कि 20 अगस्त 2023 को कांता देवी 60 पत्नी स्वर्गीय प्रीतम सिंह निवासी सुरड़वा तहसील इंदौरा जिला कांगड़ा ने इंदौरा थाना में घर में चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया था कि 19 अगस्त को समय करीब 1 बजे वह घघवां में सत्संग सुनने के लिए गई थीं।
शाम के समय करीब पांच बजे घर लौटीं तो देखा कि मुख्य दरवाजा खुला था और लॉक टूटा हुआ था। जब वह घर के अंदर गईं तो ट्रंक से सोने की दो अंगूठियां, सोने की दो बालियां, एक सोने का हार, चांदी की दो जोड़ी पायलें गायब थीं और 10 हजार रुपए की नगदी भी चोरी हुई थी।
कुल कीमत 90 हजार रुपए की चोरी हुई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस स्टेशन इंदौरा में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच के लिए पुलिस थाना इंदौरा एसएचओ इंस्पेक्टर कुलदीप शर्मा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम में मुख्य आरक्षी देवेंद्र, मोंटी गुलेरिया, आरक्षी रमन और रजनीश भी शामिल थे।
जांच में नूरपुर पुलिस जिला की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों कुलविंदर सिंह पुत्र अमरीक सिंह निवासी जलाला मुकेरियां होशियारपुर, विल्सन पुत्र सतपाल गांद अटाल गढ़ तहसील मुकेरियां जिला होशियारपुर और पंकज पुत्र करतार सिंह निवासी फतुबाग मुकेरियां होशियारपुर को गिरफ्तार किया।
आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट से आरोपियों को तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस रिमांड में आरोपियों से पूछताछ के सामने आया कि पुलिस थाना इंदौरा के तहत एक अन्य पंजीकृत मामले में, जिसमें 10 लाख की संपत्ति की चोरी हुई थी में ये शामिल रहे हैं।
आरोपियों के पास से चोरी हुए 90 हजार कीमत के सामान में 50 हजार रुपए का सामान बरामद किया गया है। इसमें दो सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी कान की बाली, दो जोड़ी चांदी की पायलें बरामद की हैं।
गौरतलब है कि पंकज पर मुकेरियां, पठानकोट और तलवाड़ा में चार, कुलविंदर सिंह पर पुलिस स्टेशन मुकेरियां में तीन और विल्सन पर मुकेरियां में दो मामले दर्ज हैं। यह मामले चोरी, डकैती के इरादे से एकत्रित होने, एनडीपीएस एक्ट आदि के तहत दर्ज किए हैं।
नूरपुर। हिमाचल के पुलिस जिला नूरपुर के तहत देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश हुआ है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक महिला को रेस्क्यू किया है।
बता दें कि पुलिस जिला नूरपुर के पुलिस स्टेशन नूरपुर के तहत गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वाड़ी खड्ड में होटल में देह व्यापार का धंधा चल रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने होटल में रेड की। देह व्यापार के धंधे में शामिल होटल मालिक राजीव पठानिया निवासी नूरपुर और मैनेजर सूर्याकांत निवासी बासा वजीरा के कब्जे से वेश्यावृत्ति में शामिल एक महिला छुड़ाया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हमीरपुर। हिमाचल के हमीरपुर जिला में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों को चूना लगाने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में दिल्ली और हरियाणा के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला हमीरपुर जिला के नादौन पुलिस स्टेशन में दर्ज है।
बता दें कि टिप्परी डाकघर भटांवा तहसील खुंडियां कांगड़ा निवासी एक महिला ने पुलिस स्टेशन नादौन में एक शिकायतपत्र दिया था। शिमलाकायत पत्र के अनुसार वह अनपढ़ है और बस स्टैंड नादौन के पास पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एटीएम से पैसे निकालने के लिए एक व्यक्ति को पैसे निकालने में सहायता करने के उद्देश्य से अपना एटीएम कार्ड दिया, लेकिन उस व्यक्ति ने पैसे न निकलने पर धोखे से शिकायतकर्ता महिला का एटीएम कार्ड बदलकर उसी रंग का दूसरा नकली एटीएम कार्ड शिकायतकर्ता महिला को सौंप दिया।
