धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च-2026 में होने वाली 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं के सफल संचालन की तैयारियां तेज कर दी हैं। बोर्ड ने परीक्षा केंद्र अधीक्षक (Superintendent) और उप-अधीक्षक (Deputy Superintendent) की प्रति नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया है। अब पात्र शिक्षक 03 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि बोर्ड का मुख्य उद्देश्य परीक्षाओं को सुचारू, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाना है। उन्होंने जानकारी दी कि कई पात्र शिक्षक निर्धारित समय के भीतर आवेदन नहीं कर पाए थे। शिक्षकों की इसी असुविधा को देखते हुए और परीक्षा प्रबंधन को अधिक मजबूत बनाने के लिए बोर्ड ने आवेदन की समय-सीमा को विस्तार देने का निर्णय लिया है।
नए शेड्यूल के अनुसार, इच्छुक और पात्र शिक्षक 30 जनवरी 2026 से 03 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि समय पर अनुभवी अधीक्षकों और उप-अधीक्षकों की नियुक्ति से परीक्षा संचालन की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
बोर्ड प्रशासन ने सभी पात्र शिक्षकों से आग्रह किया हे कि वे निर्धारित समय के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। बोर्ड का लक्ष्य मार्च-2026 की परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी , शांतिपूर्ण और नकल मुक्त वातावरण में संपन्न कराना है। इस संबंध में अधिक जानकारी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।