ऋषि महाजन/नूरपुर। हिमाचल प्रदेश में स्मार्ट बिजली मीटर लगाए जा रहे हैं। हालांकि कुछ क्षेत्रों में इसे लेकर विरोध देखने को भी मिल रहा है, लेकिन विद्युत बोर्ड इसे व्यवस्था सुधार की दिशा में अहम कदम बता रहा है। जिला कांगड़ा के बिजली विभाग उपमंडल फतेहपुर में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य लगातार जारी है।
विद्युत बोर्ड के अनुसार जिला कांगड़ा के विद्युत उपमंडल फतेहपुर में कुल 15 हजार 500 बिजली कनेक्शन हैं, जिनमें 12 हजार 500 घरेलू और करीब 2 हजार वाणिज्यिक कनेक्शन शामिल हैं।
अब तक लगभग 800 पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जबकि शेष कनेक्शनों पर चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। सहायक अभियंता अभिजीत सिंह ने बताया कि स्मार्ट मीटर से रीडिंग से जुड़ी शिकायतें समाप्त होंगी और उपभोक्ताओं को उनकी वास्तविक खपत के अनुसार ही बिल मिलेगा।
उन्होंने कहा कि हर नई तकनीक के साथ शुरुआत में शंकाएं स्वाभाविक हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर से बिजली चोरी पर रोक लगेगी और राजस्व व्यवस्था मजबूत होगी।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह की भ्रांतियों में न आएं और जानकारी के लिए नजदीकी विद्युत बोर्ड कार्यालय से संपर्क करें।