कांगड़ा। हिमाचल की कांगड़ा पुलिस ने हेरोइन सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी कांगड़ा के जमानाबाद क्षेत्र में किसी ग्राहक को हेरोइन सौंपने जा रहा था, लेकिन पुलिस ने इसे धर दबोचा।
आरोपी के खिलाफ कांगड़ा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ में कई बातें सामने आई हैं।
युवक को हेरोइन सहित पकड़े जाने की पुष्टि डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने की है। डीएसपी अंकित शर्मा ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
हाल ही में यह देखा गया है कि ड्रग तस्कर हिमाचल के बाहर के राज्यों से हेरोइन ला रहे हैं और इसे लोगों को बेच रहे हैं। इसमें छात्रों को सबसे अधिक नुकसान होने की संभावना है।
भोरंज। हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम ने शनिवार को भोरंज के मिनी सचिवालय में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया। इसका शुभारंभ एसडीएम संजय स्वरूप ने किया।
इस रोजगार मेले में करीब 17 कंपनियों ने लगभग 1400 पदों के लिए 10वीं और 12वीं पास युवाओं से लेकर आईटीआई, पॉलीटेक्निक डिप्लोमाधारक, स्नातक और स्नातकोत्तर युवाओं के साक्षात्कार लिए।
मेले में भोरंज और इसके आस-पास के क्षेत्रों के लगभग 400 युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न कंपनियों ने लगभग 210 युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के समन्वयक अतुल कड़ोहता ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार निगम प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में रोजगार मेलों का आयोजन करेगी, ताकि पढ़े-लिखे युवाओं को विभिन्न कंपनियों में अच्छा रोजगार मिल सके।
इसके लिए निगम की ओर से कई व्यावसायिक कोर्स आरंभ किए गए हैं। युवाओं को इन कोर्सों का भी लाभ उठाना चाहिए।
निगम की जिला समन्वयक निशा कटोच ने मेले के आयोजन में सहयोग के लिए विधायक सुरेश कुमार, उपमंडल प्रशासन, अन्य विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और कांग्रेस के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने युवाओं से कौशल विकास निगम की विभिन्न योजनाओं और अन्य गतिविधियों का भरपूर लाभ उठाने की अपील भी की।
इस अवसर पर कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के निदेशक मंडल के सदस्य रोशन लाल शर्मा, जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम, पंचायत समिति सदस्य वीना देवी, पेंशन फेडरेशन के प्रधान जगदीश चंद, जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र कुमार, उपमंडल रोज़गार अधिकारी धर्मेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।
यह हादसा ढली-भट्टाकुफर बाइपास पर आज सुबह करीब 7.30 बजे पेश आया है। दोनों युवक चौपाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चला है। एएसपी सुनील नेगी ने मामले की पुष्टि की है।
इंदौरा। कांगड़ा जिला में पुलिस थाना इंदौरा के तहत एक युवक पर कुछ लोगों ने दराट से हमला कर दिया। पीड़ित युवक ने मामले में गांव चूहड़पुर के 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवया है। युवक की शिकायत के आधार पर मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 2 अन्य की धरपकड़ के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस थाना प्रभारी इंदौरा कुलदीप शर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सुनील कुमार पुत्र जैमस सहोतरा निवासी इंदौरा ने चूहड़पुर के 6 लोगों पर दराट से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घायल शिकायतकर्ता को सिविल अस्पताल इंदौरा पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मारपीट की वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
हरिपुर। हिमाचल के कांगड़ा जिला के देहरा विधानसभा क्षेत्र के नंदपुर भटोली में पौंग डैम में डूबने से एक युवक की मौत हो गई है। युवक के शव को पौंग डैम से निकाल लिया गया है। युवक चंबा जिला के भरमौर के वेल्ज क्षेत्र का रहने वाला था।
बताया जा रहा है कि भरमौर क्षेत्र से गद्दी समुदाय के लोग भेड़-बकरियां लेकर नंदपुर भटोली पहुंचे हैं। उनके साथ उक्त युवक संजीत कुमार उर्फ गिफ्टू (21) भी आया था। आज दोपहर 21 वर्षीय युवक पौंग डैम में नहाने चला गया और पानी में डूब गया।
मामले की सूचना पुलिस स्टेशन हरिपुर में दी गई। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक के शव को डैम से निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीएम ने हिमाचल स्टूडेंट्स यूनियन के वार्षिक कार्यक्रम में की शिरकत
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ में हिमाचल स्टूडेंट्स यूनियन द्वारा आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘हिमाचल एक झलक’ में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि हिमाचल की समृद्ध संस्कृति को देश-विदेश तक पहुंचाने के लिए वे प्रदेश के युवा दूत के रूप में कार्य करें, ताकि विश्व हिमाचल की विशिष्टता को आत्मसात कर सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को इस सत्र से ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से आधुनिक प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षा प्रदान करेगी। इससे हमारे युवा तकनीकी रूप से सशक्त होकर वैश्विक स्तर पर बेहतर रोजगार प्राप्त कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल जैसे दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में ग्रामीण स्तर पर बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में चरणबद्ध आधार पर राजीव गांधी डे बोर्डिंग विद्यालय आरंभ करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल की मनभावन संस्कृति, सरल रहन-सहन, सुंदर पहनावा और पौष्टिक आहार देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। युवाओं को न केवल इस विशेषता को जीवंत रखना होगा अपितु लोगों को इससे रू-ब-रू भी करवाना होगा। उन्होंने कहा कि संस्कृति और लोकाचार का प्रसार पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देकर प्रदेश की आर्थिकी को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति से जुड़कर ही सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार सत्ता को जनहित के लिए व्यवस्था परिवर्तन का साधन मानकर कार्य कर रही है। अभी तक के अपने कार्यकाल में प्रदेश सरकार ने समाज के विभिन्न वर्गों को राहत पहुंचाने का किया कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सरकार मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना शुरू कर बेसहारा एवं अनाथ बच्चों की शिक्षा एवं अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में सफलता के साथ आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भावी पीढ़ियों को एक समृद्ध और सुरक्षित हिमाचल प्रदान करना चाहती है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए प्रदेश में हरित ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है और वर्ष 2025 तक हिमाचल देश का प्रथम हरित ऊर्जा राज्य बनेगा। उन्होंने कहा कि अगले तीन वर्षों में प्रदेश में पूर्ण रूप से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन आरंभ कर दिया जाएगा।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि युवा देश का भविष्य है और उनकी असीमित व सकारात्मक ऊर्जा ही देश और प्रदेश की असली ताकत है। जागरूक युवा ही सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि ज्ञान के माध्यम से सदैव जागरूक और नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहें।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अपने छात्र और राजनीतिक जीवन की स्मृतियां सभी से साझा की। उन्होंने छात्रों का आह्वान किया कि जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें और लक्ष्य प्राप्ति के उपरांत समाज की भलाई में अपना योगदान दें। उन्होंने हिमाचल स्टूडेंट यूनियन के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को तीन लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने हिमाचल स्टूडेंट्स यूनियन की पत्रिका का विमोचन भी किया।
इससे पूर्व हिमाचल स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष सुनील ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और यूनियन की गतिविधियों से उन्हें अवगत करवाया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार चौधरी, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय से सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति धर्म चंद चौधरी, कसौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद सुल्तानपुरी, सुंदरनगर के पूर्व विधायक सोहन लाल ठाकुर, हिमाचल कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष अनुराग शर्मा, हिमाचल कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी, हिमाचल स्टूडेंट्स यूनियन के पदाधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में छात्र कार्यक्रम में उपस्थित रहे।