मंडी। पंडोह डैम में पानी का प्रवाह बढ़ रहा है। ऐसे में पंडोह डैम से पानी छोड़ा जाएगा। बीबीएमवी पंडोह के वरिष्ठ कार्यकारी अभियंता विवेक चोपड़ा ने बताया कि पंडोह डैम के जलग्रहण क्षेत्र में बर्फ पिघलने के कारण डैम में पानी का प्रवाह बढ़ रहा है।
इस कारण ब्यास नदी में पानी का बहाव और बढ़ सकता है। पानी का बहाव बढ़ने के कारण किसी भी प्रकार की अनहोनी न हो इसलिए उन्होंने नदी किनारे रहने वाले सभी लोगों से आग्रह किया है कि वे सर्तकता बरतें तथा ब्यास नदी के समीप न जाएं।
शिमला। हिमाचल में खराब मौसम ने किसानों को ही नहीं बागवानों को भी चिंता में डाला है। पिछले साल के आर्थिक नुकसान के तले दबे हुए हिमाचल प्रदेश के सेब कारोबार से संबंधित लोगों में इस बार फिर से खराब मौसम के कारण डर और अनिश्चिता का माहौल बना हुआ है।
सेब उगाने वाले बागवान, मंडियों को संचालित करने वाले आढ़ती, सेब की आवागमन से जुड़े ट्रांसपोर्टर व निजी सीए स्टोर ऑपरेटर्स मौसम में आए अचानक बदलाव से चिंतित हैं।
हिमाचल में मौसम ने एक बार फिर गलत समय पर करवट ली है और बेमौसम बरसात ने पेड़ों की फ्लावरिंग और सेटिंग को नष्ट करना शुरू कर दिया है। इस समय हिमाचल में जहां तापमान 24 डिग्री के आसपास और खिली धूप वाला होना चाहिए था। वहीं, करीब-करीब पूरे प्रदेश में फिर से हल्की ठंड और बदली का मौसम बना हुआ है।
बता दें कि इन दिनों सेब में फ्लावरिंग का समय है। इस समय भारी ओलावृष्टि नुकसान का कारण बनती है। बताया जा रहा है कि लगातार भारी ओलावृष्टि से कुल्लू के लगभग एक दर्जन गांवों में सेब फसल पूरी तरह तबाह हो गई है।
कई जगह सेब के पेड़ों से फूल झड़ गए हैं और हेलनेट फट गए हैं। वहीं, जिन बगीचों में एंटी हेलनेट नहीं थी, उनसे फूलों के साथ पत्ते भी गिर गए और इससे सेब की टनहियां व पेड़ भी टूट गए हैं।
बात यहां पर आकर भी नहीं रुकती है। तापमान का कम और ज्यादा होना भी जख्मों पर नमक छिड़क रहा है। इसका सीधा असर फसलों पर पड़ रहा है। मधुमक्खियां भी सही से परागण नहीं कर पा रही हैं।
एक बात तो है कि सही फ्लावरिंग न होने से उत्पादन पर भी गहरा असर पड़ेगा। यह न केवल बागवानों बल्कि प्रोक्योरमेंट सेंटर्स का संचालन करने वाली निजी कंपनियों के लिए भी चिंता का विषय बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के साथ इन कंपनियां की नजर भी मौसम की हर अपडेट पर है।
आगे कैसे रहेंगे मौसम के मिजाज
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की 2 मई की अपडेट देखें तो कल से मौसम फिर करवट बदल सकता है। 3 मई को मध्य पर्वतीय और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। वहीं, 4 और 5 मई को पूरे हिमाचल में मौसम खराब रहने का अनुमान है।
ये दो दिन एक दो स्थानों पर आंधी, तूफान के साथ बिजली चमकने की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 6, 7 और 8 मई को भी मध्य पर्वतीय और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब बना रह सकता है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा आदि में बर्फबारी की संभावना है।
सेब के प्रति बॉक्स 800 से 100 रुपए घाटा
हिमाचल में सेब कारोबारियों को इस साल के मुनाफे से ज्यादा बड़ी चिंता इस बात की है कि पिछले साल के नुकसान और कर्ज की भरपाई हो पाएगी या नहीं। वर्तमान हालात ऐसे हैं कि प्रति बॉक्स पर 800-1000 रुपए (40 – 50 रुपए प्रति किलो) तक का नुकसान चल रहा है।
साल 2023 की प्राकृतिक त्रासदी के चलते हिमाचल प्रदेश की आधी से ज्यादा सेब की फसल बर्बाद हो गई थी। हालत ऐसे हो गए थे कि किसानों की साल भर की मेहनत के बावजूद भी उनकी कमाई लागत से भी काम रही।
