ऋषि महाजन/नूरपुर। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए यूजीसी एक्ट के विरोध में रविवार को फतेहपुर क्षेत्र का सामान्य वर्ग सड़कों पर उतर आया। हालांकि, यूजीसी एक्ट पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है, इसके बावजूद युवाओं ने जमकर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ रोष जताया।
इस दौरान राजा का तालाब से फतेहपुर तक बाइक और कार रैली निकाली गई। युवाओं ने तलवारों के साथ प्रदर्शन किया। युवाओं का आरोप था कि यूजीसी एक्ट लाकर केंद्र सरकार सामान्य वर्ग को कुचलने का प्रयास कर रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी जातियों को समान मान-सम्मान मिलना चाहिए और किसी भी वर्ग के साथ अन्याय स्वीकार नहीं होगा।
रैली के समर्थन में राजा का तालाब व्यापार मंडल ने कुछ घंटों के लिए अपनी दुकानें बंद रखीं और यूजीसी एक्ट के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। व्यापारियों ने कहा कि यह कानून समाज को बांटने वाला है और इसे वापस लिया जाना चाहिए।
इस विरोध रैली में राजपूत सभा फतेहपुर की टीम भी शामिल हुई। सभा के सदस्यों ने युवाओं का मनोबल बढ़ाते हुए आंदोलन को मजबूती दी और एकजुटता का संदेश दिया। यूजीसी एक्ट पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक लगाए जाने पर सवर्ण समाज ने शीर्ष अदालत का आभार जताया। समाज के लोगों ने इसे न्याय की जीत बताते हुए कहा कि यह फैसला आम लोगों की आवाज को मजबूती देता है।
इस मामले में पुलिस जिला नूरपुर के पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि खुलेआम हथियारों के साथ हुआ यह प्रदर्शन प्रशासन की तैयारियों और कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है। राजा का तालाब क्षेत्र में हुई यह घटना चेतावनी है कि यदि ऐसे मामलों में समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो इससे हिमाचल प्रदेश की शांति, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द को गहरी चोट पहुंच सकती है।
केंद्र सरकार द्वारा लाए गए यूजीसी एक्ट के विरोध में रविवार को फतेहपुर क्षेत्र का सामान्य वर्ग सड़कों पर उतर आया। राजा का तालाब से फतेहपुर तक निकाली गई बाइक–कार रैली के जरिए युवाओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ खुलकर रोष प्रकट किया।
बाजार में इस प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा तलवारें और ढाल (मियाने) लहराने से हालात तनावपूर्ण हो गए और पूरे बाजार क्षेत्र में भय का माहौल बन गया।रैली में शामिल युवाओं ने एकजुट होकर कहा कि सबसे पहले हम सभी हिंदू हैं और हमें जातियों में बंटकर नहीं, बल्कि एकजुट होकर समाज व देश की मजबूती की लड़ाई लड़नी चाहिए।