शिमला। हिमाचल में 17 फरवरी, 2024 से मौसम बिगड़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की अपडेट के अनुसार 18 से 21 फरवरी तक एक दो स्थानों पर ओले पड़ने और भारी बारिश व बर्फबारी की संभावना है। इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे में हिमाचल में मौसम शुष्क रहा है। निचली पहाड़ियों और मैदानी क्षेत्रों के लिए औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे था और मध्य व ऊंची पहाड़ियों के लिए औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहा है।
हिमाचल में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर था। वीरवार को कुकुमसेरी का सबसे कम न्यूनतम तापमान -09.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। बुधवार को ऊना का सबसे अधिक उच्चतम तापमान 26.2 डिग्री था।
राजगढ़। हिमाचल के सिरमौर जिला के राजगढ़ उपमंडल के पझौता में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि बारिश और बर्फबारी होने के चलते सड़क धंस गई और कार सड़क से लुढ़क गई।
बता दें कि पझौता क्षेत्र का योगेंद्र ठाकुर उर्फ रिंकू मंगलवार सुबह मारूति कार नंबर HP16A2979 में कुछ काम के लिए घर से सोलन गया था।
रात करीब 8 बजे पझौता की तरफ घर लौट रहा था। पैण कुफर में बारिश और बर्फबारी के कारण सड़क धंस गई और कार लुढ़क कर दूसरी सड़क पर जा पहुंची। योगेंद्र की मौके पर मौत हो गई।
हादसा पैण से कुफर की ओर लिंक रोड पर योगेंद्र के घर से महज 20 मीटर की दूरी पर हुआ है।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना शिलाबाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रशासन की तरफ से मृतक के परिजनों को 25 हजार की फौरी राहत प्रदान की है।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में हुई बारिश-बर्फबारी किसानों-बागवानों के लिए सोना बनकर बरसी है। वहीं, लोगों की परेशानियां भी बढ़ी हैं। बर्फबारी से प्रदेश में चार एनएच सहित 645 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। बिजली, पानी की स्कीमें भी प्रभावित हुई हैं।
शिमला जिला में ही 242 सड़कें, जबकि 113 ट्रांसफार्मर बंद होने से कई इलाकों में बिजली गुल है। पीडब्ल्यूडी व अन्य संबंधित विभाग बाधित सेवाओं को दुरस्त करने में जुटा हुआ है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार शर्मा ने बताया कि हिमाचल में व्यापक बारिश-बर्फबारी हुई है, जिससे चार एनएच सहित 645 सड़कें बंद हैं। 1416 ट्रांसफार्मर, 52 पानी स्कीम ठप हैं। आने वाले दिनों में मौसम साफ है। प्रशासन जल्द सभी सड़कों को बहाल कर देगा।
आगामी दिनों में 650 करोड़ मिटीगेशन फंड पर खर्च किया जाएगा। लैंडस्लाइड, आगजनी, फ्लड प्रोटेक्शन, भूकंप संबंधी आपदा को रोकने के लिए डिस्पेंस सिस्टम को ठीक करने के लिए ये फंड खर्च किया जाएगा।
पांगी। चंबा जिला के पांगी में 30 जनवरी से 2 फरवरी 2024 तक भारी बर्फबारी हुई है। इसके चलते सड़क मार्ग अवरूद्ध हैं। ऐसे में पांगी कॉलेज में शीतकालीन अवकाश को बढ़ा दिया गया है।
आवासीय आयुक्त, पांगी रितिका के आदेशानुसार पांगी घाटी में बर्फबारी के मद्देनजर राजकीय महाविद्यालय पांगी में शीतकालीन अवकाश को 11 फरवरी 2024 तक बढ़ा दिया गया है।
पहले शीतकालीन अवकाश 5 फरवरी तक थी। कॉलेज स्टाफ और छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
शिमला। एक दिन ब्रेक के बाद शिमला सहित हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में एक बार फिर से बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की अपडेट के अनुसार आज से 5 फरवरी तक मौसम के खराब रहने का अनुमान है। आज यानी तीन फरवनी और कल चार फरवरी को प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी को लेकर मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अलर्ट जारी किया है।
शिमला में जैसे ही बर्फबारी का दौर शुरू हुआ तो रिज पर पर्यटक खुशी से झूम उठे। पर्यटकों ने नाच-गाकर बर्फबारी का स्वागत किया। रिज पर पर्यटक बर्फबारी का आनंद उठाते हुए नजर आए। शिमला घूमने पहुंचे पर्यटकों ने अपने अनुभव सांझा करते हुए बताया कि पहली बार इस तरह की बर्फ गिरते हुए देख रहे हैं। शिमला का ट्रिप सफल हो गया है।
ताजा बर्फबारी के कारण हिमाचल प्रदेश में कड़ाकेदार ठंड पड़ रही है। 2 दिन पहले ही प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी देखने को मिली थी और अब एक बार फिर से बर्फबारी शुरू हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों की परेशानियां भी बढ़ गई है।
प्रदेश में भारी बर्फबारी के कारण 4 एनएच सहित 504 सड़कें यातायात के लिए बाधित हैं, जबकि कई क्षेत्रों में बिजली और पानी भी गुल है। हालांकि लोक निर्माण विभाग सड़कों को बहाल करने में जुटा हुआ है और 250 मशीन बर्फबारी हटाने के लिए लगाई गई है। फिलहाल 5 फरवरी तक प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा।
2243 बिजली ट्रांसफार्मर हुए प्रभावित, कई गांवों में ब्लैक आउट
