बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। हादसे में एक युवक की मौत हुई है वहीं एक घायल हुआ है।
जानकारी के अनुसार, कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर कल्लर के पास एक बाइक डिवाइडर से टकरा गई जिस पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए एम्स बिलासपुर भर्ती करवाया गया जहां एक युवक ने दम तोड़ दिया।
थाना सदर पुलिस ने कार्तिक (20) निवासी रांवी सराहण तहसील रामपुर जिला शिमला के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दिए गए बयान में कार्तिक ने बताया कि वह अपने दोस्तों अभिनव, अमन ठाकुर, हरमिलन व दिव्यांश किराए की बाइक्स पर रिवाल्सर मंडी घूमने गए थे।
गत दिवस वे सभी अपनी-अपनी बाइक पर वापस रिवाल्सर से चंडीगढ़ जा रहे थे। वह सबसे आगे चल रहा था। वह कल्लर में अपने अन्य साथियों का इंतजार कर रहा था। उसी समय अमन अपनी बाइक (पीबी 65 बी सी 3202) पर आया और उसके पीछे दिव्यांश बैठा था।
अमन बाइक को तेज रफ्तार से चलाते हुए आया और फोरलेन के बीच में बने डिवाइडर के साथ टकरा गया जिससे बाइक फोरलेन पर गिर गई। हादसे में अमन ठाकुर (20) निवासी रतनपुर डाकघर करटोट तहसील रामपुर जिला शिमला और दिव्यांश (21) निवासी 523/01 गली नंबर-4, नजदीक 5 हनुमान मंदिर पश्चिम अंबर तालाब तहसील हरिद्वार-उत्तराखंड गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को एम्स में भर्ती करवाया गया जहां पर दिव्यांश ने की मौत हो गई। एएसपी बिलासपुर शिव चौधरी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि थाना सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।