कांगड़ा। पुलिस थाना कांगड़ा के तहत कछियारी में गुरुवार को एक सड़क हादसा पेश आया। यहां एक ट्रक और स्कूटी के बीच टक्कर हो गई।
हादसे में एक महिला बैंक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गई। ये महिला अपनी स्कूटी पर सवार होकर बैंक जा रही थी तभी यह हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयानक था कि स्कूटी ट्रक के नीचे आ गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद महिला को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला। इसके तुरंत बाद घटना की सूचना स्थानीय पुलिस थाना में दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए डॉ राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा भिजवाया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घायल महिला की पहचान 39 वर्षीय मीनाक्षी के रूप में हुई है जो बीरता क्षेत्र की निवासी है। डॉक्टरों के अनुसार दुर्घटना में महिला की टांगों में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल वह टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन है।
कांगड़ा पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने धारा 281, 125 और 125(बी) के तहत मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।