शिमला। हिमाचल में दो दिन बारिश और बर्फबारी के बाद शुक्रवार को अधिकतर क्षेत्रों में धूप खिली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मध्यम ऊंचाई और निचले इलाकों में मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। मगर अधिक ऊंचे कुछेक स्थानों पर हल्का हिमपात हो सकता है।
कल यानी तीन और चार फरवरी को फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश में दो दिन की बर्फबारी से 4 नेशनल हाईवे सहित 720 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। साथ ही 2243 बिजली के ट्रांसफॉर्मर बंद हो गए हैं। इससे शिमला, चंबा, कुल्लू, लाहौल स्पीति और किन्नौर जिला के सैकड़ों गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है।
कई गांवों में ब्लैक आउट हो गया है। बर्फ जमने से पहाड़ों की सड़कें बेहद खतरनाक हो गई हैं। इसे देखते हुए पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों को ऐसी जोखिम भरी सड़कों पर सफर नहीं करने की सलाह दी गई है।
शिमला-रामपुर नेशनल हाईवे बंद होने से अप्पर शिमला का राजधानी से संपर्क कट गया है। राजधानी शिमला शहर में भी सड़कों में फिसलन काफी है, जिसकी वजह से यातायात प्रभावित है। गाड़ियां सड़कों में फिसल रही हैं। वहीं ठियोग-रोहड़ू नेशनल हाईवे और ठियोग-चौपाल हाईवे भी बंद पड़ा है। आज शाम तक ही तीनों सड़कों को बहाल होने के उम्मीद है।
वहीं, सैंज-लुहरी नेशनल हाईवे भी बंद हैं। रिकांग पिओ-कल्पा, मनाली-केलांग, समदो-काजा और चंबा-भरमौर नेशनल हाईवे भी बंद पड़े हैं। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सड़कों को खोलने का लगातार प्रयास किया जा रहा है और 250 के आसपास मशीनें बर्फ हटाने के लिए लगाई गई हैं।
बर्फबारी के कारण 376 रूट अकेले हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के प्रभावित हुए हैं। इसी तरह लगभग 250 रूटों पर प्राइवेट बसें भी नहीं चल पाई। शिमला, कुल्लू, लाहौल स्पीति और चंबा में सैकड़ों छोटी बड़ी गाड़ियां भारी हिमपात की वजह से सड़क किनारे फंसी हुई हैं।
ठंडीधार। सिरमौर जिला के पझौता क्षेत्र के ठंडीधार, गलोग, बेड़ जमोली, भ्राच व बनालीधार में भी बर्फबारी हो गई है। इन इलाकों में लगभग 2 इंच तक बर्फ पड़ चुकी है। बर्फबारी के चलते इलाके के किसानों के चेहरे खिल गए हैं।
भ्राच से राजपूत सुनील छिन्टा ने बताया कि बर्फ पड़ने से अब हमारी फसल को संजीवनी मिल जाएगी। बनालीधार से मदन शर्मा ने कहा कि बर्फबारी के कारण ठंड भी काफी बढ़ गई है।
हालांकि, किसानों-बागवानों के लिए ये खुशी की बात है। वहीं, पझौता के दूसरे गांव उलख कतोगा, शाढ़ पजेवगा, सर्वा, जदोल टपरोली, नेहरटी भगोट, तीर गनोह, झीमीधार, हच्चड़ पढ़िया, पैण कुफर के लोगों को भी आज बर्फ पड़ने की उम्मीद है। इस क्षेत्र में अभी रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
चंबा। हिमाचल के जिला चंबा में भी गुरुवार को भारी बर्फबारी हुई है। चंबा-बनीखेत-डलहौजी रोड बनीखेत के पास बर्फबारी के कारण बंद हो गया। सभी यात्रियों से अनुरोध है कि उस रोड पर आवाजाही करने से परहेज करें।
इस रोड से यात्रा करने वाले यात्री बनीखेत या तुन्नूहट्टी से वाया खैरी होकर चंबा के लिए यात्रा कर सकते हैं। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चंबा द्वारा ये जानकारी दी गई है।
पिछले 24 घंटे में अधिकांश क्षेत्रों में बारिश और स्नोफॉल
शिमला। हिमाचल में पिछले 24 घंटे में अधिकांश स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हुई है। शिमला, सोलन, कांगड़ा जिलों में एक दो स्थानों पर ओलावृष्टि हुई है। शिमला जिले के चिड़गांव में भारी बर्फबारी हुई है। बर्फबारी की बात करें तो कोठी में 50, उदयपुर में 22, कोकसर में 21, कुकमसेरी में 18, खदराला में 16, मनाली में 15, केलांग में 13 और तीसा में 10 सेंटीमीटर स्नोफॉल रिकॉर्ड किया गया है।
मैहरे में 50, भोरंज में 45, रोहड़ू में 40, भुंतर में 33, करसोग में 28, सियोबाग में 27, सराहन और रामपुर में 25-25, गगल, बंजार, पालमपुर में 24-24, जोगिंदरनगर, मंडी में 23 और ऊना जिला में 21 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र की अपडेट के अनुसार एक फरवरी यानी आज भारी बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी था। 2 फरवरी को मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक दो स्थान पर बारिश और हिमपात की संभावना है। तीन और 4 फरवरी पूरे हिमाचल में मौसम बिगड़ा रह सकता है।
एक दो स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 5 और 6 को मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम साफ रह सकता है। ऊंचाई वाले में क्षेत्रों में बिगड़ने की संभावना है। 7 फरवरी से मौसम साफ रहने का अनुमान है।
तापमान की बात करें औसत न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर हैं।
मैक्लोडगंज। धर्मशाला के मैक्लोडगंज, धर्मकोट, भागसूनाग, नड्डी, डल लेक आदि में भी बर्फबारी हुई है। पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी बर्फ का खूब आनंद उठाया।