परागपुर। कांगड़ा जिला के परागपुर में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) रिश्वत लेते पकड़ा गया है। हिमाचल प्रदेश राज्य सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बीडीओ को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार बीडीओ परागपुर वीरेंद्र कुमार कौशल ग्राम पंचायत कडोआ की प्रधान रीना देवी से 10,000 रुपए रिश्वत लेते पकड़ा गया है।
बीडीओ वीरेंद्र कुमार कौशल ने पंचायत में कुछ निर्माण कार्य के लिए डिप्टी कमिश्नर कांगड़ा की ओर से स्वीकृत 1.5 लाख रुपए की राशि जारी करने के लिए रिश्वत मांगी थी। इसकी शिकायत विजिलेंस को मिली थी।
राज्य सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो धर्मशाला में भ्रष्टाचार निवारण (संशोधित) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगामी जांच की जा रही है।