Categories
Top News Himachal Latest KHAS KHABAR Shimla State News

नरेश चौहान होंगे मुख्यमंत्री सुक्खू के प्रधान सलाहकार मीडिया

अभी तक तीन नेताओं को मिला कैबिनेट रैंक

शिमला। हिमाचल सरकार ने कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेश चौहान को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान सलाहकार मीडिया  नियुक्त किया है। उन्हें कैबिनेट मंत्री का रैंक दिया गया है। प्रदेश सरकार ने मंगलवार को प्रधान सलाहकार (मीडिया) का एक पद सृजित करने के साथ ही नरेश चौहान की इस पर नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। सुक्खू ने मंत्रियों की नियुक्ति से पहले अभी तक तीन नेताओं को कैबिनेट रैंक दे दिया है। इनमें सुनील शर्मा बिट्टू, गोकुल बुटेल और नरेश चौहान शामिल हैं।

सुखविंद्र सिंह के करीबी नरेश चौहान उपाध्यक्ष के साथ-साथ मीडिया विभाग का दायित्व देखते रहे हैं। भाजपा सरकार पर नरेश चौहान निरंतर हमलावर रहे हैं। शिमला से मीडिया के जरिए वह अक्सर भाजपा सरकार को घेरते रहे हैं। राज्य के चीफ सेक्रेटरी आरडी धीमान ने इससे जुड़े आदेश जारी कर दिए हैं।

वहीं, गोकुल बुटेल को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का प्रिंसिपल एडवाइजर (आईटी) नियुक्त किया गया है। गोकुल बुटेल बृज बिहारी लाल बुटेल के सगे भाई पालमपुर से पूर्व विधायक कुंज बिहारी लाल बुटेल के पोते हैं। उनके पिता का नाम दिनेश बुटेल है जो बृज बिहारी लाल बुटेल के सगे भतीजे हैं। गोकुल पालमपुर से जीते कांग्रेस विधायक आशीष बुटेल के भाई हैं। वर्ष 2012 के चुनाव में गोकुल बुटेल के पास प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया प्रभाग की कमान थी।

इससे पहले नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड-6 निवासी सुनील शर्मा बिट्टू को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से घनिष्ठता के चलते सरकार में बड़ा ओहदा मिला है। सुनील को मुख्यमंत्री का राजनीतिक सलाहकार नियुक्त किया गया है। राजनीतिक सलाहकार का पद सरकार में कैबिनेट मंत्री के बराबर माना जाता है। सुनील वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हैं। वीरभद्र सरकार में हिमाचल प्रदेश निजी शिक्षा नियामक आयोग के सदस्य रहे हैं। जिला कांग्रेस हमीरपुर के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।