शिमला। हिमाचल पुलिस के डीजीपी (DGP) संजय कुंडू 13 दिन की छुट्टी पर जा रहे हैं। संजय कुंडू 11 मार्च से 23 मार्च, 2024 तक छुट्टी पर रहेंगे। उनकी छुट्टी मंजूरी हो गई है। इस बारे अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
वहीं, डीजीपी (DGP) संजय कुंडू के छुट्टी पर जाने के चलते डीजी जेल और सुधारात्मक सेवाएं (Prisons and correctional services) संजीव रंजन ओझा डीजीपी का कार्यभार देखेंगे।
देहरादून। डीजीपी उत्तराखंड अशोक कुमार सेवानिवृत्त हुए तो पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें अनोखे और भव्य तरीके से विदाई दी। उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर पुलिस लाइन्स देहरादून में कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान भव्य रैतिक परेड का आयोजन भी हुआ।
पुलिस लाइन्स देहरादून में पुलिस अधिकारियों ने डीजीपी के वाहन को रस्खी से खींचकर उन्हें विदाई दी। यह वीडियो उत्तराखंड पुलिस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट में शेयर किया है। अभिनव कुमार उत्तराखंड के नए डीजीपी बने हैं।
1989 बैच के आईपीएस अधिकारी अशोक कुमार 30 नवंबर, 2023 को उत्तराखंड डीजीपी के पद से पूर्ण रूप से सेवानिवृत्त हुए। साल 2020 में जिस समय पूरा देश कोरोना महामारी से जूझ रहा था उस वक्त आईपीएस अशोक कुमार ने बतौर उत्तराखंड डीजीपी की कमान संभाली थी। प्रदेश की कमान संभालने के बाद बतौर डीजीपी अशोक कुमार ने कानून व्यवस्था को लेकर कई अहम काम किए।
उन्होंने आम जनता की समस्याओं को दूर किया। ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई भी की। डीजीपी की कमान संभालने के बाद अशोक कुमार ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कई बेहतरीन प्रयास किए। कोरोना काल में विकट परिस्थितियों से जूझते हुए बेहतरीन पुलिसिंग की।
हरिद्वार महाकुंभ, कांवड़ यात्रा, चारधाम यात्रा में बेहतरीन कार्य अशोक कुमार के बतौर डीजीपी कार्यकाल में शुमार है। इसके अलावा ऑपरेशन स्माइल, ऑपरेशन प्रहार, ऑपरेशन मर्यादा, ड्रग्स फ्री देवभूमि सहित कई अभियानों में डीजीपी अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने कामयाबी हासिल की।
अशोक कुमार ने कहा कि 34 वर्ष से अधिक की समर्पित सेवा के बाद पुलिस सेवा का अंतिम दिन काफी भावुक क्षण हैं। वर्दी ने सेवा के हजारों मौके दिए। टीम के बिना कुछ भी संभव नहीं है। आप मेरे साथ खड़े रहे। जान जोखिम में डालकर खड़े रहे। मैं अपने पुलिस के सभी साथियों का धन्यवाद करता हूं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नए नेतृत्व के साथ मिलकर लगन, अनुशासन, ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और जोश के साथ राज्य व आम जनता की सेवा एवं सुरक्षा करते रहेंगे तथा उनका विश्वास जीतने में सफल होंगे।
कुल्लू। हिमाचल पुलिस के डीजीपी संजय कुंडू ने डीआईजी मध्य खंड मंडी, एसपी कुल्लू के साथ कुल्लू जिला के मणिकर्ण क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने हाल ही में मणिकर्ण में घटना के संबंध में पुलिस स्टेशन कुल्लू में पंजीकृत मामले के अब की जांच की समीक्षा की। डीजीपी ने इस मामले में त्वरित और प्रभावी जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) पूरी गंभीरता से जांच रहा है और बहुत जल्द मामले में संलिप्त आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
बता दें कि मणिकर्ण में एक मेले के दौरान पंजाब के तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हो गई थी। इसमें कुछ मकान तथा वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना का 21 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में पंजाब के तीर्थ यात्रियों को गुरुद्वारा मणिकर्ण साहिब के पास स्थानीय निवासियों के घरों पर पथराव करते हुए देखा गया था। मामले का हाईकोर्ट ने भी कड़ा संज्ञान लिया है।
डीजीपी ने जिला कुल्लू के पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और अन्य पुलिस कर्मचारियों के साथ जिले में अपराध एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा के लिए बैठक भी की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को महिलाओं के खिलाफ अपराध, यातायात प्रबंधन, विशेष रूप से आगामी पर्यटन सीजन के दौरान यातायात प्रबंधन और नशीले व मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला कुल्लू के पुलिस अधिकारियों को नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाने और इस संबंध में जीरो टॉलरेंस सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा इस बैठक के दौरान जिला पुलिस के विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई। डीजीपी हिमाचल ने पार्वती घाटी में कानून-व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए भी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने जानकारी दी कि उनके नेतृत्व में पार्वती घाटी में अवैध गतिविधियों, विशेष रूप से भांग और अफीम के पौधों की अवैध खेती, मादक पदार्थों की तस्करी और क्षेत्र में विभिन्न पर्यटन संबंधी गतिविधियों की चेकिंग करने के लिए एक अभियान शुरू किया जाएगा। डीजीपी ने कुल्लू पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
शिमला। गणतंत्र दिवस पर हिमाचल पुलिस के पांच अधिकारियों व कर्मचारियों को पदक हासिल हुए हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बेहतरीन सेवाओं और सराहनीय कार्य के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) सतवंत अटवाल और डिप्टी कमांडेंट जनरल (होमगार्ड) अनुज तोमर को राष्ट्रपति मेडल से पुरस्कृत किया गया है।
इसके अलावा डीएसपी एफएसएल जुन्गा राहुल शर्मा, असिस्टेंट कमांडेंट प्रथम सशस्त्र वाहिनी जुन्गा जितेंद्र सिंह, उप निरीक्षक प्रथम सशस्त्र वाहिनी जुन्गा इंद्र दत्त और राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो के मुख्य आरक्षी सुशील कुमार का सराहनीय सेवा पदक के लिए चयन हुआ है।
डीजीपी हिमाचल प्रदेश संजय कुंडू ने कहा कि गणतंत्र दिवस पर हिमाचल पुलिस के पांच लोगों को सराहनीय और उत्कृष्ट सेवाएं देने पर पदक मिलना पुलिस विभाग को गौरवान्वित करने वाला है इससे जवानों का हौसला बढ़ेगा।