तपोवन (धर्मशाला)। हिमाचल प्रदेश के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस और सर्किट हाउस में आरक्षण सुविधा प्रदान करने से 1 अप्रैल 2022 से 31 अक्टूबर 2025 तक तीन साल में 14 करोड़ 21 लाख 14 हजार 665 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है।
वहीं, मरम्मत पर 19 करोड़ 34 लाख 84 हजार 718 रुपए की राशि खर्च की गई है। बिजली बिल पर 7 करोड़ 72 लाख 15 हजार 082 रुपए का व्यय इन तीन साल में किया गया है। यह जानकारी धर्मशाला के तपोवन में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया के सवाल के जवाब में पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मुहैया करवाई है।
जानकारी दी गई कि गत वर्षों में 01 अप्रैल 2022 से 31 अक्टूबर 2025 तक पीडब्ल्यूडी के विश्राम गृहों में आरक्षण सुविधा प्रदान करने से 10 करोड़ 65 लाख 38 हजार 340 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। इस अवधि में विश्राम गृहों की मरम्मत पर 15 करोड़ 53 लाख 50 हजार 352 रुपये व बिजली बिल पर 6 करोड़ 11 लाख 41 हजार 658 रुपये खर्च किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त पीडब्ल्यूडी के परिधि गृहों (सर्किट हाउस) की बुकिंग अभी भी ऑफलाइन माध्यम से संबंधित जिला उपायुक्त कार्यालय से की जाती है। गत तीन वर्ष में 01 अप्रैल 2022 से 31 अक्टूबर 2025 तक पीडब्ल्यूडी के परिधि गृहों से 3 करोड़ 55 लाख 76 हजार 325 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इनकी मरम्मत पर 3 करोड़ 81 लाख 34 हजार 366 रुपये व बिजली पर 1 करोड़ 60 लाख 73 हजार 424 रुपये व्यय किए गए हैं।
02 मई 2025 से 31 अक्टूबर 2025 तक पीडब्ल्यूडी के विश्राम गृहों की ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से 2 करोड़ 90 लाख 28 हजार 162 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। इस अवधि के दौरान इनकी मरम्मत पर 2 करोड़ 10 लाख 95 हजार 249 रुपये व बिजली पर 96 लाख 93 हजार 777 रुपये खर्च किए गए हैं।