वहीं, वीरवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में योजना को पूरे हिमाचल में लागू करने को लेकर मंजूरी के साथ बजट का भी प्रावधान सरकार करने जा रही है। इसके बाद नोटिफिकेशन भी जारी कर दी जाएगी।
बता दें कि प्रदेश सरकार 18 साल से अधिक आयु की सभी पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह सम्मान राशि देगी।
इसके प्रथम चरण की शुरुआत लाहौल स्पीति जिला से कर दी गई है। 18 से 60 साल तक महिलाओं को इसमें शामिल किया जाएगा। इसके लिए उक्त फॉर्म भरा जाएगा।
वहीं, 60 साल से ऊपर पहले से किसी पेंशन योजना में शामिल महिलाओं की सम्मान राशि बढ़ाकर 1500 रुपए की जाएगी। इस योजना से पांच लाख से अधिक महिलाओं को लाभ होगा। सालाना 800 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
बनखंडी/नगरोटा बगवां। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिला के नगरोटा बगवां में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि का फार्म जारी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 18 साल से अधिक आयु की सभी पात्र बच्चियों व महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह सम्मान राशि देगी। इसके लिए यह फार्म भरा जाएगा। वीरवार को कैबिनेट की बैठक में इसकी अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कांगड़ा जिले के अपने दौरे में देहरा और नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में 784 करोड़ रुपये की 33 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार आत्मनिर्भर हिमाचल बनाने के लिए मजबूती से आगे बढ़ रही है। इसके लिए नीतियों-कानूनों में जरूरी बदलाव किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार युवा हितैषी सरकार है। प्रदेश में सरकारी क्षेत्र में 20 हजार भर्तियां की जा रही हैं। जलशक्ति विभाग में करीब 10 हजार युवाओं को नौकरी देने के साथ ही शिक्षा विभाग में 6500, पुलिस में 1231, वन विभाग में 2061 तथा खनन विभाग में करीब 100 भर्तियां की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकारी क्षेत्र में रोजगार मुहैया कराने के साथ ही अन्य क्षेत्रों में भी रोजगार में मदद की जा रही है। युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के निशान पर जीते 6 विधायकों ने पार्टी से दगाबाजी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विधायकों को उनसे व्यक्तिगत विरोध हो सकता था, लेकिन पार्टी से विरोध नहीं होना चाहिए था।
ये विधायक बजट सेशन से हैलीकॉप्टर से उड़े और तब से पंचकूला में आराम फरमा रहे हैं।
उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि यह सोच से परे है कि पार्टी के खिलाफ जाने वालों में एक विधायक ऐसे भी थे, जिन्हे पार्टी ने पूर्व में मंत्री तक बनाया था, उनके पिता पूर्व में मंत्री और पार्टी के अध्यक्ष रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी को मंत्री परिषद में जगह देना संभव नहीं होता। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे खुद दो दशक से विधायक हैं और जनता के आशीर्वाद से अब मुख्यमंत्री के रूप में सेवा का मौका मिला है।
मुख्यमंत्री ने नगरोटा बगवां में स्टार्टअप इंक्यूबेशन सेंटर खोलने, बहुउद्देशीय मॉडल खेल परिसर बनाने, एकीकृत नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र खोलने की घोषणा की। उन्होंने नगरोटा बगवां तथा आसपास के क्षेत्र के लिए मल निकासी योजना की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने 80 मीटर स्पैन के बड़ोह बाथू पुल के निर्माण को स्वीकृति दी। उन्होंने नगरोटा बगवां के चंगर क्षेत्र में 68 करोड़ रुपये की सिंचाई योजना की घोषणा की। उन्होंने चामुंडा से वृंदावन के लिए एचआरटीसी की एसी बस चलाने की घोषणा भी की।
ये हुए उद्घाटन शिलान्यास
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविदंर सिंह सुक्खू ने बुधवार को कांगड़ा जिले के अपने दौरे में देहरा और नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में 784 करोड़ रुपये की 33 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने देहरा विधानसभा क्षेत्र में 356.02 करोड़ रुपये की 3 परियोजनाओं की आधारशिलाएं रखी।
उन्होंने देहरा के बनखंडी में 350 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले जियोलॉजिकल पार्क की आधारशिला रखी। इसके बाद माता बगलामुखी मंदिर बनखंडी की पार्किंग में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने देहरा विस में 6.02 करोड़ रुपये की दो सड़कों नैहरन पुखर से बाड़ा वाया भ्रूण तथा चिंतपुर्णी से बरवाड़ा के कार्य का शिलान्यास किया।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने नगरोटा बगवां के गांधी मैदान में नगरोटा बगवां तथा पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए 427 करोड़ रुपये की 30 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास किए।
हमीरपुर। हिमाचल के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने महिलाओं को 1500 रुपए भत्ता देने की गारंटी दी थी। इसके पहले चरण की शुरुआत लाहौल स्पीति से हो गई है।
वहीं, 4 मार्च 2024 को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में प्रेसवार्ता कर हिमाचल में 18 साल से ऊपर की सभी महिलाओं को अगले वित्त वर्ष से 1500 रुपए भत्ता देने का ऐलान किया था।
हमीरपुर में विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ऐलान किया है कि 7 मार्च, 2024 को होने वाली कैबिनेट की बैठक में इस योजना को शुरू करने की मंजूरी प्रदान करने के साथ बजट का भी प्रावधान करेंगे। साथ ही अधिसूचना भी जारी कर दी जाएगी।
एक अप्रैल 2024 से 18 साल से अधिक आयु की बेटियों, माताओं और बहनों को 1500 रुपए भत्ता देंगे।
इस योजना से करीब पांच लाख से अधिक महिलाओं को लाभ होगा। प्रदेश सरकार की ओर से सभी पात्र महिलाओं के फार्म भरवाए जाएंगे। इस योजना से प्रत्येक परिवार सीधे-सीधे जुड़ेंगे।
योजना पर 800 करोड़ रुपए प्रति वर्ष खर्च होगा। 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को पहले से पेंशन दी जा रही है, जिसे इस योजना के तहत 1150 से बढ़कर 1500 रुपए किया जाएगा।