गगल। लोकसभा चुनाव के बीच कांगड़ा जिला के गगल पुलिस स्टेशन के तहत भडियाड़ा में एक घर से शराब की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने देसी शराब मार्का वीआरबी संतरा और संतरा नंबर 1 की 103 पेटी बरामद की हैं।
बता दें कि पुलिस को विशाल कुमार (39) पुत्र मदन लाल निवासी भडियाड़ा तहसील और जिला कांगड़ा के घर में अवैध शराब रखने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद एसआई नारायण सिंह, पीएसआई चमन सिंह, एचसी संजीव और अन्य अधिकारियों ने आरोपी विशाल कुमार के घर में दबिश दी।
टीम को रिहायशी मकान के साथ बने सीमेंट ब्लॉक टीन के शैड में 103 पेटी (1236 बोतल) अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हमीरपुर। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के लोकप्रिय ऐप्स में से एक ‘वोटर हेल्पलाइन ऐप’ आम मतदाताओं के लिए काफी मददगार साबित हो सकती है। उन्होंने बताया कि वोटर हेल्पलाइन ऐप में आम मतदाताओं के लिए कई सुविधाजनक फीचर्स उपलब्ध करवाए गए हैं।
मतदाता सूची में अपना नाम ढूंढना, मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाना या हटवाना, मतदाता के विवरण को दुरुस्त करवाना और मतदाता पहचान पत्र को आधार नंबर या मोबाइल नंबर से लिंक करवाना जैसे महत्वपूर्ण कार्य इस ऐप के माध्यम से घर बैठे ही करवाए जा सकते हैं।
इसके अलावा उम्मीदवारों का विवरण, निर्वाचन प्रक्रिया, चुनाव परिणाम और ईवीएम से संबंधित कई जानकारियां भी इसी ऐप के माध्यम से प्राप्त की जा सकती हैं। निर्वाचन संबंधी शिकायत भी इस ऐप से की जा सकती है। पात्र मतदाता इस ऐप से अपनी डिजिटल फोटो वोटर स्लिप भी डाउनलोड कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वोटर हेल्पलाइन ऐप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से फ्री में डाउनलोड किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस ऐप में पुख्ता प्राइवेसी फीचर्स मौजूद हैं और यह यूजर्स की किसी भी प्रकार की जानकारी स्टोर नहीं करता है।
अमरजीत सिंह ने बताया कि जिला हमीरपुर के पांचों विधानसभा क्षेत्रों 36-भोरंज, 37-सुजानपुर, 38-हमीरपुर, 39-बड़सर और 40-नादौन में सभी पात्र लोगों के नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करने के लिए निर्वाचन विभाग ने बूथ लेवल अधिकारियों, राजनीतिक दलों के एजेंटों और विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से व्यापक अभियान चलाया था।
इसके बावजूद किन्हीं कारणों से छूटे लोग और विशेषकर 18-19 वर्ष के आयु वर्ग के नए पात्र युवा 4 मई तक अपने नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करवा सकते हैं। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी या एसडीएम कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल एनवीएसपी और वोटर हेल्पलाइन ऐप पर भी ऑनलाइन पंजीकरण करवाया जा सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी छूटे लोगों से अपील की है कि वे 4 मई से पहले अपने नाम मतदाता सूचियों दर्ज करवाना सुनिश्चित करें, ताकि वे आगामी लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
शिमला। हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला जिला के कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के जुन्गा में आयोजित शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष अवसर उपलब्ध होते हैं।
उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला का बीड़-बिलिंग क्षेत्र पैराग्लाइडिंग के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। प्रदेश सरकार हिमाचल के वातावरण के अनुकूल हरित उद्योगों को बढ़ावा दे रही है, जिसमें पर्यटन भी शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रदेश में पर्यटन विकास के लिए व्यापक योजना तैयार की है। कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने की घोषणा के साथ ही अन्य अनछुए गंतव्यों को विकसित किया जाएगा। साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने में इस तरह के आयोजन सहायक सिद्ध होंगे।
उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा के साथ ही उन्हें विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार कृतसंकल्प है। आपदा से उबरने के साथ ही हिमाचल पुनः पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में इस बार आपदा के दौरान बहुत अधिक नुकसान हुआ है और कई लोगों ने अमूल्य जीवन खोया है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं विभिन्न आपदाग्रस्त क्षेत्रों में गए और प्रदेश सरकार ने तत्परता से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने आपदा प्रभावितों की मदद के लिए 4500 करोड़ रुपये का विशेष राहत पैकेज जारी किया है। इसके तहत पूरी तरह से क्षतिग्रस्त घरों पर पहले मिलने वाले 1.30 लाख रुपए की आर्थिक मदद को बढ़ाकर 7 लाख रुपये कर दिया गया है।
इसके साथ ही कच्चे और पक्के मकान को आंशिक नुकसान पर मिलने वाले मुआवजे को बढ़ाकर एक लाख रुपये किया है। लोगों को अपना घर दोबारा बनाने के लिए राज्य सरकार 280 रुपए प्रति बोरी के हिसाब से सीमेंट उपलब्ध करवाएगी।
