रेखा चंदेल/झंडूता। बिलासपुर जिला के शिवा गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल झंडूता में गणतंत्र दिवस समारोह बड़ी धूमधाम से मनाया गया। स्कूल प्रबंधक पंकज चंदेल व प्रधानाचार्य दुनेश सूद और अन्य अध्यापकों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। स्कूल के छात्रों ने देशभक्ति पर गीत गाए।
वहीं, शिवा गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल झंडूता के छात्रों ने राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल झंडूता में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर शिवा गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल झंडूता के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान शिवा गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल के कुल 11 छात्रों द्वारा प्रस्तुत देश भक्ति पर आधारित माइम डांस (मूक नृत्य) ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। इस मूक नृत्य के माध्यम से छात्रों ने देश की आजादी, सैनिकों के संघर्ष और वीर शहीदों की कुर्बानियों को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से मंच पर जीवंत किया।
देशभक्ति गीतों की पृष्ठभूमि में बिना शब्दों के प्रस्तुत इस नृत्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया और पूरा वातावरण राष्ट्र प्रेम से ओतप्रोत हो गया। गणतंत्र दिवस के इस पावन अवसर पर विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने सभी को वीर शहीदों के बलिदान को स्मरण करने और उन्हें नमन करने का संदेश दिया।
समारोह में उपस्थित शिक्षकों, अभिभावकों एवं अन्य दर्शकों ने विद्यार्थियों की इस भावपूर्ण प्रस्तुति की मुक्त कंठ से सराहना की। लोगों का कहना था कि बच्चों ने अपनी कला के माध्यम से समाज को देश के प्रति कर्तव्य और सम्मान का बोध कराया।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में देशभक्ति, अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।