-
Himachal Latest
-
Trending News
मुबारकपुर। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में भरवाईं-मुबारकपुर रोड पर मिली युवती के शव की शिनाख्त हो गई है। युवती पंजाब के फिल्लौर की रहने वाली बताई जा रही है और उसकी उम्र 21 साल है। युवती के परिजनों को सूचना दे दी गई है। हालांकि उसकी मौत की वजह का अभी तक पता नहीं लग पाया है। युवती का शव पोस्टमार्टम के लिए टांडा अस्पताल लाया गया है।
बता दें कि 23 जनवरी सोमवार को भरवाईं-मुबारकपुर रोड पर उपमंडल अंब के घेवट बेहड़ में सड़क किनारे युवती का शव बरामद किया गया था। शव मुबारकपुर से भरवाईं की तरफ मुबारकपुर से करीब एक किलोमीटर आगे सड़क किनारे नीचे झाड़ियों में पड़ा मिला। मामले की सूचना मिलने के बाद अंब पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
युवती ने काली जीन, लाल रंग का स्वेटर पहन रखा था और उसके गले में मफलर भी लिपटा हुआ था। युवती की पहचान नहीं हो पा रही थी जिसके लिए पुलिस ने इस मामले में आगे बढ़ने के लिए जिला व पड़ोसी राज्यों के पुलिस थानों से किसी भी तरह की गुमशुदगी का मामला दर्ज होने की लॉग मांगी थी।
पुलिस ने घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर ही एक मोबाइल भी बरामद किया था। इसके अलावा पुलिस को घटनास्थल से कुछ भी नहीं मिल पाया था। कयास लगाए जा रहे हैं कि युवती को मार कर फेंका गया है, लेकिन पुलिस की जांच में ही सारी बात का खुलासा हो पाएगा। फॉरेंसिक टीम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में कुछ साफ हो पाएगा।
कोर्ट ने मामले में आरोपी को दोषी दिया करार
मंडी। हिमाचल के मंडी जिला में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को दोषी करार देते हुए विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) जिला मंडी ने 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही विभिन्न धाराओं के तहत एक लाख जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना अदा न करने की सूरत में 6 माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
जिला न्यायवादी मंडी कुलभूषण गौतम ने बताया कि 6 जुलाई 2022 को पीड़िता की माता ने 15 साल की नाबालिग के साथ आकर महिला पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया कि पीड़िता की दोस्ती जनवरी 2022 को दोषी के साथ हुई और मार्च 2022 को आरोपी ने पीड़िता को मिलने के लिए मंडी बुलाया। दोषी ने पीड़िता के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता ने डर के कारण दोषी से बात करना बंद कर दिया तो दोषी ने पीड़िता की माता को कॉल करना शुरू कर दिया और पीड़िता के बात न करने का कारण पूछा। पीड़िता ने अपनी माता के पूछने पर सारी बात बताई और यह भी सामने आया कि पीड़िता चार माह से ज्यादा गर्भवती थी। पीड़िता के बयान पर महिला पुलिस थाना में दोषी के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। मामले की जांच पूरी होने पर कोर्ट में चालान पेश किया गया।
मामले में अभियोजन पक्ष ने अदालत में 24 गवाहों के बयान कलमबंद करवाए थे। सरकार की तरफ से मामले की पैरवी उप जिला न्यायवादी चानन सिंह ने की। अभियोजन एवं बचाव पक्षों की दलीलें सु्नने के बाद कोर्ट ने दोषी को धारा 376(3) के तहत 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। साथ ही 50 हजार जुर्माना लगाया। पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत 20 साल के कठोर कारावास की सजा के साथ 50 हजार जुर्माना लगाया। जुर्माना अदा न करने की सूरत में आरोपी को 6 माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी।
पोखरा। नेपाल के पोखरा में विमान क्रैश के बाद अब तक 68 शवों को बरामद किया गया है। 4 का अभी भी कोई पता नहीं लग पाया है। वहीं, निकाले गए शवों में सिर्फ 5 की पहचान हो पाई है। विमान में 72 यात्री सवार थे। इसमें 53 नेपाल निवासी थे। भारत के पांच, रशिया के चार, अर्जेंटीना और कोरिया के दो-दो, फ्रांस व आयरलैंड का एक-एक नागरिक सवार था। भारतीय नागरिकों में संजय जायसवाल, सोनू जायसवाल, अनिल कुमार राजबब्बर, अभिषेक कुशवाहा और विशाल शर्मा शामिल हैं। विमान में सवार लोगों की लिस्ट नागरिक उड्डयन प्राधिकरण नेपाल (Civil Aviation Authority Nepal) ने जारी की है।
बता दें कि नेपाल में रविवार सुबह बड़ा विमान हादसा पेश आया है। रविवार सुबह करीब 8 बजे यति एयरलाइंस का विमान ATR-72 क्रैश हो गया है जिसमें 68 यात्री और 4 क्रू मेंबर सवार थे। सिविल एविएशन अथॉरिटी का कहना है कि लैंडिंग से ठीक पहले विमान में आग की लपटें दिखाई दीं इसलिए मौसम की खराबी के कारण दुर्घटना होने की बात नहीं कही जा सकती है। पहले कहा जा रहा था कि हादसा खराब मौसम की वजह से हुआ है।