हालांकि, शुरुआत के कुछ दिनों में सेब की कीमत में कुछ सुधार दिखा था, लेकिन क्वालिटी के आभाव के कारण वो भी ज्यादा दिन टिक नहीं सका। जिन लोगों ने सेब के भंडारण के जरिये कुछ बेहतर कमाई की उम्मीद की थी, उचित मूल्यों के अभाव में उन्हें और भी ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा है।
2023 में दोनों तरफ से पड़ी मार
सेब कारोबारियों को 2023 में दोनों तरफ से मार पड़ी है। न तो सेब अच्छी क्वालिटी का पैदा हो सका और न ही उचित मात्रा में मंडियों तक सेब पहुंच पाया। लोगों को इस साल से काफी उम्मीदें थीं।
इसके चलते बागवान नुकसान के बावजूद इस उम्मीद पर कारोबार में टिके रहे कि अगले साल मौसम की मार नहीं पड़ेगी। यहां गौर करने की बात यह है कि सेब का भंडारण और ट्रांसपोर्ट में अच्छी खासी लागत आती है और मुनाफे का मार्जिन हमेशा काफी कम होता है।
ऐसे में बागवानों को उम्मीद यह रहती है कि सेब की अच्छी क्वालिटी हो और सप्लाई सुचारू रूप से चले।
वर्तमान में स्थिति यहां तक खराब बताई जा रही है कि कुछ निजी स्टोर ऑपरेटर्स पिछले साल के रेट पर खरीदी करने की हालत में ही नहीं हैं। अब सरकारी मदद की आस लगाए बागवान और बाकी व्यवसायी इसी उम्मीद में हैं कि किसी तरह से बची फसल सही समय पर बिना किसी नुकसान के तैयार हो जाए।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस देश में बेस्ट परफॉर्मिंग है। वहीं, प्रदेश में बढ़ते नशे के व्यापार और लगातार बढ़ रहे साइबर क्राइम के मामलों पर नकेल कसना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
हिमाचल प्रदेश पुलिस के नव नियुक्त डीजीपी अतुल वर्मा ने कहा कि नई जिम्मेदारी उनके लिए अवसर भी है और चुनौती भी।
उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों के मुकाबले हिमाचल प्रदेश में पुलिस का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है और इसका असर यहां के आपराधिक आंकड़ों में भी देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे का बढ़ता व्यापार उनके फोकस में रहेंगे।
बीते दिनों हिमाचल प्रदेश में हुई अपराधी घटनाओं को लेकर उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश महिलाओं के लिए एक सुरक्षित जगह है।
उन्होंने कहा कि कितने ही राज्यों में स्कूली छात्राएं बस से बेफिक्र स्कूल और घर आ-जा सकती हैं। ऐसे में हिमाचल महिलाओं के लिए सुरक्षित स्थान है लेकिन जिस तरह की घटनाएं पीछे हुई हैं इन पर पुलिस गहनता से विचार करेगी।
इसके अलावा, उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ते नशे के व्यापार पर नकेल कसना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि इसमें पहले डिमांड को घटाना और सप्लाई पर प्रहार करना पुलिस के फोकस में रहेगा।
अतुल वर्मा ने कहा कि नशे के बाद उनकी प्राथमिकता प्रदेश में बढ़ते साइबर मामलों पर भी होगी। साइबर क्राइम लगातार बढ़ता जा रहा है और हजारों की तादाद में इसके मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में इस दिशा में भी पुलिस विभाग का विशेष फोकस रहेगा।
धर्मशाला। हिमाचल के कांगड़ा जिला के धर्मशाला में राष्ट्रपति के प्रस्तावित प्रवास के दौरान 06 मई को सुरक्षा की दृष्टि से कांगड़ा जिला में पैराग्लाइडिंग, ड्रोन फ्लाइंग, हॉट एयर बैलून, एयरो स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियों पर पूर्णतय प्रतिबंध रहेगा।
वहीं, आईपीएल मैच के दौरान 05 और 09 मई को धर्मशाला उपमंडल में उपरोक्त गतिविधियों पर विराम रहेगा। इसमें पुलिस प्रशासन तथा सुरक्षा एजेंसियों को छूट रहेगी।
