प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदीप सूर्या को लोकसभा चुनाव के लिए पच्छाद विधानसभा क्षेत्र का चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र शिमला (SC) लोकसभा क्षेत्र में पड़ता है।
राजगढ़। हिमाचल के सिरमौर जिला के राजगढ़ उपमंडल के पझौता में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि बारिश और बर्फबारी होने के चलते सड़क धंस गई और कार सड़क से लुढ़क गई।
बता दें कि पझौता क्षेत्र का योगेंद्र ठाकुर उर्फ रिंकू मंगलवार सुबह मारूति कार नंबर HP16A2979 में कुछ काम के लिए घर से सोलन गया था।
रात करीब 8 बजे पझौता की तरफ घर लौट रहा था। पैण कुफर में बारिश और बर्फबारी के कारण सड़क धंस गई और कार लुढ़क कर दूसरी सड़क पर जा पहुंची। योगेंद्र की मौके पर मौत हो गई।
हादसा पैण से कुफर की ओर लिंक रोड पर योगेंद्र के घर से महज 20 मीटर की दूरी पर हुआ है।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना शिलाबाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रशासन की तरफ से मृतक के परिजनों को 25 हजार की फौरी राहत प्रदान की है।
ठंडीधार। सिरमौर जिला के पझौता क्षेत्र के ठंडीधार, गलोग, बेड़ जमोली, भ्राच व बनालीधार में भी बर्फबारी हो गई है। इन इलाकों में लगभग 2 इंच तक बर्फ पड़ चुकी है। बर्फबारी के चलते इलाके के किसानों के चेहरे खिल गए हैं।
भ्राच से राजपूत सुनील छिन्टा ने बताया कि बर्फ पड़ने से अब हमारी फसल को संजीवनी मिल जाएगी। बनालीधार से मदन शर्मा ने कहा कि बर्फबारी के कारण ठंड भी काफी बढ़ गई है।
हालांकि, किसानों-बागवानों के लिए ये खुशी की बात है। वहीं, पझौता के दूसरे गांव उलख कतोगा, शाढ़ पजेवगा, सर्वा, जदोल टपरोली, नेहरटी भगोट, तीर गनोह, झीमीधार, हच्चड़ पढ़िया, पैण कुफर के लोगों को भी आज बर्फ पड़ने की उम्मीद है। इस क्षेत्र में अभी रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
हरिपुरधार। सिरमौर जिला का सूखा भी लंबे इंतजार के बाद खत्म हुआ। गुरुवार को नौहराधार व हरिपुरधार में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। इसी के साथ शिरगुल महाराज की तपोस्थली चूड़धार में भी हिमपात हुआ है। चूड़धार में गुरुवार सुबह तक करीब एक फुट ताजा बर्फबारी हुई है।
बुधवार रात से ही नौहराधार व हरिपुरधार में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया था। हरिपुरधार में करीब दो इंच, नौहराधार के चाबधार, कुदोंन, जौ का बाग में करीब तीन इंच हिमपात दर्ज किया गया है।
बर्फबारी के बाद इलाके के तापमान में भारी गिरावट आई है। सिरमौर के ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। निचले इलाकों में बारिश हो रही है। पहाड़ों पर बर्फबारी से किसान-बागवान भी बेहद खुश हैं।
राजगढ़। सिरमौर जिला में राजगढ़ के नेहरू मैदान में 75वां उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने सबसे पहले ध्वजारोहण किया। उसके बाद एनसीसी व एनएसएस की टुकड़ियों की परेड की सलामी ली।
एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस 26 जनवरी, 1950 में भारत के संविधान को अपनाने की याद दिलाता है।
भारत को 1947 में ब्रिटिश राज से आजादी मिली, लेकिन 26 जनवरी, 1950 तक भारत का संविधान लागू नहीं हुआ था। संविधान सभा का पहला सत्र 9 दिसंबर, 1946 को और आखिरी सत्र 26 नवंबर, 1949 को हुआ और फिर एक साल बाद संविधान को अपनाया गया।
