धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के सप्त सिंधु परिसर II, देहरा में रेड रिबन क्लब, राष्ट्रीय सेवा योजना और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा उन्नत भारत अभियान के तहत अंगीकृत गांव के बलिदानी पंकज बडियाल की स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया । इसमें बलिदानी पंकज बडियाल की माता सत्या देवी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
इस रक्तदान शिविर में अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. संजीत, समाज कार्य विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शशि पूनम, सहायक प्रोफेसर डॉ. ज्योति पराशर, डॉ. श्रेया बख्शी और बलिदानी पंकज बडियाल के परिवारजन उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में छात्रों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।
शिमला। हिमाचल लोक सेवा आयोग ने कमांडेंट/जूनियर स्टाफ ऑफिसर और चीफ इंस्पेक्टर (Boilers) के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इसमें कमांडेंट/जूनियर स्टाफ ऑफिसर के तीन पद भरे जाने हैं। इसमें दो पद अनारक्षित और एक एसटी बैकलॉग पोस्ट के तहत भरा जाएगा। चीफ इंस्पेक्टर (Boilers) का एक पद भरा जाएगा। यह पद अनारक्षित है।
कमांडेंट/जूनियर स्टाफ ऑफिसर के पद होमगार्ड एंड सिविल डिफेंस और चीफ इंस्पेक्टर (Boilers) का पद इंडस्ट्री विभाग में भरा जाएगा।
इन पदों के लिए 6 दिसंबर से ऑनलाइन आवेदन आयोग की वेबसाइट www.hppsc.hp.gov.in/hppsc पर किए जा सकते हैं।
आवेदन की अंतिम तिथि 3 जनवरी 2023 होगी। योग्यता, शुल्क और दिशा निर्देशों के बारे जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध डिटेल advertisement से प्राप्त की जा सकती है। यह जानकारी लोक सेवा आयोग के सचिव डीके रत्न ने दी है।
हरिपुर।हिमाचल के कांगड़ा जिला के देहरा विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भटोली फकोरियां में वार्षिक पारितोषिक समारोह का आयोजन किया गया। इसमें सेवानिवृत्त लेक्चरर अशोक कुमार शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल प्रधानाचार्य कविता धीमान ने की। स्टेज संचालन प्रवक्ता राजीव शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम और सरस्वती वंदना से की गई।
स्कूल के वार्षिक पारितोषिक समारोह में छात्रों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसमें सोलो डांस तेरी उंगली पकड़ के, ग्रुप डांस निक्की जिनी गुजरी और प्रेम रतन धन पायो गाने पर किए गए डांस पर भरपूर वाहवाही लूटी तथा आए हुए लोगों का खूब मनोरंजन किया। वार्षिक पारितोषिक समारोह में पहुंचे गणमान्य लोगों को सर्वप्रथम बैच लगाकर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उन्हें बधाई दी। इस मौके मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त लेक्चरर अशोक कुमार ने बच्चों को शिक्षा की तरफ ध्यान देने व नशे आदि से बचने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्रों का मकसद पढ़ाई होना चाहिए। शिक्षक छात्रों का भविष्य बनाने में अहम योगदान देते हैं। इस मौके पर स्कूल स्टाफ अजय शास्त्री, राजीव शर्मा, राकेश कुमार, शेर सिंह, संजीव कुमार, चूड़ामणि, रमेश चंद आदि उपस्थित रहे।
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश चौहान बोले- गलत हो जाते हैं सर्वे
शिमला। हिमाचल विधानसभा चुनाव की मतगणना 8 दिसंबर को होनी है। विधानसभा चुनाव को लेकर बीते दिन एग्जिट पोल जारी किए गए जिसमें ज्यादातर पोल भाजपा के पक्ष में हैं, लेकिन कांग्रेस जीत दर्ज करने का दावा कर रही है।
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा कि जो सर्वे आए हैं चंद लोगों से बात कर ये सर्वे किए गए हैं। 55 लाख की जनता में से 20 हजार सैंपल लेकर ये सर्वे किए गए हैं। इस आधार पर राय बनाना सही नहीं है। सर्वे पहले भी गलत हो चुके हैं। विधानसभा चुनावों मे प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ रोष देखने को मिला है।