इसके साथ ही बिजली और पानी का कनेक्शन भी राज्य सरकार निःशुल्क लगाएगी। राहत शिविरों में रह रहे लगभग तीन हजार परिवारों को राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में किराए का मकान लेने के लिए 5000 रुपए और शहरी क्षेत्रों में 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता भी दे रही है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर 75 हजार करोड़ का ऋण और कर्मचारियों की 10 हजार करोड़ रुपए की देनदारियां होने के बावजूद राज्य सरकार अपने संसाधनों से प्रभावित परिवारों की भरपूर मदद कर रही है।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी गुल्लक से आपदा प्रभावितों की मदद के लिए राशि दी है। यही नहीं, कर्मचारियों, पेंशनर्स और समाज के सभी वर्गों ने आपदा राहत कोष में ऐतिहासिक योगदान दिया है, जिसके लिए वे सभी के आभारी हैं।
उन्होंने कहा कि पुराने कानूनों से नई चुनौतियों का सामना नहीं किया जा सकता है, इसीलिए राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में बड़े बदलाव ला रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आने में कुछ समय लगेगा।
उन्होंने कहा कि कर्ज के सहारे कोई भी सरकार नहीं चल सकती। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को चार वर्षों में आत्मनिर्भर और दस वर्षों में देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार अनेक प्रभावी कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में हुई तबाही का जायजा लेने के लिए केंद्र से तीसरी टीम आई है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि केन्द्र सरकार जल्द ही हिमाचल को विशेष आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बार-बार केंद्र सरकार से विशेष राहत पैकेज की मांग कर रही है, जबकि भाजपा आपदा में भी राजनीतिक रोटियां सेंक रही है।
राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और हिमाचल प्रदेश को विशेष राहत पैकेज प्रदान करने के लिए विधानसभा में लाए गए संकल्प पर भाजपा के विधायक मूकदर्शक बन रहे हैं। यही नहीं हिमाचल प्रदेश के भाजपा सासंदों ने भी प्रधानमंत्री के समक्ष विशेष राहत पैकेज का मामला नहीं उठाया, जो उनके प्रदेश की जनता के प्रति उदासीन रवैये को दर्शाता है।
कार्यक्रम का आयोजन ‘द ग्लाइड इन’ कंपनी और पर्यटन विभाग मिलकर कर रहे हैं। ‘द ग्लाइड इन’ कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण रावत ने उत्सव के बारे में विस्तृत जानकारी दी। चार दिन तक चलने वाले इस उत्सव में देश-विदेश के 51 पैराग्लाइडर्स भाग ले रहे हैं।
उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की। प्रबन्ध निदेशक, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम अमित कश्यप ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरूद्ध सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार) गोकुल बुटेल, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, ओएसडी रितेश कपरेट और गोपाल शर्मा तथा अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।
शिमला। हिमाचल की राजधानी शिमला के ढली में ED की रेड पड़ी है। रेड छात्रवृत्ति घोटाले में गिरफ्तार शिक्षा विभाग के पूर्व सुपरिटेंडेंट अरविंद राज्टा के निजी आवास हिमगिरी ढली पर पड़ी है। बता दें कि वर्ष 2016-17 में सीबीआई ने अरविंद राज्टा को छात्रवृत्ति घोटाले में गिरफ्तार किया था।
आज मंगलवार 29 अगस्त को ED ने सुबह करीब सात बजे उनके निजी आवास पर रेड मारी। 7 सदस्य टीम ने उसके निजी आवास शिमला में छापा मारा है। उनके साथ केंद्रीय पुलिस रिजर्व के दो वर्दी धारी सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। टीम ने संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों को खंगाला है।
ऋषि महाजन/नूरपुर। कांगड़ा जिला की नूरपुर विधानसभा के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोपड़ा डबल मर्डर के आरोपी अंकुश के घर में आग लग गई है। हालांकि, आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
रविवार सुबह 11 बजे के बाद आरोपी के घर में आग लगने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
गौरतलब है कि पुलिस थाना नूरपुर के तहत 31 जुलाई को ग्राम पांचायत कोपड़ा में दो लोगों की हत्या हुई है। मामले में पुलिस ने आरोपी अंकुश (20) पुत्र धर्म सिंह निवासी गांव व डाकघर कोपड़ा तहसील नूरपुर को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि आरोपी अंकुश एक झगड़ालू किस्म का युवक है।
31 जुलाई सोमवार दोपहर को हरनाम सिंह (73) अपने खेत में अपनी पत्नी शकुन्तला देवी (70) के साथ घास काट रहे थे। अचानक आरोपी अंकुश कुमार वहां आया और बुजुर्ग दंपति से छीना-झपटी करने की कोशिश की जिस पर आपसी झगड़े के दौरान आरोपी ने तेजधार हथियार (दराट) से पति व पत्नी पर वार कर दिया।
आरोपी ने इतनी जोर से दोनों पर वार किया कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस संदर्भ में पुलिस थाना नूरपुर में धारा 302, 324 के तहत मामला दर्ज किया गया है।