कुछ समय के बाद जब शिकायतकर्ता महिला पंजाब नेशनल बैंक की शाखा सुजानपुर में गई तो मालूम पड़ा कि महिला रुपए के खाते में 325 बचे हैं। महिला के पांव तले से जमीन खिसक गई। महिला के खाते से से 1 लाख 89 हजार रुपए निकाले की जा चुके थे।
इस शिकायत पत्र के आधार पर एसपी हमीरपुर के दिशा निर्देशानुसार एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी ने.तकनीकी व खुफिया इनपुट के आधार पर हमीरपुर जिला सक्रिय एक अंतरराज्यीय एटीएम कार्ड चोर गिरोह के तीन सदस्यों को पकड़ने में सफलता हासिल की गई। एक गाड़ी, दो गाड़ी की नकली नंबर प्लेट, दो नकली एटीएम और 18 हजार 730 रुपए नगद बरामद किए। आरोपी संदीप (38) निवासी ई7/77सुलतानपुरी नॉर्थ वेस्ट दिल्ली, सत्यावान (50) निवासी रेहनकपुरा जिला रोहतक हरियाणा और सोनू (25) निवासी मोठ रंगरा नरदौन तहसील हांसी जिला हिसार हरियाणा को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।
नादौन। हमीरपुर जिला नादौन शहर के निकट एक निजी होटल में सेक्स रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। देह व्यापार से जुड़ी एक महिला सरगना को पुलिस की विशेष टीम ने मंगलवार देर रात पकड़ा है।
मामले में महिला व सोनू होटल मालिक गिरफ्तार हुए हैं वहीं तीन युवतियों को रेस्क्यू किया गया है। महिला के चालक से पूछताछ की जा रही है। एसपी हमीरपुर आकृति शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।
बताया जा रहा है कि इस महिला (ज्वालामुखी के भड़ोली की सरला देवी उर्फ माता ) की तलाश पुलिस को काफी समय से थी। पुलिस की एक विशेष टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। पकड़ी गई महिलाओं में एक उत्तर प्रदेश, एक पंजाब और एक चंडीगढ़ की बताई जा रही है, जबकि महिला सरगना ज्वालामुखी की रहने वाली है।
जानकारी के अनुसार पुलिस की एक विशेष टीम काफी समय से इस सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करने की कोशिश में थी। मंगलवार देर शाम पुलिस ने दो कर्मियों को ग्राहक बनाकर सोनू होटल में महिला के पास भेजा महिला ने पहले तो उन्हें युवतियों की फोटो दिखाई उसके बाद जब दोनों कर्मियों ने महिला को पैसे दे दिए तब उसने उन्हें होटल के अंदर विशेष कमरे में जाने के लिए कहा जहां पहले से ही लड़कियां उपस्थित थीं।
इसी दौरान दबिश देने आई पूरी टीम सहित विशेष दस्ते ने मौके पर ही तीन युवतियों को रेस्क्यू कर महिला सरगना को हिरासत में ले लिया, वहीं होटल के मालिक के साथ हुए कुछ लेनदेन को लेकर उसे भी हिरासत में ले लिया गया।
दिन के समय का सारा हिसाब-किताब होटल में ही होता था, जबकि रात के समय महिला सरगना स्वयं पेमेंट लेती थी। ये भी सामने आया है कि नादौन शहर सहित आसपास के कुछ गांव में किराए के मकान लेकर दूसरे राज्यों से लाई गई लड़कियों को ठहराया गया था। अब पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन आरंभ कर दी है।
ऋषि महाजन/नूरपुर।हिमाचल के कांगड़ा जिला में पुलिस ने देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश किया है। मामले में हरियाणा निवासी को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक एक लड़की को भी रेस्क्यू किया गया है। मामला पुलिस जिला नूरपुर के तहत का है।
बता दें कि पुलिस को पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत भदरोया में एक होटल में देह व्यापार के धंधे की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद नूरपुर पुलिस धंधे का पर्दाफाश करने के लिए जाल बिछाया। नूरपुर पुलिस ने होटल में दबिश दी।
पुलिस टीम ने होटल आरडी में अरुण कुमार पुत्र धर्म सिंह निवासी गांव व डाकघर सनोली खुर्द तहसील वापोली जिला पानीपत हरियाणा को रंगे हाथ देह व्यापार करवाते पकड़ा। पुलिस ने आरोपी को मौके से नकदी और लड़की सहित पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।