राकेश कुमार/बिलासपुर। कबीर पंथी समाज सुधार सभा की एक अहम बैठक 1 फरवरी, 2026 को घुमारवीं में आयोजित की गई। बैठक में समाज ने यूजीसी (UGC) के समर्थन का ऐलान करते हुए अपने समाज पर हो रहे कथित अत्याचारों के खिलाफ तीखा रोष जताया।
सभा में वक्ताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि कबीर पंथी एवं अनुसूचित समाज के साथ हो रहा अन्याय अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में सरकार और प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि समाज पर हो रहे अत्याचारों पर तत्काल प्रभाव से अंकुश नहीं लगाया गया, तो पूरा अनुसूचित समाज सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगा। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में कानून-व्यवस्था बिगड़ने की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।
सभा की अध्यक्षता जिला प्रधान विजय राम कालिया ने की, जबकि कोषाध्यक्ष कश्मीर सिंह सहित समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने अपने विचार रखे। इस मौके पर दिला राम, प्रकाश चंद, ज्ञाना राम, बालक राम, बुद्धि सिंह, लशकरी राम, प्रेम लाल, कृष्ण लाल, जोगिंदर सिंह कोंडल, दलीप सिंह धुलिया, राज पाल, धनी राम, रविंद्र सिंह, भाग सिंह और नेण सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में एक स्वर में समाज की एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए सरकार से शीघ्र न्याय की मांग की गई और संघर्ष को और तेज करने का संकल्प लिया गया।