तपोवन (धर्मशाला)। हिमाचल प्रदेश में होमगार्ड के 700 पदों पर भर्ती होनी है। युवाओं को भर्ती का बेसब्री से इंतजार है। होमगार्ड भर्ती को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा, इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन और नूरपुर के विधायक रणबीर सिंह निक्का के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जानकारी मुहैया करवाई है कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा गृह रक्षकों (Home Guards) को 700 पदों को भरने के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस संदर्भ में NIC विभाग द्वारा भर्ती के लिए सॉफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है। निकट भविष्य में भर्ती प्रक्रिया पूर्ण कर दी जाएगी। भर्ती प्रक्रिया का पूर्ण संचालन पूर्व की भांति गृह रक्षा विभाग द्वारा ही किया जा रहा है। गृह रक्षकों की भर्ती और पदोन्नति नियम गृह रक्षा नियम और अधिनियम के अनुरूप की जाती है।
सवाल के जवाब में यह भी जानकारी दी गई है कि गृह रक्षा विभाग में 2016 से 2021 तक 1759 गृह रक्षक सेवानिवृत्त हुए हैं। इन प्रत्येक गृह रक्षकों को 50 हजार रुपए का भुगतान किया जा चुका है और शेष राशि का भुगतान वित्तीय स्थिति ठीक होने पर कर दिया जाएगा।