मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर पुतलों को लगाई आग
शिमला। हिमाचल में बुराई पर अच्छाई की जीत की जीत का पर्व दशहरा धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतल जलाए गए। रावण दहन को देखने के लिए जाखू में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।
सीएम सुखविंदर सुक्खू ने रिमोट का बटन दबाकर रावण के 50 फीट, कुंभकर्ण व मेघनाद के 40-40 फीट ऊंचे पुतले को आग लगाकर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया। इस दौरान पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह व शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस दौरान प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी। कहा कि असत्य पर सत्य की जीत का यह पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। भगवान राम के बताए हुए रास्ते पर हम सभी को चलने का प्रयास करना चाहिए।
वहीं, कुल्लू दशहरे को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार 15 देश इसमें भाग ले रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के एंबेसडर को भी न्यौता दिया गया है। प्रदेश में आई आपदा के बाद बड़े स्तर पर दशहरा का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश आपदा की इस दौर से धीरे-धीरे उभर कर बाहर आ रहा है।
कांगड़ा में नगर परिषद मैदान कांगड़ा में दशहरा पर्व का आयोजन किया गया। इस दौरान भारी संख्या में लोगों ने उपस्थिति दर्ज करवाई। रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले धू-धू कर जले। शाहपुर में पहली बार चार दिवसीय दशहरा उत्सव मनाया गया है।
चार दिवसीय दशहरा उत्सव के समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि कृषि मंत्री प्रो चौधरी चंद्र कुमार ने कहा कि पर्वों तथा त्यौहारों के माध्यम से भारत की समृद्व संस्कृति की झलक मिलती है तथा जीवन जीने के सही मार्गदर्शन भी मिलता है।
ऋषि महाजन/नूरपुर। कांगड़ा जिला की नूरपुर विधानसभा के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोपड़ा डबल मर्डर के आरोपी अंकुश के घर में आग लग गई है। हालांकि, आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
रविवार सुबह 11 बजे के बाद आरोपी के घर में आग लगने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
गौरतलब है कि पुलिस थाना नूरपुर के तहत 31 जुलाई को ग्राम पांचायत कोपड़ा में दो लोगों की हत्या हुई है। मामले में पुलिस ने आरोपी अंकुश (20) पुत्र धर्म सिंह निवासी गांव व डाकघर कोपड़ा तहसील नूरपुर को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि आरोपी अंकुश एक झगड़ालू किस्म का युवक है।
31 जुलाई सोमवार दोपहर को हरनाम सिंह (73) अपने खेत में अपनी पत्नी शकुन्तला देवी (70) के साथ घास काट रहे थे। अचानक आरोपी अंकुश कुमार वहां आया और बुजुर्ग दंपति से छीना-झपटी करने की कोशिश की जिस पर आपसी झगड़े के दौरान आरोपी ने तेजधार हथियार (दराट) से पति व पत्नी पर वार कर दिया।
आरोपी ने इतनी जोर से दोनों पर वार किया कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस संदर्भ में पुलिस थाना नूरपुर में धारा 302, 324 के तहत मामला दर्ज किया गया है।