डॉ बीआर अंबेडकर ने संविधान की मसौदा समिति का नेतृत्व किया और इस दिन भारत संविधान दिवस भी मनाता है।गणतंत्र दिवस स्वतंत्र भारत की भावना का स्मरण कराता है क्योंकि इसी दिन 1930 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने औपनिवेशिक शासन से पूर्ण स्वराज की घोषणा की थी। गणतंत्र दिवस भारतीय नागरिकों की लोकतांत्रिक तरीके से अपनी सरकार चुनने की शक्ति का भी स्मरण कराता है।
उन्होंने कहा कि जहां हमारा संविधान हमें अधिकार देता है, वहीं उसमें हमारे लिए कुछ कर्तव्य भी बताए गए हैं इसलिए जहां एक और हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए तो दूसरी तरफ हमें अपने कर्तव्यों का भी निर्वहन करना चाहिए। इस मौके पर उन्होंने देश व प्रदेश की विकास यात्रा पर भी प्रकाश डाला और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपस्थित जनसमूह के समक्ष रखी।
इस मौके पर ठाकुर ने देश प्रदेश व विशेष कर राजगढ़ क्षेत्र के पझौता क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों व वीर सपूतों को भी याद किया और उन्हे नमन किया। इस मौके पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों व अन्य संस्थानों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए गए जिसमें नाटी, देश भक्ति गीत ,पंजाबी गिद्दा, भजन, ग़ज़ल , माला नृत्य , परात नृत्य आदि पेश किए गए ।
अकाल अकादमी बडू साहिब के छात्रों द्वारा मार्शल आर्ट गतका पेश किया गया । उसमें बाद शिक्षा खेल व समाज के विभिन्न क्षेत्रों उत्कृष्ट कार्य करने वाले दर्जनों छात्रों व अन्य लोगों को प्रमाण पत्र स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया । इस बार स्थानीय प्रशासन द्वारा इस कार्यक्रम को नया रूप देने का प्रयास किया गया था और यह कार्यक्रम लगभग चार घंटे तक चला जिसका दर्शकों ने भरपूर आनन्द लिया।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह शिमला के ऐतिहासिक रिज पर मनाया गया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने झंडा फहराया और परेड की सलामी ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी मौजूद रहे।
भारतीय सेना, हिमाचल पुलिस, होमगार्ड के साथ-साथ एनसीसी कैडेट्स द्वारा परेड निकाली गई। इसके बाद विभिन्न विभागों की झांकियां भी निकाली गई। विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए जिसमें सिरमौर के सिंहटू नृत्य, हरियाणा सांस्कृतिक केंद्र की प्रस्तुति व पहाड़ी नाटी आकर्षण का केंद्र रही।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने देश व प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी और कहा कि आज देश ने अभूतपूर्व तरक्की कर रहा है। देश को 2028 तक निश्चित रूप से तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा। प्रदेश भी अन्य राज्यों की तरह आगे बढ़ रहा है। हिमाचल देव भूमि है उन्होंने कहा कि बढ़ते नशे को रोकने के लिए प्रयास करने आवश्यक है। उन्होंने कहा कि 2025 तक टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है उन्हे उम्मीद है कि इस लक्ष्य को इस वर्ष हासिल कर भारत टीबी मुक्त होगा।
वहीं, प्रदेश के सीएम सुखविंदर सुक्खू ने प्रदेश वासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी और कहा कि 75 वर्ष पूर्व जिस भारत की परिकल्पना का सपना प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने देखा था वह धीरे-धीरे पूरा हो रहा है। नए भारत का निर्माण उनके कार्यक्रम और नीतियों से हो रहा है।
संगड़ाह। हिमाचल के जिला सिरमौर के संगड़ाह उपमंडल में एक दुखद सड़क हादसा पेश आया है। हादसे में नौहराधार के पूर्व सैनिक की मौत हुई है। मृतक की पहचान बलदेव सिंह (43) पुत्र रण सिंह निवासी बांदल (नौहराधार) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बलदेव सिंह अपने मामा के घर से नाहन में पढ़ाई कर रहे अपने बच्चों से मिलने जा रहे थे। रास्ते में जबडोग के समीप उनकी कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चला है।
हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को खाई से निकाला गया।
बलदेव सिंह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी मौत की खबर से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। डीएसपी संगड़ाह मुकेश कुमार डढवाल ने हादसे की पुष्टि की है।
राजगढ़। हिमाचल के सिरमौर जिला के राजगढ़ उपमंडल के अंतर्गत ठोड़ निवाड़ में क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता में रेडू गुसान की टीम विजेता और डिंबर की टीम उपविजेता रही।
विजेता टीम को 41 हजार और ट्रॉफी प्रदान की गई। साथ ही उपविजेता टीम को 21 हजार रुपए और ट्रॉफी दी गई। 15 दिन चली क्रिकेट प्रतियोगिता में करीब 65 टीमों ने भाग लिया। क्रिकेट प्रतियोगिता गांव और पंचायत स्तर पर आयोजित करवाई गई।
समापन अवसर सिरमौर जिला के देवठी मझगांव वार्ड से जिला परिषद सदस्य विनय भगनाल ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की।
विनय भगनाल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज विभिन्न क्षेत्रों में जिस तरह से इस प्रकार की प्रतिस्पर्धाएं हो रही हैं, उनसे साफ है कि हमारे युवा साथी खेलों की ओर अपनी रुचि रखते हैं।
इस अवसर पर पच्छाद युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मनीष भगनाल, अनिल भगनाल, जय प्रकाश भगनाल, मनजीत ठाकुर, माधव भगनाल, राघव भगनाल, विकास ठाकुर, कृष्ण, अजय, विक्रम, अनिल और संजय आदि मौजूद रहे।
पझौता। हिमाचल के सिरमौर जिला के राजगढ़ तहसील के पझौता क्षेत्र के शाया गांव में पटाखों से सूखी घास में आग लग गई। गांव वालों ने इकट्ठा होकर आग पर काबू शुरू कर दिया। पर देखते ही देखते आग ने प्रचंड रूप ले लिया है। काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
बता दें कि अयोध्या श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के चलते पझौता क्षेत्र में भी जश्न का माहौल है। क्षेत्र में जगह-जगह धार्मिक आयोजन किए गए। नगरकोटी मां शाया मंदिर में भी लोगों ने भजन कीर्तन का आयोजन किया। साथ ही बच्चे पटाखे फोड़ रहे थे।
मंदिर में पटाखे फोड़ने के बाद बच्चे सड़क पर आकर पटाखे चलाने लगे। पटाखों से निकली चिंगारी से सूखी घास में आग लग गई। देखते ही देखते आग फैल गई और लंबे क्षेत्र में आग ने घास को चपेट में ले लिया।
पझौता। रात के करीब दो बजे परिवार वाले गहरी नींद में सोए हुए थे। अचानक से घर में आग लग गई और धीरे-धीरे सुलगती रही। गनीमत यह रही कि घरवालों की नींद खुल गई और बड़ा अनर्थ होने से बच गया।
पूरे घर को जलने से बचा लिया गया, लेकिन रसोईघर आग की भेंट चढ़ गया। मामला हिमाचल के सिरमौर जिला की पझौता तहसील के जदोल टपरोली पंचायत के अंतर्गत बेड़ जमोली (भ्राच) गांव का है।
बता दें कि बेड़ जमोली (भ्राच) गांव में बलदेव सिंह छिन्टा पुत्र ढेला राम के घर में शुक्रवार को आधी रात करीब 2 बजे आग लग गई। परिवार के सभी लोग सोए हुए थे। जब तक उन्हें आग लगने का पता चला, तब तक लकड़ी से बनी रसोई जल कर राख हो चुकी थी।
साथ ही मकान का एक तरफ का हिस्सा भी जल गया। रसोई में रखा सारा सामान जल कर राख हो गया है। कड़ी मशक्कत के बाद परिवार के लोगों व पड़ोसियों ने आग बुझाई, नहीं तो बहुत नुकसान हो सकता था। ग्रामीणों के अनुसार लगभग डेढ़ लाख तक का नुकसान हुआ है। लोगों ने प्रशासन से इस गरीब परिवार की मदद करने की गुहार लगाई है।