ज्वालाजी। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज कांगड़ा जिला के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता ज्वालामुखी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। जेपी नड्डा ने मंदिर में पूजा-अर्चना की।
जेपी नड्डा ने फोटो शेयर करते हुए कहा, ‘यह भव्य मंदिर भक्ति व आध्यात्म का अत्यंत सुन्दर स्थल है। मां समस्त देशवासियों को सुख, समृद्धि एवं आरोग्य प्रदान करें यह प्रार्थना करता हूं, जय माता दी।’
इससे पहले जेपी नड्डा ने शक्तिपीठ श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर में शीश नवाया। नड्डा के साथ पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर प्रदेश, भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल व अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांगड़ा। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज कांगड़ा जिला के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। जेपी नड्डा ने मंदिर में पूजा-अर्चना की।
नड्डा के साथ पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर प्रदेश, भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल, कांगड़ा चंबा सीट के लोक सभा सांसद किशन कपूर व स्थानीय विधायक पवन काजल भी मौजूद रहे।
जेपी नड्डा ने फोटो शेयर करते हुए कहा, “माता के इस प्रांगण में अलौकिक सुख और दिव्य ऊर्जा की अनुभूति होती है। इस अवसर पर समस्त देशवासियों के सुख-सौभाग्य के लिए प्रार्थना की। मां जगत जननी की कृपा सभी पर बनी रहे।”
भाजपा विचारों पर कार्य करने वाली पार्टी है बाकी सब विचार शून्य
ऋषि महाजन/नूरपुर। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज नूरपुर में जिला भारतीय जनता पार्टी कार्यालय नूरपुर व पालमपुर का उद्घाटन किया। इसके पश्चात जेपी नड्डा ने जसूर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने 887 कार्यालय खोलने की योजना बनाई है जिसमें से नूरपुर और पालमपुर सहित 502 कार्यालय तैयार हो चुके हैं और शेष पर कार्य चल रहा है।
नड्डा ने कहा कि भाजपा विचारों पर कार्य करने वाली पार्टी है जबकि बाकी पार्टियां विचार शून्य हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा भारत जोड़ना तो दूर उन्होंने तोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। गांधी बाहरी देशों में जाकर देश की गरिमा को नुकसान पहुंचाते हैं और भारत की परंपरा का मजाक उड़ाते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार छल कपट कर सत्ता में आई है यह एक बार ही होता है काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती।
उन्होंने कहा कि भाजपा सेवा करना सुशासन देना व गरीब कल्याण करने वाली एकमात्र पार्टी है। कोरोना काल में सभी पार्टियां लुप्त हो गई थीं मात्र बीजेपी के कार्यकर्ता सेवा में जुटे रहे। उन्होंने कहा कि 2014 में भ्रष्टाचार से मुक्ति मिली थी अबकी सरकार स्कीमों पर आधारित है ।
भारत की अर्थव्यवस्था इंग्लैंड को पछाड़कर पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुकी है। अब मजबूत निर्णय लेने वाली सरकार है, विकास की नीति से इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाया है। इस वर्ष 10 लाख करोड़ खर्च होने जा रहे हैं जबकि 18 लाख करोड़ खर्च हो चुके हैं।
बिलासपुर लेह ऊंचा रेल मार्ग बनने जा रहा है, हिमाचल को तीन मेडिकल कॉलेज मिले हैं। मंडी के बल्ह में अत्याधुनिक किस्म का एयरपोर्ट बनने जा रहा है। बाकी सभी पार्टियां विचार शून्य हैं व परिवारवाद को बढ़ावा देती हैं जबकि भाजपा में आम कार्यकर्ता भी देश का प्रधानमंत्री व राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर प्रदेश, भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल, कांगड़ा चंबा सीट के लोक सभा सांसद किशन कपूर व स्थानीय विधायक रणवीर सिंह निक्का भी उपस्थित थे।
नूरपुर। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सोमवार सुबह कांगड़ा जिला के नूरपुर पहुंचे। जेपी नड्डा ने यहां जिला भाजपा कार्यालय ‘दीपकमल’ (गांव भालेटा, पोस्ट जसूर, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा) पहुंचकर दो जिला भाजपा कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन किया।
पहला संगठनात्मक जिला नूरपुर का कार्यालय और दूसरा कार्यालय संगठनात्मक जिला पालमपुर का है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का जिला नूरपुर के भाजपा कार्यालय पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस मौके पर दोनों जिला कार्यालयों की पट्टिकाओ का अनावरण किया और दोनों कार्यालय कार्यकर्ताओं को अर्पित किए। इस मौके पर जेपी नड्डा ने सभी कार्यकर्ताओं को इन भव्य जिला कार्यालयों के निर्माण पर भी बधाई दी। इस अवसर पर भाजपा जिला कांगड़ा के दिग्गज नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अनुसार जेपी नड्डा सोमवार दोपहर बाद ब्रजेश्वरी माता मंदिर (कांगड़ा जिला) में दर्शन करेंगे। 03:15 बजे वे माता ज्वालामुखी (कांगड़ा जिला) मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। शाम 06:30 बजे नड्डा हमीरपुर में भाजपा कोर ग्रुप के साथ बैठक करेंगे। इसके पहले वह प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार धूमल जी के साथ मुलाक़ात करेंगे। नड्डा बिलासपुर में रात्रि विश्राम करेंगे।