हादसे के बाद नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने कैबिनेट की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। इसमें राहत और बचाव कार्य की समीक्षा की गई। हादसे वाली जगह पर आर्मी को तैनात कर दिया गया है।
उसने बचाव और राहत कार्य का जिम्मा संभाल लिया। भारत के नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नेपाल के हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
ये हादसा कासकी जिले के पोखरा में पुराने एयरपोर्ट और पोखरा एयरपोर्ट के बीच हुआ। यहां वह पहाड़ी से टकराकर येति नदी के पास खाई में जा रहा। पोखरा एयरपोर्ट काठमांडू से 200 किमी दूर है।
विमान को कैप्टन कमल केसी उड़ा रहे थे। 68 यात्रियों में से 3 नवजात, 3 बच्चे और 62 वयस्क थे। इसके अलावा,10 विदेशी नागरिक भी सवार
शिमला। हिमाचल में मौसम साफ हो गया है। कोहरा, पाला और ठंड परेशान कर रही है। ऊना में 14 जनवरी को सबसे ठंडा दिन और मनाली में ठंडा दिन रहा है। साथ ही सुंदरनगर में बहुत घना और मंडी घना कोहरा देखने को मिला है। बिलासपुर और पालमपुर में पाले ने परेशान किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की आज की अपडेट के अनुसार हिमाचल में 17 जनवरी तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। 18 जनवरी से मौसम फिर करवट बदल सकता है। 18 जनवरी को मैदानी क्षेत्रों को छोड़ कर अन्य कुछ क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। 19 जनवरी को पूरे हिमाचल में बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। 20 और 21 जनवरी को भी मौसम खराब बना रह सकता है।
ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, सिरमौर और मंडी जिलों में एक-दो स्थानों पर 17 तक घना कोहरा रहने की संभावना है। हमीरपुर, ऊना, सिरमौर और बिलासपुर जिलों में एक दो स्थानों पर 17 जनवरी तक शीतलहर का अनुमान है। हिमाचल में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य रहे हैं।
हिमाचल में 1 जनवरी से 13 जनवरी तक बिलासपुर में सामान्य से 98, चंबा में 83, हमीरपुर में 96, कांगड़ा में 75, किन्नौर में 80, कुल्लू में 47, लाहौल स्पीति में 48, मंडी में 92, शिमला में 72, सिरमौर में 97, सोलन में 81 और ऊना में 75 फीसदी कम बारिश हुई है।
[pdf-embedder url=”https://ewn24.in/wp-content/uploads/2023/01/WEATHER.pdf”]
करसोग। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मनसा राम का आज राजकीय सम्मान के साथ मंडी जिला के करसोग में अंतिम संस्कार किया गया। पूर्व मंत्री के पार्थिव शरीर को उनके बेटों कृष्ण राज, महेशराज और प्रदीप कुमार ने मुखाग्नि दी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर ने करसोग पहुंचकर दिवंगत कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री मनसा राम को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मनसा राम राज्य के पहले मुख्यमंत्री डॉ़. वाईएस परमार के मंत्रिमंडल में करसोग से सबसे कम उम्र के मंत्री थे। मंत्री और विधायक के तौर पर उन्होंने प्रदेश के विकास में अहम योगदान दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी में मनसा राम की कमी राज्य को हमेशा खलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मनसा राम हमेशा उनसे मार्गदर्शक के रूप में मिलते थे और उनके साथ अनुभव साझा करते थे। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार और कांग्रेस पार्टी उनके परिवार के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिजनों के साथ अपनी संवेदनाएं साझा कीं।
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में हत्या का मामला सामने आया है। नेपाली मूल के 47 वर्षीय व्यक्ति का शव आज भट्टाकुफर पार्किंग के पास मिला। प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत हुआ कि मारपीट के बाद सिर में चोट लगने से उसकी मौत हुई है।
ढली थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल का मुआयना किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नेपाली मूल के तीन आरोपियों को पकड़ा गया है। घटना कल आधी रात को हुई बताई जा रही है। पोस्टमॉर्टम कल आईजीएमसी में होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिलासपुर। हिमाचल की बिलासपुर पुलिस ने फरार नशा तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस कांस्टेबल पर चाकू से हमला कर मौके से फरार हो गया था।
बता दें कि 10 जनवरी को पुलिस थाना भराड़ी की टीम ने शैलन चौहान उर्फ किट्टू पुत्र करण सिंह निवासी भुंडल घुमारवीं को 5 ग्राम चिट्टा के साथ पकड़ा था।
