ऊना। अंब-ऊना हाईवे पर नंदपुर के पास रविवार सुबह एक सड़क हादसा हुआ है। यहां पर एक कार और बाइक में टक्कर हो गई। जोरदार टक्कर में बाइक सवार व्यक्ति की जान चली गई।
टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मृतक की पहचान मदन शर्मा (46) पुत्र अमीं चंद निवासी अप्पर अन्दौरा के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा रविवार सुबह करीब 6 बजे पेश आया। मदन शर्मा अपनी बाइक पर सवार होकर जा रहा था तभी नंदपुर पुल के पास ऊना की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल मदन शर्मा को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी अम्ब रूप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। फरार कार चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।