राकेश चंदेल/बिलासपुर। हिमाचल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल तेज बारिश के बीच परिवार सहित मां नैना देवी जी के दर पहुंचे। उन्होंने मां का आशीर्वाद लिया। इस मौके पर मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि मंदिरों के चढ़ावे का पैसा प्राचीन संस्कृति और श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु खर्च किया जाए।
हिमाचल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार ने एक पत्र निकाला है, जिसमें मंदिरों का चढ़ावा और पैसा सरकारी कोष के माध्यम से अन्य विकास कार्यों में खर्च किए जाने की बात लिखी है। मंदिरों की धनराशि डीसी को सरकारी कोष में जमा करवाने के निर्देश दिए हैं।
राजीव बिंदल ने कहा कि बड़े मंदिर कई वर्ष से हमारी सनातन संस्कृति का आधार रहे हैं। यहां के चढ़ावे से संबंधित क्षेत्र का विकास, मंदिर से जुड़े ब्राह्मणों के परिवारों के पालन पोषण या हमारी प्राचीन संस्कृति के प्रचार और प्रसार और वर्ष भर में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुख सुविधा हेतु विकास कार्य किए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि कुछ बड़े मंदिर हैं, जिनके द्वारा गौशाला का संचालन भी किया जाता है। इसके अलावा अन्य कार्यों पर मंदिरों के पैसे को खर्च करना सनातन धर्म और हिंदू संस्कृति के पक्ष में नहीं है।
राजीव बिंदल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि मंदिरों की राशि केबल हमारी सनातन और प्राचीन संस्कृति के उत्थान और मंदिरों में श्रद्धालुओं को अत्यधिक सुविधा प्रदान करने में खर्च की जाए।