भाजपा ने राष्टीय मुद्दों पर चुनाव लड़ा जबकि कांग्रेस ने स्थानीय मुद्दों पर चुनाव लड़ा है। कर्मचारियों को ओपीएस देने का कांग्रेस ने वादा किया है इसके अलावा रोजगार देने की बात की है और जनता का समर्थन भी कांग्रेस को मिला है। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल से भाजपा खुश होना चाहती है तो एक दिन खुश हो ले।
एग्जिट पोल पूरी तरह से सही नहीं होते हैं यह गलत भी साबित होते हैं। कांग्रेस का जो अपना सर्वे है उसमें प्रदेश में पूर्ण बहुमत से कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है और 42 सीटें कांग्रेस जीत रही है जिसको लेकर कार्यकर्ताओं से भी फीडबैक लिया गया है। आठ दिसंबर को परिणाम सामने आएंगे और प्रदेश में कांग्रेस बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएंगे। कांग्रेस इसको लेकर पूर्ण रूप से आश्वस्त है।
शिमला। हिमाचल विधानसभा चुनावों को लेकर आए एग्जिट पोल पर भाजपा और कांग्रेस में बयानबाजी शुरू हो गई है और दोनों ही दल अपनी सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं।
कांग्रेस के एग्जिट पोल पर सवाल उठाने पर भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि राष्ट्रीय चैनलों के सभी सर्वे भाजपा के पक्ष में है भाजपा पहले से ही मिशन रिपीट को लेकर आश्वस्त थी। कार्यकर्ताओं ने एक होकर काम किया है और प्रदेश में इस बार विवाद बदलने जा रहा है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश में रिवाज बदल रहा है और यह स्थिति प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों द्वारा किए गए सर्वे में साफ हो गया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही है और 2 दिन बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी और प्रदेश में पूर्ण बहुमत से फिर से भाजपा की सरकार सत्ता में आएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एग्जिट पोल पर सवाल खड़े कर रही है जबकि यह प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के विशेषज्ञों द्वारा धरातल पर जाकर करवाए गए सर्वे के आधार पर ही जारी किए गए हैं।
कांग्रेस एग्जिट पोल पर टिप्पणी करने के अलावा कुछ नहीं कर सकती है। उन्हें पता है कि प्रदेश में फिर से भाजपा सत्ता पर काबिज होने वाली है ओर 8 दिसंबर को स्थिति स्पष्ट हो जाएगी और प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनना तय है।
हमीरपुर।हिमाचल कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर ने कापी होल्डर पोस्ट कोड 982, वर्कशॉप इंस्ट्रक्टर (Pattern Making) पोस्ट कोड 992, सेनेटरी सुपरवाइजर पोस्ट कोड 986 और साइकोलोजिस्ट कम रिहैबिलिटेशन ऑफिसर पोस्ट कोड 994 की लिखित परीक्षा का रिजल्ट भी घोषित कर दिया है।
कापी होल्डर के 2 पद अनुबंध आधार पर भरे जाने हैं। पदों को भरने के लिए 21 अक्टूबर को लिखित परीक्षा आयोजित की थी। 13 ने लिखित परीक्षा दी थी। 13 में से 6 को आगामी प्रक्रिया के लिए सफल घोषित किया गया है। सफल अभ्यर्थियो का दस्तावेज मूल्यांकन 31 दिसंबर को होगा। वर्कशॉप इंस्ट्रक्टर (Pattern Making) के 2 पद अनुबंध आधार पर भरे जाने हैं। लिखित परीक्षा 19 अक्टूबर को आयोजित की थी। लिखित परीक्षा में 6 सफल घोषित किए गए हैं। दस्तावेज मूल्यांकन 31 दिसंबर को होगा।
सेनेटरी सुपरवाइजर के 3 पद अनुबंध आधार पर भरने के लिए 21 अक्टूबर को लिखित परीक्षा ली गई थी। इसमें 9 अभ्यर्थी आगामी प्रक्रिया के लिए चुने गए हैं। सफल अभ्यर्थियों का दस्तावेज मूल्यांकन 31 दिसंबर को होगा। साइकोलोजिस्ट कम रिहैबिलिटेशन ऑफिसर का एक पद अनुबंध आधार पर भरे जाना है।
लिखित परीक्षा 19 अक्टूबर को आयोजित की थी। इसमें चार सफल रहे हैं। सफल अभ्यर्थियों का दस्तावेज मूल्यांकन 30 दिसंबर को होगा। रिजल्ट हिमाचल कर्मचारी चयन आयोग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। रिजल्ट निकाले जाने की पुष्टि आयोग के सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने की है।
