मंडी। हिमाचल के मंडी-पंडोह के बीच फोरलेन निर्माण कार्य के चलते ट्रैफिक ब्लॉकेज का समय बदल दिया गया है। बता दें कि नेशनल हाईवे 21 पर मंडी से पंडोह के बीच प्रतिदिन दो-दो घंटे के ट्रैफिक ब्लॉकेज से लोगों को समस्याएं आ रही थी।
इसे ध्यान में रखते हुए यह फैसला किया गया है कि हर रोज दो शिफ्टों मे लगाए जाने वाले ट्रैफिक ब्लाकेज की जगह अब मध्यरात्रि साढ़े 12 बजे से सुबह 4 बजे तक ट्रैफिक ब्लाकेज लगाया जाएगा।
इसके अलावा ब्लास्टिंग के लिए सोमवार, बुधवार तथा शुक्रवार यानि सप्ताह में तीन दिन, दिन में समय साढ़े 11 बजे से साढ़े 12 बजे तक 1 घंटे का ट्रैफिक ब्लॉकेज किया जाएगा। यह ब्लॉकेज 27 अप्रैल 2024 से 04 मई तक का किया गया है ।
मई माह में टूरिस्ट सीजन के ट्रैफिक प्रवाह को देखते हुए ही ब्लॉकेज को आगे बढ़ाने पर फैसला लिया जाएगा। यह जानकारी मंडी पुलिस ने फेसबुक पेज पर दी है
मनाली। कुल्लू जिला के मनाली में हिमस्खलन की चपेट में आए कांगड़ा जिला के पोकलेन मशीन ऑपरेटर का शव बरामद कर लिया गया है। मनाली प्रशासन, पुलिस और एनडीआरएफ के जवानों ने सर्च ऑपरेशन के दौरान बर्फ में दबे पोकलेन ऑपरेटर के शव को ढूंढ लिया है।
बता दें कि मनाली पुलिस स्टेशन के तहत जगतसुख के कालू नाले में एक कंपनी पांच मेगावाट का विद्युत प्रोजेक्ट लगा रही है। रमेश कुमार पुत्र देस राज गांव मोरुछ बोह दरिणी जिला कांगड़ा इसी प्रोजेक्ट में पोकलेन ऑपरेटर था। वीरवार को नाले में अचानक हुए हिमस्खलन की चपेट में पोकलेन ऑपरेटर रमेश कुमार आ गया और बर्फ में दब गया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम मनाली रमण कुमार, डीएसपी केडी शर्मा और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन वीरवार को बर्फ में दबे पोकलेन ऑपरेटर का सुराग नहीं लग पाया।
शुक्रवार यानी आज फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। दोपहर को पोकलेन ऑपरेटर रमेश कुमार का शव ढूंढ निकाला। शव को अस्पताल पहुंचाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
मनाली। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला में मनाली-सोलंग नाला मार्ग पर नेहरू कुंड में भारी हिमस्खलन हुआ है। हिमस्खलन के चपेट में कई वाहन आ गए हैं। वाहन बर्फ के दब गए हैं। हालांकि गनीमत ये है कि अभी तक किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है।
सड़क किनारे वाहन पार्क किए गए थे जो कि अचानक पहाड़ी में हुए हिमस्खलन की चपेट में आ गए। सूचना मिलने के बाद प्रशासन मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ियों को निकाला जा रहा है।
गौर हो कि हिमाचल में दो मार्च को बहुत भारी बारिश और बर्फबारी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। कुल्लू जिला के अलावा ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, किन्नौर और लाहौल स्पीति में जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश और बर्फबारी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।
ऐसे में हिमस्खलन जैसी घटनाओं की संभावना और भी बढ़ गई है। लोगों को हिदायत दी जा रही है कि बेवजह यात्रा पर न निकलें।
मनाली। हिमाचल में बहुत भारी बर्फबारी और बारिश के रेड अलर्ट के बीच कुल्लू जिला के मनाली में बर्फबारी शुरू हो गई है। सड़कों पर बर्फ की मोटी परत जमने लगी है। अटल टनल रोहतांग धुंधी (South Portal) में बर्फबारी शुरू हो गई है।
शिमला की कोहिनूर फर्स्ट रनरअप, मनाली की भव्या सेकेंड रनरअप
मनाली। राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवाल मनाली के अंतिम दिन शरद सुंदरी प्रतियोगिता में शरद सुंदरी-2024 का ताज मनाली की निशा ठाकुर के सिर पर सजा।
फाइनल राउंड में 15 प्रतिभागियों को पछाड़कर निशा ठाकुर ने शरद सुंदरी-2024 के खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं, शिमला की कोहिनूर फर्स्ट रनरअप जबकि मनाली की ही भव्या पंडित सेकेंड रनरअप रहीं।