इसके बाद आरोपी ने पुलिस कांस्टेबल पर चाकू से हमला किया और मौके से फरार हो गया। हमले में पुलिस कांस्टेबल घायल हुआ था। पुलिस थाना भराड़ी में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
मामला दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश जारी थी। अब पुलिस ने ने शैलन चौहान उर्फ किट्टू को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।
शिमला। हिमाचल की राजधानी शिमला में पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी के रहने वाले पत्नी की हत्या के आरोपी ने खुदकुशी कर ली है। कैथू जेल में आरोपी नेमल उराव ने कंबल का फंदा बनाया और बाथरूम में लटक गया। हालांकि, जेल में फंदा लगाने से प्रशासन पर भी कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी भेज दिया है। कैथू जेल में इस तरह से खुदकुशी का मामला सामने आने के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था की भी पोल खुली है। सबसे बड़ा सवाल ये उठ रहा है कि कैदी ने जब खुदकुशी की तो जेल कर्मी उस समय कहां पर थे। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच हो रही है। मामले की पुष्टि ASP सिटी रमेश शर्मा ने की है।
बता दें कि शिमला के समरहिल में आरोपी नेमल उराव ने अपनी पत्नी को लोहे की रॉड से पीट पीटकर मार डाला था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। मृतक ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया था कि मेरी पत्नी मेरी बात नहीं मानती थी। वह हर बात पर जवाब देती थी इसलिए मैंने उसे मार दिया।
हमीरपुर। जिला हमीरपुर के सुजानपुर में बीड़ बगेहड़ा गांव में मां-बेटे की गोली मारकर जान लेने वाले रिटायर्ड फौजी चंचल सिंह को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। प्राथमिक पूछताछ के दौरान ये खुलासा हुआ है कि आरोपी ने 35 साल पुराने विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बंदूक अपने कब्जे में ले ली है।
शनिवार सुबह फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर जांच करने के लिए पहुंची। सुजानपुर से सतपाल शर्मा की अगुवाई में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम बारीकी से शुक्रवार को हुए घटनाक्रम की जांच करने में लगी हुई है। वहीं, घटनास्थल पर दीवारों पर जगह-जगह गोली चलने के बाद छर्रे के निशान मिले हैं।
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों में पिछले 35 साल से छोटे से जमीन के टुकड़े को लेकर विवाद चल रहा था। केस सुजानपुर में SDM की कोर्ट में विचाराधीन है, लेकिन शुक्रवार को लड़ाई ने खूनी रूप ले लिया। दोनों परिवारों की आपस में रिश्तेदारी थी, लेकिन यह रिश्तेदारी कट्टर दुश्मनी में बदल गई है।
एसपी हमीरपुर आकृति शर्मा ने बताया कि जांच जारी है। दोनों घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। दोनों घायल ससुर और बहू को हमीरपुर स्थित जिला अस्पताल में रेफर किया गया है। गोलीबारी में मारे गए मां-बेटे का आज पोस्टमार्टम होगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे और शाम तक अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मृतक करण कटोच का एक भाई आर्मी में है जिसे सूचना दे दी गई है। गोलीबारी में करण की मां विमला देवी की भी मौत हुई है, जबकि करण के पिता अजीत कुमार और करण की पत्नी ममता देवी घायल हुए हैं। पुलिस ने चंचल के खिलाफ धारा 302 IPC के तहत हत्या का केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी चंचल और पीड़ित परिवार आपस में रिश्तेदार और एक दूसरे के पड़ोसी हैं। दोनों जमीन पर अपना हक जताते हैं। शुक्रवार शाम करीब साढ़े 5 बजे दोनों पक्षों में जमीन को लेकर बहस हुई। इसके बाद झगड़ा इतना बढ़ गया कि चंचल सिंह ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
करण कटोच अपनी मां विमला देवी व पत्नी-पिता के साथ खेत में काम कर रहे थे। चंचल सिंह मकान की छत पर खड़ा था, वहीं से उसने गोलियां चला दीं। करण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अन्य तीनों को छर्रे लगे। विमला को सुजानपुर अस्पताल लाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। करण की पत्नी व पिता का इलाज चल रहा है।
गांव में जिस जगह पर शुक्रवार देर शाम गोलीबारी हुई, उस स्थान पर पुलिस का पहरा बैठा दिया गया है। घटनास्थल को पुलिस ने सील कर दिया है। पुलिस की टीम भी SP आकृति शर्मा की अगुवाई में देर रात छानबीन करती रही। मकान की छत से जहां से गोलीबारी की गई, वहां से खाली कारतूस भी बरामद किए गए हैं।