23 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना
शिमला। हिमाचल के लोगों को बारिश का बेसब्री से इंतजार है। पर मौसम विज्ञान केंद्र की आज की अपडेट के अनुसार 23 दिसंबर तक सूखी ठंड से लोगों को राहत मिलती नहीं दिख रही है। हालांकि 17 से 20 दिसंबर तक पांच जिलों के लिए येलो अलर्ट जरूर जारी हुआ है। यह येलो अलर्ट कोहरे और शीतलहर को लेकर जारी किया गया है।
हिमाचल: क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए पैक होने लगे होटल
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की अपडेट के अनुसार 20 दिसंबर तक सुबह के समय बिलासपुर और मंडी जिलों में एक दो स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा रहने की संभावना है। इसलिए सुबह के समय वाहन चलाते वक्त सावधानी बरतें। बिलासपुर, कांगड़ा, हमीरपुर ऊना और मंडी जिलों के एक दो स्थानों पर 20 दिसंबर तक शीतलहर की संभावना भी जताई गई है।
अपडेट के अनुसार हिमाचल में 23 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहेगा। न्यूनतम और अधिकतम तापमान की बात करें तो औसत न्यूनतम तापमान निचली पहाड़ियों और मैदानी क्षेत्रों के लिए सामान्य से कम था और मध्य पहाड़ियों और उच्च पहाड़ी क्षेत्रों के लिए सामान्य से अधिक था। अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक है। आज कुकुमसेरी का सबसे कम न्यूनतम तापमान -5.1 और पिछले कल ऊना का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
बता दें कि सूखी ठंड से बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। अस्पतालों में खांसी, बुखार और जुकाम के मरीज काफी संख्या में पहुंच रहे हैं। बच्चों में भी वायरल फैल रहा है। इसलिए सावधानी बरतें।