पहले राउंड में सुंदरियों ने रैंप पर कैटवॉक किया। दूसरे राउंड में उनका सामना जजेस से हुआ।
अधिकतर सुंदरियों ने पूरे आत्मविश्वास से जजेस द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दिए। इसके बाद फाइनल राउंड हुआ, जिसमें निशा ठाकुर को शरद सुंदरी-2024 चुना गया।
पहली बार दूसरे राउंड में सभी 27 प्रतिभागियों को मौका दिया गया। शरद सुंदरी निशा को एक लाख रुपए व ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
वहीं, प्रथम उपविजेता को 50 हजार व द्वितीय उपविजेता को 30 हजार रुपए से सम्मानित किया गया। मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।
मनाली। क्रिसमस और नए साल का जश्न मनाने के लिए पर्यटक भारी संख्या में हिमाचल पहुंच रहे हैं। कुल्लू-मनाली की खूबसूरत वादियों में भी पर्यटकों की आमद बढ़ गई है। यहां पर बाहरी राज्यों से पर्यटक पहुंच रहे हैं।
हालांकि, कुछ पर्यटक कई बार हुड़दंग बाजी में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल देते हैं। जोकि बिल्कुल सही नहीं है। लाउड म्यूजिक और रैश ड्राइविंग से ये लोग अपनी और दूसरों की जान को भी जोखिम में डालते हैं। ऐसा ही एक मामला मनाली में सामने आया।
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर मनाली का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा था। वीडियो में एक हरियाणा नंबर की गाड़ी में सवार लोग दोनों खिड़कियों को खोल कर गाड़ी दौड़ा रहे थे।
वीडियो संज्ञान में आने के बाद कुल्लू पुलिस ने तुरंत पर्यटकों के खिलाफ कार्रवाई की। इस गाड़ी का यातायात अधिनियम के तहत 3500 रुपए का चालान किया है। इसकी जानकारी कुल्लू पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी है।
इसके अलावा, कुल्लू पुलिस ने शीशों पर काली स्क्रीन लगाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। कुल्लू पुलिस का कहना है कि बाहरी राज्यों से बहुत से पर्यटक वाहन चालकों ने शीशों पर काली स्क्रीन लगाई होती है।
कुल्लू पुलिस द्वारा ऐसे वाहनों के चालान किए जा रहे हैं और काली स्क्रीन को उतारा जा रहा है। कुल्लू पुलिस ने सभी पर्यटकों का कुल्लू मनाली में स्वागत किया है और अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में बुधवार को मौसम साफ रहा और अधिकतर स्थानों पर धूप खिली रही। हालांकि, न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है और ठंड भी बढ़ गई है।
प्रदेश में 10 दिसंबर तक मौसम साफ बना रहेगा। 11 दिसंबर से फिर बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इस दौरान प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव का पूर्वानुमान है। केलांग, कल्पा और समदो का न्यूनतम तापमान लगातार तीसरी रात माइनस में दर्ज हुआ।
मंगलवार रात केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 5.2, समदो में माइनस 2.7 और कल्पा में माइनस 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान कम रहने से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक बढ़ गई है।
लाहौल-स्पीति, अटल टनल और सिस्सू और कोकसर में भारी हिमपात के बाद पर्यटक पहुंच रहे हैं। हालांकि, 4 बाय 4 टूरिस्ट वाहनों को ही अटल टनल आने दिया जा रहा है क्योंकि लेह मनाली हाईवे पर काफी ज्यादा फिसलन है।
बर्फबारी के बाद मनाली में पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है। क्रिसमस और न्यू ईयर पर मनाली में और सैलानी आने की उम्मीद है। इन दिनों मनाली में हर रोज लगभग 600 पर्यटक वाहन पहुंच रहे हैं।
कुल्लू। हिमाचल में पहाड़ों पर सफेद चांदी बिछ गई है इसी के साथ फिल्मी सितारों की आवाजाही भी बढ़ गई है। फिल्म की शूटिंग के लिए बॉलीवुड एक्टर अरबाज खान कुल्लू जिला के घुड़दौड़ पहुंचे हैं। अरबाज खान यहां पर बड़ागढ़ रिजोर्ट में एक सप्ताह तक रुकेंगे।
