शिमला। दस गारंटियों के सहारे हिमाचल की सत्ता में काबिज हुई कांग्रेस अब नगर निगम शिमला के चुनाव में भी दस गारंटियों के सहारे जीत का प्लान तैयार कर रही है। इसको लेकर आज कांग्रेस कार्यालय में हिमाचल कांग्रेस सह प्रभारी ने मेनिफेस्टो कमेटी और स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक ली और भारी बहुमत के साथ नगर निगम शिमला में जीत का दावा किया।
हिमाचल कांग्रेस सह प्रभारी तजेंद्र पाल बिट्टू ने बताया कि कांग्रेस पार्टी 10 गारंटी के साथ नगर निगम चुनाव में उतरने जा रही है। इसके अलावा मेनिफेस्टो भी जारी किया जाएगा। मेनिफेस्टो कमेटी की बैठक में नगर निगम के पूर्व पार्षदों से सुझाव लिए गए हैं। शहर के आम लोगों के सुझावों के लिए ईमेल भी जारी की जाएगी।
स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक के बाद सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह टिकट फाइनल करेंगे। प्रदेश में कांग्रेस पार्टी अच्छा काम कर रही है। नगर निगम के चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस पूरी तरह आश्वस्त है। फर्जी वोट को लेकर बीजेपी के आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं।
विधायक सुखराम चौधरी ने वोटर लिस्ट में धांधली की कही बात
शिमला ।नगर निगम शिमला के चुनाव की अभी घोषणा भी नहीं हुई है। इससे पहले ही सियासी गलियारों में घमासान मच गया है। भाजपा ने सरकार व प्रशासन पर वोटर लिस्ट में धांधली का आरोप जड़ा है।
नगर निगम चुनाव प्रभारी सुखराम चौधरी ने आरोप लगाया है कि सरकार और प्रशासन के कहने पर बाहर के लोगों के वोट बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड़ों को भी 41 से घटाकर 34 कर दिया है। अगर सरकार का रवैया ऐसा ही रहता है तो भाजपा कोर्ट का भी दरवाजा खटखटाने से पीछे नहीं हटेगी।
वहीं, सुखराम चौधरी ने कहा कि नगर निगम चुनावों को जीतने के लिए कांग्रेस सरकार ओछे हथकंडे अपनाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस वोटर लिस्ट में छेड़छाड़ कर रही है। इसके खिलाफ भाजपा कोर्ट का रुख करेगी।
सुखराम चौधरी ने कहा है कि 2022 कि मतदाता सूची के अनुसार नगर निगम के चुनाव होने चाहिए। लेकिन सरकार ने नियमो में परिवर्तन कर दिया है जिससे कहीं का भी व्यक्ति वोटर बन सकता है। उन्होंने कहा कि बीएलओ सरकार के कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं बाहर के लोगों के फर्जी वोट बनाए जा रहे हैं। भाजपा इसके खिलाफ है।
सुखराम चौधरी ने मांग की है कि नगर निगम शिमला के 34 के बजाए 41 वार्डों पर निष्पक्ष चुनाव करवाए जाए। अगर ऐसा नहीं होता है तो भाजपा इसमें कोर्ट का रुख करेगी। उन्होंने मांग की है कि सरकार निष्पक्ष ढंग से चुनाव करवाएं और नगर निगम शिमला के चुनाव पार्टी सिंबल पर ही होने चाहिए।