सांगला। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिला का एक जवान असम में बलिदान हो गया है। सांगला तहसील की थैमगारंग पंचायत के निवासी और भारतीय सेना की 19 डोगरा रेजीमेंट में तैनात वीर सपूत नायक पुष्पेंद्र नेगी (29) असम में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए हैं। उनके निधन की खबर से पूरे थैमगारंग गांव में शोक की लहर है।
पुष्पेंद्र के परिजनों को सोमवार देर शाम सेना ने उनकी शहादत की सूचना दी। जानकारी के अनुसार, नायक पुष्पेंद्र असम में अपनी ड्यूटी पर तैनात थे उसी समय अचानक चली तेज हवाओं के कारण एक पेड़ की टहनियों की चपेट में आ गए और वीरगति को प्राप्त हो गए।
थैमगारंग पंचायत की प्रधान मनोहर देवी और उपप्रधान दीप कुमार ने बताया कि सेना से मिली जानकारी के अनुसार, नायक पुष्पेंद्र की पार्थिव देह को पहले असम से दिल्ली और फिर वहां से चंडीगढ़ लाया जाएगा। इसके बाद सेना के विशेष वाहन द्वारा उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव थैमगारंग पहुंचाया जाएगा, जहां उनका पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पुष्पेंद्र के घर में उनके पिता महेंद्र नेगी, मां सरला देवी, पत्नी कीर्ति नेगी और छह वर्षीय मासूम बेटा एतिक है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन व ग्रामीण उनके घर पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वीर सपूत नायक पुष्पेंद्र नेगी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये ख़बर अत्यंत पीड़ादायक है। कर्तव्यनिष्ठ एवं समर्पित सैनिक के रूप में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजन को इस अथाह दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।