इससे पहले हिमाचल कर्मचारी चयन आयोग ने जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) पोस्ट कोड 1000 की लिखित परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया है। इसमें 10 अभ्यर्थी आगामी प्रक्रिया के लिए सफल घोषित किए गए हैं। सफल अभ्यर्थियों का टाइपिंग स्किल टेस्ट 20 दिसंबर को होगा।
स्वारघाट। बिलासपुर जिला के उपमंडल स्वारघाट के तहत ज्योरीपत्तन बोट घाट के पास एक युवक गोविंद सागर झील में डूब गया। युवक की पहचान सचिन ठाकुर (22) पुत्र श्याम लाल निवासी गांव पट्टा डाकघर कल्लर तहसील सदर जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सचिन गांव टिक्कर जकातखाना में शादी अटेंड करने आया हुआ था। दोपहर के समय वह झील में नहाने के लिए उतर गया। इस दौरान अचानक उसका पैर फिसला और वह गहरे पानी में समा गया।
आवाज सुनकर काफी लोग मौके पर जमा हो गए। वहां मौजूद लोगों ने उसको ढूंढने का काफी प्रयास किया, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल पाया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। युवक की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया गया है। खबर लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया है।
हमीरपुर।हिमाचल कर्मचारी चयन आयोग (HPSSC) हमीरपुर ने जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) पोस्ट कोड 1000 की लिखित परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया है। इसमें 10 अभ्यर्थी आगामी प्रक्रिया के लिए सफल घोषित किए गए हैं। सफल अभ्यर्थियों का टाइपिंग स्किल टेस्ट 20 दिसंबर को होगा।
बता दें कि यह एक पद अनुबंध आधार पर भरे जाना है। जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) का पद भरने के लिए 9 अक्टूबर 2022 को लिखित परीक्षा आयोजित की थी। एक पद के लिए 22243 आवेदन आए थे।
इसमें 10386 आवेदन स्वीकार हुए थे। लिखित परीक्षा में 3883 अभ्यर्थी बैठे थे। 3883 अभ्यर्थियों में से 10 को आगामी प्रक्रिया के लिए सफल घोषित किया गया है। रिजल्ट हिमाचल कर्मचारी चयन आयोग (HPSSC) की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। रिजल्ट निकाले जाने की पुष्टि आयोग (HPSSC) के सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने की है।
शिमला। हिमाचल चुनाव नतीजों से पहले आए एग्जिट पोल के बाद BJP काफ़ी उत्साहित हैं। बीजेपी एग्जिट पोल में बेहतर स्थित में नजर आ रही हैं जिसके बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दोबारा सरकार बनाने का दावा किया है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सभी एग्जिट पोल और सर्वेक्षणों में BJP को बढ़त दिखाई जा रही है जबकि आंतरिक सर्वेक्षण के अनुसार एग्जिट पोल से ज्यादा सीटें भाजपा जीतेगी। उन्होंने बताया कि भाजपा द्वारा चलाए गए रिवाज बदलने के नारे को घर-घर तक पहुंचाया गया है और लोगों ने इसे अपनाया भी है। सभी एग्जिट पोल में बीजेपी सरकार बना रही है।
जयराम ने कहा कि भाजपा के 5 साल के कार्यकाल में विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रदर्शन किया गया है जिसे देश भर में बेहतर आंका गया है। उन्होंने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र होने के साथ ही कोरोना से दो वर्ष में विकास की रफ्तार में कुछ कमी आई। इसके बावजूद पांच सालों में रिकॉर्ड सड़कों का निर्माण हुआ। बहुत काम किए गए हैं और बहुत कुछ आगे करने को हैं।
पझौता। सिरमौर जिला के पझौता में ठंडीधार के पास भ्राच नामक गांव में काली माता के मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है। भ्राच में स्थित काली माता के मंदिर में से चोरों ने दान पात्र पर ही हाथ साफ कर लिए हैं। शातिरों ने ग्रिल के अंदर रखे दानपात्र का कुंडा तोड़कर उसमें से चढ़ावे के पैसे चुरा लिए और कुछ ही दूरी पर उसे फेंक दिया।
दान पात्र में करीब चार हजार रुपए थे। ग्रामीण सुनील कुमार ने बताया कि चोरी की जानकारी उस समय लगी जब कुछ लोग मंदिर की तरफ गए। उन्होंने देखा कि मंदिर की ग्रिल के अंदर रखा हुआ दानपात्र कुछ ही दूरी पर पड़ा था और उसका ताला भी टूटा हुआ था। घटना को गांव वाले या किसी बाहर वाले ने अंजाम दिया है इसका पता लगाया जा रहा है।