रेखा चंदेल/झंडूता। झंडूता उपमंडल के उपमण्डलीय अधिकारी (SDM) के पद पर 2021 बैच की हिमाचल प्रशासनिक सेवा (HAS) अधिकारी अर्शिया शर्मा ने सोमवार से कार्यभार संभाल लिया है।
इस पद को अब तक तहसीलदार झंडूता कुनिका अर्ष संभाल रही थीं। अर्शिया शर्मा की नियुक्ति से क्षेत्र में प्रशासनिक कार्यों को नई गति और दिशा मिलने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि अर्शिया शर्मा इससे पहले झंडूता में तहसीलदार के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उस दौरान उनके कुशल नेतृत्व और जनसेवा के प्रति समर्पण ने कई सराहनीय कार्यों को अंजाम दिया, जिनकी चर्चा आज भी स्थानीय लोगों के बीच होती है।
उनकी कार्यशैली और प्रशासनिक दक्षता को देखते हुए स्थानीय निवासियों में उनकी वापसी को लेकर उत्साह का माहौल है। अर्शिया शर्मा की नियुक्ति से झंडूता उपमंडल में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को बल मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके पिछले कार्यकाल में उनकी सुलभता और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता ने प्रशासन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का काम किया था। उनकी वापसी से प्रशासनिक पारदर्शिता और कार्यकुशलता में और इजाफा होने की संभावना है।
कार्यभार संभालने के बाद अर्शिया शर्मा ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा, "हमारी प्राथमिकता झंडूता में बढ़ रहे नशे के प्रभाव को रोकने के लिए सभी विभागों के साथ मिलकर काम करना होगा। इसके अलावा, बस स्टैंड और ट्रैफिक प्रबंधन जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि अर्शिया शर्मा के नेतृत्व में झंडूता उपमंडल में विकास और प्रशासनिक कार्य नई ऊंचाइयों को छूएंगे। उनकी अनुभवी कार्यशैली और पूर्व के कार्यों को देखते हुए यह माना जा रहा है कि वह इस नई भूमिका में भी अपनी छाप छोड़ेंगी।