Categories
Top News Himachal Latest KHAS KHABAR Shimla State News

शिमला रिज पर पर्यटकों ने खूब खेली होली, ओक ओवर में भी जमा रंग

रिज पर डीजे की धुनों पर थिरके लोग

शिमला। देशभर में आज होली का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। प्रदेश की राजधानी शिमला में भी होली के मौके पर लोगों में जश्न का माहौल है। शिमला के रिज पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने खूब मस्ती की। शिमला आए पर्यटक होली के रंगों में डूबे नजर आए। शिमला के ऐतिहासिक रिज पर पर्यटक और स्थानीय लोग एक दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। वहीं, डीजे की धुन पर थिरकते भी नजर आए।

शिमला में विदेशी पर्यटक भी होली के रंग में रंगे नजर आए। शिमला होली मनाने पहुंचे पर्यटकों ने बताया कि वह शिमला में खासतौर पर होली मनाने के लिए आए हैं। यहां का वातावरण मौसम और सुंदरता और होली उनके लिए काफी खास है।

 

भाजपा में शामिल होने के बाद शिमला पहुंचे 6 बागी और 3 निर्दलीय, हुआ स्वागत

 

वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ओक ओवर में होली खेली और नाटी डाली। सीएम ने प्रदेश वासियों को होली की शुभकामनाएं दीं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह व लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी ओक ओवर पहुंचे और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व अन्य के साथ होली खेली।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया पर भी होली का रंग चढ़ा। वह भी ओकओवर पहुंचे और होली का लुत्फ उठाया‌।

 

 

Categories
Politics TRENDING NEWS Top News Himachal Latest Shimla State News

अब तय समय में ही CM सुक्खू से मिल पाएंगे प्रदेशवासी, ये रहेगा शेड्यूल

विधायकों और जनप्रतिनिधियों से मिलने की फिक्स हुई टाइमिंग

शिमला । मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के अपने सरकारी निवास ओक ओवर शिफ्ट होने के बाद लोगों से मिलने के लिए उनका शेड्यूल भी तय हो गया है। सीएम ने तय किया है कि वह जनता की सुविधा के लिए लोगों से सप्ताह में दो बार मिलेंगे।

राज्य सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक आम जनता अब प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को प्रातः 9.00 बजे से प्रातः 11.00 बजे तक मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओक ओवर में मिल सकती हैं।

जबकि पार्टी कार्यकर्ता प्रत्येक सोमवार और गुरुवार शाम 5.00 बजे से 6.00 बजे तक सचिवालय में मुख्यमंत्री से मिल सकते हैं।

राज्य सरकार ने विधायकों, पूर्व विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों के मुख्यमंत्री से मिलने का समय भी तय कर दिया है। यह लोग प्रत्येक कार्य दिवस पर दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक सचिवालय में मुख्यमंत्री से मिल सकेंगे।

वहीं, मुख्यमंत्री ने बताया कि यह फैसला प्रदेश की जनता की सहूलियत के लिए लिया गया है। अक्सर लोग कई बार देर रात तक सचिवालय के बाहर उनसे मिलने के लिए कतार में लगे रहते हैं। ऐसे लोगों को परेशानी से बचाने के लिए अब जनता दरबार का समय तय कर दिया गया है।

गौरतलब है कि 11 दिसंबर को सरकार बनने के बाद से ही मुख्यमंत्री राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ में ही रुक रहे थे। इसकी सबसे बड़ी वजह यह थी कि मुख्यमंत्री निवास ओक ओवर रिपेयर के कारण अभी तैयार नहीं था। इसमें काम करने के लिए लोक निर्माण विभाग को बहुत समय लग गया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने 9 मार्च को यहां शिफ्ट किया है। यही वजह है कि लोगों से मिलने का शेड्यूल भी इसके बाद ही जारी किया गया। ओक ओवर में लोगों से मिलने के लिए अलग से संवाद कक्ष है, इसलिए लोगों को दिक्कत भी नहीं होगी। राज्य सचिवालय में भी अब देर रात तक होने वाली बैठके मुख्यमंत्री निवास शिफ्ट हो जाएंगी।