फिल्म का नाम ‘पटना शुक्ला’ बताया जा रहा है। घुड़दौड़ पहुंचने पर अरबाज खान का हिमाचली अंदाज में शॉल और टोपी पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान अरबाज के कुछ फैंस भी उनसे मिले और सेल्फी आदि ली।
शिमला। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की मनाली से चलने वाली कुछ वोल्वो बसें कीरतपुर फोरलेन से संचालित होंगी। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (नेशनल हाईवे अथॉरिटी) द्वारा सुंदरनगर से कीरतपुर के लिए फोरलेन पर आवाजाही आरंभ कर दी गई है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) द्वारा सुंदरनगर, कीरतपुर फोरलेन आरंभ होने पर कुछ बसें सुंदरनगर से फोरलेन पर, कुछ बसें वाया बिलासपुर, नौणी होते हुए स्वारघाट से कीरतपुर से आने व जाने के आदेश किए गए हैं और आदेशों के अनुसार बसें चलाई जा रही हैं।
वहीं, HRTC की वोल्वो बसों में सफर करने वाले यात्रियों द्वारा यह सुझाव दिया गया है कि मनाली से चलने वाली वोल्वो बस सेवाएं सुंदरनगर से कीरतपुर फोरलेन होकर जानी चाहिए। यह भी सुझाव दिया गया है कि नेरचौक में लगने वाले जाम के मध्यनजर वोल्वो बसों को नेरचौक बाईपास से चलाया जाएगा। बिलासपुर प्रदेश का एक मुख्य शहर एवं जिला मुख्यालय है, वहां के लोगों को भी वोल्वो बस सेवाओं का लाभ मिल सके इसके लिए परिवहन निगम द्वारा कुछ रूटों में बदलाव किया गया है।
मनाली से चलने वाली प्रत्येक वोल्वो बस नेरचौक बाईपास से जाएगी। नेरचौक के यात्री HRTC की वोल्वो बस सेवाओं को डडौर नामक स्थान से ले सकते हैं। मनाली से दिल्ली सांय 3, 4, 5, 6 और 9 बजे चलने वाली वोल्वो बसें सुंदरनगर (हराबाग) से कीरतपुर फोरलेन से चलाई जाएंगी। मनाली से चंडीगढ़ सुबह 8 और सांय साढ़े 7 बजे चलने वाली वोल्वो बस सेवाएं सुंदरनगर (हराबाग) से कीरतपुर फोरलेन से चलाई जाएंगी।
मनाली से हरिद्वार सांय 2 बजकर 58 मिनट पर चलने वाली हिमधारा एसी बस सुंदरनगर (हराबाग) से कीरतपुर फोरलेन से चलाई जाएगी। मनाली से दिल्ली सांय 8 बजे, मनाली से हरिद्वार सांय साढ़े 4 बजे, मनाली से चंडीगढ़ सुबह 10 बजे चलने वाली वोल्वो बस सेवाएं बिलासपुर, नौणी, मंडी-भराड़ी फोरलेन से होते हुए संचालित की जाएंगी।
बिलासपुर के यात्री जिन्होंने सुंदरनगर (हराबाग) से कीरतपुर फोरलेन होकर संचालित की जा रही वोल्वो बस में सफर करना है तो वे मंडी भराड़ी से परिवहन निगम की बस सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। इसी प्रकार नेरचौक के यात्री डडौर नामक स्थान से HRTC की उपरोक्त बस सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। यह जानकारी HRTC के प्रबंधक निदेशक रोहन चंद ठाकुर ने दी है।
काजा। लाहौल-स्पीति जिला में शुक्रवार सुबह से ही मौसम खराब है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है जिसके कारण लाहौल-स्पीति जिला में कई मार्ग बंद हो गए हैं। इन्ही मार्गों की जानकारी हम आपके लिए लाए हैं।
मनाली-सरचू NH-03 दारचा से सरचु और कोकसर से रोहतांग टॉप तक वाहनों की आवाजाही के लिए बर्फबारी के कारण बंद है।
बता दें कि 16 सितंबर 2023 से मौसमी पुलिस जांच चौकी सरचु से हटा दी गई है। पुलिस जांच चौकी दारचा में स्थित है। यात्रियों से आग्रह है कि दारचा से आगे ध्यानपूर्वक यात्रा करें।
समदो-काजा-ग्राम्फू NH-505 की बात करें तो ग्राम्फू से छतरू सड़क सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बर्फबारी के कारण बंद है।
हालांकि दारचा-शिंकुला सड़क और संसारी-किलाड़-तिंदी-तांदी सड़क सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल है। लाहौल-स्पीति जिला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अनावश्यक तौर पर यात्रा न करें।