कोई भी संस्था, व्यक्ति इन आदेशों की अवहेलना करेगा तो आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस बाबत आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करवाने के लिए पुलिस प्रशासन, उपमंडलाधिकारियों, जिला पर्यटन अधिकारी तथा पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन को भी कारगर कदम उठाने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी स्तर पर विशिष्ट अतिथियों तथा दर्शकों की सुरक्षा में किसी तरह की चूक न हो।
आदेशों में बताया गया है कि 3, 6 और 8 मई को सुबह साढ़े 11 बजे से साढ़े 12 बजे तक एक-एक घंटे के लिए मंडी से पंडोह के बीच यातायात बंद रहेगा। परन्तु आपातकाल के समय निर्माणकर्ता कंपनी को सड़क खुली रखनी होगी।
शिमला। लोकसभा चुनाव के लिए मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने कंगना रनौत पर तीखा जुबानी हमला बोला है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि कंगना को न इतिहास की जानकारी है और न किसी तर्क की।
कंगना रनौत को मोदी जाप को छोड़कर मंडी के लिए अपने विजन को बताना चाहिए। विक्रमादित्य सिंह ने कंगना को खुली बहस की चुनौती दी है।
विक्रमादित्य सिंह ने शिमला में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि कंगना को कोई ज्ञान नहीं है, उन्हें न इतिहास का पता है न भूगोल का। वह पर्यटक के तौर पर हिमाचल की सैर करने आई हैं और 4 जून को मुंबई लौट जाएंगी।
उन्होंने कंगना के द्वारा रजवाड़ा शाही को लेकर की जा रही बयानबाजी पर भी पलटवार किया और कहा कि सभी राजे रजवाड़े तो आज भाजपा में शामिल हो चुके हैं। ऐसे में कंगना क्या टिप्पणी कर रही हैं।
कांगड़ा। हिमाचल के कांगड़ा पुलिस स्टेशन के तहत दो कार सवार लोगों से हेरोइन बरामद की है। दोनों योल के निवासी हैं और नशे की तस्करी के मामलों में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं।
बता दें कि कांगड़ा पुलिस स्टेशन की टीम गश्त पर थी। पुलिस टीम ने कांगड़ा बाइपास के पास नजदीक हनुमान मंदिर देर रात एक ऑल्टो कार को रोका। कार में दो व्यक्ति बैठे थे। पुलिस टीम को दोनों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं।
पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में पूरी कार की जांच की। जांच के दौरान कार के डैशबोर्ड से 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ पुलिस स्टेशन कांगड़ा में एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। नशा तस्करों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
मंडी। हिमाचल युवा सेवा एवं खेल विभाग खेल छात्रावास ऊना, बिलासपुर और खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र बिलासपुर के लिए सत्र 2024-25 में प्रवेश के लिए ट्रायल का आयोजन करने जा रहा है। ट्रायल इंदिरा स्टेडियम ऊना और लुहणू स्टेडियम बिलासपुर में स्पर्धावार होंगे।
जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी मंडी दीप्ति वैद्य ने बताया कि खेल छात्रावास ऊना में लड़कों के प्रवेश के लिए वॉलीबाल और कुश्ती ट्रायल 6 मई और हॉकी व जूडो के ट्रायल 7 मई को सुबह 10 बजे से शुरू होंगे।
खेल छात्रावास बिलासपुर में लड़कों एवं लड़कियों के प्रवेश के लिए एथलेटिक्स और लड़कों के लिए हैंडबाल के ट्रायल 9 मई और लड़कों और लड़कियों के लिए कबड्डी ट्रायल 10 मई को सुबह 10 बजे शुरू होंगे।
खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र बिलासुपर तथा खेल छात्रावास में लड़कों एवं लड़कियों के लिए प्रवेश के लिए एथलेटिक्स, जूडो और बॉक्सिंग के लिए 11 और 12 मई को सुबह 10 बजे से ट्रायल शुरू होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रवेश के इच्छुक खिलाड़ियों को अपनी शैक्षणिक, आयु प्रमाणपत्र एवं खेल उपलब्धियों के मूल प्रमाणपत्रों का एक सैट सत्यापित छायाप्रति तथा दो पासपोर्ट फोटो परीक्षण केंद्र में लानी होगी।
खेल छात्रावास व खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र बिलासपुर के लिए खिलाड़ियों का ऑनलाइन पंजीकरण 8 मई 2024 तक होगा। इसके लिए इच्छुक आवेदनकर्ता निर्धारित प्रोफार्मा विभागीय वेबसाइट himachal.nic.in/yss से डाउनलेाड कर सकते हैं।
आवेदन पत्र को भरकर संबंधित जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी बिलासपुर तथा ऊना की ईमेल dyssobilaspur@gmail.com & Dscuna@gmail.com के माध्यम से भेज सकते हैं।
ऑनलाइन पंजीकरण केवल उन अभ्यर्थियों के लिए है, जो किसी कारणवश ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं कर पाएंगे। ऐसे अभ्यर्थियों का सुबह नौ बजे से लुहणू स्टेडियम बिलासपुर तथा इंदिरा स्टेडियम ऊना में पंजीकरण किया जाएगा। ट्रायल देने वाले अभ्यर्थियों को टीए/डीए नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रवेश के लिए खिलाड़ियों की आयु सीमा 13 से 19 वर्ष निर्धारित की गई है, लेकिन वरीयता 13 से 15 वर्ष आयु के खिलाड़ियों को दी जाएगी।
इसके अलावा स्कूली खेल राज्य व राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा उदीयमान खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी। चुने हुए खिलाड़ियों को मुफ्त आवास, भोजन, चिकित्सा, बीमा, खेल किट, खेल सामान इत्यादि सुविधाएं दी जाएंगी।
चयन प्रतियोगिता में प्रवेश के लिए 13 वर्ष आयु वर्ग के आवेदनकर्ता के लिए लंबाई 158 सेंटीमीटर एवं वनज 43 किलोग्राम, 14 वर्ष आयु वर्ग के लिए लंबाई 164 सेंटीमीटर एवं वजन 49 किलोग्राम तथा 15 वर्ष आयु वर्ग के लिए लंबाई 165 सेंटीमीटर एवं वजन 50 किलोग्राम न्यूनतम शारीरिक मापदंड निर्धारित किया गया है।
संबंधित खेलों में राज्य या राष्ट्रीय सब जूनियर व स्कूली स्तर के पदक विजेता खिलाड़ी न्यूनतम शारीरिक मापदंड न पूरे करने पर भी चयन प्रक्रिया में प्रविष्टि के लिए पात्र होंगे। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी, मंडी ने मंडी जिला के सभी खिलाड़ियों से इस ट्रायल में बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया।
धर्मशाला। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में पांच मई को IPL मुकाबला होने वाला है। इसके लिए पंजाब किंग्स की टीम दो मई गुरुवार को धर्मशाला पहुंचेगी।
वहीं, तीन मई को सुपर किंग्स की टीम पहुंचेगी। दोनों टीमें विशेष विमान से सुबह 10:30 बजे गगल हवाई अड्डे पहुंचेंगी और यहां से सीधे उन्हे धर्मशाला के कंडी स्थित रेडीसन ब्लू होटल ले जाया जाएगा।
इसके अलावा 9 मई को पंजाब के साथ होने वाले मैच के लिए रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु की टीम 6 मई को धर्मशाला पहुंच जाएगी।
अभी तक विशेष विमान के गगल हवाई अड्डे आने का शेड्यूल तय नहीं हुआ है। इस दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का धर्मशाला दौरा भी रहेगा। इसके चलते टीम के आने का समय भी बदल सकता है।
एचपीसीए के संयुक्त सचिव विशाल शर्मा ने कहा कि धर्मशाला में होने वाले IPL मैचों के लिए पंजाब की टीम 2 मई को आएगी, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 3 मई को धर्मशाला पहुंचेगी।
दोनों टीमें विशेष विमान से सुबह 10:30 गगल हवाई अड्डे पर उतरेंगी। आरसीबी की टीम 6 मई को धर्मशाला आएगी।