शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक फरवरी, 2026 को राज्य के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की 31 जनवरी, 2026 की अपडेट के अनुसार पहली फरवरी को सभी जिलों में कहीं-कहीं पर बिजली चमकने के साथ गर्जना, 40-50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी है।
2 और 3 फरवरी को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी का अनुमान है। 4 और 5 फरवरी को राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
इसके बाद अगले 2-3 दिन में राज्य में न्यूनतम तापमान में 2-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
इसके बाद, अगले 2-3 दिन में राज्य में अधिकतम तापमान में 4-8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है। पिछले 24 घंटे में बिलासपुर में बहुत घना कोहरा देखा गया।
जनवरी माह में बारिश की बात करें तो सामान्य से 6 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। 10 जिलों में सामान्य से अधिक और दो में सामान्य से कम दर्ज की गई है।
ऊना में 171, सोलन में 105, बिलासपुर में 71, हमीरपुर में 66, सिरमौर में 64, मंडी में 26, लाहौल स्पीति में 19, कांगड़ा में 16, कुल्लू में 15, शिमला में एक फीसदी अधिक बारिश हुई है। किन्नौर में 53 और चंबा में 30 फीसदी कम बारिश हुई है।